बिलासपुर, मुंगेली जिले में यलो अलर्ट

बिलासपुर। मौसम विभाग की माने तो आज बिलासपुर व मुंगेली जिले के एक दो स्थानों पर मौसम खराब रहेगा। गरज चमक के साथ वर्षा होगी। एक दो स्थानो पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। बिलासपुर व मुंगेली जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने या खराब मौसम के दौरान बरती जानी वाली सावधानी को लेकर जरूरी गाइड लाइन भी जारी किया है।
बिलासपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तड़के हल्की की वर्षा हुई। रात में भी मौसम खराब रहा। गरज चमक के साथ वर्षा हुई। लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डॉ एचपी चंद्रा के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण विदर्भ के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित हो रहा था।
एक द्रोणिका/ हवा की अनियमित गति विदर्भ से दक्षिण अंदरूनी तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित थी। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है। उपरोक्त कारणों से कल मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने गरज चमक के साथ वर्षा हुई। आज प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज अंधड़ चलने वज्रपात होने की भी संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वहीं मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह स्थिति निर्मित हुई है। आने वाले एक-दो दिनों में अभी मौसम इसी तरह बना रहेगा।
आसमान में बादल छाए रहेंगे। बिलासपुर के आस पास हल्की वर्षा एवं तेज हवाएं चल सकती है। मौसम में हुए इस परिवर्तन के बाद लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। पिछले सप्ताह जहां तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था वहीं इस सप्ताह 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
आम व धान फसलों को नुकसान
मौसम में हुए अचानक इस परिवर्तन से आम के फलों को इस साल तगड़ा नुकसान पहुंचा है। वही रवि फसल लेने वाले किसान भी डरे हुए हैं। उनका कहना है कि तेज हवाओं के चलते धान की फसल को नुकसान हो रहा है।
पेंड्रा रोड में भी गिरा पारा, रात में ठंडी
मौसम में बदलाव का असर पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं रात में पारा 17.5 डिग्री सेल्सियस था। बिलासपुर में रात में न्यूनतम तापमान अभी 19.2 डिग्री सेल्सियस है। बता दें कि पिछले सप्ताह रात में पारा 22 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। जिसके कारण दिन के साथ रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा था। घरों में एसी और कूलर चलने लगे थे।