राजस्थान के 8 जिलों में आज बारिश-ओले की संभावना

राजस्थान में आज भी जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इन संभाग के 8 जिलों में आज दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी भी दी गई है। भरतपुर में शुक्रवार सुबह से बारिश जारी है। यहां बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक 25 मार्च से राज्य में मौसम साफ होने लगेगा और फिर धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। पिछले 24 घंटे में भरतपुर, जयपुर, सीकर, करौली, चूरू, दौसा, बाड़मेर, झुंझुनूं, गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरसात गंगानगर के मिर्जेवाला, बाड़मेर के चौहटन एरिया में हुई, यहां 18-18MM बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, हनुमानगढ़ में भी 10, झुंझुनूं के खेतड़ी में 14, बुहाना में 12, चूरू के बनीपुरा में 14, जयपुर के विराटनगर में 12 और भरतपुर के बयाना में 8MM बरसात हुई। बरसात के कारण पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में सर्दी बढ़ गई है।

एक नया सिस्टम एक्टिव हुआ
उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर एरिया में एक नया प्रभावशाली वेस्टर्न डिर्स्टबेंस एक्टिव हुआ है। वहीं, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन गया है। इन दोनों सिस्टम के कारण गुरुवार से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कई हिस्सों में थंडरस्टॉर्म गतिविधियां शुरू हो गई हैं। राजस्थान में इस सिस्टम का असर आज और रहने की संभावना है। शनिवार से यहां मौसम साफ होने लगेगा और 2-3 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आज अलवर, भरतपुर, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली और कोटा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम विशेषज्ञों ने बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा और कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। राजसमंद, झालावाड़, डूंगरपुर, दौसा, बारां और बांसवाड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बाड़मेर में देर रात चली आंधी और बारिश
बाड़मेर में लगातार मौसम करवट बदल रहा है। बीते 20 दिनों में जिले में 5 बार बारिश हो चुकी है। बीती रात आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर से लेकर बॉर्डर तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया। इतना ही नहीं कई जगह पर बिजली पोल, पेड़-पौधे भी उखड़ गए।

भरतपुर में सुबह से बारिश का दौर जारी है। इस दौरान बिजली गिरने से किसान जसबल की मौत हो गई। घटना गोपालगढ़ थाना इलाके के पथराली गांव की है। जसबल (55) अपने खेत पर सरसों के डंठल काट रहे थे। तभी सुबह करीब 8 बजे तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। बिजली की आवाज सुनकर ग्रामीण जसबल के खेत पर पहुंचे, जहां वह अचेत पड़ा था। ग्रामीण जसबल को लेकर गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन डॉक्टर ने जसबल को मृत घोषित कर दिया।

करौली में खेतों में तैयार फसलों के खराब होने की आशंका बढ़ी
करौली के टोडाभीम क्षेत्र में गुरुवार शाम को अचानक मौसम में बदलाव हो गया। शुक्रवार सुबह बारिश होने से किसानों की गेहूं की फसल को काफी नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
अजमेर | 31.9 | 21.4 |
अलवर | 29.6 | 15.5 |
बाड़मेर | 33.3 | 21.5 |
भीलवाड़ा | 31.5 | 17.8 |
बीकानेर | 33.8 | 20.5 |
चित्तौड़गढ़ | 33.4 | 15.5 |
चूरू | 33.5 | 18.8 |
जयपुर | 30.8 | 19.5 |
जैसलमेर | 32.9 | 19.3 |
जोधपुर | 32.7 | 22.3 |
कोटा | 33 | 21.8 |
पिलानी | 32.2 | 14.7 |
सीकर | 30.5 | 17.2 |
गंगानगर | 31.2 | 16.7 |
उदयपुर | 30.6 | 18.4 |