छत्तीसगढ़ / रायपुर

सैफायर ग्रीन में 4 दिवसीय ‘हैप्पीनेस प्रोग्राम’ का समापन

 सुदर्शन क्रिया और योग से जुड़कर प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव

 

रायपुर । सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित आर्ट ऑफ़ लिविंग का चार दिवसीय 'हैप्पीनेस प्रोग्राम' रविवार को एम्पीरिया सैफायर ग्रीन कम्युनिटी हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 21 से 24 मई 2026 तक चले इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर सुबह 11:30 बजे विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और उनके अनुभव साझा किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम्पीरिया सैफायर ग्रीन के कोषाध्यक्ष कौशल चौधरी रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में निवासी मुकेश अग्रवाल और यूनाइटेड किंगडम से आईं आर्ट ऑफ़ लिविंग की फैकल्टी श्रीमती भावना उपाध्याय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ़ लिविंग के प्रमाणित प्रशिक्षक श्रीमती काजल रामचंदानी और शुभांशु खरे ने किया।

 


चार दिनों तक चले इस विशेष सत्र में प्रतिभागियों को प्राणायाम, भस्त्रिका, योग और सुदर्शन क्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही जीवन को सकारात्मक और तनावमुक्त तरीके से जीने के व्यावहारिक सूत्र भी साझा किए गए। प्रशिक्षकों ने “वर्तमान में जीने” और “दूसरों की राय को अपने ऊपर हावी न होने देने” जैसे जीवन मूल्यों पर विशेष जोर दिया।
 


कार्यक्रम में एम्पीरिया सैफायर ग्रीन के 8 निवासियों ने हिस्सा लिया और लगभग 15 घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया। प्रतिभागियों ने खास तौर पर सुदर्शन क्रिया को बेहद प्रभावशाली बताया। श्रीमती रेखा तिवारी ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और अनोखा रहा, जबकि श्रीमती देविका साहू ने इसे अपने जीवन का “टर्निंग पॉइंट” बताया। निवासी चंद्र मोहन साहू ने कहा कि यह कोर्स हर व्यक्ति के लिए उपयोगी है और इसके अनुभव को शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। 18 वर्षीय प्रतिभागी तोषक ने भी बताया कि इस कार्यक्रम से उन्हें मानसिक रूप से काफी लाभ मिला और यह उनकी पढ़ाई में भी मददगार साबित होगा।
 


आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन की स्थापना गुरुदेव रवि शंकर द्वारा की गई थी। संस्था पिछले लगभग 45 वर्षों से दुनियाभर में योग, ध्यान और तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इसका मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुधा सोसाइटी फाउंडेशन के संस्थापक और चेयरमैन जी. के. भटनागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए एम्पीरिया सैफायर ग्रीन प्रबंधन को कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने के लिए विशेष धन्यवाद दिया।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image