छत्तीसगढ़ / रायपुर

सुशासन तिहार- 2026 : बस्तर के मुरकुची एवं ढोढ़रेपाल में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन

 नगर निगम जगदलपुर के रोटरी क्लब में भी सुशासन तिहार का आयोजन

रायपुर, 08 मई 2026

नगर निगम जगदलपुर के रोटरी क्लब में भी सुशासन तिहार का आयोजन

नगर निगम जगदलपुर के रोटरी क्लब में भी सुशासन तिहार का आयोजन

सुशासन तिहार के तहत बस्तर जिले में शुक्रवार को दरभा विकासखंड के ग्राम ढोढ़रेपाल एवं बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत मुरकुची में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया गया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ढोढ़रेपाल शिविर में सांसद श्री महेश कश्यप और विधायक चित्रकोट श्री विनायक गोयल ने कार्यक्रम में शामिल हुए और शासन की जनहितकारी पहल की सराहना की। मुरकुची में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा सहित अन्य जिला एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी शामिल हुए। नगर निगम जगदलपुर के रोटरी क्लब में भी सुशासन तिहार का आयोजन किया गया, जहां बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री किरण सिंह देव, महापौर श्री संजय पांडेय सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण उपस्थित रहे।

          सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सुशासन तिहार एक अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल है। सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ हमारी सरकार सीधे जनता के द्वार पहुंचकर उनकी सेवा करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

         विधायक श्री विनायक गोयल ने कहा कि सरकार जनता के लिए सतत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभाग सीधे जनता के बीच पहुंचकर अपनी योजनाओं, कार्यों की जानकारी देते हैं और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं। सुशासन तिहार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का हर पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। 

          जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि जब तक हम गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को नहीं समझेंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। 

           सुशासन तिहार के तहत दरभा विकासखंड के ग्राम ढोढ़रेपाल में 26 ग्राम पंचायतों के और मुरकुची आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। जहां विधायक श्री गोयल ने लगभग 7 करोड़ 41 लाख रुपए लागत की पाँच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

        शिविर में बस्तर मुन्ने, नियद नेल्लानार तथा सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा जनकल्याणकारी शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। 

        सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए, बिहान योजना के तहत लखपति दीदी, महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लाभार्थियों ने मंच पर आकर अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं से आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और जीवन स्तर बेहतर हुआ है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी का प्रदान किया गया, साथ ही 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड में 80 प्रतिशत से अधिक प्राप्तांक अर्जित करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड और सिकलसेल कार्ड का वितरण किया, वहीं टीबी मरीजों को पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट दिया गया। इसके साथ ही मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाने वाले हितग्राहियों को चश्मे भी वितरित किए गए। किसानों को किसान किताब, शिक्षा विभाग के द्वारा स्कूली बच्चों को जाति प्रमाणपत्र, गणवेश और पानी बॉटल का वितरण और समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्राई साइकिल, सामाजिक पेंशन के हितग्राही को वितरण किया गया। उद्यान विभाग द्वारा आम, काजू के पौधे का वितरण किया गया। शिविर में  गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image