कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर नक्सलियों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे

छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर मंगलवार दोपहर को नक्सलियों ने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पद्देड़ के पास विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर फायरिंग की है। हालांकि इस फायरिंग में कोई नुकसान की जानकारी नहीं है। यह घटना दोपहर बाद पौने तीन बजे घटित हुई है। इस घटना में विधायक और उनके साथ मौजूद लोग बाल-बाल बचे।

हमले से मचा हड़कंप
सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के विधायक विक्रम मंडावी पर नक्सलियों द्वारा किए गए इस हमले से हड़कंप मचा हुआ है। राज्य सरकार के साथ-साथ पुलिस के आला-अधिकारी भी इस घटना से स्तब्ध हो गया हैं। हालांकि इस घटना की जानकारी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। जिसके चलते आधिकारि‍क पुष्टि होना अभी बाकी है। इस मामले को इसलिए काफी गंभीर माना जा रहा है कि क्योंकि साल 2019 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा के विधायक भीमा मंडावी की हत्या हो चुकी है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
जानकारी के लिए आपको बता दें कि इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले झीरम घाटी में भी एक ऐसी ही घटना घटित हुई थी। इस घटना में तत्कालीन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा सहित सुरक्षाकर्मियों व कांग्रेस नेताओं को मिलाकर करीब 32 लोगों की जानें गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button