दुबई जाने वाले विमान से पक्षी टकराया, दिल्ली हवाई अड्डे पर फुल इमरजेंसी

दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को फुल इमरजेंसी लगाई गई। इससे कुछ देर हड़कंप की स्थिति रही। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान भरने के तत्काल बाद एक पक्षी विमान से टकरा गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट लौटना पड़ रहा है।
यह पूरा घटनाक्रम शनिवार सुबह 10.30 बजे के बाद का है। 10.46 बजे बर्ड हिट की सूचना मिलने पर इमरजेंसी लगाई गई। वहीं 10.49 बजे विमान सुरक्षित लैंड कर गया। किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। यह एक कार्गो विमान था।
जानिए कितना बड़ा खतरा होता है बर्ड हिट
एविएशन इंडस्ट्री में बर्ड हिट या बर्ड स्ट्राइक बड़ी चिंता है। यह स्थिति विमान में सवार यात्रियों और पायलटों के लिए जानलेवा हो सकती है। भारत में भी ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
इससे निपटने के लिए हाल ही में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने हवाई अड्डे के परिसर के आसपास जानवरों, पक्षियों या किसी भी वन्यजीव गतिविधि की जांच के लिए नियमित गश्त करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। विमानन प्राधिकरण ने हवाईअड्डे के आसपास के क्षेत्र में आवश्यक नियमों को सख्ती से लागू करने का भी अनुरोध किया है।