छत्तीसगढ़ / बस्तर
दुर्घटनाओं की संभावना के तहत कोहरे में गाड़ी चलाते समय गति को नियंत्रित रखते हुए हेडलाईट चालू रखें - आरटीओ
जगदलपुर 29 जनवरी 2026
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा सड़क हादसों को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त यात्री बस संचालक, कामर्शियल वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे में गाड़ी चलाते समय गति कम करें और हेडलाईट चालू रखें। हैडलाईट को हमेशा लो बीम मोड पर रखें ताकि आप सड़क को ठीक से देख सकें। अगर वाहन में फाॅग लैंप है तो उन्हें चालू रखें। कोहरे में न सिर्फ देखना महत्वपूर्ण है, बल्कि दूसरों को दिखाई देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है हमेशा सतर्क रहें और कोहरे में हमेशा धीरे गाड़ी चलाएं, अपनी वाहन की हेडलाईट्स चालू करें और उन्हें लो बीम मोड में रखें, सुनिश्चित करें कि आप दिखाई दे रहे है। अपनी वाहन की फाॅग लैंप और पार्किंग लाईट चालू करें, वाहनों के बीच हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखें, लेन अनुशासन का पालन करते हुए ओव्हरटेक से बचें, यदि गाड़ी चलाना वास्तव में असंभव हो तो गाड़ी को पूरी तरह से किनारे रोक दें और अपनी इंडिकेटर लाईट चालू रखें।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने किया कलेक्टर कार्यालय और संयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण
विभिन्न विभागों के कार्यालयों के शासकीय दस्तावेजों का संधारण और परिसर की साफ सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश
जगदलपुर 29 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने गुरुवार की सुबह कलेक्टर कार्यालय और संयुक्त कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारियों की उपस्थिति शासन द्वारा निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर के आसपास साफ-सफाई रखने और शासकीय दस्तावेजों का बेहतर संधारण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किए। इसके अलावा कलेक्टर ने निर्वाचन कार्यालय के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया,इस अवसर विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सी पी बघेल, अपर कलेक्टर श्री ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
अलनार में संयुक्त गणतंत्र दिवस समारोहरू प्रभात फेरी, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण का प्रेरक संदेश
जगदलपुर 27 जनवरी 2026
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अलनार एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अलनार के संयुक्त तत्वावधान में 76वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्रप्रेम, संविधान के प्रति सम्मान तथा सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना रहा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के साथ ग्राम अलनार में राष्ट्रीय एकता एवं जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ औपचारिक समारोह का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक नृत्य, संस्कृत कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुति, कविता-पाठ एवं प्रेरणादायी भाषणों के माध्यम से भारत की गौरवशाली संस्कृति, संविधान की महत्ता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। समारोह में डॉ. बसंत कश्यप (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लैखन राम बघेल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी, संस्कारवान एवं चरित्रनिष्ठ नागरिकों का निर्माण करना है। वहीं सेजस प्रभारी श्री संजय मांडवी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अलनार के गणमान्य नागरिक श्री तुलु राम कश्यप की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंतर्गत वार्षिक उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संयुक्त आयोजन में दोनों विद्यालयों के शिक्षकगण, कर्मचारीगण, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में उपस्थित अलनार के ग्रामवासियों ने विभिन्न कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।समारोह का समापन राष्ट्रनिर्माण के संकल्प, सामाजिक सद्भाव एवं उज्ज्वल भारत के संदेश के साथ किया गया।
सेजेस करीतगांव में 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति की लहर
प्रभात फेरी से लेकर सांस्कृतिक मंच तक छाया रहा उत्साह
जगदलपुर 27 जनवरी 2026
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव (सेजेस) की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में सोमवार, 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस अपार हर्षोल्लास और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। दिन की शुरुआत सुबह 7रू00 बजे एक भव्य प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने श्भारत माता की जयश् के उद्घोष से पूरे गांव में देशभक्ति का संचार कर दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में एस.एम.डी.सी सदस्य श्री पुरुषोत्तम जोशी और वरिष्ठ समाज सेवक श्री तुलसीराम गोयल बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ मिलकर भारत माता और वीर शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय का प्रांगण सांस्कृतिक रंगों और देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा पहली की नन्ही छात्रा विभा पटेल ने एकल गीत प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया, वहीं कक्षा चैथी के आयुष एवं समूह और कक्षा 5वीं व 7वीं की कु. धनेंद्री व उनके समूह ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कक्षा 9वीं की छात्रा कु. डिंपल पांडे ने अपने एकल देशभक्ति गीत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि इसी कक्षा की कु. राधिका नाग, कु. चांदनी बेसरा और उनके समूहों ने गीतों और नृत्यों की शानदार छटा बिखेरी। कार्यक्रम में बस्तर की संस्कृति की झलक भी देखने को मिली जब कक्षा 11वीं के हेमंत कश्यप, कु. कामिनी भारती और समूह ने जोश से भरा देशभक्ति आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की कु. निर्मला व कु. डालेश्वरी और कु. पूनम ठाकुर के समूह ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। देशप्रेम के विचारों को वाणी देते हुए कक्षा 10वीं की छात्रा कु. मोनिका कश्यप और कु. रोशनी नाग ने ओजस्वी भाषण दिए।
मंच का कुशल संचालन करते हुए व्याख्याता श्री राजेंद्र कलिहारी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सच्चा देशभक्त बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि श्री पुरुषोत्तम जोशी ने विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को भारत माता के लिए निस्वार्थ सेवा करने का संकल्प दिलाया, वहीं समाज सेवक श्री तुलसीराम गोयल ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की बात कही। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी श्री राहुल सिंह ठाकुर ने सत्र 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से सात दिवसीय शिविर के दौरान चलाए गए नशा मुक्त भारत अभियान और शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की कार्यशाला सुरक्षित घर, सुरक्षित लईकामन 3.0 जैसी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन सत्र में संस्था की प्राचार्य श्रीमती मोनिता पानिग्राही ने आयोजन की सफलता पर सभी को बधाई देते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की, जिसके पश्चात विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के समस्त व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, प्रयोगशाला शिक्षक, और एनएसएस इकाई के सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री वाणी हुमने व श्री लोकेश निषाद सहित सभी स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।
गणतंत्र दिवस पर बस्तर में जगेगी शिक्षा की अलख
हर गांव में लगेगा उल्लास मेला, कलेक्टर ने दिए निर्देश
जगदलपुर, 21 जनवरी 2026
बस्तर जिले में आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का पर्व केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इस दिन पूरा जिला साक्षरता के एक नए उत्सव का गवाह बनेगा। जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विजन को धरातल पर उतारने के लिए एक अनूठी पहल की है, जिसके तहत गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के प्रत्येक गांव में उल्लास मेला का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन का मूल उद्देश्य भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अभियान के केंद्र में वे वयस्क हैं जिनकी आयु 15 वर्ष से अधिक है और जो किसी कारणवश स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। प्रशासन का लक्ष्य इन वयस्कों को न केवल बुनियादी साक्षरता और अंकों का ज्ञान देना है, बल्कि उन्हें महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाकर समाज में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शिक्षा विभाग का कार्य नहीं है, बल्कि इसमें पूरे मैदानी अमले की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गांवों में कार्यरत ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और कोटवारों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये सभी कर्मचारी शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर गांवों में सर्वे करेंगे और उल्लास मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस लाभ से वंचित न रहे।
बस्तर में शिक्षा की नई अलख
पढ़ेसे बस्तर अभियान से बच्चों को मिल रही मिनी लाइब्रेरी की सौगात
जगदलपुर, 21 जनवरी 2026
बस्तर जिला प्रशासन ने ग्रामीण और आदिवासी समुदायों के सर्वांगीण विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक अभिनव अध्याय की शुरुआत की है। कलेक्टर श्री हरिस एस और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा की नींव को मजबूत करने और बच्चों में पठन कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से जिले में पढ़ेसे बस्तर अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत प्रशासन द्वारा सुदूर अंचलों में बहुभाषी मिनी लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही है, ताकि बच्चों की पुस्तकों तक पहुँच आसान हो सके और वे ज्ञान की दुनिया से जुड़ सकें।
इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को स्वयंसेवी संगठन प्रथम बुक्स की पहल डोनेट-ए-बुक के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इस साझेदारी का सबसे सुखद पहलू यह है कि इसमें बच्चों को ऐसी पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं जो न केवल ज्ञानवर्धक हैं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक भी हैं। विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध ये किताबें बच्चों को अपनी विरासत से जोड़ते हुए उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। अभियान की सफलता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 4,788 पुस्तकें वितरित की जा चुकी हैं और वर्तमान में 43 नई मिनी-लाइब्रेरी के माध्यम से अतिरिक्त 4,477 पुस्तकें स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।
प्रशासन ने शिक्षा के प्रसार के लिए पारंपरिक सीमाओं को तोड़ते हुए इन पुस्तकालयों को केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रखा है। अब जिले के पुलिस थाने, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र, दिव्यांग बच्चों के केंद्र और बाल देखभाल संस्थान भी ज्ञान के केंद्र बन रहे हैं, जहाँ ये लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है।
इस अभियान में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभाग एकजुट होकर सक्रिय सहयोग कर रहे हैं, जो साझा विकास और सहयोग की एक नई संस्कृति को दर्शाता है।
बस्तर जिला प्रशासन का यह प्रयास राष्ट्रीय स्तर के लक्ष्यों के साथ भी पूरी तरह से कदमताल कर रहा है। यह पहल सतत विकास लक्ष्यों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के साथ-साथ निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी, जिसका लक्ष्य 2026 तक सभी बच्चों के लिए आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान सुनिश्चित करना है। युवा शिक्षार्थियों को आवश्यक कौशल से लैस करके, प्रशासन न केवल उनकी भाषा सीखने की क्षमता को बढ़ा रहा है, बल्कि उनके लिए भविष्य में शैक्षिक एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार भी कर रहा है। कुल मिलाकर पढ़ेसे बस्तर अभियान बच्चों को उनके समुदायों एवं नागरिक जीवन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना: 57 मार्गों पर बस संचालन, पहली बार यात्री बस सुविधा से जुड़े 330 गाँव
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 से दूरस्थ गाँवों को सुलभ आवागमन की सौगात
बस्तर जिला पत्रकार संघ का नव वर्ष मिलन, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने दी बधाई
कहा-माओवाद मुक्त बस्तर में विकास को मिलेगी नई दिशा एवं गति
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
बस्तर जिला पत्रकार संघ द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में जिले के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधी शामिल हुए। इस गरिमामय आयोजन में पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी, कलेक्टर श्री हरिस एस और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री मनीष गुप्ता सहित अन्य सभी पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में सदस्यगण मौजूद रहे। नव वर्ष मिलन समारोह के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में अधिकारियों और पत्रकारों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
नव वर्ष मिलन समारोह को संबोधित करते हुए आईजी श्री सुन्दरराज पी ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने बस्तर में विकास के नवीन प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर अब तेजी से माओवाद से मुक्त हो रहा है। माओवाद मुक्त हो रहे क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि बस्तर में शांति के साथ-साथ खुशहाली एवं समृद्धि भी आए। इस दौरान कलेक्टर श्री हरिस एस ने बस्तर के विकास में मीडिया की भूमिका को प्रशासन के बराबर ही महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा बस्तर की तरक्की में प्रशासन के प्रयासों के साथ मीडिया का सहयोग बेहद जरूरी है। कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले की सतत विकास और जनहित के मसलों पर सुझाव देने का आग्रह करते हुए कहा कि यहां की मीडिया हमेशा से विकास और आम जनता से जुड़ी जरूरी मुद्दों को उठाता रहा है, जिससे प्रशासन को दिशा मिलती है।
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने पुलिस और मीडिया के बीच के समन्वय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को हमेशा ही मीडिया का सकारात्मक सहयोग मिलता रहा है। किसी भी जरूरी सन्देश को आम जनों तक तत्काल पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका रही है। इस दौरान बस्तर जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बस्तर के हितों से जुड़े मसलों पर सकारात्मक पत्रकारिता के जरिए सजग दायित्व निभाने आश्वस्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग भी मौजूद रहे।
सड़क पर मलबा फैलाना और नाली जाम करना पड़ा भारी
बंसल क्लीनिक पर नगर निगम ने ठोका 10 हजार रुपए का जुर्माना
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
जगदलपुर नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर कड़ी कार्रवाई की है। इसी क्रम में सार्वजनिक सड़क और नालियों को अवरुद्ध करने के मामले में निगम ने बंसल क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई शहर में बेतरतीब निर्माण कार्य और उससे उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से की गई है।
निगम प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई कि बंसल क्लीनिक में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान रेती और गिट्टी को सड़क पर ही बेतरतीब ढंग से डंप कर दिया गया है। इस लापरवाही के चलते न केवल आम राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया था, बल्कि निर्माण सामग्री नालियों में भर जाने से उस क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था भी पूरी तरह ठप पड़ गई थी। इस कृत्य से स्थानीय स्वच्छता और यातायात संचालन दोनों पर गंभीर असर पड़ रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के स्वच्छता विभाग की टीम ने सोमवार को तत्काल मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट पाया गया कि संबंधित निर्माणकर्ता ने निगम के तय स्वच्छता मानकों और नियमों का खुला उल्लंघन किया है। मौके पर मौजूद स्वच्छता इंस्पेक्टर अजय बनिक, जोन प्रभारी समीर खान और शक्ति वेल की उपस्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लीनिक प्रबंधन पर गंदगी फैलाने और नाली जाम करने के जुर्म में दस हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
इस दंडात्मक कार्रवाई के माध्यम से नगर निगम जगदलपुर ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण या गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही प्रशासन ने सभी नागरिकों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्माण सामग्री को नियत और सुरक्षित स्थान पर ही रखें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
आवास योजना के निर्माण कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश
मय-सीमा की बैठक में प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, स्वच्छता, स्वास्थ्य व धान खरीदी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री हरिस एस के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन द्वारा मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में प्रथम किश्त प्राप्त आवासों की भौतिक प्रगति, वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आवासों की प्रगति तथा स्पेशल प्रोजेक्ट के तहत प्रथम किश्त प्राप्त आवासों के निर्माण कार्य की स्थिति का संज्ञान लिया और निर्माण कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में स्वच्छता शुल्क की वसूली, ग्रामों में स्वीकृत बर्तन बैंकों की स्थापना, मनरेगा कार्यों का जनपद स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वीकृत कार्य पर चर्चा की गई। साथ ही मनरेगा अंतर्गत ई-केवाईसी एवं एबीपीएस आधारित भुगतान को बढ़ाते हुए प्रतिदिन हजार हितग्राहियों का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मनरेगा, डीएमएफटी एवं नरेगा मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकानों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से स्वीकृत कार्यों की प्रगति, एनसीईएआर रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए आधार रिवेरिफिकेशन के लिए जनजागरूकता, आयुष्मान कार्ड की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों का सर्वे, पात्र-अपात्र आवेदनों की स्थिति, सेंट्रल स्कीम पेंशनरों की डीएलसी रिपोर्ट, एग्रीस्टैक की प्रगति, किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित प्रस्तुत, स्वीकृत व निरस्त प्रकरणों की समीक्षा की गई।
शिक्षा विभाग से मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना की प्रगति, स्कूल स्तर से जाति प्रमाण पत्र निर्माण, विकासखंडवार अपार आईडी जनरेशन की अद्यतन स्थिति का संज्ञान लिया गया। स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान कार्ड, वय वंदना योजना, संस्थागत प्रसव, एनएसी की स्थिति, सघन मोतियाबिंद जांच एवं उपचार, आरबीएसके चिरायु योजना, स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पोषण ट्रैकर एप के परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वीकृत निर्माण कार्य, शौचालय निर्माण तथा बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, राजस्व खातों में आधार प्रविष्टि, नक्शा बटांकन, विभिन्न विभागों के समय-सीमा प्रकरणों पर चर्चा की गई।
खाद्य विभाग से संबंधित बिंदुओं में खाद्य भंडारण की स्थिति, डीडी राशि जमा, ई-पॉस मशीन से ई-केवाईसी, धान खरीदी केंद्रों में बारदाना की उपलब्धता, डीओ के आधार पर धान उठाव, अधिक खरीदी वाले उपार्जन केंद्रों की जांच के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन केंद्रों में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक धान खरीदी हुई है, वहां अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाए। साथ ही रकबा समर्पण, गेट पास एप में नियमित एंट्री एवं भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, श्री ऋषिकेश तिवारी, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।
बस्तर संभाग के शिक्षकों की पदोन्नति का इंतजार खत्म, प्रधान पाठक बनने की समय-सारिणी जारी
6 मार्च तक पूरी होगी प्रक्रिया
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से पदोन्नति की राह देख रहे टी (ट्राइबल) एवं ई (एजुकेशन) संवर्ग के शिक्षकों और प्राथमिक शाला के प्रधान पाठकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बस्तर संभाग के अंतर्गत कार्यरत स्नातक व प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के पद पर पदोन्नत करने की आधिकारिक परिपत्र में इस हेतु विस्तृत समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।
संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग श्री एचआर सोम ने इस संबंध में बताया कि पदोन्नति की यह पूरी प्रक्रिया जनवरी के अंत से शुरू होकर मार्च के पहले सप्ताह तक चलेगी। जिसके तहत 31 जनवरी 2026 को 1 अप्रैल 2024 की स्थिति के आधार पर शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके ठीक चार दिन बाद यानी 4 फरवरी 2026 को पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाते हुए विभाग ने 13 फरवरी तक गोपनीय चरित्रावली और चल-अचल संपत्ति का विवरण व मतांकन पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 16 फरवरी को बैठक की सूचना देने के बाद, 20 फरवरी को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। समिति की मंजूरी मिलते ही 23 फरवरी को पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। शिक्षकों की पदस्थापना में पारदर्शिता हेतु काउंसलिंग भी की जाएगी। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद 2 मार्च से 5 मार्च 2026 के बीच काउंसलिंग की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
लेखा प्रशिक्षण में अनुत्तीर्ण एवं पूरक कर्मचारियों के लिए परीक्षा का अवसर : 10 फरवरी तक मांगे गए आवेदन
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला बस्तर संभाग जगदलपुर के द्वारा उन लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की गई है, जो पूर्व में लेखा प्रशिक्षण तो प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन परीक्षा उत्तीर्ण करने में असफल रहे थे। साथ ही समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को जारी परिपत्र में अवगत कराया गया है कि ऐसे कर्मचारी जिनका पिछला परीक्षा परिणाम अनुत्तीर्ण रहा है या जिन्हें पूरक की पात्रता मिली है, वे फरवरी 2026 में आयोजित होने वाली लेखा प्रशिक्षण परीक्षा में पुनः सम्मिलित हो सकते हैं।
यह अवसर विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए है जो पहले प्रशिक्षण ले चुके हैं। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए इच्छुक एवं पात्र परीक्षार्थी निर्धारित प्रपत्र में अपना आवेदन 10 फरवरी 2026 तक जिला कार्यालय परिसर स्थित शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला के कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। सभी संबंधित कार्यालय प्रमुखों से अपने अधीन कार्यरत ऐसे लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को इस सूचना से अवगत कराने को कहा है, ताकि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर फरवरी माह की परीक्षा में शामिल हो सकें।
सांसद श्री महेश कश्यप की अध्यक्षता में 23 जनवरी को होगी दिशा समिति की बैठक
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
बस्तर जिले में विकास कार्यों की गति और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से आगामी 23 जनवरी को सांसद श्री महेश कश्यप की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक रखी गई है।
बैठक में 76 केंद्रीय योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, नरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन की प्रगति रिपोर्ट भी पटल पर रखी जाएगी।
बैठक में बुनियादी ढांचे (सड़क, पानी, बिजली) पर चर्चा होगी, साथ ही सामाजिक सुरक्षा और मानवीय पहलू भी केंद्र में रहेंगे। सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे मील, पोषण अभियान, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसे स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं की भी समीक्षा होगी।
संभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों हेतु लेखा प्रशिक्षण का अवसर
मार्च सत्र के लिए 31 जनवरी तक मांगे गए आवेदन
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
राज्य शासन के विभिन्न विभागों में कार्यरत बस्तर संभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला बस्तर संभाग जगदलपुर के प्राचार्य द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह प्रशिक्षण सत्र 01 मार्च 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक संचालित होगा। इस सत्र के लिए संभाग के सभी सात जिलों के कर्मचारियों हेतु कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक पात्र कर्मचारी अपना आवेदन पत्र कार्यालय प्रमुख की अनुशंसा के साथ 31 जनवरी 2026 की शाम 5.30 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन केवल विशेष वाहक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उक्त प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए केवल वे ही लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन के पात्र होंगे जिनका नियमित सेवाकाल तीन वर्ष पूर्ण हो चुका है और उनकी परिवीक्षा अवधि समाप्त हो गई है। इसके अतिरिक्त आवेदक का पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य है ताकि वे चार माह का प्रशिक्षण बिना किसी बाधा के नियमित रूप से पूरा कर सकें। पूर्व के सत्रों में प्रवेश से वंचित कर्मचारियों के पुराने आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे, इसलिए उन्हें नवीन सत्र के लिए पुनः नया आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए कर्मचारियों को आवेदन पत्र के साथ अपनी सेवा पुस्तिका के प्रथम पृष्ठ, वेतन वृद्धि और नियमितीकरण के पेजों की प्रमाणित छायाप्रति, दिसंबर 2025 की ऑनलाइन वेतन पर्ची, जाति प्रमाण पत्र तथा 10 वीं-12 वीं की अंकसूची संलग्न करना अनिवार्य है। इसके साथ ही मुद्रलेखन या कंप्यूटर परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण पत्र भी देना होगा। प्रशिक्षार्थियों का चयन संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन जगदलपुर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग जिला कार्यालय परिसर, जगदलपुर पिन कोड- 494001 के पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेज सकते हैं।
परीक्षा परिणाम सुधारने लागू हुआ मेंटर और ब्लूप्रिंट का नया फार्मूला, बदला रिपोर्ट कार्ड का गणित
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के स्कूली शिक्षा की तस्वीर बदलने और आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक व्यापक और महत्वाकांक्षी कार्ययोजना तैयार की है। राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हरिस एस और सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि पढ़ाई के तरीके में परिवर्तन के साथ ही छात्रों के रिजल्ट तैयार करने के गणित में भी बड़ा और अहम बदलाव किया गया है। इस नए आदेश के तहत सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन मूल्यांकन प्रणाली में किया गया है। अब छात्रों के रिपोर्ट कार्ड में साल भर की मेहनत दिखेगी। जारी निर्देशों के मुताबिक कक्षा पहली से चौथी और छठवीं-सातवीं के वार्षिक नतीजों में अब तिमाही और छमाही परीक्षाओं के 20-20 प्रतिशत अंक अधिभार के रूप में जुड़ेंगे, जबकि वार्षिक परीक्षा का भार 60 प्रतिशत रहेगा। वहीं कक्षा 5 वीं और 8 वीं की बोर्ड कक्षाओं के साथ-साथ 9 वीं और 11 वीं के वार्षिक परिणामों में छमाही परीक्षा के 30 प्रतिशत और वार्षिक परीक्षा के 70 प्रतिशत अंकों को जोड़कर अंतिम परिणाम तैयार किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने बताया कि कलेक्टर श्री हरिस एस और सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन के सतत मार्गदर्शन के अनुरूप जिले में हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट नतीजे हासिल करने के लिए कार्ययोजना तैयार किया गया है और इस दिशा में मिशन डिस्टिंक्शन के तहत कड़े लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। जिसके तहत अर्द्धवार्षिक परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक प्राप्तांक हासिल करने वाले प्रत्येक छात्र-छात्राओं के लिए एक मेंटर की नियुक्ति कर प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करने सहित संबंधित छात्र-छात्रा को समुचित अध्यापन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान मेंटर द्वारा संबंधित छात्र-छात्रा की लिखावट, भाषा शैली एवं अन्य कमियों को दूर करने सकारात्मक प्रयास किया जाएगा। इसी तरह अन्य विषयों के परीक्षार्थियों की दिक्कतों को भी फोकस कर समाधान करने पहल किया जाएगा। पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद बीते 05 वर्षों के प्रश्न पत्रों का हल करने का अभ्यास भी इन परीक्षार्थियों को करवाया जाएगा। जिससे जिले के अधिकाधिक परीक्षार्थी मेरिट सूची में अपना स्थान हासिल कर सके। इसके अलावा यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कम से कम 5 प्रतिशत परीक्षार्थी 80 फीसदी से अधिक अंक लाएं और तृतीय श्रेणी या पूरक आने वाले परीक्षार्थियों की संख्या न्यूनतम से न्यूनतम हो। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पाठ्यक्रम पूरा करने की समय-सीमा भी तय कर दी गई है।
शिक्षा विभाग ने कमजोर बच्चों को मुख्य धारा में लाने के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मेंटरशिप की अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत स्कूलों में कमजोर बच्चों के समूह बनाए जाएंगे और प्रत्येक समूह के लिए एक शिक्षक को मेंटर नियुक्त किया जाएगा, जो उन बच्चों की पढ़ाई, लेखन और त्रुटियों के सुधार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेंगे। साथ ही पियर ग्रुप लर्निंग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें होशियार और कमजोर बच्चे एक साथ समूह में पढ़ाई करेंगे। खराब लिखावट और मात्रात्मक त्रुटि सुधार के लिए कक्षा पहली से ही हैंडराइटिंग सुधारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। परीक्षा की तैयारी को रटने की जगह समझने पर आधारित बनाने के लिए ब्लूप्रिंट और प्रश्न बैंक की सहायता ली जाएगी। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों को ब्लूप्रिंट समझाएं ताकि उन्हें पता हो कि किस अध्याय का कितना महत्व है। जिला स्तर पर विषय विशेषज्ञों की टीम द्वारा प्रश्न बैंक तैयार किया जाएगा और मेधावी छात्रों के लिए फरवरी माह में विशेष कार्यशालाएं आयोजित कर उन्हें मेरिट में आने के गुर सिखाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने जारी निर्देश में स्पष्ट किया है कि केवल अच्छा रिजल्ट दिखाने की स्पर्धा में स्तरहीन मूल्यांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों पर कार्यवाही होगी। अधिकारियों को फरवरी तक स्कूलों की सघन मॉनिटरिंग करने और प्राचार्यों को कार्ययोजना लागू कर पालन प्रतिवेदन जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले के परीक्षा परिणामों में अपेक्षित गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
श्रीरामलला दर्शन योजनांतर्गत 87 तीर्थयात्री अयोध्या धाम रवाना
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत सोमवार की शाम बस्तर जिले में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगदलपुर के टाउन हॉल के समक्ष आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में 87 तीर्थयात्रियों के जत्थे को प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। बस के रवाना होने से पूर्व वहां का माहौल पूरी तरह राममय हो गया था। जयकारों की गूंज के साथ रवाना हुए श्रद्धालुओं के चेहरों पर रामलला के दर्शन की उत्सुकता स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
इस विशेष अवसर पर महापौर श्री संजय पांडे, नगर निगम सभापति श्री खेम सिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर तीर्थयात्रियों का उत्साह बढ़ाया। अतिथियों ने सभी यात्रियों को पुष्प भेंट कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा श्रीरामलला दर्शन योजना समिति के सदस्य श्री रामाश्रय सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित की गई है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री बीरेंद्र बहादुर सहित जिला पंचायत कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बस्तर जिले में पिछले वर्ष से लेकर अब तक कुल 1042 श्रद्धालु इस योजना का लाभ उठाकर अयोध्या धाम की तीर्थयात्रा पूर्ण कर चुके हैं।
1 फरवरी को जगदलपुर में टीईटी परीक्षा
14 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत
जगदलपुर, 20 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय जगदलपुर पूरी तरह तैयार है। आगामी 1 फरवरी का दिन बस्तर के उन हजारों युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होने वाला है, जो शिक्षक बनकर समाज को नई दिशा देने का सपना संजोए हुए हैं। इस महापरीक्षा में डीएड और बीएड डिग्रीधारी कुल 14,174 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।
इस परीक्षा का शुभारंभ सुबह 09.30 बजे मॉर्निंग शिफ्ट से होगा, जो प्राथमिक शाला स्तर (कक्षा पहली से पांचवीं) के लिए निर्धारित है। इस पाली में डीएड योग्यताधारी 5,599 अभ्यर्थी कुल 15 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या का विवरण देखें तो सबसे अधिक 420-420 अभ्यर्थियों की क्षमता वाले केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज (धरमपुरा-2), झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 (राजेन्द्र नगर), स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (अग्रसेन चौक), बाल विहार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और निर्मल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (लालबाग) शामिल हैं। इसके अलावा, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (धरमपुरा) और हम एकेडमी में 360-360 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (रेलवे कॉलोनी) और भगत सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सिविल लाइन) में 300-300 परीक्षार्थी बैठेंगे। धरमू माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक में 240 और विद्या ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 319 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
दिन की दूसरी पाली दोपहर 03 बजे से शुरू होगी, जिसमें बीएड डिग्रीधारी अभ्यर्थी उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छठी से आठवीं) की पात्रता परीक्षा देंगे। शाम की इस पाली में अभ्यर्थियों की संख्या बढ़कर 8,575 हो गई है, जिसके लिए केंद्रों की संख्या 24 कर दी गई है। इस पाली में हम एकेडमी और विद्या ज्योति स्कूल की क्षमता बढ़ाकर 420-420 कर दी गई है। शाम की पाली के लिए विशेष रूप से जोड़े गए नए केंद्रों में दीप्ति कॉन्वेंट स्कूल और क्राइस्ट कॉलेज में 420-420 अभ्यर्थी, शहीद गुंडाधूर कृषि महाविद्यालय में 360 और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आसना, श्री विद्यापति एकेडमी, सक्सेस कॉन्वेंट स्कूल और डीपीएस कालीपुर प्रत्येक में 300-300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय धरमपुरा जगदलपुर में 180 और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलोरी में 235 परीक्षार्थियों के लिए सीट आवंटित की गई है। इस प्रकार शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में एक व्यवस्थित सीटिंग प्लान के तहत परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।