देश-विदेश
हाथरस की घटना के बाद संत प्रेमानंद ने बंद की रात्रि की पदयात्रा
मथुरा । हाथरस में सत्संग स्थल पर हुई भगदड़ की घटना के बाद वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज अब रात्रि के समय सड़क पर अनिश्चित काल के लिए भक्तों से नहीं मिलेंगे। उन्होंने भक्तों से रात्रि के समय संत दर्शन के लिए रास्ते में खड़े न होने और भीड़ लगाने से मना किया है।
संत प्रेमानंद के रमणेरती क्षेत्र स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में संत के आश्रम से हाथरस घटना के बाद जारी पत्र में कहा गया है कि हाथरस में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और ह्रदय विदारक है, जिसमें हम सब की संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ठाकुरजी से प्रार्थना की है कि भविष्य में ऐसी कोई भी घटना न घटे।
उन्होंने अपने अनुयायियों को संदेश दिया कि हाथरस की घटना को देखते हुए सावधानी के तौर पर संत प्रेमानंद महाराज अपने छटीकरा मार्ग स्थित निवास स्थान से रात्रि 2.15 बजे से पद यात्रा करते हुए अपने आश्रम श्रीहित राधा केलि कुंज जाते थे। इस दौरान श्रद्धालु उनके दर्शन करते थे। वह अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि वह रात में रास्ते में दर्शन के लिए खड़े न हो ना ही रास्ते में किसी प्रकार की भीड़ लगाएं।
आरबीआई गवर्नर ने बैंकों को संचालन के मानक और सुधार के लिए कहा
मुंबई । भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ. शक्तिकांत दास ने बैंकों से संचालन के मानकों में और अधिक सुधार तथा जोखिम प्रबंध की मजबूती पर जोर दिया है। डॉ. दास ने बुधवार को यहां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और निजी क्षेत्र के कुछ चुनिंदा बैंकों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ कर्ज की गुणवत्ता आदि के विषय पर चर्चा के लिए बैठक में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
एक विज्ञप्ति के अनुसार आरबीआई गर्वनर ने कहा कि आज बैंकिंग क्षेत्र पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है पर संचालन के मानकों , जोखिम प्रबंधन प्रथाओं और अनुपालन संस्कृति को और मजबूत करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने धन की हेराफेरी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ‘म्यूल एकाउंट’ के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए अन्य उपायों के साथ-साथ ग्राहक जागरूकता और शिक्षा पहल को भी तेज करने का आग्रह किया।
यह बैठक रिजर्व बैंक के विनियमन क्षेत्र में आने वाले वित्तीय संगठनों के शीर्ष अधिकारियों के साथ निरंतर सम्पर्क बनाए रखने के विभिन्न उपायों के तहत आयोजित की गयी। इसमें आरबीआई के डिप्टी गवर्नर एम. राजेश्वर राव और स्वामीनाथन जे. के साथ-साथ विनियमन और पर्यवेक्षण कार्यों के प्रभारी कार्यकारी निदेशक भी शामिल हुए। इस तरह की एक बैठक 14 फरवरी को हुई थी।
विज्ञप्ति के अनुसार गवर्नर डॉ. दास ने बैठक के शुरू में बैंकों की परिसंपत्तियों की गुणवत्ता, ऋणों के लिए पूंजी प्रावधान, पूंजी पर्याप्तता और लाभप्रदता में निरंतर सुधार की जरूरत का उल्लेख किया। उन्होंने बैंकों द्वारा मजबूत साइबर सुरक्षा नियंत्रण सुनिश्चित करने और तीसरे पक्ष के जोखिमों को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में ऋण और जमा वृद्धि के बीच लगातार अंतर, तरलता जोखिम प्रबंधन और एएलएम से संबंधित मुद्दे, असुरक्षित खुदरा ऋण में रुझान, साइबर सुरक्षा, तीसरे पक्ष के जोखिम और डिजिटल धोखाधड़ी, आश्वासन कार्यों को मजबूत करने, एमएसएमई इकाइयों के लिए कर्ज सुविधा, सीमा पार लेनदेन के लिए भारतीय रुपये का उपयोग बढ़ाना और रिजर्व बैंक की नवाचार पहलों में बैंकों की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गयी।
राज्यपाल ने इंडी अलायंस को दिया सरकार बनाने का न्योता, हेमंत फिर बनेंगे सीएम
रांची । झारखंड में तेजी से बनते-बिगड़ते सियासी समीकरण के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इंडी अलायंस विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अब राज्यपाल सीवी राधाकृष्णन ने इंडी गठबंधन के नेताओं को गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे राजभवन में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।
बताया जा रहा है कि झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और राजद नेता सत्यानंद भोक्ता राजभवन जाएंगे।
गौरतलब है, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कल राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। वहीं, हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। हाल ही में हुई बैठक में उपस्थित गठबंधन के सभी विधायकों ने एक मत से हेमंत सोरेन को अपना नेता चुना। इससे पहले बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने पहले अपने इस्तीफे की पेशकश। उसके बाद चंपई सोरेन ने ही विधायक दल के नेता और राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया है। वहीं चंपाई सोरेन समन्वय समिति के चेयरमैन होंगे। हालांकि अभी तक औपचारिक रूप से इंडिया अलायंस की ओर से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
जयशंकर ने मुलाकात की कजाकिस्तान में चीनी विदेश मंत्री वांग यी से
नई दिल्ली । विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कजाकिस्तान के अस्ताना में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की।
नई दिल्ली में मोदी 3.0 सरकार के गठन के बाद यह पहली उच्च स्तरीय बैठक है। विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री को एक-दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए देखा गया। दोनों ने साथ में फोटो भी क्लिक कराई।
पूर्वी लद्दाख में गतिरोध के कारण दोनों देशों के बीच चार साल से संबंध अच्छे नहीं चल रहे थे। इसके मद्देनजर दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
5 मई 2020 को पूर्वी लद्दाख में गतिरोध शुरू होने के बाद से व्यापार को छोड़कर भारत-चीनी संबंध काफी खराब हो गए थे। गलवान के पास पैंगोंग त्सो (झील) क्षेत्र में दोनों सेनाओं में हिंसक झड़पें हुई थीं।
कजाकिस्तान के अस्ताना में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हिस्सा लिया। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री जयशंकर कर रहे हैं।
राजस्थान के कृषि मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता किरोड़ी लाल मीणा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया
जयपुर । राजस्थान के कृषि मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता किरोड़ी लाल मीणा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की खबर के बीच उन्होंने गुरुवार (4 जुलाई) को एक्स पोस्ट पर रामचरितमानस की बहु प्रचिलित चौपाई को कोट किया। डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार अभियान के दौरान ही ऐलान कर दिया था कि अगर वो पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी सही प्रकार से नहीं निभा पाए तो इस्तीफा दे देंगे। हाल ही में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कहा था कि किरोड़ी लाल मीणा पीछे नहीं हटेंगे, इस्तीफा जरूर देंगे।
जानकारी के मुताबिक, मीणा ने शीर्ष नेतृत्व को पहले ही खत लिखकर त्यागपत्र की इच्छा जताई थी। जिस पर आखिरकार मुहर लगी और उन्होंने पब्लिक फोरम से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। किरोड़ी लाल मीणा सवाई माधोपुर से विधायक हैं।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने लोकसभा चुनावों के प्रचार के दौरान ऐलान किया था कि अगर भाजपा प्रत्याशी दौसा सीट हारा तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे। फिर उन्होंने ये भी कहा था कि पीएम मोदी ने उन्हें 7 सीटों की जिम्मेदारी दी है। इन सीटों पर पार्टी हारी तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे। लोकसभा चुनाव में बीजेपी दौसा सीट हार गई। इतना ही नहीं पार्टी को पूर्वी राजस्थान की दौसा, करौली-धौलपुर, टोंक-सवाई माधोपुर और भरतपुर सीट पर भी शिकस्त मिली।
एक्स पर लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम बाद (4 जून) मीणा ने जो पोस्ट किया था वही इस्तीफे की घोषणा के बाद दोहराया। उन्होंने रामचरितमानस की सुप्रसिद्ध चौपाई-रघुकुल रीत सदा चली आई , प्राण जाई पर वचन न जाई- लिख कर जता दिया कि वो अपने फैसले पर अडिग हैं।
दरअसल, राजस्थान में जल्द ही 5 विधानसभा सीटों झुंझुनूं, खींवसर, दौसा, देवली-उनियारा और चौरासी पर उपचुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कुछ दिन पहले ही डॉ मीणा को दौसा सीट का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा... अब इतनी हुई कीमत
आमतौर पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियां महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों (LPG Price) में संशोधन करती हैं. 1 जुलाई 2023 को इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन तीन दिन बाद आज मंगलवार को कंपनियों ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा करते हुए बड़ा झटका दिया है. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर (Commercial LPG Cylinders) की कीमतों में 7 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है. इसके बाद 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की दिल्ली खुदरा बिक्री कीमत 1,773 रुपये से बढ़कर 1,780 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है. हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
बीते दो महीने से हो रहा था सस्ता
गौरतलब है कि बीते लगातार दो महीने कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में कटौती करके राहत दी थी. 1 जून 2023 को सिलेंडर 83.5 रुपये सस्ता कर दिया गया था, जबकि इससे पहले 1 मई 2023 को कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 172 रुपये की कटौती की गई थी. हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो वाले LPG Cylinder की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ था.
मुंबई-कोलकाता में अब इतने का मिलेगा
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की ओर से की गई ताजा बढ़ोत्तरी के बाद अब दिल्ली के अलावा कोलकाता में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1875.50 रुपये से बढ़कर बढ़कर 1882.50 रुपये हो गया है. इसके अलावा मुंबई में इसकी कीमत 1725 रुपये से बढ़कर 1732 रुपये कर दी गई है. चेन्नई की बात करें तो यहां पर जो कमर्शियल सिलेंडर अब तक 1937 रुपये में मिल रहा था, वो अब 1944 रुपये में मिलेगा.
मार्च में भी बढ़ाए गए थे दाम
इससे पहले 1 मार्च 2023 कंपनियों ने 19 किलों के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 350.50 रुपये प्रति यूनिट बढ़ोतरी की थी. कीमतों में इस बड़े इजाफे के बाद इसकी कीमत बढ़कर दिल्ली में 2119.50 रुपये पर पहुंच गई थी. हालांकि, इसके बाद से इसके दाम में कटौती हो गई और अब इक बार फिर से कीमतें बढ़ाई गई हैं.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर
एक ओर जहां बीते कुछ महीनों से कमर्शियल एपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती और बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार पहली मार्च 2023 को 50 रुपये की बढ़ोत्तरी देखने को मिली थी. इसके बाद से इसके दाम स्थिर बने हुए हैं. ताजा संशोधन में भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देश के चारों महानगरों में कीमतें यथावत बनी हुई हैं.
जहां राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (Domestic LPG Cylinder) 1103 रुपये में मिल रहा है, तो कोलकाता में आप इसे 1129 रुपये में खरीद सकते हैं. मुंबई में इसकी कीमत बिना बदलाव के 1102.50 रुपये और चेन्नई में 1118.50 रुपये बनी हुई है.
कृषि वैज्ञानिकों की किसानों को सलाह बीज की बुआई से पहले इन प्रक्रियाओं को अपनाने की अपील की
छत्तीसगढ़ : कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिकों ने प्रदेश के किसानों को बीज की बुआई से पहले बीजोपचार एवं अंकुरण परीक्षण करने की अपील की है। वैज्ञानिकों ने किसानों से अपील करते हुए यह भी कहा है कि वर्षभर फसल उत्पादन के लिए खरीफ की कार्ययोजना बनानी चाहिए। जब हम खेती की बात करते हैं, तब बीज की महत्ता बहुत ही ज्यादा बढ़ जाती है, क्योंकि बीज के ऊपर हमारा पूरा कृषि कार्य निर्भर करता है। बीज अगर स्वस्थ होगा तो पौधे भी स्वस्थ होंगे। कीड़े बीमारी का प्रकोप कम होगा और उत्पादकता एवं उत्पादन में वृद्धि होगी। वहीं यदि बीज सही नहीं है, तो बीज का अंकुरण अच्छा नहीं होगा, प्रति इकाई क्षेत्र में पौध संख्या कम होगी और यदि अंकुरित हो जाता है, तो पौधे अस्वस्थ एवं कीड़े बीमारी का प्रकोप बढ़ जाने से रोकथाम हेतु फसल औषधि का अधिक उपयोग करने के कारण उत्पादन लागत बढ़ जाती है। अतः बीज का अंकुरण परीक्षण भी बहुत जरूरी है। वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी से पहले निम्नानुसार प्रक्रिया अपनाने की अपील की है।
किस्म का चयन
धान की 10 वर्ष से अधिक पुरानी किस्म का चयन ना करें क्योंकि इनमें रोग, कीट व्याधि से लड़ने की क्षमता कमजोर हो जाती है। जिससे दवा आदि के रूप में खेती-किसानी की लागत में वृद्धि होती है। अधिक देर से पकने वाली किस्मों का चयन ना करें यह रबी फसल को प्रभावित करेगा।
बीज का चयन
बीज विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त करें। गुणवत्ता युक्त बीज का चयन ना हो पाने की स्थिति में उत्पादन प्रभावित होता है। 17 प्रतिशत नमक के घोल का उपयोग कर हष्ट-पुष्ट बीज का चयन करें। पोचई एवं कीट व्याधि ग्रसित दानों को अलग कर लेना चाहिए। नमक घोल द्वारा बीज का चयन पश्चात बीजों को साफ पानी से धो लेना चाहिए, ताकि अंकुरण प्रभावित न हो।
बीज उपचार
प्राप्त बीजों को उपचारित कर ही बोवे इसके लिए 10 ग्राम ट्राइकोडरमा विरीडी प्रति किलो बीज की दर से उपयोग करें या 2-3 ग्राम कार्बेंडाजिम 50 प्रतिशत डब्ल्यूपी या मैनकोज़ेब 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी का उपयोग प्रति किलो बीज की दर से करें।
खेत की तैयारी
फसलों के अच्छे उत्पादन हेतु खेत की तैयारी बहुत आवश्यक है। अतः मिट्टी पलटने वाले हल से 2 से 3 जुताई कर मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने हेतु 6 से 10 टन प्रति एकड़ गोबर की खाद या वर्मी खाद या मुर्गी खाद का भी उपयोग किया जा सकता है।
थरहा उपचार
रोपा पद्धति से धान की खेती करने वाले कृषक रोपा लगाने से पूर्व थरहा का उपचार अवश्य करें। इस हेतु कारटाप हाइड्रोक्लोराइड 50 प्रतिशत एसपी 3 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से या क्लोरोपारीफास् 20 ईसी ढाई मिली प्रति लीटर पानी की दर से थरहा का उपचार करें जो तना छेदक कीट नियंत्रण में कारगर साबित होगा।
निरीक्षण पट्टिका
खेतों में रोपाई या बुवाई के वक्त इस बात का विशेष ध्यान रखें कि प्रत्येक 3 मीटर पश्चात डेढ़ से 2 फीट चौड़ी निरीक्षण पट्टीका अवशय छोड़ें जिससे खेत में होने वाले रोग व्याधि का निरीक्षण करने में आसानी होगी।
खरपतवार नाशी का प्रयोग
खरपतवार नाशी की अनुशंसित मात्रा का ही प्रयोग सही समय पर करें खरपतवार नाशी का प्रयोग करते समय फ्लैट फेन नोजल का उपयोग करें। खेत में नमी बनाए रखें व पीछे चलते हुए छिड़काव करें। रोपाई करने वाले कृषक रोपाई पश्चात जल स्तर बनाए रखें ताकि खरपतवार ना उग पाये।
बेटी के जन्म पर सरकार दे रही 50 हजार रुपए...आप भी उठा सकते है इस योजना का लाभ
महाराष्ट्र: सरकार केंद्र की हो या फिर राज्यों की सब जनता के लिए कोई ना कोई योजना का संचालन करते ही रहते है। ऐसे ही एक योजना है जिसमें अगर आपके घर बेटी का जन्म होता है तो आपको सरकार की और 50 हजार रुपए दिए जाते है। यह योजना महाराष्ट्र सरकार की और से चलाई जा रही है। इस योजना का नाम माझी कन्या भाग्यश्री योजना है।
इस योजना में आर्थिक सहायता के अंतर्गत बेटी के जन्म होने पर 50 हजार रुपये राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे हैं। ऐसे में आप भी इस स्कीम का लाभ उठाना चाहते हैं। ऐसे में आपको महाराष्ट्र राज्य का स्थाई निवासी होना जरूरी है।
क्या करना होगा
अगर आपके घर में बिटिया ने जन्म लिया है। ऐसे में आप सबसे पहले महाराष्ट्र सरकार की शासन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करे। इसके साथ ही अपनी पूरी जानकारी दर्ज करे। सभी जानकारियों को दर्ज करके फॉर्म को जरूरी दस्तावेजों के साथ अटैच कर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में जाकर जमा करा दे। आवेदन का वेरिफिकेशन करने के बाद 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल जाएगी। स्कीम का लाभ एक परिवार में दो बेटियों को मिल सकता है।
"सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट, कंप्यूटर के आयात पर प्रतिबंध लगाया, मेक इन इंडिया को बढ़ावा"
नई दिल्ली: सरकार ने मेक इन इंडिया की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लैपटॉप, टैबलेट, कंप्यूटर के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह प्रतिबंध समय-समय पर संशोधित बैगेज नियमों के तहत आयात पर लागू नहीं होगा. हालांकि, आरएण्डडी और पर्सनल यूज के मकसद से प्रति खेप 20 आइटम को छूट दी जाएगी.
नोटिफिकेशन के मुताबिक- HSN 8741 के तहत आने वाले लैपटॉप, टैबलेट, ऑल-इन-वन पर्सनल कंप्यूटर और अल्ट्रा स्मॉल फॉर्म फैक्टर कंप्यूटर और सर्वर का आयात ‘प्रतिबंधित’ होगा. इसके आयात को प्रतिबंधित आयात के लिए वैध लाइसेंस के खिलाफ अनुमति दी जाएगी. यह प्रतिबंध सामान नियमों के तहत आयात पर लागू नहीं होगा.
बीते मई महीने आर्थिक थिंक टैंक जीटीआरआई ने अपनी एक रिपोर्ट जारी की थी. इस रिपोर्ट में बताया था कि वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान चीन से लैपटॉप, पर्सनल कंप्यूटर, इंटीग्रेटेड सर्किट और सोलर सेल जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों का आयात घटा है.
ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं में आयात में गिरावट उन क्षेत्रों में ज्यादा हुई है, जहां पीएलआई (उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन) योजना शुरू की गई है. इसके अलावा सोलर सेल का आयात 70.9 प्रतिशत घटा. इस अवधि में लैपटॉप, पर्सनल कंप्यूटर (पीसी) का आयात 23.1 प्रतिशत और मोबाइल फोन का आयात 4.1 प्रतिशत घटा है.
मोहन कैबिनेट की बैठक में सिंचाई परियोजनाओं समेत कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को यानी आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। अपराह्न साढ़े तीन बजे मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मोहन कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।
इस बैठक के दौरान प्रदेश में निवेश को बढ़ाने देने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। वहीं कुछ सिंचाई परियोजनाओं को भी प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी।
इसके अलावा इस बैठक में शासकीय कर्मचारियों के तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने के लिए नीति पर भी विचार हो सकता है। गौरतलब है कि प्रदेश में तबादलों पर पिछले दो वर्ष से प्रतिबंध लगा हुआ है। अभी विभागों को प्रशासकीय दृष्टि से आवश्यक तबादले करने के लिए मुख्यमंत्री समन्वय से अनुमति लेनी होती है।
वहीं माना यह भी जा रहा है कि कैबिनेट बैठक के दौरान प्रदेश में दो नए जिले बनाने का प्रस्ताव आ सकता है। प्रशासनिक हलकों में ऐसी चर्चा है कि बीना और जुन्नारदेव के रूप में दो नए जिले जल्द ही अस्तित्व में आ सकते हैं। अगर ऐसे किसी प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलती है तो प्रदेश में कुछ 57 जिले हो जाएंगे।
वर्तमान में मप्र में 55 जिले हैं। इसके अलावा बैठक में नर्मदापुरम जिले के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र और मुरैना जिले के सीतापुर को लेकर भी चर्चा होगी।
अब 10 दिन में दुष्कर्मियों को फांसी! बंगाल में रेप विरोधी विधेयक पास; अपराजिता टास्क फोर्स गठन की घोषणा
कोलकाता। कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या की घटना के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। विधानसभा के विशेष सत्र (Bengal Assembly news) के दूसरे दिन बंगाल सरकार ने दुष्कर्म विरोधी संशोधन विधेयक पेश किया। चर्चा के बाद विधेयक को विधानसभा से पास कर दिया गया है। इस विधेयक का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय और दुष्कर्म के दोषियों को त्वरित व सख्त सजा देना है।
- आरजी कर घटना के बाद सरकार ने पेश किया विधेयक।
- भाजपा के विधायकों ने भी इस विधेयक का किया समर्थन।
- बिल में दुष्कर्मियों को त्वरित व सख्त सजा का है प्रावधान।
तो ये है मोदी के एजेंडे में! PM की आज से ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा; क्यों खास है यह दौरा?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से ब्रुनेई और सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। पीएम मोदी सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया के निमंत्रण पर 4 सितंबर तक ब्रुनेई के दौरे पर रहेंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की उस देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
यात्रा को लेकर पीएम ने क्या कहा?
अपनी यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने भी पोस्ट किया है। पीएम ने कहा कि भारत-ब्रुनेई दारुस्सलाम राजनयिक संबंधों ने 40 शानदार साल पूरे किए। मैं महामहिम सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया से मिलने के लिए उत्सुक हूं।
- पीएम मोदी आज ब्रुनेई के दौरे पर है।
- ये किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ब्रुनेई की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती फिर युवती से गैंगरेप, 3 गिरफ्तार
लखनऊ। लखनऊ के चिनहट में युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गैंगरेप के बाद पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी है और मुंह न खोलने की हिदायत दी थी।
पुलिस ने बताया कि चिनहट थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गैंगरेप की सूचना मिली थी। जानकारी के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती की आरोपी से सोशल मीडिया नेटवर्क साइट इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद आरोपी पीड़िता को होटल लेकर गया था। जहां उसने युवती को बेहोश किया और फिर तीन लोगों ने युवती से गैंगरेप किया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अपना मुंह बंद करने की बात कही। युवती की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अवैध ई-रिक्शों पर एक्शन, क्रश किए 114 रिक्शे
नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर दौड़ने वाले अवैध ई-रिक्शा चालकों पर शिकंजा कसते हुए परिवहन विभाग ने 114 ई-रिक्शों को क्रश कर दिया है। परिवहन विभाग लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गैरकानूनी रूप से चल रहे ई-रिक्शों को जब्त किया था और इन्हें (ई-रिक्शों) बुराड़ी में इकट्ठा कर बीते शुक्रवार को जेसीबी से क्रश कर दिया है। परिवहन विभाग ने लगातार घटनाओं के बाद अपना पूरा फोकस अवैध ई-रिक्शों पर केंद्रित कर दिया है। दिल्ली में लगभग 1 लाख 60 हजार ई रिक्शा चलते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध ई-रिक्शा शामिल हैं, जिनके पास न तो लाइसेंस और न परमिट।
भारी बारिश से गिरीं दो जर्जर दीवारें, 3 की मौत
चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में मकान की दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जिले की मूल तहसील में जो घटना हुई, उसमें पति-पत्नी की मौत हो गई। जबकि सिंदेवाही तहसील इलाके में एक महिला की मौत हो गई। जिले में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिसकी वजह से जर्जर मकानों की दीवारें गिर गईं। जानकारी के मुताबिक, मूल तहसील में बीते शनिवार को गरज के साथ भारी बारिश हुई। शाम को खेत से काम करने के बाद अशोक रघुनाथ जब घर लौटे और अपनी पत्नी के साथ मिलकर खाना बना रहे थे। इसी समय पड़ोसी के घर की दीवार गिर गई। इस हादसे में अशोक रघुनाथ मोहुर्ले (60) और लता अशोक मोहुर्ले (55) की मौत हो गई।
RPSC RAS 2024: राजस्थान आरएएस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन हुआ जारी, तहसीलदार, डीएसपी सहित अन्य पदों के लिए आवेदन 19 सितंबर से
नई दिल्ली। राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन (RPSC) की ओर से राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं (संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा) 2024 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर भर्ती का एलान किया गया है। जो भी उम्मीदवार राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) परीक्षाओं की तैयारियों में लगे हैं वे इस भर्ती में शामिल होने के लिए 19 सितंबर 2024 से आवेदन पत्र भर सकेंगे। एप्लीकेशन फॉर्म ऑनलाइन माध्यम से आरपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर भरा जा सकेगा।
पात्रता एवं मापदंड
राजस्थान आरएएस भर्ती 2024 में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/ संस्थान से किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदन करते समय अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से कम और अधिकतम आयु 40 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। अभ्यर्थी ध्यान रखें कि आयु की गणना 1 जनवरी 2025 को ध्यान में रखकर की जाएगी।
गुजरात के करीब अरब सागर में बड़ा हादसा, Indian Coast Guard का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त; दो पायलट लापता
पोरबंदर। Indian Coast Guard helicopter crash गुजरात के करीब अरब सागर में एक बड़ा हादसा हुआ है। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) के एक हेलीकॉप्टर को पोरबंदर तट के पास अरब सागर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, जिसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान का मलबा मिल गया है।
हेलीकॉप्टर में 4 क्रू मेंबर सवार थे, जिसमें से एक चालक दल को बचा लिया गया है और शेष तीन चालक दल की तलाश जारी है। इसके दो पायलट भी लापता हैं।