छत्तीसगढ़ / सक्ति
स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में 20 बिस्तरों की व्यवस्था
जांच के लिए वीटीएम और आरटीपीसीआर सुविधा उपलब्ध, उपचार के लिए ओसेल्टामिविर सहित आवश्यक दवाएं तैयार
रायगढ़, सितंबर 2026
जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए अलग-अलग 10-10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर बिस्तरों की संख्या बढ़ाई भी जा सकेगी। सीएमएचओ डॉ. अनिल जगत ने बताया कि स्वाइन फ्लू के संभावित मरीज मिलने की स्थिति में उपचार के लिए जिले में आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संदिग्ध मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार देने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
जांच की सुविधा भी उपलब्ध
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सैंपल संग्रहण के लिए वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया (वीटीएम) उपलब्ध है, वहीं आरटीपीसीआर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे संदिग्ध मामलों की समय पर जांच कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
ओसेल्टामिविर सहित आवश्यक दवाएं उपलब्ध
स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। मरीजों के उपचार के लिए ओसेल्टामिविर सहित अन्य आवश्यक सहायक दवाएं उपलब्ध रखी गई हैं। संदिग्ध मरीज मिलने पर उनकी स्थिति और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार आवश्यक जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
सीएचसी और पीएचसी में होगी प्रारंभिक जांच
जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी सतर्क रखा गया है। सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों के साथ पहुंचने वाले मरीजों की चिकित्सकीय जांच की जाएगी। संदिग्ध मरीज मिलने पर आवश्यक जांच और उपचार के लिए चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार आगे की व्यवस्था की जाएगी।
लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय सलाह लें
स्वाइन फ्लू में बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, कमजोरी तथा कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, हाथों को नियमित रूप से साबुन-पानी से साफ करने तथा बीमारी के लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी है। जिले में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में सक्ती जिले के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, 3 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक पर किया जीता
सक्ती, सितम्बर 2026
दुर्ग में दिनांक 31 अगस्त 2026 से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सक्ती जिले के खिलाड़ियों ने लॉन टेनिस खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। बिलासपुर जोन की ओर से खेलते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक पर जीत हासिल किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा अंडर-19 बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। लॉन टेनिस की उक्त संभागीय टीम में सक्ती जिले से कुल 16 प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता की, जिसमें से कुल 13 छात्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में अध्ययनरत हैं। अंडर-14 बालिका वर्ग में कु. करिश्मा सिदार, कु. सब्बा बी एवं कु. हिमांशी मालाकार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में कु. गीतांजलि विश्वकर्मा एवं कु. पायल यादव ने रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में कु. मोनिका कुर्रे एवं कु. लिशिका बरेठ तथा अंडर-19 बालक वर्ग में खेलेश्वर मैत्री, देवेश कर्ष एवं समीर मन्नेवार ने कांस्य पदक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लुकेश बरेठ, रूपेश सिदार एवं अनुराग निषाद ने भी सहभागिता की। इसके साथ ही आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कुल सात प्रतिभागियों का चयन हुआ है, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपना स्थान सुनिश्चित करने में सफलता प्राप्त की है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनके कुशल मार्गदर्शन, बेहतरीन नेतृत्व एवं भरपूर सहयोग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाग द्विवेदी, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अमर सिंह राज, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लक्ष्मी नारायण चौहान, संस्था के प्राचार्य श्री फिरत कपूर कुर्रे, विकासखंड डभरा के विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी श्री राजेश कुमार नायक सहित सभी व्यायाम शिक्षकों के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया गया। सभी खिलाड़ियों के सुनहरे भविष्य के लिए मंगलकामना की गई।
कलेक्टर ने जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं भौतिक सत्यापन के लिए नोडल अधिकारी किया नियुक्त
अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई पटवारी सहित समस्त राजस्व अमला फिल्ड स्तर पर करेंगे सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन
सक्ती, सितम्बर 2026
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आदेश जारी कर
जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं भौतिक सत्यापन के लिए जिले के सभी अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी सहित राजस्व अमला को फिल्ड स्तर पर सर्वेक्षण कार्य का स्थल निरीक्षण और भौतिक सत्यापन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जारी आदेश के अनुसार डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य के लिए जिले में राजस्व अधिकारियों को जिला स्तर, अनुभाग स्तर, तहसील स्तर, राजस्व निरीक्षक मंडल अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों का सत्यापन करने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने कहा है कि शासन की प्राथमिकता वाले डिजिटल क्रॉप सर्वे Digital Crop Survey (DCS) कार्य आगामी धान खरीदी व्यवस्था से बहुत ही महत्वपूर्ण संबंध रखता है। अतः यह आवश्यक है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे Crop Survey (DCS) का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो साथ ही सही गुणवत्तापूर्ण एवं वास्तविक फसल स्थिति के अनुरूप हो। कलेक्टर ने कहा है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में दर्ज फसल एवं रकबा संबंधी विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति रहने पर आगामी धान खरीदी के समय जिले के किसानो को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। ऐसी स्थिति किसी भी स्तर पर उत्पन्न न हो, इसके लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता के साथ भौतिक सत्यापन करते हुए सतत निगरानी सुनिश्चित किए जाए।
जारी आदेश के तहत अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के. एस. पैकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रितेश राजपूत को जिला अंतर्गत आबंटित क्षेत्र के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम डभरा श्री विनय कश्यप एवं एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेन्द्र पटेल को अनुविभाग अंतर्गत निर्धारित आबंटित क्षेत्र के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार तहसीलदार श्री लीलाधार चंद्रा, नायब तहसीलदार श्री पद्मलोचन पटेल, नायब तहसीलदार सुश्री जागृति आनंद, तहसीलदार श्री विद्याभूषण साव, तहसीलदार श्रीमती गरिमा मनहर, तहसीलदार श्री सिद्धार्थ अनंत, तहसीलदार श्री लक्ष्मी कांत कोरी, तहसीलदार श्रीमती बिसाहिन चौहान, तहसीलदार श्री मनमोहन प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार श्री आशीष कुमार पटेल एवं तहसीलदार श्री संजय मिज को तहसील अंतर्गत निर्धारित क्षेत्र के सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राजस्व निरीक्षक को राजस्व निरीक्षक मंडल अंतर्गत तथा पटवारी को प्रभार क्षेत्र अंतर्गत आबंटित क्षेत्र का सत्यापन करना होगा।
आदेशानुसार नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने आबंटित क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे Digital Crop Survey (DCS) का फील्ड व भौतिक सत्यापन का कार्य 15 सितम्बर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे Digital Crop Survey (DCS) की गुणवत्ता के संबंध में निरीक्षण कर प्रतिवेदन निर्धारित समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले में 893.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज
सक्ती, सितम्बर 2026
सक्ती जिले में 1 जून 2026 से 4 सितम्बर 2026 तक 893.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में जिले में 3.0 मिली मीटर औसत वर्षा हुई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले के सक्ती तहसील में 810.1, मिली मीटर, जैजैपुर में 708.5, मालखरौदा में 1031.6, डभरा में 950.9, नया बाराद्वार में 998.5, अड़भार में 846.6, हसौद में 804.7, चंद्रपुर में 998.7, एवं भोथिया में 891.7 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार आज की स्थिति मे तहसील सक्ती में 2.6, मिली मीटर, जैजैपुर में 1.8, मालखरौदा में 1.9, डभरा में 1.5, नया बाराद्वार में 10.0, अड़भार में 1.5, हसौद में 1.5, चंद्रपुर में 2.4, एवं भोथिया में 3.6 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने राजस्व अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक
एग्रीस्टेक पंजीयन, फॉर्मर रजिस्ट्री, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, सीमांकन सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
सक्ती, सितंबर 2026
नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राजस्व विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं, लंबित प्रकरणों, राजस्व न्यायालयों में प्रचलित मामलों तथा आम नागरिकों से संबंधित राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर श्रीमती जैन द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी के कार्यों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा में शत प्रतिशत और त्रुटिरहित पूर्ण करने निर्देशित किया गया।
बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन, फॉर्मर रजिस्ट्री, नक्शा बटांकन, भू-बंटन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खाता विभाजन, अविवादित नामांतरण, त्रुटि सुधार, राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4, भू-अर्जन एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए जिले के सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के खसरे अभी तक पोर्टल पर दर्ज नहीं हुए हैं, उन्हें जोड़ा जाए तथा समितियों में किसानों का खसरा सत्यापन कराया जाए एवं छुटे खसरे जोड़े जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रहे।कलेक्टर ने धान विक्रय करने वाले सभी किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसानों के हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत खसरों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नोडल अधिकारी एवं राजस्व विभाग को आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में किसानो के हित मे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर श्रीमती जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी सभी प्रकरणों का नियमानुसार गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है, इसलिए लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने भू-अभिलेखों के संधारण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त रखने तथा प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर राजस्व संबंधी कार्यों की सतत निगरानी करते हुए आम नागरिकों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की सतत समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने नगरीय निकाय क्षेत्रों में पट्टा सर्वे की जानकारी भी शीघ्र उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों के निष्पादन में गंभीरता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करना हम सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, अधीक्षक भू-अभिलेख, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक सहित संबंधित राजस्व विभाग और कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, खाद्य विभाग व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आकस्मिक मृत्यु हो जाने के कारण 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
सक्ती, सितम्बर 2026
राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड-6 क्रमांक 4 परिशिष्ट "एक" प्राकृतिक आपदा से होने वाली क्षति के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता अनुदान के लिए निर्धारित मापदंडों तथा दरों के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार सक्ती जिले के तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम आमादहरा निवासी मृतक स्व. श्री गुरुवार प्रसाद पटेल को जहरीले सर्प काटने के कारण मृत्यु होने से निकटतम वारिस मृतक के पत्नि श्रीमती उर्मिला बाई पटेल पति श्री गुरुवार प्रसाद पटेल को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार लाख रूपये भुगतान किए जाने की स्वीकृति निर्धारित शर्तों के अधीन प्रदान की गई है।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं
जनदर्शन के आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करे विभागीय अधिकारी - कलेक्टर
आज जनदर्शन में कुल 21 आवेदन हुए प्राप्त
सक्ती, सितम्बर 2026
जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी श्री नेतराम राठौर ने रजिस्ट्री किए गए भूमि का नामांतरण कराने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम करमनडीह निवासी श्री विष्णु चंद्रा ने जैजैपुर अंतर्गत भोथीडीह सोसायटी प्रबंधक हेमलाल चंद्रा की मनमानी और खाद्य नहीं देने के शिकायत के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत सक्ती वार्ड नंबर 10 अखराभांठा निवासी श्री घासीराम खर्रा ने पानी पाइप बिछवाने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम कचंदा निवासी श्रीमती रुकमणी कर्ष ने आवास न मिलने के सम्बन्ध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम बड़ेसीपत निवासी श्री धनीराम साहू ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने के सम्बन्ध में, तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम चरौदा निवासी श्री तिलेश्वर कुमार बरेठ ने राशन कार्ड में नाम सुधरवाने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित समीक्षा करे अधिकारी - कलेक्टर
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करें सुनिश्चित
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा नागरिको तक पहुंचाएं
सक्ती सितम्बर 2026
नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित रूप से समीक्षा करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी शासकीय कार्यों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए नियमित रूप से कार्यालयीन समय और कार्यो का पालन सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा नागरिको तक पहुंचाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी पूरी गंभीरता एवं निरंतरता के साथ कार्य करें तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत संचालित सभी छात्रावास और आश्रम के लिए स्वीकृत भवन जीर्णोद्धार, अनुरक्षण, मरम्मत कार्य, आहाता निर्माण व शौचालय मरम्मत आदि कार्यो को बिना किसी भी प्रकार का विलंब किये जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्रीमती जैन ने बैठक में वर्तमान मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित अन्य विभिन्न आवश्यक विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिये है।
बैठक में कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्यो की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ पंजीयन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत खसरों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नोडल अधिकारी एवं राजस्व विभाग को कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय-सीमा में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए जिले में जल जीवन मिशन का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने किचन गार्डन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को ई-ऑफिस अंतर्गत विभागीय कार्यों का संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एचपीवी वैक्सिनेशन, निक्षय पोषण योजना, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट आदि की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत विभाग अंतर्गत कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सामुदायिक शौचालय की जानकारी वित्तीय वर्ष के अनुसार उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन अंतर्गत विभिन्न विभागों में निराकरण हेतु शेष आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल,
संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में 874.1 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज
सक्ती, सितम्बर 2026
सक्ती जिले में 1 जून 2026 से 1 सितम्बर 2026 तक 874.1 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में जिले में 2.9 मिली मीटर औसत वर्षा हुई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले के सक्ती तहसील में 778.4, मिली मीटर, जैजैपुर में 689.9, मालखरौदा में 1020.7, डभरा में 943.2, नया बाराद्वार में 958.3, अड़भार में 839.0, हसौद में 790.7, चंद्रपुर में 989.2, एवं भोथिया में 857.8 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार आज की स्थिति मे तहसील सक्ती में 3.4, मिली मीटर, जैजैपुर में 1.6, मालखरौदा में 2.9, डभरा में 2.5, नया बाराद्वार में 2.7, अड़भार में 3.1, हसौद में 4.5, चंद्रपुर में 2.6, एवं भोथिया में 3.1 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।
बोड़ला शक्ति केंद्र की समीक्षा बैठक में जसविंदर बग्गा ने दिए संगठनात्मक दिशा-निर्देश
बोड़ला । भारतीय जनता पार्टी बोड़ला शक्ति केंद्र की काम-काजी समीक्षा बैठक स्थानीय मंगल भवन में मंडल प्रभारी जसविंदर बग्गा के सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में नगर के 15 वार्डों से अपेक्षित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप कार्य करने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से किया संवाद
इस दौरान लंबे समय से पार्टी की बैठकों एवं संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रहे पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया गया। प्रभारी जसविंदर बग्गा ने ऐसे वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं की सुध लेते हुए उन्हें पुनः सक्रिय होकर संगठन के कार्यों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही बढ़ती है, इसलिए सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यकर्ताओं ने रखी अपनी बात
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से संगठन से जुड़े विषयों, स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं एवं अपने विचारों को खुलकर साझा किया। प्रभारी ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और संगठनात्मक मार्गदर्शन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जसविंदर बग्गा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शीर्ष नेतृत्व द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों को आत्मसात करते हुए संगठन के प्रति समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करें। पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक नियमों के अनुरूप कार्य करने से समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ बूथ एवं वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस बैठक में बोड़ला मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, प्रभारी बरसाती वर्मा, शक्ति केंद्र संयोजक मोहन कश्यप,नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, रामजी मानिकपुरी, लव निर्मलकर,गौतम गुप्ता, मानिक दास मानिकपुरी,अरविंद अवस्थी, राजेश साहू, अमित वर्मा सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में खाद की कालाबाजारी व अनियमितता पर हुई सख्त कार्रवाई, 7 खाद विक्रेताओं एवं फर्मों पर लगाया गया अर्थदंड
कुल 80,000 रुपये का अर्थदंड चालान के माध्यम से शासकीय खजाने में किया गया जमा
सक्ती,अगस्त 2026
नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों की सुचारू व पारदर्शी बिक्री सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 (FCO 1985) और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (ECA 1955) के प्रावधानों व धाराओं का उल्लंघन करने वाले सक्ती जिले के कुल 7 खाद विक्रेताओं, फर्मों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार कुल 80,000 रुपये का अर्थदंड चालान के माध्यम से शासकीय खजाने मेंजमा कर दिया गया है।
उपसंचालक कार्यालय कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार अर्थदंड जमा करने वाले फर्मों एवं विक्रेताओं में कोमल प्रसाद जायसवाल (साराडीह), योगेश कुमार अग्रवाल (फगुरम), कमल खाद भंडार (नन्दौरकला), मयंक ट्रेडर्स (सकरेली बा.), सूर्य ट्रेडर्स (जैजैपुर), सक्ती आधुनिक एफ.पी.ओ. (भातमाहुल) तथा अजय बहादुर सिंह राठौर (नन्दौरकला) शामिल हैं। मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि विगत दिनों नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जैन के निर्देशन में कृषि विभाग के विभागीय निरीक्षण टीम द्वारा विभिन्न खाद विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी एवं सघन जांच की गई थी। जांच के दौरान 7 दुकानों, फर्मों के स्टॉक में विसंगतियां, खाद बिक्री के नियमों की अनदेखी और FCO 1985 के मानकों का उल्लंघन पाया गया था। इसके बाद न्यायालय में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (ECA) की सुसंगत धाराओं के तहत मामले दर्ज कर चालान पेश किए गए थे, जिस पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टर कोर्ट द्वारा अर्थदंड आरोपित किया गया था। जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में सचेत किया है कि क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी, ओवररेट या नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा। सभी उर्वरक विक्रेताओं को अनिवार्य रूप से स्टॉक बोर्ड एवं रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी ऐसी अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज करने सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में अब तक उर्वरकों के 143 नमूने, बीज के 197 एवं कीटनाशक के 21 नमूने प्रयोगशाला को प्रेषित किए गए हैं, ताकि किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध हो सके।
आकस्मिक मृत्यु हो जाने के कारण 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
सक्ती,अगस्त 2026
राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड-6 क्रमांक 4 परिशिष्ट "एक" प्राकृतिक आपदा से होने वाली क्षति के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता अनुदान के लिए निर्धारित मापदंडों तथा दरों के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार सक्ती जिले के तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम मरघट्टी निवासी मृतक स्व. श्री रेशम लाल सिदार को महानदी के पानी में डूबने के कारण मृत्यु होने से निकटतम वारिस मृतक के पुत्र श्री होरी लाल सिदार पिता स्व श्री रेशम लाल सिदार को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार लाख रूपये भुगतान किए जाने की स्वीकृति निर्धारित शर्तों के अधीन प्रदान की गई है।
कृषक उन्नति योजना: धान के बदले दलहन-तिलहन की खेती पर किसानों को मिलेगा 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि
वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने शासन का महत्वपूर्ण निर्णय, किसानों की आय बढ़ाने के साथ भू-जल एवं मिट्टी संरक्षण में भी मिलेगा लाभ
सक्ती,अगस्त 2026
कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ करने की घोषणा की गई है। यह निर्णय किसानों को पारंपरिक धान की खेती के स्थान पर दलहन, तिलहन सहित अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, दलहन-तिलहन एवं कपास जैसी खरीफ फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही थी। अब धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दलहन एवं तिलहन फसलें धान की तुलना में कम सिंचाई में भी बेहतर उत्पादन देने के साथ किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती हैं। इनके उत्पादन से सिंचाई एवं उत्पादन लागत में कमी, भू-जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि तथा किसानों की आय में बढ़ोतरी को बढ़ावा मिलेगा। कृषि विभाग के मैदानी अमलों द्वारा किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ फसल चयन एवं उत्पादन संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। एग्रीस्टेक एवं एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों का एग्रीस्टेक तथा एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन होना अनिवार्य है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेत के रकबे एवं बोई गई फसल का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत पात्र किसानों को मान्य रकबे के आधार पर आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन अथवा आवश्यक संशोधन कार्य समय पर कराना होगा। खरीफ मौसम 2026 के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक नवीन पंजीयन एवं संशोधन का प्रावधान है।
पीएम आशा के तहत दलहन-तिलहन की होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी
इसके साथ ही शासन के प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा) के अंतर्गत अधिसूचित दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। पात्र किसान अपनी उपज अधिसूचित उपार्जन केन्द्रों में विक्रय कर सकेंगे। समर्थन मूल्य के अनुसार विक्रय राशि किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए भी किसान का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन होना आवश्यक है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सहकारी समिति में जाकर अपना पंजीयन एवं आवश्यक संशोधन कार्य पूर्ण कराएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
जिले में 846.4 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज
सक्ती, 29 अगस्त 2026
सक्ती जिले में 1 जून 2026 से 29 अगस्त 2026 तक 846.4 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में जिले में 0.2 मिली मीटर औसत वर्षा हुई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले के सक्ती तहसील में 765.5, मिली मीटर, जैजैपुर में 661.1, मालखरौदा में 995.7, डभरा में 921.8, नया बाराद्वार में 914.4, अड़भार में 819.5, हसौद में 759.2, चंद्रपुर में 957.9, एवं भोथिया में 822.6 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार आज की स्थिति मे तहसील सक्ती में 0.7, मिली मीटर, जैजैपुर में 0, मालखरौदा में 0, डभरा में 0, नया बाराद्वार में 0.8, अड़भार में 0, हसौद में 0, चंद्रपुर में 0, एवं भोथिया में 0 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।
बांगो बांध में पानी का आवक कम होने से पिछले 24 घंटे में जल स्तर में 11 सेमी की गिरावट पायी गईं
सक्ती, 29 अगस्त 2026
वर्तमान में बांगो बांध में पानी का आवक कम होने से पिछले 24 घंटे में जल स्तर में 11 सेमी की गिरावट पायी गईं। बांध में जल भराव को नियंत्रित करने हेतु उच्चाधिकारियों से चर्चा उपरांत उनके अनुमति से जलद्वारों की कुल ओपनिंग 2.00 मीटर से घटाकर 1.50 मीटर किया गया।आज दिनांक 29/08/2026 को सुबह 8.00 बांगो बांध का जल स्तर 358.21 मीटर रहा है। बांध में पानी का इनफ्लो 12628 क्यूसेक एवं आउट फ्लो (3 जल द्वारों एवं 3 विद्युत संयंत्रों से)19972 क्यूसेक है।
सक्ती जिले में एलपीजी रिफिल आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक के निलंबन के बाद उपभोक्ताओं को वैकल्पिक वितरकों से मिलेगी रिफिल
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा नगरदा, जिला सक्ती में संचालित इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटरशिप, मेसर्स नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक को प्रशासनिक कारणों से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इसके मद्देनजर नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक से रिफिल आपूर्ति प्राप्त करने वाले सभी सम्मानित इंडेन उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से एलपीजी सेवा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। क्षेत्रवार व्यवस्था के तहत सक्ती एवं आसपास के इंडेन उपभोक्ताओं को मेसर्स पंचमुखी इंडेन, सक्ती द्वारा रिफिल की आपूर्ति की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ता 9131960294 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसी प्रकार नगरदा एवं आसपास के इंडेन उपभोक्ताओं को मेसर्स जैजैपुर इंडेन ग्रामीण वितरक, जैजैपुर द्वारा रिफिल की आपूर्ति की जाएगी। आवश्यकता होने पर उपभोक्ता +91-7477248920 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडेन मंडल कार्यालय, रायपुर के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। एलपीजी ग्राहक सेवा अधिकारी के संपर्क नंबर 0771-4313009 एवं 0771-4313026 हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह खुदरा बिक्री मूल्य पर ही एलपीजी रिफिल की आपूर्ति की जाएगी। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर उपभोक्ता संबंधित वितरकों के दिए गए संपर्क नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। निलंबित नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक के सभी इंडेन उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से भी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। इंडेन मंडल कार्यालय, रायपुर द्वारा जिला खाद्य अधिकारी, सक्ती एवं कार्यालय कलेक्टर, जिला सक्ती को भी उक्त वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने सभी उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि उन्हें नए वैकल्पिक एलपीजी वितरकों के माध्यम से समय पर एवं निर्बाध रूप से एलपीजी रिफिल की आपूर्ति मिलती रहेगी।
जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित हुआ खेल दिवस एवं खेल अलंकरण समारोह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला-सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में खेल दिवस एवं खेल अलंकरण समारोह का आयोजन खेलो इंडिया लघु केंद्र (फुटबॉल), रगजा (सक्ती) में किया गया। इस अवसर पर शामिल जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करते हैं। जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर अवसर और मार्गदर्शन प्रदान कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। कार्यक्रम के दौरान अकलसरा एवं सक्ती के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में सक्ती के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत अपने नाम की। इस अवसर पर जिले में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खेलों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस दौरान एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, खेल अधिकारी श्री हरि पटेल, श्री अभिषेक शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।