छत्तीसगढ़ / बस्तर
जनता के हित में कटिबद्धता के साथ काम कर रही सरकार : विधायक किरण देव
जगदलपुर । सांसद बस्तर महेश कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे और प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सभी की सहभागिता हो। इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। सभी जागरूक नागरिकों ने आवेदनों के माध्यम से अपनी मांग रखी है जिसका विभागों द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण किया गया और समाधान शिविर में जानकारी दी जा रही है।
सांसद ने कहा कि सुशासन तिहार में आवेदनों का निराकरण जिस तेजी के साथ किया गया यह सतत रूप से जारी रहेगी। सरकार इस दिशा में लगातार सार्थक प्रयास करेगी। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर विकास में सहभागी बनने का आग्रह किया। सांसद कश्यप मंगलवार को नगर पालिक निगम जगदलपुर के पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड के माहेश्वरी भवन में आयोजित समाधान शिविर को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर विधायक जगदलपुर किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में कटिबद्धता के साथ सजग होकर काम कर रही है। सरकार गठन होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है।
इस सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्या-मांग का निराकरण करना है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से हर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करना है। जो जनता का जुड़ाव इन शिविरों में होने के साथ ही उनकी व्यापक सहभागिता को दर्शाता है। विधायक किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रीगण सरकार की इस सुशासन को शहर से गांव तक पहुंचाने के लिए भरी दुपहरी में गांवों में जाकर चौपाल लगाकर जनता से सीधे मुखातिब हो रहे हैं और उनकी समस्या निदान करने सहित जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा भी ले रहे हैं। उन्होंने जगदलपुर नगर निगम में विकास कार्यों को सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं के साथ ही राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत आवास निर्माण, महतारी वंदन योजनांतर्गत हितग्राहियों का चयन आदि के लिए वार्ड पार्षदों को सकारात्मक पहल किए जाने कहा। साथ ही नागरिकों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए आग्रह किया। आरंभ में महापौर संजय पांडे ने सुशासन तिहार के अंतर्गत जनता की समस्या-मांगों के निराकरण के बारे में अवगत कराया और इस दिशा में निरंतर सजग होकर पहल करने आश्वस्त किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया गया। वहीं 06 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं 03 शिशुओं को अन्नप्रासन्न करवाया। इस मौके पर चार हितग्राहियों को नवीन राशनकार्ड प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अवगत कराया गया कि समाधान शिविर में नगर निगम क्षेत्र के माता सन्तोषी वार्ड, रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, महारानी वार्ड,पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड एवं महेन्द्र कर्मा वार्ड सम्मिलित थे। उक्त समाधान शिविर में प्राप्त कुल 244 आवेदन पत्रों में सभी आवेदनों का निराकरण किया गया। नगर निगम क्षेत्र में कुल 3010 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिसमें 2706 आवेदन पत्रों का निराकरण किया जा चुका है, शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के बारे में आवेदकों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लौहशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, नगर निगम के अध्यक्ष खेमसिंह देवागन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वार्ड पार्षद तथा नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
बस्तर में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें पूर्ण : डॉ. कमलप्रीत सिंह
नुबंध के अनुरूप नियत समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश
जगदलपुर । सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि बस्तर अंचल की स्थानीय आवश्यकता के मद्देनजर यहां पर कनेक्टिविटी विस्तार के लिए सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित कर अनुबंध के अनुसार नियत समय-सीमा में पूर्ण करें। साथ ही महत्वपूर्ण भवन निर्माण कार्यों को वरीयता देकर तेजी के साथ संचालित कर शीघ्र पूर्ण करें। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में ज्यादा ध्यान केंद्रीत करें और भारत माला प्रोजेक्ट सड़क को जोड़ने वाली सड़कों सहित 10 वर्ष से अधिक पुराने राज्य मार्गों के नवीनीकरण कार्य को प्राथमिकता देकर पूर्ण करने पर फोकस करें। वर्किंग सीजन में निर्माण कार्यों में अद्यतन प्रगति लाने के लिए टीम भावना के साथ काम कर आशाजनक रिजल्ट हासिल करें। सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह सोमवार को स्थानीय कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभागार में बस्तर राजस्व संभाग अंतर्गत लोक निर्माण विभाग में संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान उक्त निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के पहले पूर्ण होने वाले पुल-पुलिया के लिए एप्रोच मार्ग अनिवार्य रूप से बनाए जाने की आवश्यकता निरूपित करते हुए कहा कि इन पुल-पुलिया में एप्रोच मार्ग निर्मित होने से आम जनता को आवाजाही में मदद मिलेगी।
सचिव लोक निर्माण डॉ. सिंह ने विभाग में संचालित सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की कार्यवार प्रगति की जानकारी ली और निर्देशित किया कि हरेक निर्माण कार्य की कार्यादेश के साथ ही सम्बन्धित निर्माण कार्य को योजनाबद्ध ढंग से नियमित तौर पर संचालित करने हेतु पर्याप्त निर्माण सामग्री,मशीनरी, उपकरण और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप कार्य को पूर्ण करें। निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुपालन करवाने के लिए नियमित तौर पर क्षेत्र भ्रमण कर निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
ठेकेदारों की क्षमता के अनुरूप काम देने पर बल
सचिव लोक निर्माण ने ठेकेदारों को उनकी क्षमता के अनुरूप कार्य देने पर बल देते हुए कहा कि सम्बन्धित ठेकेदार के पास प्लांट, मशीनरी, उपकरण इत्यादि पर्याप्त संसाधन की उपलब्धता को अनिवार्य रूप से दृष्टिगत रखें और एक साथ तीन-चार निर्माण कार्य लेकर रखने वाले ठेकेदारों के कार्यों की मॉनिटरिंग पर अधिक ध्यान केंद्रीत करें। निर्माण कार्यों को नियमित तौर पर संचालित नहीं करने वाले, कार्य में धीमी प्रगति वाले,अतिरिक्त समय देने के पश्चात भी निर्माण कार्य में प्रगति नहीं लाने वाले तथा काम को लम्बे समय तक बंद रखने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करें। वहीं काम को अपूर्ण छोड़कर जाने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध काली सूची में शामिल करने सहित किसी भी निविदा प्रक्रिया से बाहर रखने सम्बन्धी कड़ी कार्रवाई करें।
उपयुक्त स्थल पर करें भवन निर्माण
सचिव लोक निर्माण ने सार्वजनिक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक भवनों तथा आवासों का सदुपयोग सुनिश्चित हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए ऐसे स्थलों पर सड़क, पेयजल एवं बिजली की उपलब्धता सहित उक्त सुविधाओं को आसानी से सुलभ कराए जाने की स्थिति का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने इस सम्बंध में भवन निर्माण हेतु स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त स्थल चयनित किए जाने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा को ध्यान रखकर करें सड़कों का निर्माण
सचिव लोक निर्माण ने सड़कों के निर्माण में सड़क सुरक्षा के मानकों का परिपालन करने पर बल देते हुए कहा कि दुर्घटना को रोकने के लिए बेहतर प्रयास करें। दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिन्हित कर संकेतक बोर्ड, डिवाईडर, गति अवरोधक को उपयुक्त स्थान पर लगाने सहित ब्लिंकर भी लगाएं। इन सभी सुरक्षा सम्बन्धी मानकों को ध्यान रखकर नवीन सड़क निर्माण हेतु कारगर कार्ययोजना तैयार करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीन आरआरपी फेज-एक के प्रगतिरत कार्यों, आरसीपीएलडब्ल्यूईए के कार्यों सहित समस्त योजनाओं के सड़क, भवन एवं सेतु निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल निर्माण कार्यों की प्राक्कलन प्रगति इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विजय भतपहरी सहित मुख्य अभियंता लोक निर्माण बस्तर परिक्षेत्र जीआर रावटे, मुख्य अभियंता सेतु निर्माण एसके कोरी, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिकी टीआर कुंजाम और बस्तर एवं कांकेर मण्डल के अधीक्षण अभियंता, बस्तर परिक्षेत्र अंतर्गत भवन एवं सड़क, सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं विद्युत एवं यांत्रिकी के सभी कार्यपालन अभियंता तथा निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार उपस्थित रहे।
सभी अधिकारी संवेदनशील होकर विभागीय कार्यों का करें संपादन : डॉ.कमलप्रीत सिंह
बस्तर प्रभारी सचिव ने किया विभागीय कार्यों की समीक्षा
जगदलपुर । बस्तर जिला प्रभारी सचिव डॉ.कमलप्रीत सिंह ने कहा कि बस्तर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, यहाँ पर शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन में सभी अधिकारी संवेदनशील होकर संपादन करें। प्रभारी सचिव श्री सिंह ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कही। बैठक में सुशासन तिहार के प्राप्त आवेदनों पर चर्चा कर उनके गुणवत्ता पूर्ण निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निराकरण की जानकारी सुशासन शिविर में आवेदन कर्ता को देने के लिए निर्देशित किए। बैठक में प्राप्त आवेदनों का विभाग समीक्षा भी किए जिसमे सामाजिक पेंशन के प्रकरण, उज्ज्वला योजना के आवेदन,शौचालय के आवेदन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वन अधिकार मान्यता पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करने कहा ।
इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के कचरा संग्रहण व निर्मित शेड के तहत सेग्रीगेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना स्थायी प्रतीक्षा सूची पीडब्लूएल में बचे हुए परिवार एवं आवास प्लस की प्रगति, मनरेगा,आंगनबाड़ी पीडीएस भवन, कुआ निर्माण के कार्यो की समीक्षा किए । उन्होंने समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाय के स्वीकृत कार्यो को मई जून तक पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।पीएमजीएसवाय -4 और जुगा के छुटे बसाहटो को भी जोड़ कर विकास कार्य करें।
प्रभारी सचिव ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली अन्तर्गत राशन सामाग्रियों का भण्डारण एवं वितरण में गुड़ व चना की उपलब्धता का संज्ञान लिया। मध्यान भोजन योजना, शिक्षक युक्तियुक्तकरण, शिक्षक विहीन स्कूल, का समीक्षा करते हुए कहा कि एक ही परिसर में संचालित स्कूलों के शिक्षकों का उपयोग शिक्षक की कमी वाले में किया जा सकता है। उन्होंने छात्रवृत्ति में स्वीकृत विद्यार्थियों को राशि डिसबर्स की गैप का संज्ञान लिया उसके बचे राशि का भुगतान जल्द करवाने के निर्देश दिए ।कौशल विकास में प्रशिक्षण के बाद उसका रोजगार की व्यवस्था का संज्ञान लिया। पीएम विश्वकर्मा योजना अन्तर्गत प्रशिक्षण पीएमकेवीवाय योजना अंतर्गत प्रशिक्षण उपरांत उनके स्कील का एसेसमेट करवाने कहा ।
कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग प्रधानमंत्री सम्मान निधि में ई केवायसी की स्थिति,आधार सिडिंग की स्थिति, लैण्ड सिडिंग की स्थिति की प्रगति। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, रबी-खरीफ में धान का रकबा कितना है। धान के बदले अन्य योजना हेतु , लघु वनोपज का संग्रहण ऑन लाईन पेंमेट की स्थिति, तेदुपत्ता का संग्रहण अन्य लघु वनोपज संग्रहण, इमली संग्रहण, वन्य प्राणी द्वारा जनहानि की समीक्षा किये । लोक निर्माण विभाग के जिले में स्वीकृत, प्रगतिरत, सड़कों के मरम्मत संधारण कार्य भवन निर्माण कार्य, निर्माण कार्य में विलंब करने वाले ठेकेदारों को हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए । जल जीवन मिशन के संबंध में पानी की उपलब्धता का स्त्रोत का संज्ञान लिया। जल-जीवन में पाईप लाईन ओवरहेड पम्प को चालू हालत में रखें और सभी घर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। नक्सल पीडितों के पुनर्वास की कार्यवाही, शराब व गांजा पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटना के मामलों में हेल्मेट का उपयोग को बढावा दे,चालानी कार्यवाही करें। म्यूल अकाउंट ,चिटफण्ड कम्पनी पर कार्यवाही करते हुए साइबर फ्रांड के लिए जागरूकता कैम्पेन का आयोजन करें।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम,स्टैण्ड अप इंडिया योजना, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन में जिला अभिलेखागार का कम्प्यूटीकरण की स्थिति का संज्ञान लेकर बैकअप डाटा भी रखें। इसके अलावा उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में रेडी टू ईंट व पोषण आहार के प्रदाय करने स्थिति आंगनबाड़ी केन्द्रों में शौचालय व पेयजल की उपलब्धता का संज्ञान लिया। महिला एवं बाल विकास के अन्य विंग का एसडीएम स्तर के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाए। नगर निकाय के विकास कार्यों की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति, सामाजिक पेंशन की स्थिति , पीएचसी में दवाईयों की, संस्थागत प्रसव, पीएम जन आरोग्य योजना, आयुष्मान कार्ड सहित श्रम विभाग के योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा किए। इस अवसर पर कलेक्टर हरिस एस, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कमिश्नर ने की उसुर,कोंटा,ओरछा और दुर्गकोंदुल ब्लॉकों के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चर्चा
रिकॉर्ड रूम को मतदान स्ट्रांग रूम के तर्ज पर रखें ताकि राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाए
जगदलपुर । कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि उसुर,कोंटा,ओरछा और दुर्गकोंदुल जैसे अंदरूनी ब्लॉकों में आप लोगों को द्वारा कार्य किया जा रहा है। इस वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आप लोगों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण बंटवारा और एफआरए के कार्यों को अभियान के रूप में कार्य करें। राजस्व के प्रकरण को समय सीमा के अंदर निराकरण करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर श्री सिंह सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बीजापुर जिले के उसुर, सुकमा जिले के कोंटा,नारायणपुर जिले के ओरछा और कांकेर जिले के दुर्गकोंदुल के राजस्व अधिकारियों सहित ब्लॉक के शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत विभाग, कृषि और पीएचई विभाग के अधिकारियों से संवाद कर आवश्यक निर्देश दिए।
कमिश्नर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से उनके अनुभाग से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा,वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र, रिकॉर्ड रूम, निर्णित प्रकरणों को रिकॉर्ड रूम में जमा किया जाना के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि राजस्व के प्रकरणों को रिकॉर्ड रूम में व्यवस्थित रखें, रिकॉर्ड रूम को मतदान स्ट्रॉग रूम के तर्ज पर रखें ताकि राजस्व रिकॉर्ड और वन अधिकार मान्यता पत्र के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए नेटवर्क की व्यवस्था दुरुस्त रखें। साथ ही तहसीलदार-नायब तहसीलदार कार्यालय में नामान्तरण, सीमांकन, बंटवारा, वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र का संज्ञान लिया। कमिश्नर ने कहा कि वन विभाग द्वारा एफआरए के प्रकरण पर कार्यवाही नहीं होने पर कमिश्नर कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के द्वारा आधार कार्ड,राशन कार्ड, सुशासन तिहार के लक्ष्यों की जानकारी दी। इस पर आधार कार्ड और राशन कार्ड का लक्ष्य के आधार जानकारी देने के निर्देश दिए।
खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा न्योता भोज,सरस्वती साईकिल वितरण,मध्यान्ह भोजन का संज्ञान लिया और कमिश्नर ने न्योता भोज का आयोजन अधिक से अधिक करवाएं और जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही समर कैंप का आयोजन के सम्बन्ध में कार्ययोजना का संज्ञान लिया । मध्यान्ह भोजन बनाने वाले सहायिकाओं का भुगतान स्थिति का संज्ञान लिया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जनेरिक औषधियों की उपलब्धता, पेयजल-विद्युत व्यवस्था,मौसमी बिमारियों की रोकथाम, आयुष्मान कार्ड का संज्ञान लिए मितानिनों की दवा पेटी का परीक्षण करवाकर दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सभी अनुभागीय अधिकारी राजस्व या तहसीलदारों के द्वारा बीच-बीच में स्वास्थ्य कर्मियों की दवाइयों की जांच किया जाए। ओरछा जैसे क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड का अनुमानित लक्ष्य के आधार पर कार्ड बनाने हेतु नेट की सुविधा स्थल पर शिविर आयोजित करने कहा।परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास से गर्म भोजन, टीएचआर, आगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल एवं विद्युतीकरण का व्यवस्था का संज्ञान लिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन का समय का भी संज्ञान लिया।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से खाद, बीज की उपलब्धता का संज्ञान लिया, सुशासन तिहार शिविर आयोजन से पहले खाद बीज का भंडारण और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सहायक अभियंता सीएसईबी से पुलिस कैम्पों में विद्युतीकरण, विद्युत विहीन ग्राम,ग्रामों में नियमित विद्युत आपूर्ति का संज्ञान लिया। सभी एसडीएम से विद्युत व्यवस्था का नियमित उपलब्धता का संज्ञान लिया।
अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से पेयजल की आपूर्ति,खराब हैण्ड पम्प की मरम्मत का संज्ञान लेते हुए कहा कि पेयजल, नल जल कनेक्शन की मांग को तत्काल मौका मुआयना कर कार्य पूर्ण करने कहा। बरसात से पहले पाइप परिवर्तन कर लें और क्लोरिन डालकर क्लीन करवाएं। बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य तथा ब्लॉक स्तर पर अनुपस्थित रहने वाले कोंटा सहायक अभियंता सीएसईबी और उसुर ब्लॉक के प्रभारी तहसीलदार को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर आरती वासनीकर, गीता रायस्त सहित सभी संबंधित विभाग के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बस के पिछले पहिए की चपेट में आने से महिला की मौत
जगदलपुर । जिले के थाना तोकापाल क्षेत्र में आज शनिवार की सुबह करीब 6 बजे एक महिला को जगदलपुर से बैलाडीला की ओर जा रही एक बस ने अपनी चपेट में ले लिया, महिला के ऊपर बस का पिछला पहिया चढ़ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकॉज भिजवाया दिया है। वहीं बस को अपने कब्जे में लेते हुए तोकापाल थाने ले जाया गया है। तोकापाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तोकापाल निवासी चमारिन बघेल उम्र 60 वर्ष अपने घर से सुबह किसी काम से निकली थी। इसी दौरान जगदलपुर से बैलाडीला के लिए निकली रॉयल ट्रैवल्स की बस ने उसे चपेट में ले लिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
देह व्यापार करने वाले गिरोह के 3 महिला व 2 पुरुष गिरफ्तार
जगदलपुर । जिले के थाना बोधघाट में अज्ञात व्यक्ति के द्वारा गोपनीय शिकायत प्रस्तुत किया गया कि तेतरखूंटी पारा में कुछ लड़कियो के द्वारा किराये के मकान में देह व्यापार किया जा रहा हैं, शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के नेतृत्व में तत्काल कार्यवाही हेतु टीम तैयार किया गया, उक्त टीम के द्वारा शिकायत में दिये गए महिला से एक पॉइंटर नियुक्त कर मोबाइल से बात कराया गया, जिसमें महिला द्वारा अपना नाम कविता साहू तथा तेतरखूंटी में सेक्स करने के लिए लड़की उपलब्ध कराने की बात तथा एक बार में 1500 रूपये का रेट होना बताई।
जिसके बाद पॉइंटर पॉइंटर को 1500 रूपये देकर तेतेरखूंटी में महिला के बताये मकान में भेजकर पॉइंटर के इशारा का इंतजार किये, पॉइंटर के द्वारा इशारा मिलने पश्चात् तत्काल उक्त स्थान में दबिश दी गई, जहां 3 लड़की तथा 2 लडके जिसमें कविता साहू उफऱ् मानसी पिता कृष्णा साहू, पूजा नाग उफऱ् मोना पति निशांत नाग, केश कुमारी उफऱ् किरण कोर्राम उफऱ् मान्या पति आर्या कोर्राम, प्रवीण एपी. पिता प्रकाश एस, विपिन एमजी. पिता जी. वर्गीश को गिरफ्तार कर महिला स. उ. नि. गोदावरी नागवंशी एवं सुजाता डोरा महिला पुलिस अधिकारी के द्वारा पूछताछ करने पर कविता साहू के द्वारा देह व्यापार के लिए पूजा नाग और केशकुमारी कोर्राम को अपने पास रखना तथा प्रवीण एपी. एवं विपिन एम. जी. को रेगुलर ग्राहक होना बताते हुए उनके कब्जे से 4500 रूपये, 5 नग मोबाइल फोन जप्त कर उक्त पांचो पुरूष तथा महिलाओ के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने से थाना बोधघाट में पीटा एक्ट के धारा 3,5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उक्त आरोपीगण-आरोपियागण को गिरफ्तार कर मामला आजमानतीय होने से न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।
5वीं बार असफलता के बावजूद नहीं छोड़ा प्रयास, यूपीएससी में चयनित मानसी ने शेयर किया सफलता का मंत्र
जगदलपुर । लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती, नन्हीं चींटी चढ़ती दीवारों पर सौ बार फिसलती है, मन का विश्वास रगों में साहस होता है चढ़कर गिरना गिर कर चढ़ना न अखरता है, आखिर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती। यह कहावत सिद्ध किया है बस्तर की बेटी मानसी ने जिसने लगातार पांच असफलता के बाद भी हार नहीं मानी और अपनी जिद पर अड़ी रही।
खुलकर अपनी तैयारी और सफलता के क्षणों को शेयर किया…
आखिरकार छठवें और आखिरी मौके पर उसने सफलता अर्जित करते हुए दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर ली। उसने अपने अंतिम प्रयास में 444 वीं रैंक हासिल करते हुए आइएएस परीक्षा पास कर देश भर में अपने परिवार व बस्तर का नाम रौशन किया है। पत्रिका की टीम ने आज मानसी जैन से उनकी सफलता पर चर्चा किया जिसमें उसने खुलकर अपनी तैयारी और सफलता के क्षणों को शेयर किया।
सफलता के लिए अनुशासन आवश्यक
मानसी ने स्कूल से लेकर यूपीएससी तक की सफर के दौरान अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि किसी भी क्षेत्र में अनुशासन के बिना सफलता की उम्मीद करना बेमानी है। यह हमें अपने मंजिल तक पहुंचने में मदद करती है। अनुशासित दिनचर्या होना आवश्यक है जिसमें हर क्षण का सही उपयोग करना जरूरी होता है।
प्राथमिक शिक्षा बस्तर में: मानसी की प्रारंभिक शिक्षा शहर के निर्मल स्कूल में शुरू हुई जहां बारहवी के बाद उसने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा में प्रवेश लिया। इसके बाद एमटेक की पढ़ाई के लिए धनबाद पहुंची। मानसी पहले प्रोफेसरों से प्रभावित होकर शिक्षा के क्षेत्र में जाने के लिए असि प्रोफेसर बनने की चाहत रखती थी।
उठो जगो और आगे बढ़ो
UPSC Success Story: मानसी जैन ने बस्तर के प्रतिभाओं को अपने संदेश में विवेकानंद की उस लाइन को किसी भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना है जिसमें स्वामी विवेकानंद ने कहा है कि उठो, जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। इस पंक्तियों को उसने जिया और और महसूस भी किया है यही वजह है कि आज वह भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफलता अर्जित किया है।
देश सेवा का जज्बा
बस्तर से बाहर निकलने के बाद उसने अपना इराद बदला और देश की सबसे बड़े प्रशासनिक सेवा में जाने की ठानी और अपनी तैयारी शुरू की। शुरूआत में उसने कोचिंग क्लास ज्वाइन कर यूपीएससी की तैयारी किया जिसमें उन्हें सफलता नहीं मिला।
माता पिता ने बढ़ाया हौसला
UPSC Success Story: मानसी बताती है उनके पिता मुकेश जैन पेशे से शिक्षक हैं और माता कीर्ति जैन गृहणी है। एक भाई अंश जैन व भाभी शेजल जैन है। उनकी असफलता के दौरान पूरा परिवार उनके साथ रही और लगातार उनका हौसला अफजाई करते रहे। जिसके चलते उसने भी अपने सपनों को साकार करने में पूरी जिद और जुनून के साथ कोशिश करती रही।
अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर, बड़े पैमाने पर भर्ती के लिए दी जा रही ट्रेनिंग
जगदलपुर । बस्तर जिला में भारतीय वायु सेवा के लिए अग्निवीर भर्ती के लिए बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बस्तर के युवाओं को अग्नि वीर के लिए तैयार करने के लिए पर्याप्त अवसर मिले इसका प्रयास एवं मार्गदर्शन जिला कलेक्टर बस्तर हरीश एस मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला बस्तर प्रतीक जैन एवं जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर बलिराम बघेल के मार्गदर्शन में दिया जा रहा है।
विकासखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन तोकापाल के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तोकापाल में आयोजित था इस कार्यशाला में विकासखंड दरभा एवं बास्तानार के प्रतिभागी भी समिलित थे।
Agniveer Bharti: वर्तमान में अभी चल रही चयन प्रक्रिया
प्रमुख प्रशिक्षक के रूप में भोपाल से आए भारतीय सेवा के सुशांत सिंह एवं आनंद कुमार ने गहन प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को इस अग्निवीर भर्ती के लिए पात्रता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वेतन भत्ते, करियर ग्रोथ आदि के बारे में सरल तरीके से विस्तार से बताया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस के लिए 17 से 21 वर्ष की आयु सीमा रखी गई है। वर्तमान में अभी चयन प्रक्रिया चल रही है इस आयु सीमा के कोई भी व्यक्ति इसका लाभ ले सकते हैं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला रोजगार अधिकारी श्वेता वर्मा, दरभा विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश पात्र,बी आर सी अजय शर्मा ,समलू राम कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मनीष अहीर, जय नारायण पाणिग्राही , कार्यक्रम के सहयोगी अर्पणा सिंह, सोनाक्षी मजूमदार, स्नेहा श्रीवास्तव, प्रीति साइमन ,नीता शुक्ला, काजल यादव, श्रीदेवी सिंह ,नम्रता नाग के साथ प्रमुख रूप से सीएसी कमलेश कश्यप, प्राचार्य के धनलक्ष्मी राव, मोहन जोशी ,जयप्रकाश पाठक ,तरुण ठाकुर एवं अन्य प्राचार्य तथा शिक्षक गण उपस्थित थे।
छात्रों ने प्रशिक्षण का उठाया लाभ
Agniveer Bharti: इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने उपस्थित विद्यार्थियों के उत्साह को देखकर भरोसा व्यक्त किया कि बहुत जल्दी हम बस्तर के विद्यार्थियों को भी वायु सेना के इस अग्निवीर के रूप में वर्दी में देखना चाहेंगे। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी तोकापाल पूनम सलाम एवं संस्था के प्राचार्य विधु शेखर झा के प्रयासों की सराहना की।
बस्तर में माओवादियों से लोहा ले रहे कमांडो ने यूपीएससी की परीक्षा में पाई सफलता
जगदलपुर। माओवादियों ने स्कूल तोड़े तो सुरक्षा कैंप को ही पाठशाला बनाकर बच्चों को अक्षर ज्ञान देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडो राजू वाघ ने लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा 871वीं रैंक के साथ उत्तीर्ण कर ली है।बस्तर के चांदामेटा गांव में अपनी पहली पदस्थापना के दौरान राजू ने जब यह देखा कि क्षेत्र के स्कूलों को माओवादियों ने ढहा दिया है और गांव में कोई स्कूल नहीं है। इसके बाद उन्होंने कैंप में ही बच्चों को पढ़ाना शुरू किया, जिससे प्रेरित होकर बस्तर के कई सुरक्षा कैंपों में सुरक्षा बल ने बच्चों को शिक्षा देने की पहल शुरू की और इससे बस्तर के ग्रामीणों का भरोसा जीतने में सुरक्षा बल को सफलता मिली।तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर पिछले चार दिन से चल रहे हिड़मा समेत शीर्ष माओवादियों के विरुद्ध अब तक के सबसे बड़ा अभियान का हिस्सा कमांडो राजू भी हैं।
उन्होंने बताया कि वे सोमवार अभियान के लिए निकल ही रहे थे, तभी उन्हें जानकारी मिली कि उनका चयन यूपीएससी में हुआ है।अभी उनकी टुकड़ी मुठभेड़ स्थल से लगभग सात किमी की दूरी पर है। अपनी टीम के साथ चार दिन से जंगल में ही रुके हुए हैं। इस समय दोपहर का तापमान लगभग 42 डिग्री है और गर्म हवाएं भी चुनौतियां बढ़ा रही हैं। वे कहते हैं, इस समय कर्तव्य प्रथम है। अभियान से लौटने के बाद मित्रों और परिवार के साथ परीक्षा में चयन होने की खुशी मनाएंगे।
माओवादियों के कॉरिडोर को बंद कर खोला स्कूल
2020 में सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयन हुआ। 2021 में पहली पदस्थापना 80वीं बटालियन में होते ही बस्तर जिले के चांदामेटा में सीआरपीएफ की अग्रिम सुरक्षा चौकी (एफओबी) स्थापित करने की जिम्मेदारी मिली।तुलसीडोंगरी की तलहटी में चांदामेटा गांव तब माओवादियों का सुरक्षित ठिकाना हुआ करता था। जहां ग्रामीणों का भरोसा जीतना बड़ी चुनौती थी। गांव में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीणों को दवा, राशन, जरूरत का सामान उपलब्ध कराना शुरू किया और कैंप में ही पाठशाला खोलकर बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। इससे ग्रामीणों के भरोसे के साथ दिल भी जीता।
आईएएस से प्रेरणा, पत्नी के साथ ने दिलाई सफलता
राजू कहते हैं कि चांदामेटा में कैंप स्थापना के दौरान तत्कालीन कलेक्टर चंदन कुमार से मिले तो आईएएस बनकर देश सेवा में योगदान देने की प्रेरणा मिली। डेढ़ वर्ष पहले स्कूल की कनिष्ठ पूर्णिमा से उनका विवाह हुआ। जो वर्धा में मुख्य नगरपालिका अधिकारी हैं। विवाह पश्चात वापस कर्तव्य पथ पर लौटे, पत्नी से अपने मन की बात कही। इस पर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया। साथ देने खुद भी पढ़ाई शुरू की। परीक्षा में पूर्णिमा को सफलता नहीं मिली, पर राजू पहले ही प्रयास में सफल रहे। यद्यपि वे कहते हैं कि आईएएस बनने के लिए यह पर्याप्त रैंकिंग नहीं है, पर आगे भी प्रयास करते रहेंगे।
आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए गड्ढे में गिरने से मृत्यु होने के एक प्रकरण में चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। तहसील कांकेर के ग्राम माटवाडालाल निवासी 04 वर्षीय हर्ष नाग की गढ्ढ़े में गिरने से मृत्यु हो जाने पर उनके निकटतम आश्रित किशन और सारिका को चार लाख रुपये की सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।
माओवादियों द्वारा वाहन जलाये जाने पर क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत
उत्तर बस्तर कांकेर । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा नक्सली पीड़ित व्यक्तियों की सुरक्षा एवं पुनर्वास हेतु स्वीकृत कार्ययोजना के तहत् अज्ञात माओवादियों द्वारा वाहन जलाये जाने के प्रकरण में वाहन मालिकों को क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा नक्सली हिंसा में मारे गए मृतक के आश्रित को भी राहत सहायता राशि स्वीकृति की गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार परतापुर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम गोटांज से गट्टाकाल तक सीसी रोड निर्माण कार्य में लगे ग्राम कुरूद भिलाई जिला दुर्ग निवासी देवदास साहू के वाहन मिक्स्चर मशीन को अज्ञात माओवादियों द्वारा जला दिया गया, जिसके कारण वाहन मालिक को क्षतिपूर्ति के तौर पर 6 लाख रूपए की राशि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार छोटेबेठिया थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम राजमुण्डा से ग्राम सितरम तक डब्ल्यूएम रोड निर्माण कार्य में लगे वाहन शिफ्टर ट्रक को अज्ञात नक्सलियों द्वारा जलाये जाने पर बसंतपुर थाना राजनांदगांव निवासी वाहन मालिक लालसिंह यादव को भी 6 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री क्षीरसागर द्वारा नक्सली हिंसा में मारे गए मृतक मानू धु्रवा के आश्रित ग्राम आलदण्ड तहसील बांदे निवासी श्रीमती समिला धु्रवा को 5 लाख रूपए की राहत राशि स्वीकृत की गई है।
नेशनल लोक अदालत की तैयारी के संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश ने ली बैठक
उत्तर बस्तर कांकेर। छत्तीसगढ़ राज्य में 05 मई 2025 को द्वितीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा। उक्त नेशनल लोक अदालत में अधिक-से-अधिक प्रकरणों के निराकरण एवं तैयारी के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर के अध्यक्ष और प्रधान जिला न्यायाधीश आनंद कुमार धु्रव द्वारा जिला न्यायालय कांकेर के सभाकक्ष में अधिवक्ता संघ की बैठक ली गई। बैठक में न्यायालय में लंबित प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में राजीनामा के माध्यम से लोक अदालत में निराकृत किए जाने पर विशेष चर्चा की गई। अधिवक्ताओं को सुझाव दिया गया कि वे अपने पक्षकारों को प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकृत कराएं और उसे राजीनामा हेतु चर्चा करने के लिए न्यायालय समक्ष लेकर आए। बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विभा पांडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन, अध्यक्ष नरेंद्र दवे, अधिवक्ता संघ कांकेर एवं समस्त अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
विश्व मलेरिया दिवस पर संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर । जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. डी.के. रामटेके के मार्गदर्शन में विश्व मलेरिया दिवस पर जिला स्तर पर शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी मीडियम कांकेर में मलेरिया की संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभगियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के उपायों के बारे में विद्यार्थियों को बताया गया।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया सलाहकार ने बताया कि मलेरिया एक संक्रामक रोग है जो मलेरिया संक्रमित व्यक्ति को मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से मलेरिया का संक्रमण होता है। इसके लिए मलेरिया संक्रमित व्यक्ति को आर.डी. कीट से तुरन्त जांच करवाकर एसीटी के समूल उपचार देकर संक्रमण को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि आर.डी. कीट द्वारा मलेरिया की जांच एवं उपचार हर मजरे, पारे, टोले मे मितानिन के पास उपस्वास्थ्य केन्द्र एवं सभी सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध है। साथ ही मलेरिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है।
मलेरिया के लक्षणः- ठण्ड लगकर तेज बुखार आना, सिरदर्द, बदन में दर्द एवं जोड़ों में दर्द, भूख न लगना एवं उल्टी होना, पसीने के साथ बुखार का उतर जाना, प्रतिदिन, एक या दो दिन के अंतराल में बार-बार बुखार आना मलेरिया के लक्षण है।
जटिल मलेरिया के लक्षणः- बड़बड़ाना, झटके आना, पीलिया, खून की कमी, बेहोशी या मूर्छा की स्थिति, सांस लेने मे तकलीफ फेफड़ों मे सूजन के कारण, पेशाब मे खून आना, गुर्दों का ठीक से काम नहीं करना।
मलेरिया से बचने के उपायः-
अपने आस-पास मच्छर पैदा होने वाले जमा पानी की निकासी करें, यदि ज्यादा पानी एकत्र हो वहां मच्छर लार्वाभक्षी गम्बुजिया मछली पालें। घर के सभी कमरों में मच्छररोधी दवा का छिड़काव करवायें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। बुखार होने पर नजदीकी मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता से सम्पर्क कर आर.डी. कीट से तुरन्त खून की जांच करवायें एवं एसीटी का समूल उपचार लेवें।
नवीन नक्सल पुनर्वास नीति के तहत भानुप्रतापपुर में लगाया गया शिविर
अनेक आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
उत्तर बस्तर कांकेर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार नवीन नक्सल पुनर्वास नीति-2025 के तहत जिले में निवासरत माओवादी पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आज विकासखण्ड मुख्यालय भानुप्रतापपुर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नक्सल प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों से आवेदन प्राप्त कर मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का निराकरण नियमानुसार किए जाने हेतु संबंधित विभाग के उच्च कार्यालय को अग्रेषित किया गया।
भानुप्रतापपुर के पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष शिविर में उक्त पुनर्वास नीति के तहत आवेदन करने काफी संख्या में भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के नक्सल प्रभावित एवं पीड़ित ग्रामीणजन पहुंचे तथा निर्धारित प्रपत्र में जानकारी भरकर संबंधित स्टॉल में जमा किया। अनुविभागीय अधिकारी भानुप्रतापपुर जी.डी. वाहिले ने बताया कि मौके पर ग्रामीणों का आधार संबंधी निराकरण किया गया, जिसमें 26 का आधार अपडेट किया गया तथा 03 का नवीन आधार कार्ड बनाया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 08 ग्रामीणों का पंजीयन किया गया एवं 12 का श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन किया गया। इसके अलावा 01 ग्रामीण का राशन कार्ड और 02 का पंजीयन प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि के लिए किया गया। साथ ही 01 ग्रामीण का मौके पर बैंक खाता खोला गया।
उक्त शिविर में खाद्य विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, आदिवासी विकास, स्कूल शिक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता, स्वास्थ्य, पुलिस, कृषि, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास, वन, अग्रणी बैंक तथा तकनीकी शिक्षा (आईटीआई) विभाग के द्वारा स्टॉल लगाकर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल के तहसीलदार, जनपद पंचायत के सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित काफी संख्या में माओवाद पीड़ित एवं प्रभावित ग्रामीणजन मौजूद थे।
सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 3 को
जगदलपुर । जिला पंचायत बस्तर के सामान्य सभा की बैठक 3 मई 2025 को मध्यान्ह 12 बजे से जिला पंचायत बस्तर के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। उक्त बैठक में निर्धारित एजेण्डा की जानकारी के साथ अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
4 करोड़ के जलकर वसूली हेतु चलेगा अभियान, जल कर नहीं देने वालों के नाम होंगे सार्वजनिक
जगदलपुर । वित्तीय वर्ष 2024-25 की जलकर वसूली बहुत ही कम है, वर्ष 2024 -25 के पूर्व के बकाया व वर्तमान वित्तीय वर्ष के 4 करोड़ के जलकर की शत प्रतिशत वसूली करने सोमवार से अभियान चालू किया जाएगा, जल कर नहीं देने वालों के नाम निगम सार्वजनिक करेगी।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा बकायादारों की जलकर की राशि जमा कराकर असुविधा से बचने की अपील की गई है। नगर पालिका निगम जगदलपुर के पीएचई अमले द्वारा अभियान चलाकर जलकर वसूली के लिए शनिवार को पीएचई ऑफिस में जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा की उपस्थिति में पीएचई के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।
इस बैठक में मुख्य रूप से सहायक अभियंता पीएचई एच.एल. नेताम, सब इंजीनियर संजीव कर्ण सहित कर्मचारी गण उपस्थित थे। जिसके तहत 2024 -25 मे जलकर की मांग 7 करोड़ 67 लाख 45 हजार है अभी तक की जलकर वसूली 31 मार्च तक 2 करोड़ 91 लाख 73 हजार हो पाई है जिसका प्रतिशत 38.16 है। नगर पालिका निगम जगदलपुर के 48 वार्ड में जल कनेक्शन लेने वालों की संख्या 22311 है। जिसमें 3051 लोगो से 10 हजार से ऊपर जलकर बकाया है. जिसमें 4 करोड़ 12 लाख 8 हजार की जलकर वसूली बकाया है। सहायक राजस्व निरीक्षक एवं पंप ऑपरेटर मिलकर जलकर की वसूली करेंगे।
जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता ने कहा जगदलपुर के महापौर संजय पांडे के दिशा निर्देश से राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा एवं अधिकारियों के साथ हमारी आज बैठक हुई। जिसमें सोमवार से जलकर वसूली करने का निर्देश दिया है। एक महीने के अंदर अधिकारियों को जलकर वसूलने कहा गया है। टुल्लू पंप जप्ती का भी निर्देश दिया है। जलकर अगर नहीं देते हैं तो चिन्हित करके नल कनेक्शन काटे जाएंगे। बड़े करदाताओं का नाम भी उजागर किया जाएगा, अवैध नल कनेक्शन को भी काटा जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे कार्य प्रारंभ
2011 एवं 2018 की सर्वे सूची में छूटे पात्र परिवारों का किया जाएगा पंजीयन
उत्तर बस्तर कांकेर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के लिए प्रदेश में ‘मोर दुआर-साय सरकार’ महाभियान प्रारंभ किया गया है। 15 दिवसीय यह अभियान आगामी 30 अप्रैल तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को पक्का मकान की सुविधा उपलब्ध कराना है। जिन्हें अब तक किसी भी आवासीय योजना के तहत पक्का आवास नहीं मिल सका है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का विस्तार 2028-29 तक कर दिया गया है। जिन पात्र हितग्राहियों का नाम 2011 के सर्वे एवं 1018 के सर्वे में नाम छूट गया है, ऐसे पात्र हितग्राहियों का सर्वे का कार्य जिले में प्रारंभ किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास प्लस मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पात्र परिवारों का सर्वे किया जाएगा, इसके लिए ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा आवास मित्रों प्रगणक के रूप में नियुक्त किया गया है। सर्वे से अगर कोई पात्र परिवार छूट जाता है तो अपने ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा आवास मित्र से सम्पर्क करके अपना सर्वे कार्य पूरा करवा सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस 2.0 के तहत सर्वे हेतु पात्र हितग्राही के पास मोटरयुक्त तिपहिया एवं चौपहिया वाहन नहीं होना चाहिए। मशीनीकृत तिपहिया, चौपहिया कृषि उपकरण न हो, हितग्राही के पास 50 हजार अथवा इससे अधिक ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्ड न हो। इसके अलावा वे परिवार जिनका कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी न हो तथा सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार न हो। ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य 15 हजार रूपए से अधिक प्रतिमाह न कमा रहा हो, आयकर एवं व्यवसाय कर देने वाले परिवार न हो। जिनके पास 2.5 एकड़ या इससे अधिक सिंचित भूमि न हो तथा 05 एकड़ या इससे अधिक असिंचित भूमि न हो। ऐसे हितग्राहियों को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा।