छत्तीसगढ़ / गरियाबंद
समय पर उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव नहीं, अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
गरियाबंद । कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने जिले के धान खरीदी केन्द्रों में धान की शेष मात्रा का उठाव नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मो. असलम खान सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं (सहायक आयुक्त सहकारिता) एवं शिवेश मिश्रा, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर जिला गरियाबंद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में 17 मार्च 2025 तक गरियाबंद जिले में कुल उपार्जित 535349.96 मे. टन धान में से उपार्जन केन्द्रों में 35213.35 मे.टन धान उठाव हेतु शेष है
जोकि कुल उपार्जित धान का केवल 6.58 प्रतिशत है। जिले के कुल 90 उपार्जन केन्द्रों में से केवल 01 उपार्जन केन्द्र में शत प्रतिशत धान का उठाव किया गया हैं। 32 उपार्जन केन्द्रों में 95 प्रतिशत से कम तथा 57 उपार्जन केन्द्र 95 प्रतिशत से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है। उक्त शेष मात्रा के धान उठाव की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उक्त अधिकारियों को जीरो शार्टेज करते हुए शत-प्रतिशत उठाव पूर्ण कराने में लापरवाही बरतने के आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उक्त शेष धान को 25 मार्च 2025 तक पूर्णतः उठाव करने हेतु निर्देशित किया है।
15 व 16 को ग्राम हैदलकोड़ो में फाग प्रतियोगिता का होगा भव्य आयोजन
गरियाबंद । विकासखंड छुरिया के ग्राम हैदलकोड़ो (गैंदाटोला) में होली त्यौहार के पावन अवसर पर बस्तरिया सेवक परिवार और समस्त ग्रामवासी द्वारा दो दिवसीय फाग महोत्सव का आयोजन 15 एवं 16 मार्च को किया जा रहा है। ग्राम के नवनिर्वाचित सरपंच होमकुमार साहू ने बताया कि फाग महोत्सव में झांकी वर्ग में पुरस्कार प्रथम 5001/- द्वितीय 3001/- तृतीय 2001/- चतुर्थ 1001/- पंचम 701/- षष्ठम 501/- उसीप्रकार गायन वर्ग में पुरस्कार प्रथम 7001/- द्वितीय 3001/- तृतीय 2001/- चतुर्थ 1001/- पंचम 701/- षष्ठम 501/- रखा गया है।
इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी मंडली को सदाबहार पुरस्कार एवं विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा। आयोजक समिति के सदस्य किशोर साहू, खिल्लू सेन, भोजराज साहू, सूरज साहू, योश्मन उइके, बुधारू उइके, सतीश साहू, ठाकेश्वर साहू, राजू साहू, डेविड नेताम, हेम साहू, निर्मल, पुनीत, झल्लू, मुकेश, देवानंद, भुनेश्वर, मनसुख, ईश्वर, ख़ुमेश, विक्की, वैभव, मुकेंद्र,गुलाब, लीला, भोलू, प्रवीण, डोमन,सुरेंद्र, डेमन, छोटू बड़ू, अश्वंत, मिशन, बबलू, बुधारू, साथ ही अन्य सहयोगी सदस्य सम्मिलित हैं ।
गरियाबंद में आज "नेशनल लोक अदालत" का हुआ सफल आयोजन
कुल 59,567 प्रकरणों का हुआ निराकरण कुल 1,51,35,153/- रूपये का एवार्ड पारित किया गया
गरियाबंद । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छ.ग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के अध्यक्ष तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर श्री बलराम प्रसाद वर्मा जी के निर्देश पर जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद, किशोर न्याय बोर्ड गरियाबंद तथा राजिम व देवभोग के व्यवहार न्यायालयों एवं राजस्व जिला गरियाबंद के राजस्व न्यायालयों में दिनांक 08 मार्च 2025, दिन शनिवार को "नेशनल लोक अदालत" का आयोजन किया गया।
उक्त लोक अदालत हेतु तालुका विधिक सेवा समिति गरियाबंद द्वारा 04 खण्डपीठों का गठन किया गया था, तालुका विधिक सेवा समिति गरियाबंद के अध्यक्ष श्री यशवंत वासनीकर ने बताया कि उक्त लोक अदालत हेतु जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश गरियाबंद श्रीमती तजेश्वरी देवी देवागंन की गठित खण्डपीठ में कुल 51 लंबित एवं 2061 प्रिलिटिगेशन प्रकरण रखे गये थे, जिनमें 17 मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों का निराकरण करते हुए 1,17,45,000/- (अक्षरी एक करोड़ सत्रह लाख पैतालीस हजार) रूपये का एवार्ड पारित किया गया वही 103 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण करते हुए 9,45,279/- (अक्षरी नौ लाख पैतालिस हजार दो सौ उन्यासी) रूपये का एवार्ड पारित किया गया, इस प्रकार उक्त खण्डपीठ में कुल 120 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 1,26,90,279/- (अक्षरी एक करोड़ छब्बीस लाख नब्बे हजार दो सौ उन्यासी) रूपये का एवार्ड पारित किया गया।
वहीं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं व्यवहार न्यायधीश वरिष्ठ श्रेणी गरियाबंद श्रीमती अनिता ध्रुव की गठित खण्डपीठ में 368 प्रिलिटीगेशन प्रकरण रखे गये थे, जिनमें 12 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 2,63,500/- (अक्षरी दो लाख तिरसठ हजार पांच सौ रूपये का एवार्ड पारित किया गया तथा समरी मामले सहित 208 लंबित प्रकरण रखे गये थे जिनमें 141 लंबित मामलों का निराकरण करते हुए 1,65,200/- (अक्षरी एक लाख पैसठ हजार दो सौ रूपये की राशि अदा करायी गयी।
इस प्रकार उक्त खण्डपीठ में कुल 153 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 4,28,700/-(अक्षरी चार लाख अट्ठाईस हजार सात सौ) रूपये का एवार्ड पारित किया गया। प्रशान्त कुमार देवांगन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं व्यवहार न्यायधीश वरिष्ठ श्रेणी गरियाबंद की गठित खण्डपीठ में 334 प्रिलिटीगेशन प्रकरण रखे गये थे, जिनमें 22 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 3,12,612/- (अक्षरी तीन लाख बारह हजार छः सौ बारह) रूपये का एवार्ड पारित किया गया समरी मामले सहित 27 लंबित प्रकरण रखे गये थे जिनमें 07 लंबित मामलों का निराकरण किया गया। इस प्रकार उक्त खण्डपीठ में कुल 29 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 3,12,612/- (अक्षरी तीन लाख बारह हजार छः सौ बारह) रूपये का एवार्ड पारित किया गया। प्रशान्त कुमार देवांगन प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्यायालय गरियाबंद की गठित खण्डपीठ में राजीनामा योग्य लंबित 07 प्रकरण रखे गये थे जिसमें 01 प्रकरण का निराकरण किया गया तथा श्रीमती किरण पन्ना न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं व्यवहार न्यायधीश वरिष्ठ श्रेणी देवभोग की गठित खण्डपीठ में 840 प्रिलिटीगेशन प्रकरण रखे गये थे, जिनमें 57 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 6,91,068/- (अक्षरी छः लाख इनकान्वे हजार अड़सठ) रूपये का एवार्ड पारित किया गया तथा समरी मामले सहित 420 लंबित प्रकरण रखे गये थे जिनमें 420 लंबित मामलों का निराकरण करते हुए 3,70,100/- (अक्षरी तीन लाख सत्तर हजार एक सौ) रूपये की राशि अदा करायी गयी।
इस प्रकार उक्त खण्डपीठ में कुल 477 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 10,61,168/- (अक्षरी दस लाख इकसठ हजार एक सौ अड़सठ) रूपये का एवार्ड पारित किया गया। इसी प्रकार श्री सचिन पॉल टोप्पो न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी राजिम की गठित खण्डपीठ में 2202 प्रिलिटीगेशन प्रकरण रखे गये थे, जिनमें 57 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 6,42,394/- (अक्षरी छः लाख बियालिस हजार तीन सौ चौरान्वे) रूपये का एवार्ड पारित किया गया समरी मामले सहित 864 लंबित प्रकरण रखे गये थे जिनमें 454 लंबित मामलों का निराकरण किया गया। इस प्रकार उक्त खण्डपीठ में कुल 511 प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 6,42,394/- (अक्षरी छः लाख बियालिस हजार तीन सौ चौरान्वे) रूपये का एवार्ड पारित किया गया।
कलेक्टर ने बिना अनुमति शासकीय भूमि के अंतरण को किया शून्य घोषित
पटवारी सहित अन्य पर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने के दिये निर्देश
गरियाबंद । कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने तहसील गरियाबंद अंतर्गत ग्राम पारागांवडीह में शासकीय पट्टे के भूमि को सक्षम प्राधिकारी के अनुमति के बगैर विक्रय-अंतरण किये जाने के प्रकरण में महत्वपूर्ण फैसला दिया है। उन्होंने अंतरण को छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 165 (7-ख) के उल्लंघन पाये जाने पर शून्य एवं अकृत घोषित करते हुए उक्त भूमि को पूर्व की भांति शासन के अधीन किये जाने का आदेश जारी किया है। साथ ही विवेचना के आधार पर पटवारी मनोज खरे व मनेश्वर सिंह ठाकुर के अलावा गोपाल राम एवं नितेश साहू के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गरियाबंद को दिये हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पारागांवडीह में स्थित भूमि खसरा नं. 27/3 रकबा 0.40 हेक्टेयर तथा खसरा नं. 27/2 रकबा 0.20 हेक्टेयर शासकीय पट्टे के भूमि है। उक्त भूमि को सर्वप्रथम गोपाल राम ने नितेश साहू को विक्रय कर दिया। तत्पश्चात नितेश साहू ने अश्वन कुमार पटेल को ऋण पुस्तिका दिखाकर उक्त भूमि का 4 सितम्बर 2018 को विक्रय पंजीयन कराया। विक्रेता ने उक्त भूमि को सभी प्रकार के अधिभारों से मुक्त बताकर तथा किसी भी न्यायालय में विवाद लंबित नहीं होना बताकर अश्वन कुमार को विक्रय कर दिया। इस प्रकरण को कलेक्टर न्यायालय में सुनवाई करते हुए कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल ने दोनों भूमि रकबों के विक्रय-अंतरण में भू-राजस्व संहिता के उल्लंघन पाये जाने पर बिक्री को शून्य एवं अकृत घोषित किया है।
हत्या की कोशिश के मामले में आरोपी को सात साल की सजा अपर सत्र न्यायालय ने सुनाया फैसला।
राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव
गरियाबंद। गरियाबंद के अपर सत्र न्यायालय ने हत्या की कोशिश करने के एक मामले में आरोपी के खिलाफ दोषसिद्ध होने पर सजा सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश तजेश्वरी देवी देवांगन ने थाना छुरा के एक प्रकरण की सुनवाई करते हुए आरोपी थनवार निषाद निवासी रानीपरतेवा, थाना–छुरा को दोषसिद्ध पाते हुए भा.दं.संहिता की धारा 307 के तहत सात साल का सश्रम कारावास एवं एक हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रार्थी भोजराम साहू ने घटना दिनांक 10.11.2021 को थाना छुरा में उपस्थित होकर इस आशय की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह ग्राम करकरा में रहता है। खेती किसानी का काम करता है। उसके नाम से ग्राम करकरा के बाहरानार खार में स्थित कृषि भूमि में धान कटाई हेतु रानीपरतेवा से मजदूर लाकर दिनांक 08.11.2021 से धान कटाई करवा रहा था। घटना दिनांक 10.11.2021 को प्रातः लगभग 09 बजे मजदूर लोग धान फसल काट रहे थे, तभी ग्राम रानीपरतेवा
का थनवार निषाद पीछे से आया और रेखाबाई यादव को "आज तुझे जान से मार दूंगा' कहते हुए तलवार जैसे लोहे के धारदार पट्टी से जान सहित मारने की नीयत से प्राणघातक वार किया, जिससे रेखाबाई यादव के बांए कान व चेहरे में चोट आई। आरोपी थनवार निषाद द्वारा दोबारा वार करने पर रेखाबाई यादव अपने हाथ को सामने रखकर बीच बचाव की, जिससे उसके दाहिने हाथ के उंगली, हथेली व कलाई के पास चोटे आई थी। घटना को देखकर वह स्वयं व काम कर रहे मजदूर बीच बचाव करने दौड़े तो थनवार निषाद घटना में प्रयुक्त तलवार जैसे लोहे के धारदार पट्टी को खेत में छोड़कर भाग गया। आहता रेखाबाई यादव को आई चोट के उपचार हेतु स्वास्थ्य केन्द्र छुरा लेकर गए थे, जहां डाक्टर द्वारा उचित इलाज के लिए रायपुर रिफर किया गया था। बताया गया कि घटना के पूर्व आरोपी ने आहता रेखा बाई यादव के पति जगमोहन के साथ मारपीट किया था, जिसके संबंध में आहता के पति के द्वारा आरोपी के विरुद्ध थाना छुरा में रिपोर्ट दर्ज करवाया गया था, जिसका प्रकरण न्यायालय में लंबित है। उक्त कारण से घटना के पूर्व से आहता के पति और आरोपी के मध्य रंजिश थी।
प्रकरण में संपूर्ण साक्ष्य विवेचना उपरांत न्यायालय ने अभियुक्त थनवार निषाद को भा.दं.संहिता की धारा 307 के अंतर्गत आरोप में दोषी पाकर दोषसिद्ध किया गया। जिसमें आरोपी थनवार निषाद को 7 वर्ष का सश्रम कारावास एवं एक हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। वहीं अर्थदंड की अदायगी में व्यतिक्रम किए जाने पर 6 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगताया जाएगा।
कलेक्टर ने पशुधन विकास विभाग के टीकाकरण दल को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
गरियाबंद । राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुहपका टीकाकरण कार्यक्रम चरण-05 का प्रारंभ 01 मार्च से पूरे देश में एक साथ प्रारंभ हो रहा है। कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने कलेक्टोरेट परिसर से टीकाकरण दलों को हरी झण्डी दिखाकर गन्तव्य ग्रामों के लिए हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कलेक्टर ने उपसंचालक एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को टीकाकरण के एक दिवस पूर्व नियमित रूप से पंचायतों से समन्वय कर मुनादि कराने के निर्देश देते हुए कहा कि टीकाकरण के आंकड़ों को भारत पशुधन ऐप में अनिवार्य रूप से प्रविष्ट करे।
टीकाकरण दल में पशुधन विकास विभाग के शामिल सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पशुपालकों/किसानों के घर-घर जाकर निःशुल्क टीकाकरण कार्य संपादित करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी आर मरकाम भी मौजूद थे।
पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. ओ.पी. तिवारी ने बताया कि जिले के 05 विकासखण्डों में लगभग 30 टीकाकरण दलों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि एफएमडी रोग जिसे स्थानीय भाषा में खुरहा चपका भी कहा जाता है। इससे प्रभावित पशुओं को बहुत तेज बुखार आता है, बीमार पशुओं के मसूड़े, जीभ तथा मुख में छाले पड़ जाते है एवं बीमार पशु खाना पीना बंद कर देता है। जिससे वे शारीरिक रूप से कमजोर हो जाते है तथा पशुओं का उत्पादन अत्यंत कम प्रायः समाप्त हो जाता है। जिससे पशुपालकों एवं किसानों को अत्याधिक हानि होती है। पशुधन विकास विभाग द्वारा विगत वर्षों से लगातार टीकाकरण कार्य किये जाने से इस रोग में प्रभावी नियंत्रण हुआ है।
जिले के कृषक राष्ट्रीय स्तर पर हुए सम्मानित
गरियाबंद । कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद के तकनीकी मार्गदर्शन में कृषि कार्य कर रहे देवभोग विकासखण्ड के ग्राम चिचिया के प्रगतिशील कृषक अवनीश पात्र को 22 से 24 फरवरी 2025 को नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित पूसा कृषि विज्ञान मेला में नवोन्मेषी किसान (इनोवेटिव फार्मर) के रूप में सम्मानित किया गया है। इस पुरूस्कार से देश के 34 कृषकों को सम्मानित किया गया।
जिसमें से पात्र छत्तीसगढ़ के एक मात्र कृषक है, जिन्हें इस पुरूस्कार से सम्मानित किया गया है। पात्र ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करके पान की खेती शुरूआत की। पूर्व में शेड नेट में पान उत्पादन का कार्य किया एवं बाद में उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर पान उत्पादन के लिये आवश्यक नमी तथा तापक्रम का अवलोकन कर, पान की खेती को आम के बगीचें की छाया में करना प्रारम्भ किया।
जिससे उन्होंने विगत 1-2 वर्षाे से लगातार पान का व्यावसायिक उत्पादन आम बगीचों से प्राप्त कर रहे है। जिससे उन्हें पान की फसल शेड नेट बनाने की लागत में कमी आई तथा प्रबंधन लागत भी कम हुई। उनके इन्हीं उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया तथा नवोन्मेषी किसान पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।
प्लेसमेंट कैम्प 06 मार्च को
गरियाबंद । जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र गरियाबंद द्वारा कार्यालय परिसर में निजी प्रतिष्ठान पैरी गंगा महाविद्यालय, मैनपुर एवं आर्यभट्ट कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, कोपरा एवं अलर्ट सिक्योरिटी सर्विस फल मार्केट के पास लालपुर, रायपुर में सहायक प्राध्यापक (विषय-हिन्दी, राजनीति शास्त्र, समाज शास्त्र, भूगोल, अंग्रेजी, गणित, भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान, प्राणिशास्त्र एवं कम्प्यूटर शिक्षक) सुरक्षा प्रहरी, इलेक्ट्रीकल, इलेक्ट्रानिक, सिक्योरिटी गार्ड, महिला सुरक्षा गार्ड, सुपरवाईजर, कारपेंटर एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर के रिक्त 200 पदांे पर भर्ती के लिए गुरूवार 06 मार्च को प्रातः 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें निजी प्रतिष्ठान में रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जायेगी। निजी प्रतिष्ठान में रोजगार के इच्छुक उक्त विषय में स्नातकोत्तर उत्तीर्ण एवं 8वीं 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण आवेदक अपने दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं समस्त शैक्षणिक योग्यता संबंधी अंकसूची/प्रमाण पत्र की मूलप्रति एवं छायाप्रति के साथ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र परिसर, गरियाबंद में उपस्थित होकर प्लेसमेंट कैम्प का लाभ उठायें। उक्त पद की पूर्ति हेतु सेट/नेट/पी.एच.डी. उत्तीर्ण आवेदकों को प्राथमिकता दी जायेगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन दूरभाष क्रमांक 07706-241269 में संपर्क कर सकते हैं।
समन्वित कीट प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
गरियाबंद । कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद तथा केन्द्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केन्द्र रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद में किया गया। जिसमें कृषकों व कीटनाशी विक्रेताओं को रबी फसलों में लगने वाले कीट एवं बिमारियों की पहचान से अवगत कराते हुए विस्तृत रूप से इसके प्रबंधन हेतु एकीकृत कीट प्रबंधन विधियाँ जैसे- फेरोमोन ट्रेप, विभिन्न सुक्ष्मजीव आधारित कीट प्रबंधन के विषयों में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है।
इसके साथ-साथ रासायनिक कीटनाशकों के छिड़काव में ली जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया। ताकि कीटनाशकों से होने वाले हानिकारक प्रभाव से बचा जा सकें। मित्र कीटों की हमारी फसलों में आवश्यकताओं के बारे में भी प्रकाश डाला गया, किसानों से चर्चा के दौरान धान में लगने वाले दो प्रमुख कीटदृतनाछेदक एवं भुरा माहू के नियंत्रण की उपयुक्त जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस पर कार्यक्रम की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड में किसानों के खेतों में भ्रमण का कार्यक्रम चलाया गया। जिसमें ग्राम-कोपरा एवं भेण्ड्री में भारत सरकार एवं आईसीएआर के समन्वित तत्वाधान से लाँच एआई बेस्ड नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम का किसानों के खेतों में सफल परीक्षण किया गया। जिसके परिणामस्वरूप फूलगोभी में लगने वाले कीट की खेत में इस एप्प के माध्यम से पहचान करायी गयी एवं उसके निदान के बारे में भी विस्तृत जानकारी उक्त एप्प के द्वारा भी दी गई। धान में लगने वाले प्रमुख कीटों का भी इस एप्प के माध्यम से नियंत्रण के सुझाव दिये गये ।
किसानों से चर्चा के दौरान एनपीएसएस ए.आई बेस्ड को भी सभी प्रकार की कृषि से जुड़ी जानकारियों के लिये उपयुक्त बताया एवं इसके इस्तेमाल करने की भी बात स्वीकारी। सभी कृषकों ने अपने-अपने मोबाईल में इस एआई बेस्ड एप्प को डाउनलोड किया। इस दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मनीष चौरसिया, उप संचालक कृषि चंदन रॉय तथा सहायक पौध संरक्षण अधिकारी रिता सिंगारे, तुषार मिश्रा उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मनीष आर्या, प्रवीण जामरे तथा कन्हैयालाल मीणा ने भी कृषकों को फसल उत्पादन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया।
ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती के लिए ऑनलाईन आवेदन 03 मार्च तक
गरियाबंद । डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवकों की अखिल भारतीय स्तर पर कुल 21 हजार 413 पदों पर शेडयूल जनवरी 2025 के तहत ऑन लाइन भर्ती के सम्बन्ध में विभाग की वेब साईट के माध्यम से अधिसूचना जारी की गयी है। जिसके तहत छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में डाक/आरएमएस संभाग रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, बस्तर, दुर्ग, सरगुजा, राजनांदगांव, आरपी के अंतर्गत ग्रामीण डाक सेवकों के कुल 637 रिक्त पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदन डाक विभाग के वेबसाइट के माध्यम से 03 मार्च 2025 तक ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। इस संबंध में अधिक जानकारी जैसे कि रिक्त पद, स्थान, समयबद्ध निरंतरता भत्ता, आयु, शैक्षणिक योग्यता, शुल्क, अंतिम तिथि एव अन्य नियम एवं शर्तें आदि डाक विभाग की वेब साईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनपोस्टजीडीएसऑनलाईन डॉट जीओवी डॉट इन से प्राप्त कर सकते है।
कलेक्टर ने किया कोचवाय एवं सड़कपरसुली परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण
गरियाबंद । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल/हायर सेकेण्डरी की मुख्य परीक्षा एवं हायर सेकेण्डरी व्यावसायिक पाठ्यक्रम परीक्षा 1 मार्च से प्रारंभ हो गई है। 1 मार्च को हायर सेकेण्डरी की हिन्दी विषय की परीक्षा आयेाजित की गई। कलेक्टर ने आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोचवाय एवं सड़कपरसुली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर परीक्षा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और परीक्षार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सारस्वत भी मौजूद थे।
हायर सेकेण्डरी की हिन्दी पाठ्यक्रम की परीक्षा में कोचवाय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केन्द्र में 86 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सड़क परसुली परीक्षा केन्द्र में भी 49 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। कलेक्टर ने सभी परीक्षा केन्द्र प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षा के पेपर की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दें और सुव्यवस्थित सुचारू परीक्षा का संचालन हो। कलेक्टर ने परीक्षा केन्द्र में केन्द्राध्यक्ष को निर्देशित किया कि कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश नहीं करेगा। शिक्षक स्टॉफ रूम में मोबाइल फोन जमा करेंगे। परीक्षा केन्द्र में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल व शौचालय व्यवस्था की भी जानकारी ली।
गरियाबंद मड़ाई मेला के दौरान गाड़ियों के पार्किंग के लिए रूट चार्ट जारी
गरियाबंद । जिला मुख्यालय गरियाबंद में प्रति तीन वर्ष में आयोजित होने वाले मड़ाई मेला इस बार 28 फरवरी से गांधी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मड़ाई मेला में लोगों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए गाड़ियों के पार्किंग के लिए रूट चार्ट जारी किया गया है। साथ ही पार्किंग स्थल बनाया गया है। जिसमें राजिम मार्ग तरफ से आने वाली गाड़ियां मिनी स्टेडियम में पार्क होगी। इसी प्रकार छुरा मार्ग से आने वाली गाड़ियां गोपाला प्लाट में, देवभोग तरफ से आने वाली गाड़ियां कृषि उपज मंड़ी एवं मणी कंचन केन्द्र, पारागांव तरफ से आने वाली गाडियां क्रीडा परिसर के पास एवं सढ़ौली तरफ से आने वाली गाड़ियां किसान राईस मिल में पार्क होंगी।
राजिम कुंभ कल्प में 227 जोड़ो का दाम्पत्य जीवन में प्रवेश
नववधुओं को 35 हजार रुपए सहित अन्य सामान उपहार स्वरूप किया गया प्रदान
गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प के समापन अवसर पर नवीन मेला मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजना अंतर्गत जिले के 227 बेटियों का विवाह सम्पन्न हुआ। सभी जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित गरियाबंद जिले के नगर पालिका एवं नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्षगण तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 227 बेटियां नवदाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे हैं। महाशिवरात्रि पर नवविवाहित ये बेटियां लक्ष्मी स्वरूप में घर प्रवेश करेंगी। उन्होंने वर-वधुओं को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए परिवारों का भी मान-सम्मान बनाये रखने के लिए प्रेरित किया। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि देश में चार कुंभ होते हैं, लेकिन पांचवे कुंभ कल्प के रूप में राजिम देश-विदेश में विश्व में प्रसिद्ध हो गया है। कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजिम कुंभ की भव्यता लौटाई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महिला बाल एवं समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि हमारी सरकार आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं एवं महतारियों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। जिसमे से एक मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 50 हजार रूपये नवविवाहित जोड़ों को दिया जाता है। इससे विवाह के समय होने वाले खर्च और जरूरी तैयारियों की चिंता दूर हो गई। जिससे कमजोर एवं गरीब परिवारों के बेटियों के विवाह में होने वाले खर्च की भी बचत हो रही है। उन्होंने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे जोड़ो के परिवारों से कहा कि इस बात का ध्यान रखें। बहु को बहु नहीं बेटी समझे, तभी परिवार सुख-समृध्दि की ओर आगे बढ़ेगा। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रयागराज में अभी-अभी लोग डुबकी लगा कर आ रहे हैं। वही डुबकी हमें इस राजिम में भी लगानी है। भारत को सशक्त बनाने के लिए आप लोगों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प के आयोजन में आज 227 जोड़ो का दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे। उन्होंने कहा कि बेटी जैसी जन्म लेती थी। माता-पिता की चिंता बढ़ जाती है, लेकिन अब ऐसा नही होता। हमारी सरकार के महत्वपूर्ण योजना मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह से माता-पिता की चिंता दूर हो गई है। उन्होंने नव दंपत्तियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।
राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह की राशि को 30 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दिया गया है। हमारे सरकार की सोच है कि गरीब परिवार हंसी खुशी के साथ अपने परिवार में होने वाले विवाह को सम्पन्न करा सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने नवदाम्पत्य वर-वधु को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर गरियाबंद जिले के नगर पालिका एवं नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गण सहित जिले के जनप्रतिनिधिगण, गरियाबंद कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अशोक पांडेय एवं आमजन मौजूद थे।
शिव ही वो गर्भ हैं जिसमें सब कुछ जन्म लेते हैं : हेमंत गिरी गोस्वामी
गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प में नगरी सिहावा से आए हेमंत गिरी गोस्वामी ने बताया कि राजिम एक पवित्र धाम है, जहां शिवजी की कृपा भक्तों पर बरसती हैं। उन्होंने बताया कि परमात्मा का नाम ही शिव हैं, जो सभी का कल्याण करते हैं। शिव सृष्टि के उत्पत्ति, स्थिति और संहार के अधिपति हैं। शिव काल, महाकाल ही ज्योतिष शास्त्र के आधार हैं। समस्त ब्रह्मांड है और पूरी सृष्टि में शिव विद्यमान है। स्वयं भू शाश्वत सर्वाेच्च सत्ता है और विश्व चेतना हैं।
शिवजी की सौम्य आकृति एवं रौद्र रूप विश्व में विख्यात हैं। शिव हिन्दू धर्म में सबसे प्राचीन और लोकप्रिय देवता है। शिव ही वो गर्भ हैं जिसमें सब कुछ जन्म लेते हैं और वे ही वो गुमनामी हैं जिनमें सब कुछ फिर से समा जाता हैं। सब कुछ शिव से आता हैं और शिव में ही मिल जाता हैं। शिव और रुद्राक्ष का संबंध बताते हुए कहा की रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शिव के आंसुओं से हुई हैं। पौराणिक कथा के अनुसार भगवान शिव ने अपने मन को वश में कर दुनिया के कल्याण के लिए सैकड़ों साल तक तप किया। एक दिन अचानक ही उनका मन दुखी हो गया। तब उन्होंने अपनी आंखे खोली तो उनकी आंसूओ की बूंदें गिर गई। इन्ही आंसू की बूंदों से रुद्राक्ष नामक वृक्ष उत्पन्न हुआ। भगवान शिव हमेशा ही अपने भक्तों पर कृपा करते हैं। उनकी लीला से ही आंसू आकार लेकर स्थिर अर्थात् जड़ हो गया। जनसाधारण के अनुसार अगर भगवान शिव और माता पार्वती को खुश करना हैं तो रुद्राक्ष धारण करना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया
गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प के सांस्कृतिक मंच पर दोपहर 12 बजे से 7 बजे तक एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मंच पर कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति मोहनलाल मानिकपन की टीम ने भजन संध्या की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भाव-विभोर किया। छत्तीसगढ़ के महिमा संगी..., रचा हैं सृष्टि को जिस प्रभु ने..., भजन करो रे... आदि भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की अगली कड़ी में चुम्मन लाल साहू महासमुंद ने जगराता की भक्तिमय प्रस्तुति दी। इसके बाद मुकुंद यादव ने प्राचीन खेल अखाड़ा का अजीबों-गरीब करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बकली से आई गीतांजली साहू ने खाली हाथ आए हैं..., उठो सिया श्रृंगार करो..., जैसे भजनों की शानदार प्रसतुति दी।
मुकेश साहू जामगांव ने मंच पर जगराता की भी प्रस्तुति दी। दाऊलाल घृतलहरे ने मंगल भजन की प्रस्तुति दी, जिसमें गुरु घासीदास के महिमा का बखान किया। धमेन्द्र कुमार अभनपुर ने जय सतनाम के माध्यम से गुरू घासीदास बाबा के जीवन का भजन के माध्यम से व्याख्या किया। गौतम साहू जामुल भिलाई ने पांडव पर आधारित पंडवानी का गायन मंच पर किया। विनय बंजारे बरबसपुर में लोककला मंच के माध्यम से छत्तीसगढी के संस्कृति, रीति-रिवाज, तीज-त्यौहारो को गाना के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। वहीं भागवत कश्यप बिलासपुर ने भी छत्तीसगढ़ी गीतों का नॉन स्टाप प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
राजिम कुंभ कल्प मेला के सांस्कृतिक मंच पर प्रख्यात गायिका स्वाति मिश्रा ने बांधा समा
भक्तिमय भजनों से गुंजा राजिम कुंभ स्थल
गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प मेला के समापन की पूर्व संध्या पर प्रख्यात गायिका स्वाति मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वाति मिश्रा ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। स्वाति मिश्रा ने राम आएंगे गीत सुनाकर दर्शकों में जोश भर दिया। कभी राम बनके..., नगरी हो अयोध्या सी..., मेरा आपकी की कृपा से..., रामा-रामा रटते रटते..., शंकर तेरी जटा से बहती..., चौखट पर चलकर आज..., ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने..., राधिका गोरी से..., राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी..., हर घर में एक ही नाम..., जैसे सुमधुर भक्तिमय भजनों से पूरा राजिम कुंभ स्थल गुंज उठा।
मंच पर युगल किशोर साहू की लोक कलामंच की झमाझम प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरी। जिसमें तोर चरण मा महतारी..., करियां बदरियां आगे..., जोड़ी तोर सुरता दिन रात सताथे..., जैसे लोकप्रिय गीत और नृत्य ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं यशवंत भेड़िया की लोककला मंच ने छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की छटा बिखेरी। 11 वर्षिय उपासना भास्कर ने कत्थक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। चेतन देवांगन ने कापालिक शैली में पांडव की गाथा गाकर पंडवानी प्रेमियों के लिए एक नया मिशाल कायम किया। कलाकारों का सम्मान राजिम विधायक रोहित साहू, संयुक्त कलेक्टर राकेश गोलछा ने स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।
नागा साधुओं सहित साधु संतों ने निकाली शोभायात्रा
अस्त्र-शस्त्रों से लैस नागा बाबाओं, साधु-संतों ने किया शौर्य प्रदर्शन
गरियाबंद । राजिम कुंभ कल्प मेला के अंतिम दिवस महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नागा बाबाओं, साधु-संतों, विभिन्न अखाड़ों ने शाही स्नान के लिए ऐतिहासिक शोभायात्रा संत समागम स्थल परिसर से सुबह 7 बजे निकाली। इस शोभा यात्रा में समस्त नागा, साधु-संतों के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। शोभायात्रा में सुसज्जित पालकियों शाही बग्गी, घोड़ों में विभिन्न साधु-संत सवार थे।
शोभायात्रा संत समागम स्थल से शुभारंभ होकर श्रीकुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के पीछे मार्ग से नेहरू बाल उद्यान होते हुए, राजिम पुल, पं. सुंदरलाल शर्मा चौक, गौरवपथ राजिम, व्हीआईपी मार्ग होते हुए मेला में बने शाही कुंड में पहुंचे। शोभायात्रा का स्वागत दोनों शहर नवापारा और राजिम में विभिन्न चौक चौराहों में फूल बरसा कर किया गया। शोभायात्रा में विभिन्न चौक में अनेकों अस्त्र-शस्त्रों से लैस नागा बाबाओं, साधु-संतों ने शौर्य प्रदर्शन करते हुए अखाडा चलाते रहे। नागा साधुओं के तलवार और फरसा भांजते खुशी से नाचते देखकर मेले में आए अंचलवासी भी रोमांचित हो उठे। धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए शोभायात्रा शाही कुंड के पास पहुंची। यहां नागा साधुओं ने विधि विधान के साथ शस्त्र पूजन पश्चात कुंड में छलांग लगाई।
नागा बाबाओं के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, संजय श्रीवास्तव, राजिम नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश यादव भी कुंड में डुबकी लगाने के लिए उतर गए। शाही स्नान करने विभिन्न अखाड़ों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस विहंगम दृष्य को देखने मेला क्षेत्र के अलावा कुंड के पास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी हुई थी। शाही यात्रा की भव्यता का आनंद लेने विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की चाकचौबंध व्यवस्था थी। इस शाही यात्रा में सबसे पहले श्री पंच दशनामी सन्याशी अखाड़ा के नागा साधु, अखिल भारतीय पंच रामानंदी वैष्णव अखाड़ा के तीनों अनी श्रीपंच निर्माेही अनि अखाड़ा, श्रीपंच निर्माेही दिगम्बर अखाड़ा, श्रीपंच निर्माेही निर्वाण, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के अलावा रामदास अखाड़ा, रविदास अखाड़ा, भैरवी शक्ति, हरिद्वार मंडली, करीब पंथ, सतनाम पंथ के संतों एवं उनके अनुयायियों ने भाग लिया।
शाही स्नान पश्चात डिप्टी सीएम विजय शर्मा, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक रोहित साहू पैदल भगवान कुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे। जहां भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।