मध्य प्रदेश
जबलपुर में फर्जी धान खरीदी में 12 थानों में 74 लोगों पर एफआईआर, इनमें सोसायटी के कर्मचारी भी
जबलपुर। जबलपुर जिले में धान की खरीदी, परिवहन और मिलिंग में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर इस फर्जीवाड़े में शामिल 74 लोगों के खिलाफ जिले के 12 थानों में एफआईआर दर्ज की गई है।
इस पूरे खेल में 13 कर्मचारी, 17 राइस मिलर, 25 सोसाइटी के 44 कर्मचारियों समेत 74 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपितों की खोजबीन शुरू कर दी है। कई जगह छापेमारी भी की गई।
मोबाइल बंद कर फरार हो गए
इधर, सुबह से ही जिला प्रशासन की कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा रहा। इसकी भनक लगते ही मिलर्स, सोसाइटी प्रबंधक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और कर्मचारी अपने मोबाइल बंद कर फरार हो गए। इस फर्जीवाड़े की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन से जुड़े कर्मचारियों ने मिलर, सोसाइटियों के साथ मिलकर कागजों पर धान चढ़ाई, परिवहन किया और फर्जी रिलीज ऑर्डर काटे। करीब 30 करोड़ 14 लाख की धान कागजों पर खरीद ली गई। इसमें से करीब 14 करोड़ की धान जबलपुर के बाजार में ही बेंची गई और शेष 16 करोड़ की धान को आनलाइन पोर्टल पर चढ़ाया।
स्थानीय दलालों को बेची धान
ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, मंडला, मनेरी आदि स्थानों के मिलर्स द्वारा सोसाइटी से धान उठाने के बजाए स्थानीय दलालों को बेची गई। इन्होंने कागजों पर ट्रक से धान का फर्जी परिवहन दिखाया, जबकि न तो इन ट्रक का टोल कटा और न ही टोल कैमरे में दिखे।
जांच समिति ने यह गड़बड़ी पकड़ने के लिए धान का परिवहन करने वाले ट्रक का एनएचएआइ के टोल नाके से मूवमेंट की जांच की। परिवहन विभाग की सहायता से ट्रक की श्रेणी प्रकार और लोडिंग क्षमता की जांच में गड़बड़ी सामने आई और ट्रक यहां से गुजरे नहीं।
छतरपुर में शार्ट एनकाउंटर, लड़की की हत्या सहित 21 केस में आरोपित लक्खू राजपूत पकड़ा गया
छतरपुर। कुख्यात आरोपित का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब पुलिस आरोपित लक्खू राजपूत को पकड़ने गई तो उसने तीन राउंड पुलिस पर फायर कर दिए। घटना हनुखेड़ा के जंगल की है। जहां पुलिस ने जबावी करवाई में पांच राउंड फायर किए।
आरोपित के पैर में गोली लगी है। पुलिस की गोली लगते ही वह जमीन पर ही गया। आरोपित को इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां उसे भर्ती हत्या गया है। उक्त आरोपित पर हत्या के प्रयास सहित 21 मामले दर्ज हैं।
आरोपित 15 दिन पहले जेल से जमानत पर आया था। आरोपित ने दो दिन पहले लड़की की गोली मारकर हत्या थी। जिसने गौरिहार थाना इलाके की घटना को अंजाम दिया था।
इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए नईदुनिया के साथ।
इंदौर में रंगपंचमी पर गेर देखने राजवाड़ा पहुंचे 100 लोगों के गले से सोने की चेन गायब
इंदौर। राजवाड़ा चौक पर रंगपंचमी पर बुधवार को चोर सौ से ज्यादा महिला-पुरुषों की चेन लेकर फरार हो गए। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। जेब काटने की तो पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। एमजी रोड पुलिस के मुताबिक बंसू दिलीप व्यास निवासी गणेशधाम कालोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। वे दोपहर को गेर देखने आई थीं।
दिलीप के साथ कृष्णपुरा छत्री के पास खड़ी थी। गले में दो चेन थीं। घर जाने पर पता चला चेन गायब है। थाने पहुंची तो पता चला पूरा थाना शिकायतियों से भरा था। बंसू के साथ नीतेश देवकरण गुप्ता निवासी जूना रिसाला, नयनीश विजय अग्रवाल निवासी मियाग्रा एवेन्यु विद्यानगर, पवन सत्यनारायण सोलंकी निवासी अनुराधा नगर की भी चेन चोरी हुई है।
घर पहुंचे तब पता चला चेन चली गई
टीआई विजय सिसोदिया के मुताबिक इसी तरह संकेत अनिल कुमार जैन निवासी बर्फानीधाम कॉलोनी, आरती राय निवासी सुखलिया की शिकायत पर भी केस दर्ज किया है। होली के कारण पीड़ितों को शुरू में घटना का पता ही नहीं चला। घर जाने पर चेन-पैंडल गायब देख कर थाने पहुंचे हैं।
घेरा बनाकर की वारदात
नयनीश के मुताबिक चोरी शातिर बदमाशों की गैंग ने की है। टारगेट करने के बाद टोली ने चारों तरफ से घेरा और धक्का-मुक्की कर कटर से चेन काट ली। रात तक थाने में शिकायतकर्ताओं का तांता लगा रहा। पुलिस ने एक एफआइआर में कई आवेदक जोड़े हैं।
डिंडौरी भाजपा जिला अध्यक्ष के खिलाफ FIR, सीएम के काफिले में घुसने से रोका तो कांस्टेबल को दी धमकी
डिंडौरी। मुख्यमंत्री के काफिले में जबरन घुस रहे भाजपा जिला अध्यक्ष के वाहन को रोकने पर आरक्षक के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की तक करने का मामला सामने आया है। वाहन रोकने पर आग बबूला हुए भाजपा जिला अध्यक्ष को द्वारा आरक्षक को वर्दी तक उतरवा लेने की धमकी दी गई।
जिला अध्यक्ष इतने पर भी नहीं रुके उन्होंने वाहन रोकने वाले आरक्षक के साथ गाली गलौज कर धक्का-मुक्की भी कर दी। इस मामले में पीड़ित आरक्षक हेमंत कुमार मरावी द्वारा शाहपुर थाने में गुरुवार शाम ही लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष के विरुद्ध शिकायत थाने तक पहुंचने के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया। देर रात तक भोपाल स्तर तक जानकारी भेजी गई। बड़े स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद शाहपुर थाने में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम के विरुद्ध लोक सेवक को शासकीय कार्य में बाधा डालने, उस पर हमला कर चोट पहुंचाने, गाली गलौज सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद जब नईदुनिया ने भाजपा जिला अध्यक्ष से जानकारी ली तो उन्होंने कोई भी विवाद से अभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें मामला दर्ज होने की भी कोई जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि वीरांगना रानी अवंती बाई के बलिदान दिवस पर उनके बलिदान स्थल बालपुर में 20 मार्च को बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हुआ था।
पलकी रोड घाट पर ड्यूटी पर तैनात था जवान
इस कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार के दो मंत्री और बालपुर आए थे। दर्ज एफआईआर में पड़ोसी जिला मंडला के मोहगांव थाने पदस्थ आरक्षक हेमंत कुमार मरावी ने बताया कि वह हेलीपैड स्थल के पास पलकी रोड घाट के ऊपर ड्यूटी कर रहा था।
इंदौर में युवती की आंख में लगी गोली, अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए दोस्त
इंदौर। इंदौर शहर के महालक्ष्मी नगर में एक युवती को आंख में गोली लगने की घटना सामने आई है। शुक्रवार तड़के दोस्त उसे गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट कराकर फरार हो गए। युवती का नाम भावना सिंह पुत्री संतोष सिंह बताया गया है, उसकी उम्र 28 वर्ष है और वह मूलत: ग्वालियर में मुरार की रहने वाली है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवती का इलाज चल रहा है। लसूडिया पुलिस ने उस कार को ट्रेस कर लिया है, जिससे भावना के दोस्त भागे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पार्टी के दौरान गोली चली है, जो युवती की आंख में लग गई।
अस्पताल में जो लड़के घायल युवती को लेकर आए थे, वो यहां एक चाबी भूल गए, जिसमें महालक्ष्मी नगर के मकान का पता लिखा था। पुलिस वहां पहुंची तो अंदर शराब की बोतल और खून मिला। इसके बाद पुलिस को यह साफ हो गया कि यहीं पर युवती को गोली मारी गई है।
पुलिस ने आस-पास पूछताछ की तो पता चला कि अलग-अलग शहरों के लड़के यहां पर रहते थे। देर रात तक गाने बजने की आवाज मकान से आ रही थी। युवती के बारे में आस-पास से कोई जानकारी नहीं मिली है। उधर पुलिस को युवती का मोबाइल मिल गया है, इससे वो उसके परिवार से संपर्क कर रही है।
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान जबलपुर-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस दो ट्रिप निरस्त
जबलपुर 18 मार्च. रेलवे प्रशासन द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में प्री-एनआई व एनआई कमीशनिंग के तहत चौथी रेललाइन कनेक्टिविटी का कार्य किया जायेगा. इस कार्य के दौरान कुछ यात्री रेलगाडिय़ों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इस दौरान पश्चिम मध्य रेल से प्रारम्भ/टर्मिनेट होने वाली जबलपुर-संतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस प्रभावित रहेंगी.
1- दिनांक 16 एवं 23 अप्रैल 2025 को संतरागाछी से चलने वाली गाड़ी संख्या 20828 संतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन दो ट्रिप के लिए निरस्त रहेगी.
2- दिनांक 17 एवं 24 अप्रैल 2025 को जबलपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 20827 जबलपुर-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन दो ट्रिप के लिए निरस्त रहेगी.
रंगपंचमी से जबलपुर सहित 7 शहरों में 3 दिन होगी बारिश, चलेगी आंधी, भोपाल, इंदौर, उज्जैन में छाए रहेगे बादल
जबलपुर. एमपी का आधा हिस्सा रंगपंचमी में भीगेगा, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम, रीवा, सागर, शहडोल संभाग में तेज आंधी के साथ तीन दिन तक बारिश का अलर्ट है. वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभाग में बादल छाए रहेगें. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विशेषज्ञों की माने तो नए सिस्टम के एक्टिव होने से ऐसा मौसम रहेगा, क्योंकि दो साइक्लोनिक सिस्टम के कारण करीब पांच दिन से प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो रही है. लेकिन 19 मार्च से तीन दिन तक मौसम पूरी तरह बदल जाएगा. वहीं पिछले 24 घंटे में पन्ना, टीकमगढ, सतना, मैहर, सिंगरौली, दमोह, सागर, विदिशा, जबलपुर व छतरपुर जिलों में हल्की बारिश हुई.
वहीं सिंगरौली में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा, सागर में 37किमी प्रतिघंटा, पन्ना में 36किमी प्रतिघंटा व चित्रकूट, सतना में 35किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली. रंगपंचमी 19 मार्च को जबलपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी व सिंगरौली में गरज-चमक, आंधी व हल्की बारिश होने का अनुमान है.
20 मार्च को जबलपुर, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, कटनी, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी व सिंगरौली में तेज आंधी, गरज-चमक व बारिश होने की संभावना है. 21 को ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, छतरपुर, दमोह, सिवनी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी में बारिश और आंधी होने का अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के एक्टिव होने के कारण दिनों मौसम बदला हुआ है. वहीं एक ट्रफ भी गुजर रहा है. 19 मार्च से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा. जिसके असर से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा.
अप्रैल-मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे
मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पडऩे का अनुमान जताया है. इन दो महीने के अंदर ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल व सागर संभाग के जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन व नर्मदापुरम संभाग भी गर्म रहेंगे.
जबलपुर में मां-बेटे ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, अलग-अलग कमरे में लटके मिले
जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिद्धबाबा घमापुर क्षेत्र में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया. जब एक घर में मां-बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव अलग अलग कमरे में लटकते मिले. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिद्धबाबा घमापुर क्षेत्र में माया रैकवार उम्र 60 वर्ष अपने छोटे बेटे अजय उम्र 36 वर्ष के साथ रहती है. बड़ा बेटा विनोद परिवार के साथ अधारताल में किराए का मकान लेकर निवासरत है. अजय मजदूरी करता है, माया रैकवार घर में ही रहती है. आज बड़े भाई विनोद ने अजय को फोन किया. लेकिन छोटे भाई अजय ने फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद कई बार कॉल किया लेकिन अजय ने फोन नहीं उठाया तो वह भी काम पर चला गया.
दोपहर एक बजे के लगभग आसपास के लोगों ने विनोद को खबर दी कि आज सुबह से घर के दरवाजे बंद है कोई बाहर नहीं आया है. मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो स्तब्ध रह गई. माया रैकवार व उनके बेटे अजय के शव अलग अलग कमरों में फांसी के फंदे पर लटक रहे है. मां-बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते मोहल्ले के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाते हुए जांच की लेकिन कमरे में कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला.
एमपी में अब जमीन के बदले जमीन मिलेगी, मुआवजा नहीं, विधनसभा में विधेयक पेश
भोपाल. एमपी में सरकारी प्रोजेक्ट लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण के बदले अब मुआवजा नहीं बल्कि जमीन ही दी जाएगी. क्योंकि जमीनों के अधिग्रहण में ही कई प्रोजेक्ट लम्बे समय तक लटके रहते थे. वहीं जमीन मालिक को भी यह शिकायत रहती थी कि सरकार ने सही मुआवजा नहीं दिया है. उनकी जमीन ज्यादा कीमती व उपजाऊ थी, उन्हे कम मुआवजा दिया गया है. इसके लिए सरकार ने विधानसभा में जमीन के अधिग्रहण करने वाले कानून में बदलाव का विधेयक पेश किया है. विधेयक पारित होने पर सरकार जमीन के बदले उसके मालिक को 50 फीसदी जमीन विकसित करके देगी. वो भी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के पास.
सरकार की ओर नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम (टीएंडसीपी) कानून में संशोधन बिल विधानसभा में पेश किया गया. सरकार ने नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 में नई धारा 66 (क) जोड़ी है. इसमें प्रावधान किया गया है कि किसी भी परियोजना की जमीन को लैंड पूलिंग स्कीम में शामिल किया जा सकता है. शहरी सीमा के अंदर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित होने वाले विशेष क्षेत्रों के विकास के लिए अब विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) जैसी एजेंसी के गठन की जरूरत नहीं होगी. ये काम हाउसिंग बोर्ड, विकास प्राधिकरण, पुलिस हाउसिंग व पीडब्ल्यूडी करेगा. इसके साथ ही प्राधिकरण जैसे बीडीए, आईडीए, शहर के योजना क्षेत्र यानी प्लानिंग एरिया के बाहर भी रोड, पुल, पुलिया सहित अन्य विकास कार्य समेत कॉलोनियां काट सकेंगे. इसका बड़ा फायदा ये भी होगा कि अभी नॉन-प्लानिंग एरिया में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) जैसी संस्थाएं ही सार्वजनिक इंफ्रास्ट्रक्चर या हाउसिंग प्रोजेक्ट ला सकती हैं.
अब इस एकाधिकार को खत्म कर सभी सरकारी विभागों के लिए निवेश के द्वार खोल दिए गए हैं. हालांकिए ऐसे प्रोजेक्ट 500 करोड़ रुपए से कम लागत के नहीं होंगे. नए प्रावधान के अनुसार ऐसे विशेष क्षेत्र जिन्हें 40 हेक्टेयर या इससे अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाना है. वहां सरकारी एजेंसियां 500 करोड़ या अधिक की विकास परियोजनाओं पर काम कर सकेंगी. अब नए प्रावधान के तहत संबंधित प्राधिकरण को एक प्लानिंग तैयार करनी होगीए जिसे राज्य शासन के पास लाकर अनुमति लेनी होगी. गौरतलब है कि भोपाल-इंदौर सहित कई बड़े शहरों में मास्टर प्लान 10 से 15 साल पीछे चल रहे हैं. इसके चलते कई विकास प्राधिकरण बड़े प्रोजेक्ट पर काम नहीं कर पा रहे हैं.
गुजरात के फार्मूले पर जमीन लेगी एजेंसियां-
एमपी सरकर ने भूमि अधिग्रहण में गुजरात के फार्मूले को अपनाने का फैसला किया है. इसके लिए मध्यप्रदेश शासन के अधिकारी गुजरात गए थे. जहां उन्होने इस स्कीम के बारे में सारी जानकारी प्राप्त की है. इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार ने भूमि अधिग्रहण मामले में गुजरात फार्मूले को लागू करने का फैसला लिया. जिसके तहत पूरे परियोजना क्षेत्र को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण घोषित करके जमीन का अधिग्रहण कर लिया जाएगा. इस तरह का कानून महाराष्ट्र में भी लागू है.
50 प्रतिशत जमीन विकसित कर दी जाएगी-
सरकारी जब भी किसी विकास के लिए निजी जमीन का अधिग्रहण करती है तो इसके बदले में जमीन मालिक को मुआवजा दिया जाता है. लैंड पूलिंग सिस्टम में 50 फीसदी जमीन डेवलप कर उसके मालिक को वापस की जाती है. इसमें मुआवजा देने का प्रावधान नहीं है. जमीन डेवलप होने से उसकी कीमत बढ़ जाती है, साथ ही कई सरकारी औपचारिकताओं से बचा जा सकता है.
बढ़ जाएगी जमीन की कीमत-
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों क कहना है कि यदि किसी प्रोजेक्ट के लिए सरकारी एजेंसी के पास फंड नहीं है तो प्रोजेक्ट के दायरे में आने वाली निजी जमीन खरीदने की दरकार नहीं होगी. इसी तरह निजी जमीन के मालिक को विकसित जमीन मिलेगी तो उसकी कीमत बढ़ जाएगी.
इंदौर में एयरपोर्ट से रीगल तक चलेगी अंडरग्राउंड मेट्रो, दो टनल में सात स्टेशन बनेंगे
इंदौर। इंदौर शहर में एयरपोर्ट से रीगल तिराहे तक मेट्रो का 8.9 किमी का भूमिगत हिस्सा हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी-टाटा प्रोजेक्ट लि.(एचसीसी-टीपीएल) का संयुक्त उपक्रम तैयार करेगा। इस हिस्से में कंपनी अप और डाउन लाइन की दो भूमिगत टनल तैयार करेगी और सात भूमिगत स्टेशन तैयार करेगी।
मप्र मेट्रो रेल प्रबंधन द्वारा इस संबंध में एचसीसी-टीपीएल कंपनी को वर्कआर्डर जारी कर दिया गया है। तीन-चार माह में कंपनी मैदानी स्तर पर काम शुरू करेगी। कंपनी को चार साल में प्रोजेक्ट पूर्ण करना होगा। कंपनी इस प्रोजेक्ट पर 2190.91 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इंदौर के भूमिगत मेट्रो प्रोजेक्ट में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) 1600 करोड़ रुपये का लोन दे रहा है। ऐसे में एडीबी एचसीसी-टीपीएल का वित्तीय मूल्यांकन कर एनओसी जारी करने के बाद ही मेट्रो प्रबंधन ने कंपनी को वर्कआर्डर जारी किया। मेट्रो के भूमिगत प्रोजेक्ट के लिए 60 फीसद राशि एडीबी के लोन से मिलेगी। वहीं 20-20 फीसद राशि केंद्र व राज्य सरकार दे रही है।
मेट्रो के भूमिगत रूट पर इन स्थानों पर तैयार होंगे स्टेशन
एयरपोर्ट
बीएसएफ
रामचंद्र नगर
बड़ा गणपति
छोटा गणपति
राजवाड़ा
रीगल
कंपनी करेगी जियो टेक्नीकल और यूटिलिटी सर्वे
एचसीसी-टीपीएल कंपनी को भूमिगत मेट्रो निर्माण के लिए वर्कआर्डर जारी होने के बाद कंपनी अगले तीन से चार माह में कंपनी काम शुरू करेगी। सबसे पहले कंपनी जियो टेक्नीकल सर्वे के साथ मिट्टी के परीक्षण का कार्य करेगी।
कंपनी भूमिगत मेट्रो निर्माण के पहले उस रूट पर जमीन के नीचे मौजूद सीवरेज, नर्मदा पाइप लाइन, गैस लाइन सहित अन्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए ‘यूटिलिटी ट्रायल ट्रेंचिंग’ का सर्वे करेगी।
20 मीटर गहराई में उतारेंगे मशीन
कंपनी मेट्रो के भूमिगत प्रोजेक्ट के लिए एयरपोर्ट व बड़ा गणपति के पास वेयर हाउस की जमीन पर करीब 800 वर्गमीटर हिस्से में खोदाई कर भूमिगत मेट्रो की टनल बनाने वाली टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) को जमीन की 20 मीटर गहराई में उतारा जाएगा। इसके बाद भूमिगत मेट्रो के निर्माण का कार्य शुरू होगा।
इंदौर मेट्रो
31.32 किमी कुल लंबाई
22.62 किमी एलिवेटेड हिस्सा
8.6 किमी भूमिगत हिस्सा
28 मेट्रो स्टेशन कुल
21 एलिवेटेड स्टेशन
7 भूमिगत स्टेशन
जबलपुर में मामा-भान्जे पर तीन बदमाशों ने किया प्राणघातक हमला, दोनों की हालत गंभीर
जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित दमोहनाका क्षेत्र में उस वक्त अफरातफरी व भगदड़ मच गई। जब तीन बदमाशों ने मामा-भान्जे को रोककर हत्या की नियत से चाकू से हमला कर दिय। हमले में मामाा-भान्जे को गंभीर चोटें आई। जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ज्योति चौधरी अपने छोटे भाई आकाश को इंजेक्शन लगवाने के लिए आईटीआई गई थी। रात दस बजे के लगभग आकाश बहन को छोडऩे के लिए घर आया। इस दौरान आकाश के भान्जे अमन का मोहल्ले में ही रहने वाले निशांत, दीपक विश्वकर्मा व एक अन्य युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। भान्जे अमन का विवाद होते देख आकाश बीच बचाव करने पहुंच गया। जिसपर आरोपियों ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। मामाा पर हमला होते देख अमन बीच बचाव करने आया तो उसपर भी चाकू से हमला किया। हमले में आकाश व उनके भान्जे को गंभीर चोटें आई, हमला होते देख राह चलते लोगों सहित आसपास के लोगें में अफरातफरी मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने पुलिस व परिजनों को खबर देते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दोनों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया। मेडिकल अस्पताल में भी दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
ASI के परिजनों से मिले DGP एक करोड़ रुपए की सहायता राशि दी, एक सदस्य को नौकरी का आश्वासन, मऊगंज हिंसा में हुए शहीद
सतना। एमपी के मऊगंज जिले के ग्राम गडरा में हुई हिंसा में शहीद हुए एएसआई रामचरण गौतम के परिजनों ने आज डीजीपी कैलाश मकवाना ने मुलाकात की। डीजीपी ने शहीद रामचरण के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
डीजीपी श्री मकवाना ने शहीद के बेटों से उनकी शिक्षा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शहीद के बड़े भाई रामजी से परिवार में नौकरी के लिए एक सदस्य के चयन के बारे में चर्चा की। शहीद की पत्नी पुष्पा गौतम को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने कर्तव्य निर्वहन में शहीद हुए एएसआई रामचरण गौतम के परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। गौरतलब है कि मऊगंज जिले के गडरा गांव में हुई हिंसा के दौरान 25वीं बटालियन भोपाल के एएसआई रामचरण गौतम शहीद हो गए थे। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव पवैया में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। डीजीपी मकवाना घटना के बाद से लगातार स्थिति पर नजऱ बनाए हुए हैं। वे घटनास्थल का भी निरीक्षण कर चुके हैं।
IPS मनीष शंकर शर्मा का निधन, स्पेशल DG रेल के पद पदस्थ रहे, जबलपुर में ASP रह चुके थे
जबलपुर/भोपाल। एमपी में स्पेशल डीजी रेल व पूर्व मुख्य सचिव केएस शर्मा के बेटे मनीष शंकर शर्मा का आकस्मिक निधन हो गया। उनका उपचार दिल्ली में चल रहा था। जहां पर इलाज उन्होने अंतिम सांस ली। मनीष शंकर शर्मा की पार्थिव देह आज सुबह भोपाल पहुंची है। ई-5 स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। भारतीय पुलिस सेवा में 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी मनीष शंकर शर्मा ने मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 1997-1998 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत बोस्निया व हर्जेगोविना में सेवाएं दीं। यहां उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। इसके अलावाए वे सुरक्षा निदेशक (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) व टी-बोर्ड ऑफ इंडिया के निदेशक भी रहे। उन्हें अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन डिएगो शहर में विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। सैन डिएगो के महापौर केविन एल फॉकनर ने 20 जुलाई को उन्हें सम्मानित करते हुए इस दिन को हर साल मनीष शंकर शर्मा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके अलावा उन्हें यूएस हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स का सर्टिफिकेट ऑफ स्पेशल कांग्रेशनल रिकग्निशन भी प्रदान किया गया था। उनके चाचा डॉ सीताशरण शर्मा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। मूल रूप से नर्मदापुरम के रहने वाले मनीष शंकर शर्मा ने मध्य प्रदेश के रायसेन, सतना, छिंदवाड़ा व खंडवा जिलों में एसपी के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा वे जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर भी करीब एक साल पदस्थ रहे।
RAIL न्यूज : जबलपुर से गुजरने वाली चैन्नई-गया एक्सप्रेस का चांदा फोर्ट स्टेशन पर ठहराव
जबलपुर. रेल प्रसाशन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु गाड़ी संख्या 12390 चैन्नई-गया एक्सप्रेस का चांदा फोर्ट स्टेशन पर प्रयोगिक तौर पर दो मिनट का ठहराव प्रदान किया गया है.
गाड़ी संख्या 12390 चैन्नई-गया एक्सप्रेस पुरट्चि तलैवर डॉ. एम. जी. रामचंद्रन (चैन्नई) सेंट्रल से प्रस्थान कर दिनांक 18 मार्च 2025 से चांदा फोर्ट स्टेशन पर आगमन/प्रस्थान समय रात्रि 23:34/23:36 बजे रहेगा. अब चैन्नई-गया एक्सप्रेस ट्रेन नेल्लौर, ओंगोल, विजयवाड़ा, वारंगल, बल्लारशाह, चांदा फोर्ट, नागभीड़ जंक्शन, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम एवं डेहरी ऑन सोन होते हुए गंतव्य को जाएगी.
जबलपुर में महिला कांग्रेस नेता ने परशुराम की तुलना औरंगजेब से की, पोस्ट में लिखा हिंदुत्व की बीमारी ज्यादा खतरनाक
जबलपुर। एमपी के जबलपुर में महिला कांग्रेस नेता रेखा विनोद जैन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। जिसमें उन्होने भगवान परशुराम की औरंगजेब से क ी। इसके बाद उनकी ही पार्टी के नेताओं ने रेखा विनोद जैन को घेरना शुरु कर दिया। यहां तक कि नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने उनके द्वारा की गई पोस्ट पर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया
चर्चाओं में यह बात भी सामने आई है कि पार्टी की फटकार के बाद रेखा विनोद जैन ने तत्काल ही माफी मांगकर मामले को तूल देने से रोक लिया। उन्होने सफाई देते हुए कहा कि फेसबुक पर पोस्ट देखते वक्त यह गल्ती से शेयर हो गया था। उन्होने पोस्ट को भी डिलीट कर दिया है। इस मामले में कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने पार्टी की नेता का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं की है, बल्कि एक लेखक का लेख था। जिसे उन्होंने शेयर किया था। फेसबुक पर कांग्रेस की पूर्व नगर अध्यक्ष रेखा विनोद जैन ने एक पोस्ट साझा की थी जिसमें लिखा था। कथाकार मणिका मोहिनी ने एक महत्वपूर्ण बात याद दिलाई है। औरंगजेब ने अपने भाई का सिर काटकर अपने पिता को भेंट किया था जबकि परशुराम ने अपनी माता का सिर काटकर खुद को भेंट किया था। लेकिन हिंदुत्व की समस्या अधिक खतरनाक है क्योंकि परशुराम को अवतार मानने वाले और उन्हें धर्म का प्रतीक मानने वाले, ब्राह्मणत्व व हिंदुत्व दोनों के भी मुखिया अगुआ हैं। अगर हमारा धर्म सनातन है तो उसने हमें माता-पिता का समान सम्मान सिखाया है। यह किसी विकृति का नतीजा है कि परशुराम जैसा चरित्र आदर्श बन गया। औरंगजेब क्रूर था कोई उसे आदर्श नहीं मानता, मुसलमान भी अपनी संतान का नाम औरंगजेब नहीं रखते। लेकिन हिंदुत्व के ठेकेदार परशुराम के मंदिर तक बनवाते हैं। औरंगजेब सांप्रदायिकता के लिए कलंकित है।
कांग्रेस पार्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस-
प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री रेखा विनोद जैन की इस पोस्ट को पार्टी ने गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया, तुरंत जवाब मांगा। इसके बाद रेखा विनोद जैन ने माफी मांग ली। रेखा जैन का कहना है कि फेसबुक पर कुछ पोस्ट पढ़ते समय यह गलती से शेयर हो गई थी। यह पोस्ट दिल्ली विश्वविद्यालय के अजय तिवारी द्वारा साझा की गई थी। जिसे उन्होंने अनजाने में शेयर कर दिया। अगले दिन जब परिचितों ने उन्हें बताया तब गलती का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पोस्ट हटा दी।
फेसबुक पर सभी से माफी मांगी-
रेखा विनोद जैन ने अपनी गलती स्वीकारते हुए फेसबुक पर सभी से माफी मांगी है। नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जिसका उन्होंने जवाब दे दिया है। इसके बाद पार्टी और नगर अध्यक्ष ने उन्हें माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से सनातन धर्म से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रही हैं और उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। नगर कांग्रेस कमेटी ने रेखा विनोद जैन को माफ कर दिया है। नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा का कहना है कि यह पोस्ट गलती से साझा हो गई थी। जिसके लिए उन्हें नोटिस दिया गया था। उन्होंने माफी मांग ली है इसलिए मामला समाप्त हो गया है।
नगर अध्यक्ष बोले कांग्रेस सभी धर्मो का सम्मान करती है-
सौरभ शर्मा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस में यही अंतर है। भाजपा के मंत्री प्रहलाद पटेल ने सार्वजनिक रूप से मंच से भिखारी वाली टिप्पणी की थी और आठ दिनों तक उस पर कायम भी रहे। बावजूद इसके उनकी पार्टी ने उनसे कोई जवाब नहीं मांगा, न ही उन्होंने आज तक माफी मांगी है।
MP के इस जिले में भीख मांगने और देने पर रोक: नई सुरक्षा संहिता के तहत होगा एक्शन, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले में भिक्षावृत्ति पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया गया है।
नए आदेश के तहत न केवल भीख मांगना, बल्कि भीख देना भी अब अपराध होगा। वहीं भिक्षुकों से किसी भी तरह का सामान खरीदना भी प्रतिबंधित किया गया है। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में किसी भी प्रकार की भिक्षावृत्ति किये जाने या बढ़ावा दिए जाने पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। प्रशासन की चिंता है कि भिक्षावृत्ति में संलग्न कई लोग नशे का सेवन करते हैं। इससे चौराहों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। भिक्षावृत्ति की आड़ में आपराधिक गतिविधियां भी चलाई जाती हैं।
विधानसभा में अमर्यादित भाषण पर स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने दिखाई सख्ती, कटारे और भूपेंद्र सिंह की शब्दावली को लेकर जानें क्या कहा
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही चल रही है। विपक्ष कई मुद्दों को लेकर आज भी सरकार को घेरकर हंगामा कर रही है। वहीं इस बीच सदन में अमर्यादित भाषण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और भूपेंद्र सिंह के भाषण की शब्दावली को अनुचित बताया है।
स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा की उच्च परंपरा रही है। सभी सदस्य उसे परंपरा का पालन करें। स्पीकर ने कहा कि हेमंत कटारे और उपेंद्र सिंह के भाषण को पढ़कर अनुचित और अमर्यादित शब्दावली को हटा दिया गया। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और भूपेंद्र सिंह ने अपने भाषणों में एक दूसरे पर तीखी टिप्पणियां की थी।