छत्तीसगढ़ / बलरामपुर
प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारो को मिला सुरक्षित आवास
जीवन सोनी को मौसम की परेशानी से मिली राहत
बलरामपुर, 21 जनवरी 2026
शासन की योजनाएं गांवों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से ग्राम पंचायत रामचंद्रपुर के निवासी श्री जीवन सोनी को पक्के आवास का लाभ मिला है।जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। श्री जीवन सोनी बताते हैं कि पहले वे कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ निवास कर रहे थे। बरसात के दिनों में पानी टपकने और दीवारों की जर्जर स्थिति के कारण परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवेदन किया। पात्रता परीक्षण पूर्ण होने पर उन्हें आवास निर्माण के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता दी गई। इस मदद से उनका पक्का घर बनकर तैयार हुआ। अब श्री जीवन सोनी और उनका परिवार सुरक्षित घर में रह रहे हैं। अब उनके पास सुरक्षित छत, मजबूत दीवारें और रहने के लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध हैं। पक्का घर मिलने से बरसात, ठंड और गर्मी की परेशानी कम हुई है। घर बनने के बाद परिवार को सुकून मिला है और रोजमर्रा की जिंदगी पहले से बेहतर हुई है।
श्री जीवन सोनी शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को एक सुरक्षित जीवन दिया है प्रधानमंत्री की मंशानुरूप एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना से गांव के हर पात्र निम्न वर्गीय परिवारों को सुरक्षित छत मिल रही है और उनके जीवन में बदलाव आ रहा है।
बलरामपुर बस दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को राहत राशि स्वीकृत
बलरामपुर बस दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों को राहत राशि स्वीकृत
शासन की संवेदनशील पहल से साकार हुआ दिव्यांग बेटियों के विवाह का सपना
बलरामपुर : शासन की संवेदनशील पहल से साकार हुआ दिव्यांग बेटियों के विवाह का सपना
कड़ाके की ठंड के चलते बलरामपुर में स्कूलों की छुट्टी घोषित
बलरामपुर - जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। बलरामपुर जिले में आज कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि शीतलहर और गिरते तापमान के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है, इसी को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश केवल शासकीय स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों पर भी समान रूप से लागू होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी स्कूल इस आदेश से बाहर नहीं रहेगा। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 10वीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के संचालन के लिए संबंधित शिक्षक और कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है, ऐसे में आगे भी स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
बिनगंगा जलाशय योजना के कार्यों के लिए 25.41 करोड़ की राशि स्वीकृत
स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार से परिवार नियोजन को मिला नया आयाम
प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली हजारों ग्रामीण परिवारों की तस्वीर
मजबूत पक्का घर बना श्री शोभित के सुरक्षित जीवन और खुशियों का आधार
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पूरे प्रदेश में जरूरतमंद और निम्नवर्गीय परिवारों के सपनों को वास्तविक रूप दे रही है। राज्य के विभिन्न जिलों की तरह बलरामपुर जिले से भी इस योजना के सफल क्रियान्वयन की प्रेरक कहानियाँ सामने आ रही हैं।
जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम चंदौरा निवासी श्री शोभित बेक उन लाभार्थियों में शामिल हैं, जिनका जीवन इस योजना के चलते पूरी तरह बदल गया। पहले वे अपने परिवार के साथ मिट्टी के कच्चे घर में रहते थे और सीमित आय के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए असंभव था। कृषि और मजदूरी के सहारे चलने वाली आजीविका के बीच सुरक्षित मकान का सपना अधूरा ही दिखता था।
वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 1 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृत राशि मिलने से उनका सपना साकार हुआ। प्राप्त अनुदान और महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से मिली मजदूरी सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक पक्का घर तैयार किया।
श्री शोभित बेक का परिवार अब बिना किसी चिंता के सुरक्षित घर में जीवन यापन कर रहा है। वे भावुक होकर कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने मेरा जीवन बदल दिया। अब हमें न बारिश का डर है, न ही किसी असुरक्षा का। यह घर हमारी खुशियों की नई शुरुआत है।
राज्यभर में इस योजना ने श्री शोभित बेक जैसे हजारों जरूरतमंद परिवारों के सपनों को पंख दिए हैं। जहां कभी कच्चे मकानों में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब पक्के घर मिलने से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
जिले में अब तक 376410.40 क्विंटल धान की खरीदी
बलरामपुर, 07 दिसम्बर 2025
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गया है। किसानों से धान की खरीदी करने के लिए 49 सहकारी समितियों के अंतर्गत 49 धान उपार्जन केन्द्र बनाये गये हैं।
जिले में अब तक 49 समितियों में किसानों से कुल 376410.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसमें धान खरीदी केन्द्र कपिलदेवपुर में 3559.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इसी प्रकार बादा में 3822, कुसमी में 4980.40, जवाहरनगर में 2600.80, कामेश्वरनगर में 17982.40, कोदवा में 1730.40, गोपालपुर में 4877.20, भेंडरी में 3647.60, चांदों में 12230, जमड़ी में 16372.40, जिगड़ी में 2980.80, जोकापाट में 1089.20, डूमरपान में 8957.60, डिण्डों में 11829.20, डीपाडीह में 4172.40, डोंगरो में 4054, गांजर में 3741.20, त्रिकुण्डा में 11152, बगरा में 6184, तातापानी में 9479.60, धंधापुर में 9458.40, डौरा में 5622, पस्ता में 3680.80, बड़कागांव में 13934.80, बरतीकला में 9408.80, बरदर में 7547.20, आरा में 2352, बरियो में 9859.20, बलंगी में 7616, बलरामपुर में 9512, बसंतपुर में 10998, भुलसीकला में 1804, भंवरमाल में 15844.40, रामानुजगंज 8639.60, महाराजगंज में 14977.20, महावीरगंज में 7620.40, विजयनगर में 13462.80, रघुनाथनगर में 8020.80, रनहत में 3094, राजपुर में 12208.40, दोलंगी में 6158.40, रामचन्द्रपुर में 2814, रामनगर में 10670.80, वाड्रफनगर में 5408.80, स्याही में 7548, विरेन्द्रनगर में 14695.60, सरना में 8751.60, सेवारी में 8064.40 एवं सामरी में 1195.60 क्विंटल धान किसानों से खरीदी की गयी है।
बलरामपुर जिला प्रशासन की सतर्कता से 400 बोरी अवैध धान से भरा ट्रक जब्त
रायपुर, 07 दिसम्बर 2025
बलरामपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की ओर से एक ट्रक में अवैध रूप से धान लाए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ा गया।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक नंबर सीजी 29 एएफ 0480 में लगभग 400 बोरी अवैध धान लोड था, जिसे बिना वैध दस्तावेजों के जिले की सीमा में लाया जा रहा था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को रोका, सामग्री की जांच की और धान को कब्जे में लेकर वाहन को संबंधित थाने के सुपुर्द कर दिया है।
अनुविभागीय अधिकारी श्री नीर नंदेहा ने बताया कि जिले में धान खरीदी सीजन के दौरान प्रत्येक स्तर पर अवैध गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है। चेक पोस्टों पर निगरानी को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा है कि आगे भी अवैध परिवहन , भंडारण गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध रूप से धान का परिवहन या खरीद-बिक्री दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत वाटरशेड महोत्सव आयोजित
प्रभात फेरी, करमा नृत्य और श्रमदान के साथ जल संरक्षण का संदेश
बलरामपुर, 07 दिसम्बर, 2025
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम देवीगंज में वाटरशेड महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति के द्वारा जल संरक्षण विषय पर विस्तृत जानकारी दिया गया परियोजना अधिकारी श्री रॉबिंसन सुधीर कुजूर के द्वारा वाटरशेड महोत्सव कार्यक्रम के बारे में जल और मृदा की उपयोगिता पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई साथ ही अमृत सरोवर और सिंचाई नाली के साफ सफाई में श्रमदान किया गया। इस दौरान करमा नृत्य के साथ साथ स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए जल संरक्षण पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति के सभापति श्री बद्री यादव, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सूरजमुनिया उइके, वाटरशेड समिति के अध्यक्ष श्री उदय भान मरकाम, अन्य जनप्रतिनिधिगण, वाटरशेड परियोजना के सभी अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन
छात्र से मारपीट का मामला: प्रधान पाठक उदय कुमार यादव निलंबित
बलरामपुर । प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में कक्षा दूसरी के छात्र से मारपीट करने के आरोप में प्रधान पाठक उदय कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है।
मामला रामचंद्रपुर ब्लॉक के पलगी प्राथमिक शाला जावाखाड़ी का है, जहां छात्र भागीरथी गिनती गिनने में गलती कर बैठा। आरोप है कि इस पर प्रधान पाठक ने बच्चे के दोनों गाल पर थप्पड़ मार दिए, जिससे उसका चेहरा सूज गया।
घटना के प्रकाश में आने के बाद विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए निलंबन आदेश जारी किया। आदेश में उल्लेख है कि उदय कुमार यादव का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही शासकीय कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कुसमी कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें मूल नियम 53 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
यूपी व झारखंड का 175 बोरी धान और 03 पिकअप वाहन जब्त
बलरामपुर, 29 नवम्बर 2025
बलरामपुर जिले में धान के अवैध परिवहन के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रामानुजगंज और कुसमी क्षेत्रों में कुल 175 बोरी धान के साथ 3 पिकअप वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर के मामले लगातार जांच पड़ताल और कार्रवाई की जा रही है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, रामानुजगंज श्री आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ग्राम रामचंद्रपुर क्षेत्र में उत्तरप्रदेश से आ रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में 70 बोरी धान लदा हुआ था। टीम ने लगभग 4 से 5 किलोमीटर तक पीछा कर वाहन को ग्राम विमलापुर के जंगल में रोककर जब्ती की कार्रवाई की। इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कुसमी श्री करुण डहरिया के नेतृत्व में ग्राम अमटाही में 2 पिकअप वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें झारखंड से लाए जा रहे 105 बोरी अवैध धान लोड था। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों को सुपुर्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में धान की अवैध आवक पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और कोचियों एवं बिचौलियों कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
शासकीय महाविद्यालय वाड्रफनगर में जनजातीय समाज का गौरवशाली अतित विषय पर कार्यशाला संपन्न
बलरामपुर, 28 नवम्बर 2025
शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय, वाड्रफनगर में जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत ऐतिहासिक, समाजिक एवं आध्यातिमक योगदान विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक योगदान तथा समाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानसिंह मरकाम, मुख्य वक्ता श्री मेहीलाल आयम, विशेष अतिथि श्री सुखनाथ मरावी, श्री रामदेव जगते, श्री देवनारायण मरावी, श्री निलेश देवागंन, श्री जानसाय नेताम, श्री अनिल मेसराम, सुश्री शारदामनी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजातियों के समाज के बलिदानों, संघर्षों एवं महत्वों को बताते हुए छत्तीसगढ़ की मिट्टी एवं समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व माता राजमोहनी देवी, संत गहिरा गुरू, बिरसा मुंडा के बलिदानों व संघर्षों का वर्णन किया। श्री मानसिंह मरकाम ने संबोधित करते हुए समाज में आदिवासियों के संघर्षों की व्याख्या एवं समस्त क्रांतिकारियों, समाज सेवकों को स्मरण कर समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता एवं महत्व को बताया गया। श्री मेहीलाल द्वारा जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत के बारे में एवं भगवान बिरसा मुंडा, राजमोहनी देवी, रानी दुर्गावती के जीवनी को याद करते हुए उन्हे प्रेरणा स्त्रोत बताते हुए छात्र-छात्राओं को आदिवासी रीति-रिवाज, परम्परा, भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक रहने को कहा। अन्य जनों ने भी अपने -अपने विचार साझा करते हुए आदिवासी संस्कृति जनजातियों के विभिन्न प्रकार के आंदोलन एवं क्रांतिकारी विचारों के बारे में देश के युवाओं को संबोधित किया, आदिवासियों के लिए बनाये गए संवैधानिक कानूनों के बारे में जानने एवं उसका सही उपयोग करने, दहेज प्रथा पर प्रतिबंध लगाने की बात कही। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एसआईआर में लापरवाही के मामले में सहायक शिक्षक निलंबित
बलरामपुर, 23 नवंबर 2025
जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज ने विकासखण्ड बलरामपुर के शासकीय प्राथमिक शाला फतेहपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) श्री अशोक कुमार यादव को निर्वाचन संबंधी कार्यों (एसआईआर) में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। विशेष गणना पुनरीक्षण (एसआईआर) हेतु गणना पत्रक के वितरण एवं संग्रहण के लिए उन्हें मतदान केंद्र क्रमांक-237 फतेहपुर में अविहित अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। प्राप्त प्रतिवेदन में पाया गया कि उन्होंने निर्वाचन कार्य में रुचि नहीं ली, बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित रहे तथा निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं किया।
बलरामपुर जिले में 10,320 बोरी धान व 16 वाहन जब्त
धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर कार्रवाई जारी
अंतर्राज्यीय सीमाओं व ग्रामीण क्षेत्रों में रखी जा रही है सख्त निगरानी
रायपुर, 23 नवंबर 2025
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीम ने अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 10 हजार 320 बोरी धान तथा अवैध परिवहन में प्रयुक्त 16 वाहनों को जब्त किया है।
धान के अवैध कारोबार में संलिप्त कोचियो और बिचौलियो पर कार्रवाई के लिए जांच-दल द्वारा अंतर्राज्यीय सीमाओं सहित पूरे जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नियमित जांच-पड़ताल कर इस मामले में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कार्रवाई कर रही है। जिला प्रशासन ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि धान के अवैध भंडारण, परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्तियों का नाम एवं विवरण पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
सचिव श्री अवनीश शरण ने किया विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
खरीदी व्यवस्था का बारीकी से किया अवलोकन
शासन की मंशानुरूप पारदर्शिता से धान खरीदी करने के दिए निर्देश
बलरामपुर, 17 नवम्बर 2025



आयुक्त नगर एवं ग्राम नियोजन एवं आयुक्त, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड (अतिरिक्त प्रभार) तथा जिले के प्रभारी सचिव श्री अवनीश शरण ने जिले के प्रवास पर बलरामपुर , रामानुजगंज, वाड्रफनगर अंतर्गत विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बड़कीमहरी, तातापानी, भँवरमाल, रामानुजगंज, महावीरगंज, विजयनगर, त्रिकुंडा, स्याही एवं वाड्रफनगर धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर खरीदी की स्थिति, सुविधाओं की उपलब्धता तथा किसानों को मिल रही व्यवस्था का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रत्येक केंद्र में धान के सुरक्षित रख-रखाव, बारदाने की उपलब्धता, डैनेज, काटे गए टोकन, पंजीकृत किसानों की संख्या और खरीदी किए गये धान की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नमी मापक यंत्र, स्टैंसिल, तौल मशीनें, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का भी परीक्षण किया। उन्होंने स्वयं नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कर गुणवत्ता का आंकलन किया और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता व सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भँवरमाल केंद्र में प्रभारी सचिव ने धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा कर खरीदी संबंधित जानकारी ली। किसानों ने बताया कि समिति में टोकन कटवाने और धान बेचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है तथा पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रभारी सचिव ने समिति प्रबंधक से टोकन काटने की प्रक्रिया, पंजीकृत लघु, सीमांत और बड़े किसानों की संख्या तथा खरीदी से संबंधित विभिन्न पंजीयों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने केंद्र में काटे गए टोकनों की समरी शीट का अवलोकन कर खरीदी की प्रगति का आकलन किया।
श्री शरण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी अवधि में केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें, किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो तथा खरीदी प्रक्रिया निर्बाध बनी रहे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप केवल वास्तविक पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित करें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री अभिषेक गुप्ता, श्री चेतन बोरघरिया सहित संबंधित एसडीएम व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।