छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन 31 अक्टूबर तक
बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले के युवाओं को जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, सकरी, बलौदाबाजार में संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु 31 अक्टुबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण हेतु पाठ्यक्रम नर्सिंग (जनरल ड्युटी असिस्टेंट), सोलर पैनल टेक्नीशियन, जल वितरण संचालक, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन शामिल हैं । इन कोर्सों में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता पांचवी, दसवीं या बारहवीं उत्तीर्ण तथा आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।इच्छुक अभ्यर्थी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की 2 नवीनतम फोटो के साथ जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, सकरी, बलौदाबाजार में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर +91-9584270388 पर संपर्क कर सकते हैं।
बारनवापारा अभयारण्य में होग़ा बटरफ्लाई एंड मॉथ सर्वें का आयोजन,तितली और पतंगों के प्रजातियों व पारिस्थितिक महत्व को समझने का मिलेगा अवसर
विद्यार्थी,शोधार्थी और आम प्रकृति प्रेमी ले सकते हैं हिस्सा, पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर
बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर 2025
प्रकृति प्रेमियों और जैव विविधता के अध्येताओं को अवसर प्रदान करने के लिए वन विभाग द्वारा 'बटरफ्लाई एंड मॉथ सर्वे 2025' का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन 6 से 8 नवम्बर 2025 तक बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में होग़ा। कार्यक्रम का उद्देश्य तितलियों और पतंगों की विविधता का अध्ययन, संरक्षण के प्रति जागरूकता और प्रकृति से गहरे जुड़ाव को प्रोत्साहित करना है।
यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम प्रकृति प्रेमियों के लिए खुला है। प्रतिभागियों के लिए पंजीयन शुल्क सामान्य प्रतिभागियों हेतु ₹2,500 तथा विद्यार्थियों के लिए ₹2,000 रखा गया है। कार्यक्रम में केवल 40 प्रतिभागियों के लिए सीमित सीटें उपलब्ध हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है।
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल तितलियों और पतंगों के अध्ययन का अवसर देगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी मजबूत करेगा। बारनवापारा अभयारण्य की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता के बीच यह आयोजन प्रतिभागियों को प्रकृति के करीब लाने का एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।इस अवसर पर प्रतिभागियों को बारनवापारा अभयारण्य की समृद्ध जैव विविधता, विशेष रूप से तितलियों एवं पतंगों की प्रजातियों के प्राकृतिक आवास और उनके पारिस्थितिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।सर्वेक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों के लिए कई सृजनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी जिनमें तितलियों की कलात्मक पेंटिंग,प्रकृति एवं वन्यजीव विषय पर चित्रकला तथा वन्यजीवों से जुड़ी प्रेरक कहानियां साझा करना शामिल हैं।
बलौदाबाजार वनमण्डल में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह 2025 का आयोजन
वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को किया प्रोत्साहित
बलौदाबाजार,10 अक्टूबर 2025
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार एवं अधीक्षक बारनवापारा अभयारण्य कृषानू चन्द्राकार के नेतृत्व में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक बलौदाबाजार वनमण्डल में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। सप्ताह भर के आयोजन का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं सेवा पर्व के अवसर पर तुरतुरिया वाल्मीकि आश्रम परिसर में “स्वच्छता अभियान” के साथ किया गया जिसमें स्थानीय ग्रामीणों एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया और सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।3 अक्टूबर को “बर्ड एवं बटरफ्लाई वॉक” का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों, ग्रामीणों एवं पक्षी विशेषज्ञों को स्थानीय पक्षियों एवं तितलियों की प्रजातियों से परिचित कराया गया।4 अक्टूबर को “बांस शिल्प कार्यशाला” का आयोजन कराया गया जिसमें स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं उन्हें व्यवसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।5 अक्टूबर को “नेचर वॉक (फ्लोरल स्पीशीज़)” के माध्यम से प्रतिभागियों को स्थानीय पुष्पीय विविधता की जानकारी दी गई।6 अक्टूबर को “पेंटिंग प्रतियोगिता एवं डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग” का आयोजन कराया गया जिसमें वन्यजीवों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।7 अक्टूबर को “क्विज़ प्रतियोगिता” रखी गई है जिसमें वन्यजीव संरक्षण, पारिस्थितिकी और अभ्यारण्य के महत्व पर आधारित प्रश्न पूछे गए।सप्ताह का समापन 8 अक्टूबर को “पुरस्कार वितरण समारोह” के साथ हुआ जिसमें सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विशेष आयोजन के रूप में “वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया गया जिसमें राज्य की विविध वन्यजीव संपदा, पक्षी, सरीसृप, कीट-पतंगों एवं प्राकृतिक दृश्यों की उत्कृष्ट तस्वीरें आमंत्रित की गई थी। जिसमें प्रदेशभर से लगभग 100 प्रतिभागियों ने अपने कैमरे से कैद किए गए शानदार फोटोग्राफ्स के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
बटरफ्लाई एवं मोथ सर्वे 2025 का आयोजन 6 से 8 नवम्बर तक
प्रतिभागियों का पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर
10 अक्टूबर 2025
प्रकृति और जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बटरफ्लाई एवं मोथ सर्वे 2025 का आयोजन बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य किया जाएगा। यह आयोजन 6 से 8 नवम्बर तक होगा, इस तीन दिवसीय सर्वेक्षण का उद्देश्य तितलियों और पतंगों की प्रजातियों की पहचान, उनके प्राकृतिक आवास का अध्ययन तथा आम नागरिकों में जैव विविधता संरक्षण की भावना को बढ़ावा देना है।
वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार यह सर्वेक्षण न केवल जैव विविधता के संरक्षण में मदद करेगा, बल्कि पर्यावरण शिक्षा और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बारनवापारा अभ्यारण्य की प्राकृतिक सुंदरता के बीच यह आयोजन प्रतिभागियों को प्रकृति से जोड़ने का अनूठा अनुभव देगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण जागरूकता एवं प्रकृति संरक्षण गतिविधियों के अंतर्गत किया जा रहा है। यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए खुला है। पंजीयन शुल्क सामान्य प्रतिभागियों के लिए 2,500 रुपए तथा विद्यार्थियों के लिए 2,000 रुपए रखा गया है। केवल 40 प्रतिभागियों को ही इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है।
वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि इस आयोजन में प्रतिभागियों को बारनवापारा अभ्यारण्य की समृद्ध वन संपदा और तितलियों-पतंगों के पारिस्थितिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही प्रतिभागियों के लिए कई रोचक गतिविधियां जैसे तितलियों पर कलात्मक पेंटिंग, प्रकृति एवं वन्यजीव विषय पर चित्रकला और वन्यजीवों से जुड़ी प्रेरक कहानियाँ भी रखी गई हैं।
अपराध नियंत्रण में नई तकनीक एक सशक्त कदम
सिमगा में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया सिटी सर्विलांस का शुभारंभ
अत्याधुनिक 40 सीसीटीवी कैमरों से शहर की हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर
10 अक्टूबर 2025


उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिले के सिमगा नगर में सिटी सर्विलांस सिस्टम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी सिटी सर्विलांस कक्ष का अवलोकन कर नगर की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, कलेक्टर श्री दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, जनपद अध्यक्ष श्री दौलत राम पाल, जनपद सदस्य श्री चंद्रप्रकाश टोंड्रे सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
अपने उद्बोधन में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर रही है। सिमगा नगर में सिटी सर्विलांस की शुरुआत इस दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सिमगा नगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है, जहां कई औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हैं और विभिन्न प्रांतों से लोग आते-जाते रहते हैं। ऐसे में किसी भी आपराधिक घटना के तुरंत बाद उसकी पहचान और अपराधियों की तलाश अब सीसीटीवी नेटवर्क से सहज और तेज़ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में 40 उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए हैं, जो दिन-रात समान रूप से कार्य करने में सक्षम हैं और वाहन के नंबर प्लेट तक को स्पष्ट रूप से कैद कर सकते हैं। इससे अपराध नियंत्रण, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा ट्रैफिक प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सिटी सर्विलांस व्यवस्था शहर की “तीसरी आँख” साबित होगी। अब किसी भी घटना पर तुरंत निगरानी रखी जा सकेगी और अपराधियों को पकड़ने में पुलिस को ठोस सबूत मिल सकेंगे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने भी इस पहल को शहर की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि निगरानी तंत्र से न केवल अपराधों में कमी आएगी बल्कि लोगों में भी सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सिटी सर्विलांस की यह पहल सिमगा को तकनीकी रूप से सशक्त और सुरक्षित नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन 31 अक्टूबर तक
बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले के युवाओं को जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, सकरी, बलौदाबाजार में संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु 31 अक्टुबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण हेतु पाठ्यक्रम नर्सिंग (जनरल ड्युटी असिस्टेंट), सोलर पैनल टेक्नीशियन, जल वितरण संचालक, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन शामिल हैं । इन कोर्सों में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता पांचवी, दसवीं या बारहवीं उत्तीर्ण तथा आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।इच्छुक अभ्यर्थी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की 2 नवीनतम फोटो के साथ जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, सकरी, बलौदाबाजार में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर +91-9584270388 पर संपर्क कर सकते हैं।
मनोविकास केंद्र के 5 छात्रों का पर्पल फेस्ट 2025 के लिए हुआ चयन, कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
9 से 12 अक्टूबर तक गोवा में आयोजित पर्पल फेस्ट में करेंगे योगा प्रदर्शन
9 अक्टूबर 2025
मनोविकास केन्द्र बलौदाबाजार के 5 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित पर्पल फेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए हुआ है। यह आयोजन 9 से 12 अक्टूबर 2025 तक गोवा मे किया जा रहा है। फेस्ट में हिस्सा लेने गोवा रवाना होने से पहले गुरुवार को कलेक्टर दीपक सोनी से चयनित बच्चों ने मुलाक़ात की। कलेक्टर श्री सोनी ने मनोविकास केंद्र के बच्चों का फेस्ट के लिए चयन होने पर जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनायें दी।
मनोविकास केन्द्र के नोडल अधिकारी आशा शुक्ला ने बताया कि केंद्र के छात्र कुलदीप निर्मलकर, तुषार सेन पुष्कर कुमार साहू,लोकेश कुमार वर्मा एवं किशन यादव का चयन पर्पल फेस्ट 2025 में भाग लेने के लिए हुआ है। इनके साथ योग शिक्षक श्री ललित कुमार साहू तथा केन्द्र प्रमुख श्री दुर्गा शंकर पटनायक भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।चयनित विद्यार्थी मनोविकास केन्द्र एवं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए 15 मिनट का योग प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे जो दिव्यांगजनों की क्षमताओं और समावेशन की भावना को उजागर करेगा। यह भागीदारी मनोविकास पहल और जिला प्रशासन के लिए गर्व का क्षण होग़ा तथा इन विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अनुभव प्रदान करेगी।
पर्पल फेस्ट 2025 को दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सशक्तिकरण के एक जीवंत उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। यह आयोजन भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग,गोवा सरकार के राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन कार्यालय, तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय एवं संयुक्त राष्ट्र भारत के सहयोग से किया जा रहा है।पर्पल फेस्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों के समावेशन, पहुंच और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह महोत्सव समाज में जागरूकता फैलाने, उनकी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने और एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करता है जहां प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा और समान अवसरों के साथ जीवन जीने का अधिकार हो।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास और पुनर्वास हेतु जिला प्रशासन द्वारा बलौदाबाजार में सीएसआर मद से मनोविकास केंद्र संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र में 45 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षा, चिकित्सा सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और समग्र विकास की सुविधाएं प्रदान किया जा रहा है। यह केंद्र जनवरी 2025 से शुरू हुआ है और अल्प समय मे ही बेहतर परिणाम सामने आने लगा है। विशेष शिक्षा, थेरेपी सेवाएं व्यावसायिक प्रशिक्षण,मनोवैज्ञानिक परामर्श और खेल व सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जा राही हैं। साथ ही बच्चों को आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाता है।
प्राचार्य ने बेचा सरकारी स्कूल का फर्नीचर, निलंबित
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले से शिक्षा विभाग को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुण्डरा के प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे को विद्यालय का फर्नीचर बेचने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों ने शिकायत की कि प्राचार्य बंजारे ने स्कूल के कुर्सी और टेबल निजी स्कूलों को बेच दिए हैं। इस शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा के निर्देश पर कसडोल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने जांच समिति गठित की।
जांच टीम में तहसीलदार डुण्डरा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कसडोल, सहायक बीईओ, ब्लॉक स्त्रोत समन्वयक और संकुल समन्वयक नरघा, कुम्हारी व डुण्डरा शामिल थे। संयुक्त निरीक्षण में यह बात साबित हुई कि प्राचार्य ने सरकारी संपत्ति का निजी उपयोग के लिए दुरुपयोग किया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, रमेशर बंजारे ने विद्यालय के 67 टेबल-बेंच ज्ञान अमृत विद्यालय, डुण्डरा और 40 टेबल-बेंच धाविका पब्लिक स्कूल, शिवरीनारायण को बेच दिए थे।
मामले की पुष्टि होने पर संचालक, लोक शिक्षक संचालनालय ने बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह शिक्षा व्यवस्था पर एक गहरी चोट है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई अधिकारी सार्वजनिक संपत्ति को निजी लाभ के लिए न बेच सके।
मिट्टी के दीये एवं स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने जिला प्रशासन की पहल
मिट्टी के दीये बेचने बाजार आने वाले ग्रामीणों से कर न वसूलने के निर्देश,कलेक्टर दीपक सोनी ने जारी किया आदेश
बलौदाबाजार, 8 अक्टूबर 2025
दीपवली पर्व पर मिट्टी के दीये एवं स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु कलेक्टर दीपक सोनी ने पहल किया है। उन्होंने मिट्टी के दीये विक्रय किये जाने हेतु बाजार आने वाले इन ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो एवं नगरपालिका व नगर पंचायत क्षेत्र में इनसे किसी प्रकार का कर की वसूली न करने आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि दीपावली पर्व पर कुम्हार एवं अंचल के ग्रामीणों के द्वारा मिट्टी के दीये बनाये जाते हैं तथा इन्हें बाजारों में विक्रय हेतु लाया जाता है।मिट्टी के दीये विक्रय किये जाने हेतु आने वाले इन ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूर्ण ध्यान रखा जाए। नगरपालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र में इनसे किसी प्रकार का कर की वसूली न किया जाए । साथ ही जिले में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने हेतु आमजनों की दीये के उपयोग के साथ-साथ स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लोगों तक फायदा पहुंचाने बेहतर कार्य करें - कलेक्टर
सीएसपीडीसीएल के इंजिनियर और वेंडर को तालमेल बेहतर करने के निर्देश
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना हितग्राही परिचर्चा का आयोजन
बलौदाबाजार, 8 अक्टूबर 2025
हितग्राहियों को विस्तृत जानकारी देने तथा आपसी समन्वय बेहतर करने के उद्देश्य से बुधवार को बलौदाबाजार जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रधनमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना हितग्राही परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस परिचर्चा में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी सहित सीएसपीडीसीएल के अधिकारी, वेंडर एवं हितग्राही शामिल हुए।
कलेक्टर श्री सोनी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जनहितैषी एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने वाला योजना बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को फायदा पहुंचाने कहा। उन्होने सीएसपीडीसीएल के इंजीनियरों को निर्देश किया कि सोलर पेनल वेंडरो एवं हितग्राहियो से निरंतर सम्पर्क स्थापित करें और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका उचित निराकरण करें। उन्होने सोलर पैनल स्थापित करने वाले वेंडरों की रैकिंग लिस्ट बनाने कहा ताकि लोगों को पता चल सकें कि किस वेंडर के द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होने अच्छा काम करने वाले वेंडरो को सम्मानित कराने की भी बात कही। इस दौरान कलेक्टर श्री सोनी ने वेंडरो से उनकी समस्या और सुझाव को सुनकर उचित निरकारण करने अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने लोन लेने के इच्छुक हितग्राहियो को बैंक से लोन लेने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए लीड बैंक मैनेजर को बैंको से आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कुछ हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किये। बलौदाबाजार के नीलकंठ साहु ने बताया कि लगभग 3 माह पहले उन्होंने योजना के तहत अपने घर में सोलर पैनल लगवाया है। पहले 1500 से 1700 तक बिजली बिल भरना पड़ता था लेकिन अब मुश्किल से 50- 60 रुपये ही आ रहा है। इसीतरह भुवन सिंह ठाकुर ने भी बताया कि पहले 3500 रुपये बिजली बिल आता था लेकिन अब बहुत कम आ रहा है।
बताया गया कि जिले को योजना के तहत जिले को 12000 हितग्राहियों के घर में सोलर पेनल लगाने का लक्ष्य मिला है जिसके विरुद्ध अब तक 1700 आवेदन प्राप्त हुए है और से 331 हितग्राहियों के घर में सोलर पैनल स्थापित किया गया है।योजना के तहत उपभोक्ताओं को आकर्षक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा एक किलोवाट सोलर सिस्टम पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार तथा तीन किलोवाट से दस किलोवाट तक के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन ने भी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त 30 हजार रुपए की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इस प्रकार तीन किलोवाट तक के संयंत्र पर केंद्र की 78 हजार और राज्य की 30 हजार रुपए की दोहरी सब्सिडी उपलब्ध है। योजना को और सुगम बनाने के लिए 20 से अधिक बैंक और वित्तीय संस्थान छह से सात प्रतिशत की ब्याज दर पर सोलर लोन भी उपलब्ध करा रहे हैं, जिसके अंतर्गत परियोजना लागत का 90 प्रतिशत तक वित्तपोषण संभव है।
144 लीटर अवैध विदेशी मदिरा जब्त
8 अक्टूबर 2025
बलौदाबाजार जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा की जब्ती के संबंध में बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग की टीम द्वारा वृत्त लवन अंतर्गत ग्राम जुड़ा में दबिश देकर 144 बल्क लीटर (800 पाव नग) अवैध विदेशी मदिरा गोवा व्हिस्की (नॉन-ड्यूटी पेड) जब्त की गई। जब्त मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य 96 हजार रूपए आंका गया है।
आरोपी परमेश्वर खूंटे निवासी ग्राम जुड़ा (थाना लवन) के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2), 59(क) एवं 36 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। बलौदाबाजार जिले में अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग की टीम द्वारा जांच-पड़ताल और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अग्निवीर थलसेना भर्ती हेतु निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण
बलौदाबाजार, 7 अक्टूबर 2025
भारतीय अग्निवीर थलसेना भर्ती में लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यार्थियों के लिए जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार द्वारा निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के वे आवेदक जिन्होने अग्निवीर की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है और उक्त प्रशिक्षण में भाग लेना चाहते है, वे इच्छुक आवेदक 17 अक्टूबर 2025 तक अग्निवीर थलसेना के ऑनलाईन पंजीयन फार्म एवं आधार कार्ड के साथ जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार में उपस्थित होकर अपना नाम दर्ज करा सकते है।
त्यौहारी सीजन में फिल्ड पर क़ानून व्यवस्था दुरुस्त रखें -कलेक्टर
कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
बलौदाबाजार 7 अक्टूबर 2025
कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार क़ो समय -सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने आगामी दीपाली सहित अन्य त्योहारों में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में क़ानून व्यस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर ने कहा कि तहसीलदार,सचिव व कोटवार अलर्ट मोड़ पर रहे,प्रति दिन ऑल ओके रिपोर्ट लें। सभी एसडीएम शांति समिति की बैठक आयोजित करें। बड़े आयोजन जिसमें अधिक लोगों के एकत्रित होने की संभावना हो उसके लिए अनुमति लेना अनिवार्य करें। मीना बाजार या अन्य मेला आयोजन पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन में छूटे हुए किसनों का पंजीयन शीघ्र कराने के निर्देश क़ृषि विभाग के अधिकारियों को दिये। इसीतरह डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं भौतिक सत्यापन कार्य जल्द पूर्ण करने राजस्व विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में लक्ष्य के विरुद्ध पैनल स्थापना की समीक्षा करते हुए सीएसडीसीएल के अधिकारियो को आवेदक एवं वेंडर की बैठक कराने तथा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने योजना के लाभ के बारे में जानकारी देने सम्मलेन आयोजित करने भी कहा।
कलेक्टर ने लोक कल्याण योजना के तहत प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अभिलेख तैयार करने एवं नगरीय निकायों में ठेले गुमटियों के लिए वेंडिंग जोन निर्धारित करने कहा। उन्होंने सड़क पर दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों, लोक सेवा गारंटी, सीपीग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, शिकायत शाखा, आदि कर्मयोगी अभियान, रजत महोत्सव,समय -सीमा के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते एवं अवध राम टंडन सहित सभी एसडीएम,जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें
बलौदाबाजार। जिले में अक्टूबर माह की असामान्य बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही वर्षा से खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे धान की खड़ी फसल पर भूरा माहो, ब्लास्ट, शीथ ब्लाइट और बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट जैसे रोग तेजी से फैल रहे हैं।
धूप नहीं निकलने से पौधे कमजोर हो रहे हैं, और कीटनाशकों के बार-बार उपयोग के बावजूद किसानों को राहत नहीं मिल रही।
पिछले पंद्रह दिनों से बीमारियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। ज्यादा बारिश के कारण धान के पौधे पीले पड़ने लगे हैं और लागत में भारी वृद्धि हो रही है। सब्जियों की फसलें जैसे लौकी, टमाटर, भिंडी और बैंगन भी प्रभावित हैं, जिनकी जड़ें गलने लगी हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार यह समय धान के लिए बेहद संवेदनशील है, क्योंकि अधिकांश फसलें बाली और फूल की अवस्था में हैं। लगातार नमी से परागण प्रभावित हो रहा है, जिससे उत्पादन 25–30% तक घट सकता है।
सरकार ने 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की घोषणा की है, लेकिन खेतों में नमी रहने से समय पर धान मंडियों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
कलेक्टर ने की एग्रीस्टेक पंजीयन एवं धान खरीदी तैयारी की समीक्षा
बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर 2025
कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार को क़ृषि, खाद्य, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर छूटे हुए किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन एवं आगामी खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य में धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने छूटे हुए किसानों का शीघ्र पंजीयन पूर्ण कराने एवं सुचारु रूप से धान खरीदी के लिए आवश्यक तैयारी के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि अब तक सर्वाधिक किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन बलौदाबाजार -भाटापारा जिले में हुआ है फिर भी कुछ किसान पंजीयन के लिए छूटे है। इनमे नगरीय निकाय, अन्य राज्यों के एप्प में पंजीयन एवं वनाधिकार पत्र वाले किसान शामिल हैं। उन्होंने समितिवार छूटे हुए किसानों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने आगामी खरीफ सीजन हेतु समर्थन मूल्य में धान खरीदी की तैयारी के लिए समितियों एवं संग्रहण केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था, धान उठाव, निगरानी, किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने बताया कि इस बार लगभग 39 नये खरीदी केंद्र बनाए जा रहे है। नवीन केंद्रों में भी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
गांव-गांव, घर-घर में खेल संस्कृति स्थापित करना है : बृजमोहन
सांसद खेल महोत्सव को लेकर समीक्षा बैठक में बेहतर आयोजन के दिये निर्देश
बलौदाबाजार । सांसद खेल महोत्सव 2025 अंतर्गत रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक लगभग 13 विधाओं में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। रायपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जिले के सिमगा, भाटापारा एवं बलौदाबाजार में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 7 से 11 अक्टूबर 2025 तक़ होंगे। जिले में सांसद खेल महोत्सव आयोजन के सम्बन्ध में गुरुवार को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की और बेहतर आयोजन हेतु जरुरी निर्देश दिये।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल एवं फिट इंडिया का वातावरण बनाना तथा ग्रामीणों में खेल के प्रति उत्साह व रूचि पैदा करना है। उन्होने कहा कि बलौदाबाजार -भाटापारा जिले के तीन विकासखंड रायपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आते है। तीनो विकासखंड से अधिक से अधिक संख्या में लोगों का पंजीयन कराएं। क्यूआर कोड से ऑनलाइन पंजीयन 6 अक्टूबर तक करा सकते हैं। उन्होंने अलग-अलग खेल के लिए तीनो विकासखंड में स्थान चिन्हांकित करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इस खेल महोत्सव में निजी स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी सक्रिय भागीदारी करने कहा।
जिले से 30 हजार से अधिक खिलाड़ियों के पंजीयन का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि, यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि युवाओं में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करेगा।
सांसद खेल महोत्सव में पुरुष एवं महिला वर्ग एवं 9 से 19 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इसमें खो-खो, कुश्ती, बालीबॉल, भारोत्तोलन, तैराकी, शरीर सौष्ठव, शतरंज, फुगड़ी, कबड्डी, गेड़ी दौड़, रस्सा -कस्सी एवं रस्सी कूद खेल में प्रतियोगिता होगी। विकासखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र में से प्रत्येक खेल से आयु वर्गवार महिला एवं पुरुष विजेता प्रतिभागी एवं दल का चयन किया जाएगा। तृतीय चरण में लोकसभा रायपुर क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड स्तर पर विजेता खिलाडी रायपुर लोकसभा क्षेत्र सांसद खेल महोत्सव 2025 में शामिल होंगे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन,भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील सहित विभिन्न विभागों के अधिकरी, आलोक अग्रवाल, रितेश श्रीवास्तव, प्रणव अवस्थी उपस्थित रहे।
छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाला शिक्षक गिरफ्तार
बलौदाबाजार । जिले से एक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जहां थाना सिमगा क्षेत्र के एक विद्यालय में अध्ययनरत नाबालिक छात्राओं के साथ जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर छेड़छाड़ करता था। आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी देवलाल साहू (52 वर्ष) निवासी ग्राम बनसांकरा, थाना सिमगा पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में धारा 74 बीएनएस एवं 9(G), 10, 11, 12(VI), 12 पाक्सो एक्ट के तहत 03 अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
आरोपी पुलिस की हिरासत में
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश के बाद कार्यवाही करते हुए थाना सिमगा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने छात्राओं से प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर छेड़खानी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को रविवार को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।