छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने छुरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जनपद पंचायत कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने एवं जर्जर भवन डिस्मेंटल करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर एवं कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मद्देनजर छुरिया विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जनपद पंचायत कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। संभागायुक्त राठौर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया के महिला वार्ड, पुरूष वार्ड, नवजीवन कक्ष एवं प्रसूति कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही परिसर स्थित जर्जर आवासीय भवन को डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए, जिससे परिसर का विस्तार किया जा सके और बेहतर सुविधाएं विकसित हो सके। संभागायुक्त राठौर ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शीघ्र बाउंड्रीवाल निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केन्द्र के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया नये भवन में शिफ्ट होने पर स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जनसामान्य को मिलेगी और ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकेंगे।
संभागायुक्त राठौर ने जनपद पंचायत कार्यालय छुरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शाखा का निरीक्षण कर योजना की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद पंचायत क्षेत्र में अब तक लगभग 10 हजार 300 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गया हैं। संभागायुक्त ने शेष आवासों का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों के जियोटैग की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर पोर्टल में दर्ज प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी आवासों का जियोटैग समय पर पूर्ण करने और ऑनलाइन प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने कहा, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और समय-सीमा में कार्य पूर्ण हो सके। संभागायुक्त राठौर ने जनपद पंचायत में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में तकनीक का अधिकाधिक उपयोग कर पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता बढ़ाई जाए, जिससे जनसामान्य को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, एसडीएम श्रीकांत कोर्राम, सीईओ जनपद पंचायत होरीलाल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सौर ऊर्जा से जगमगाया ग्राम भोथीपारखुर्द
कलेक्टर सूर्यसभा में हुए शामिल
राजनांदगांव। जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। जिला प्रशासन के प्रयासों ने योजना को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाकर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर जितेन्द्र यादव राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भोथीपारखुर्द में आयोजित सूर्यसभा में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित रही। ग्राम भोथीपारखुर्द में 22 घरों में सौर पैनल स्थापना कार्य पूर्ण कर कनेक्शन चालू हो गया है। वहीं 21 घरों में सौर पैनल कनेक्शन का कार्य प्रगति पर है। साथ ही लगभग 10 नये आवेदन वेंडर चयन हेतु प्रक्रियाधीन हैं। इस तरह ग्राम भोथीपारखुर्द सौर ऊर्जा से जगमगा उठा है। ग्राम में बहुतायत सोलर कनेक्शन लगने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। विद्युत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है।
कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना महत्वाकांक्षी पहल है। जिसका उद्देश्य देश के हर घर तक मुफ्त बिजली पहुंचाना है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करना है तथा बिजली बिल मुफ्त अथवा बहुत कम करना है। इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैलन लगाने के लिए भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने और सौर ऊर्जा अपनाने प्रेरित करने की दृष्टि से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सक्रिय भागीदारी करने वाले दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इससे अन्य नागरिकों को भी प्रोत्साहन मिला। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और फील्ड स्तर पर किए गए प्रयासों ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दे दिया है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने और अपने घरों में सौर पैनल स्थापित कर स्वच्छ सस्ते एवं निरंतर ऊर्जा स्रोत से सशक्त बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल कौशलेन्द्र पाण्डेय, जनपद सीईओ मनीष साहू एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने शासकीय मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री को उन्नत चिकित्सा उपकरण किया प्रदान
स्वास्थ्य सुविधाओं में होगी बढ़ोत्तरी
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सीएसआर मद अंतर्गत लगभग 8 लाख रूपए की लागत से शासकीय मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री को उन्नत चिकित्सा उपकरण प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर उपकरण से भरे वाहन को रवाना किया। शासकीय मेडिकल कॉलेज पेण्ड्री में जनमानस को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उन्नत चिकित्सा उपकरण महत्वपूर्ण साबित होगा। जिसमें ब्लड डोनर काउच, पोर्टेबल ब्लड डोनर चेयर, आरओ विथ वॉटर कूलर 120 लीटर, आरओ डोमेस्टिक एण्ड कमर्शियल 25 लीटर, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर, क्रैश कार्ट ट्राली, पोर्टेबल ईसीजी मशीन, एमरजेंसी पेशेंट ट्राली, हॉस्पिटल क्यू मैनेजमेंट सिस्टम, लैब्रोटरी सर्टिफ्यूज, सेमीऑटोमेटेड बॉयो कैमेस्ट्री एनालाईजर, कोग्लूमिटर, हॉट एयर ओवन दिया गया। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, कोमल सिंह राजपूत, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, आईडीबीआई बैंक के ब्रांच मैनेजर मयंक मित्तल, एजीएम भिलाई क्षेत्र जसमीत सिंह भाटिया, डीजीएम भिलाई अनुप विश्वकर्मा, चिकित्सक डॉ. चंद्रकिशोर इंदौरिया, लीड बैंक मैनेजर मोनिष शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. रमन सिंह ने विकास कार्यों हेतु 51 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा आज अपने निवास कार्यालय में विभिन्न हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किया गया तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम नादिया में कबीर साहेब द्वार कार्य हेतु मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत 40 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की तथा कबीर साहेब मठ ट्रस्ट नादिया विकासखंड डोंगरगांव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के तहत 11 लाख रूपए की स्वीकृति दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए राजनांदगांव की अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने की तैयारी के लिए 5 लाख रूपए की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इसी प्रकार अन्य हितग्राहियों को भी मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर चेक वितरण किया गया। जिसमें ग्राम आलीखुंटा निवासी नोमेश कुमार साहू, गोदावरी बाई, नम्मूलाल साहू को 30-30 हजार रूपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। किलापारा राजनांदगांव पूनम सोनी को शिक्षा हेतु 10 हजार रूपए तथा राजनांदगांव निवासी संतोष सोनी को इलाज हेतु 10 हजार रूपए की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पुर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने पद्मश्री फूलबासन यादव से मिलकर कुशलक्षेम जाना
पद्मश्री फूलबासन यादव की सुरक्षा के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज ग्राम चवेली पहुंचकर पद्मश्री फूलबासन यादव से चर्चा कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके साथ घटित दुखद एवं अप्रिय घटना के संबंध में जानकारी ली। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पद्मश्री फूलबासन यादव के साथ हुई यह अप्रिय घटना चिंताजनक है। पुलिस की सक्रियता से उनका जीवन सुरक्षित हो सका। उन्होंने उनकी सुरक्षा के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. रमन सिंह ने पद्मश्री फूलबासन यादव से आत्मीय बातचीत के दौरान उनसे इस दुखद घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वे छत्तीसगढ़ में महिला स्वसहायता समूह की लाखों महिलाओं को संगठित कर रोजगार से जोडऩे का कार्य कर रही हंै। नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाली पद्मश्री फूलबासन यादव के साथ हुई यह अप्रिय घटना टल गई। आगे भी समर्पित भाव से कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि हम सभी हिम्मत बढ़ाने के लिए आपके साथ हैं। जब भी जरूरत होगी सरकार की ओर से मदद मिलेगी। उन्होंने इस घटना के बाद पुलिस विभाग द्वारा तत्परता एवं सक्रियता से की गई कार्रवाई की प्रशंसा की।
पद्मश्री फूलबासन यादव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को धन्यवाद दिया। उन्होंने इस घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि पुलिस विभाग को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी वे ग्राम के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए कार्य करती रहेंगी। इस अवसर पर कोमल सिंह राजपूत, भावेश बैद, सुमीत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी तथा समूह की महिलाएं उपस्थित रहे।
अवैध रेत भण्डारण पर की गई कड़ी कार्रवाई
मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं एक लोडर जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत ऑक्सीजन जोन भंवरमरा में अवैध रेत भण्डारण के मामले में बड़ी कार्रवाई की।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि अविनाश सोनी द्वारा शिवनाथ नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर भण्डारित किया गया था। जांच में बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भण्डारण पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेत को जप्त कर लिया। मौके पर लगभग 40 से 50 ट्रिप ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर रेत भण्डारित पाई गई। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं एक लोडर मशीन को भी जप्त किया। जप्त वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस थाना सुरगी में सुरक्षित रखा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कलेक्टर ने आधी रात को जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
राजनांदगांव : कलेक्टर ने आधी रात को जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
जिला प्रशासन की नई पहल : अब न्यायालयीन रीडर्स की कार्यप्रणाली की भी होगी नियमित समीक्षा
कलेक्टर ने जिला न्यायालय से लेकर नायब तहसीलदार न्यायालय तक के रीडर्स की ली बैठक
- त्वरित प्रकरण निराकरण के दिए निर्देश
राजनांदगांव । जिला प्रशासन द्वारा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए अब न्यायालयीन कार्यों से जुड़े रीडर्स की कार्यप्रणाली की भी नियमित समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला न्यायालय से लेकर नायब तहसीलदार न्यायालय तक के रीडर्स की बैठक लेकर न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रीडर्स को प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। सुनवाई के लिए यथासंभव कम अवधि की तिथि निर्धारित की जाए, जिससे प्रकरणों का त्वरित निष्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में सभी पक्षों को सुनकर तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर समयबद्ध ढंग से आदेश पारित किया जाए।
कलेक्टर ने न्यायालयीन कार्यवाही में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक स्तर पर कार्यों की मॉनिटरिंग करने कहा। उन्होंने न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने तहसील कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ अच्चे व्यवहार बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में न्यायालयीन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रीडर्स एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, विभिन्न न्यायालयों के रीडर्स एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारी के संबंध में ली बैठक
4 मई से 10 जून तक जिले के 62 स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 4 मई से 10 जून 2026 तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 62 स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविरों में जनसामान्य से प्राप्त समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार शासन का एक महत्वपूर्ण जनहितकारी अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने शिविरों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन जानकारी के साथ शिविरों में उपस्थित रहने तथा जनसामान्य को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा आदि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित तिथियों में संबंधित शिविर स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। बैठक में वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम अतुल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव शहर के 7 थोक व 6 फुटकर औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का किया गया सघन निरीक्षण
राजनांदगांव । शासन के निर्देशानुसार सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार थीम अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा अभियान के द्वितीय दिवस राजनांदगांव शहर में संचालित 7 थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों तथा अभियान के तीसरे दिवस राजनांदगांव शहर में संचालित 6 फुटकर औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरा की स्थिति, औषधियों के क्रय-विक्रय विरण, अवमानक औषधियों के संग्रहण, नार्कोटिक्स औषधियों के रिकार्ड, पंजीकृत फार्मासिस्ट उपस्थिति की जांच की गई। फुटकर औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों से दो औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खरीदी-बिक्री बिल के साथ गुणवत्तापूर्ण सामग्री के क्रय-विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खनिज व राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में खनिजों का अवैध परिवहन करने पर 2 हाईवा जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा गस्त कर खनिजों का अवैध परिवहन करने संयुक्त कार्रवाई की गई। प्रदीप साहू के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 बीबी 7116 द्वारा ग्राम मनकी निवासी वाहन चालक पोषण लाल साहू द्वारा चूना पत्थर व गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए थाना डोंगरगांव को सुपुर्द किया गया। इसी तरह सौरभ सिंह ठाकुर के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 एएक्स 4456 द्वारा ग्राम जंतर निवासी वाहन चालक प्रीतराम द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस लाईन राजनांदगांव को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।
अवैध रूप से संचालित ईट भट्ठा पर कार्रवाई, 1 लाख 5 हजार से अधिक ईट जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा जिले में अवैध रूप से संचालित ईट भट्ठा पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा में किसान नरसिंग वर्मा के भूमि पर अवैध रूप से संचालित ईट भट्ठा पर कार्रवाई की गई और मौके से लगभग 1 लाख 5 हजार से अधिक ईट जप्त किया गया। कार्रवाई में तहसीलदार डोंगरगढ़ अमीय श्रीवास्तव खनिज विभाग से भारत बंजारे सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
नोनी सुरक्षा योजना से सुरक्षित हुआ नव्या का भविष्य
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा रहा है, ताकि आवेदकों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके। इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर के तुलसीपुर वार्ड क्रमांक 17 निवासी राहुल कुमार दास द्वारा अपनी बिटिया नव्या वैष्णव को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित नोनी सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आवेदन एवं दस्तावेजों की जांच उपरांत पात्र पाए जाने पर नव्या वैष्णव को नोनी सुरक्षा योजना से लाभान्वित करने निर्देशित किया।
कलेक्टर के निर्देशानुसार विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावों की जांच की गई। योजना के तहत निर्धारित मापदण्ड अनुसार पात्र पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हितग्राही बच्ची के अभिभावकों से संपर्क किया गया और हितग्राही के आवेदन को ऑनलाईन पोर्टल पर दर्ज किया गया। साथ ही बच्ची के माता-पिता को पोर्टल पर प्राप्त होने वाली दर्ज संख्या एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। बच्ची के माता-पिता नोनी सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त कर अत्यंत ही प्रसन्न है। उन्होंने नोनी सुरक्षा योजना से लाभान्वित करने तथा बच्ची के सुरक्षित भविष्य के लिए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरप्रीत कौर ने बताया कि महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित नोनी सुरक्षा योजना गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार की बेटियों के लिए एक कल्याणकारी योजना है। शासन द्वारा नोनी सुरक्षा योजना के तहत 1 अप्रैल 2014 के बाद जन्म लिए बेटियों के नाम पर 5 साल तक प्रतिवर्ष 5000 रूपए कुल 25000 रूपए एलआईसी में जमा की जाती है। हितग्राही के 18 वर्ष की आयु एवं कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने पर 1 लाख रूपए की परिपक्वता राशि मिलती है। योजना का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रुण हत्या को रोकना, बाल विवाह पर रोक लगाना, बालिकाओं की शिक्षा व स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी संबंधित आंगनबाड़ी केन्द्र, कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग एवं विभागीय वेबसाईट से प्राप्त की जा सकती है।
सांसद संतोष पाण्डेय बने निक्षय मित्र
सांसद ने टीबी मरीजों को प्रदान किए पोषण किट
राजनांदगांव । सांसद संतोष पाण्डेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने दो टीबी मरीजों को गोद लेकर निक्षय मित्र के रूप में सहयोग करने का संकल्प लिया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने भी दो टीबी मरीजों को गोद लेकर निक्षय मित्र बने।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कोई भी व्यक्ति, संस्था, एनजीओ, औद्योगिक इकाई या जनप्रतिनिधि निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद ले सकते है और उन्हें 6 माह तक प्रति माह लगभग 500 रूपए राशि का पोषण आहार उपलब्ध करा सकते है। इसमें तीन किलो चावल, डेढ़ किलो दाल, 250 मिलीलीटर तेल एवं एक किलो मूंगफली शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में 26 मार्च 2026 से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है। अब तक 39 आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें हाई-रिस्क ग्रामों एवं वार्डों के 2 हजार 378 व्यक्तियों का एक्स-रे किया गया है। इसी प्रकार 131 स्कूलों में 2 हजार 919 छात्र-छात्राओं की टीबी जांच की गई है। जिला क्षय अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया ने बताया कि यह अभियान 100 दिनों तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत जिले के सभी हाई-रिस्क क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा 14 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का नि:शुल्क एक्स-रे किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार ने बताया कि अभियान में 22 वार्ड पार्षद एवं 291 पंचायत प्रतिनिधि सक्रिय रूप से शामिल हैं। अभियान के तहत जिला जेल, अनाथालय, वृद्धाश्रम, बाल संरक्षण गृह, ट्रायबल हॉस्टल सहित अन्य संस्थानों में भी टीबी जांच की जा रही है। इस अवसर पर विधायक खुज्जी भोलाराम साहू, विधायक डोंगरगढ़ श्रीमती हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
राजनांदगांव । जिले में छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आज छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए परीक्षा केन्द्र टेड़ेसरा, सोमनी, ठाकुरटोला सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा राजनांदगांव जिले में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 99 परीक्षा केन्द्र में किया गया।
कलेक्टर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का कलेक्टर जितेंद्र यादव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन एवं कक्षों में बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं नकल-मुक्त संपन्न कराने निर्देशित किया। साथ ही व्यापम द्वारा जारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए सभी प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी अनुशासन बनाए रखने एवं प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि जिले में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा हेतु कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु सुरक्षा व्यवस्था, फ्लाइंग स्क्वॉड, प्रेक्षक दल, फ्रिस्किंग एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई थी।
कलेक्टर ने ग्राम घुपसाल में नाला बोरी बंधान कार्य का किया अवलोकन
आने वाले पीढिय़ों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण होंगे ऐसे प्रयास
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज छुरिया विकासखंड के ग्राम घुपसाल पहुंचकर जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने हेतु ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे नाला बोरी बंधान कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने श्रमदान कर रहे ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की और जल संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह भी उपस्थित थी।
कलेक्टर ने कहा कि वर्षा जल के अधिकतम संचयन के लिए सामुदायिक सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर नाला के ऊपर पचरी निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति (टीएस) तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों ने बताया कि नाला लगभग 3 किलोमीटर से अधिक लंबा है और बोरी बंधान के माध्यम से पानी रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ निस्तारी कार्यों में भी पानी का उपयोग किया जा सकेगा। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। बोरी बंधान जैसे सरल एवं प्रभावी उपायों से वर्षा जल को संरक्षित कर भू-जल स्तर को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस प्रकार के कार्यों में नियमित रूप से सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने गांव में जल संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास आने वाली पीढिय़ों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान सीईओ छुरिया होरी लाल साहू, सरपंच नरेश शुक्ला, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।