छत्तीसगढ़ / जशपुर

कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा विघालय के संचालन शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा

 जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विशेष शिक्षण संस्थाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक ली और प्रयास आवासीय विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति आवासीय विद्यालय के संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, बोर्ड परीक्षा परिणाम एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

इस अवसर पर प्रशांत कुशवाहा डिप्टी कलेक्टर आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त संजय सिंह , सहायक संचालक दिव्यांश सिंह चौहान के साथ साथ सभी संस्थाओं के प्रमुख, अधीक्षक, मंडल संयोजक उपस्थित थे। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान विशेष रूप से घोलेंग एवं सन्ना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के कक्षा 10 वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों पर असंतोष एवं निराशा व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं की स्थापना दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, इसलिए परीक्षा परिणामों में अपेक्षित सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों एवं संस्थाओं को अधिक गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

कलेक्टर  ने विद्यालयों में नियमित अध्ययन-अध्यापन सुनिश्चित करने, कमजोर विद्यार्थियों की अलग से पहचान कर विशेष कक्षाएं संचालित करने तथा प्रत्येक विषय की सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि बच्चों का नियमित मासिक टेस्ट, साप्ताहिक मूल्यांकन एवं नियमित अभिभावक संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करने एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया।

बैठक में छात्रावासों की व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेलकूद एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की बात कही है।

कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने हेतु अभी से तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

 

Leave Your Comment

Click to reload image