प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेस आज करेगी चुनावी आगाज, भूपेश कैबिनेट के कई मंत्री पहुंचे बस्तर

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार जगदलपुर में आयोजित का ‘भरोसे का सम्मेलन’ में शामिल होंगी। कांग्रेस इसी सम्मेलन के बहाने अपने चुनावी मुहिम का बस्तर से आगाज करने जा रही है। इस सम्मेलन में बस्तर संभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं और स्व. सहायता समूह की महिलाएं शामिल होंगी और प्रियंका के सामने सरकार का आभार मानती नजर आएंगी।
49 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार सुबह यहां पहुंच जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सीएम 129 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे 49 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे।
सीएम दिल्ली रवाना, आज प्रियंका के साथ जगदलपुर पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को शाम को दिल्ली के लिए रवाना हुए। गुरुवार को मुख्यमंत्री प्रियंका गांधी के साथ जगदलपुर के लिए लौटेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, एआईसीसी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, संयुक्त सचिव सह-प्रभारी विजय जांगिड़ सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता आमसभा को संबोधित करेंगे।