छत्तीसगढ़ / रायपुर

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते 2 माजदा वाहन जप्त

 रायपुर, 09 मई 2026

राजनांदगांव कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने कुमरदा एवं डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी किनारे स्थित ग्राम मोतीपुर, नांदिया और धनगांव में निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान ग्रामीणों की उपस्थिति में यह तथ्य सामने आया कि ग्राम मोतीपुर स्थित शिवनाथ नदी से अवैध रूप से रेत खनन कर लगभग 500 मीटर दूर पानी टंकी के पास करीब 18 ट्रिप रेत का अवैध भण्डारण किया गया था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध भण्डारण से रेत का परिवहन कर रहे 2 माजदा वाहनों को जप्त कर थाना डोंगरगांव के सुपुर्द कर दिया।

खनिज अधिकारी ने बताया कि मोतीपुर कुमरदा निवासी लोकेश निर्मलकर के स्वामित्व वाले माजदा वाहन क्रमांक सीजी 04 आरएल 7909, जिसे चालक रेखचंद चला रहा था, तथा शंकर देवांगन के स्वामित्व वाले माजदा वाहन क्रमांक सीजी 09 जेसी 0764, जिसे चालक सोमेश नायक संचालित कर रहा था, द्वारा अवैध रूप से भण्डारित रेत का परिवहन किया जा रहा था। दोनों प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त, निगरानी और सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image