सुशासन तिहार शिविर में सोमारु और जयसिंह को मिली आवास की चाबी
रायपुर |
2026-05-10 17:07:30
रायपुर : सुशासन तिहार शिविर में सोमारु और जयसिंह को मिली आवास की चाबी
प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के घर का सपना हुआ पूरा
रायपुर, 10 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से अनेक परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
इसी क्रम में गत दिवस कोंडागांव जिले के विकासखंड केशकाल अंतर्गत ग्राम बदवर में जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर एवं बस्तर मुन्ने अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। कुल पांच हितग्राहियों को उनके नए आवास की सौगात मिली। वर्षों से कच्चे और झोपड़ीनुमा मकानों में जीवन व्यतीत कर रहे परिवारों के लिए यह अवसर खुशी से भरा रहा।
श्री सोमारू नेताम ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं शासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था, जहां बरसात के मौसम में काफी परेशानी होती थी।
छत से पानी टपकने और घर की दीवारें कमजोर होने के कारण परिवार हमेशा चिंता में रहता था। अब पक्का घर मिलने से उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा।
इसी प्रकार हितग्राही श्री जयसिंह नेताम ने बताया कि पहले उनका परिवार झोपड़ीनुमा आश्रय में निवास करता था। बारिश के दिनों में घर के भीतर पानी भर जाता था और परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से अब उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। नया घर मिलने से उनके जीवन में सुरक्षा, आत्मविश्वास और सम्मान की भावना बढ़ी है।