प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली जिंदगी
रायपुर, 1 जून 2026
कभी बरसात का मौसम आते ही गणेश राम कंवर और उनका परिवार चिंता में डूब जाता था। कच्चे मकान की टपकती छत, दीवारों में नमी और हर मौसम में असुरक्षा का एहसास उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। लेकिन अब यह स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले पक्के घर ने न केवल उनके सिर पर सुरक्षित छत दी है, बल्कि परिवार को सम्मान और आत्मविश्वास से भरा नया जीवन भी दिया है।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा निवासी गणेश राम कंवर उन ग्रामीण हितग्राहियों में शामिल हैं, जिनके जीवन में इस योजना ने बड़ा बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास स्वीकृत होने और निर्माण पूरा होने के बाद अब उनका परिवार एक पक्के, सुरक्षित और सुविधाजनक घर में रह रहा है। गणेश राम कंवर कहते हैं कि पक्का मकान मिलने से परिवार के जीवन में स्थिरता आई है। वे बताते हैं कि नया घर केवल ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं है, बल्कि परिवार के सपनों और उम्मीदों का नया आशियाना है। गणेश राम कंवर शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार की यह पहल जरूरतमंद परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है।