छत्तीसगढ़ / नारायणपुर
स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र में मनाया गया किसान दिवस
रजत जयंती विशेष सप्ताह में वरिष्ठ नागरिक सम्मान सम्मेलन आयोजित
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती अवसर पर वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने हेतु 12 से 19 दिसम्बर तक विशेष सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 16 दिसम्बर को जिला स्तर पर वरिष्ठ नागरिक सम्मान सम्मेलन का आयोजन जिला पंचायत प्रांगण में किया गया।
सम्मेलन में जिले के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान स्वरूप शॉल एवं वृद्धछड़ी प्रदान कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई, जिसके तहत श्रवण बाधित तीन दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र तथा 80 प्रतिशत अस्थिबाधित एक दिव्यांग को बैटरी चालित ट्रायसायकल प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और सुविधा प्रदान करना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पहुंचविहिन गांव लंका में विद्युतीकरण कर ग्राम वासियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें - कलेक्टर ममगाईं
नोडल अधिकारी धान खरीदी केन्द्र का नियमित रूप से निरीक्षण करने के दिए निर्देश
जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्दों में शौचालय निर्माण पूर्ण करने के निर्देश
नारायणपुर, 16 दिसम्बर 2025
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न विकास तथा निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने निर्देशित किया। कलेक्टर ने जिले में अवागमन को सुगम बनाने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। धान खरीदी केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्रों में बारदाना सहित सभी व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ममगाईं ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धान खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि खरीदी कार्य सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित हो सकंे। जिले के पहुंचविहिन गांव लंका में विद्युतीकरण कर ग्राम वासियों को लाभान्वित करने के निर्देश विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्दों में शौचालय बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क निर्माण कार्य, घरेलू ंिहंसा, नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को कार्यशील बनाये जाने हेतु समयबद्ध कार्य योजना के क्रियान्वयन, नवगठित पैक्स के पैक्स कम्प्यूटराईजेशन हेतु डीएलआईएमसी द्वारा प्रस्ताव पारित, भूमि विवाद, बेजा कब्जा, कृषि भूमि पर अवैध कब्जा, आर्थिक मुआवजा, अभिलेखों का विनिष्टीकरण, बालक आश्रम गारपा में सोलर लाईट सिस्टम, पेंशन, जी.पी.एफ., ग्रेजुएटी एवं एरियस का समाधान करने, राजस्व सर्वेक्षण की प्रगति, नक्सल पीड़ित परिवार हेतु अनुकंपा, सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति, राशन कार्ड, समग्र शिक्षा के तहत् स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों, नियद नेल्लानार योजनांतर्गत सड़क, बोर खनन, सोलर प्लेट, बिजली के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने विगत 05 वर्षों से प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा हेतु राजस्व वसूली प्रमाण पत्र जारी कर राशि की वसूली, नियद नेल्लानार क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में नवीन मद के रूप में प्रावधान के परिपेक्ष्य में 08 लाईवलीहुड कॉलेज भवन निर्माण एवं लाईवलीहुड कॉलेज नारायणपुर में 50 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति, आयल पाम पौधा के अंतर्गत अनुदान दिलाने, आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शालाओं में शिक्षकों की उपस्थिति, पेंशन, आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु अतिरिक्त आधार ऑपरेटरों की तैनाती, पीडब्ल्यूडी द्वारा संचालित सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ममगाईं ने राशन व आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि रजिस्ट्री विवादों के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन गांव की ओर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिला स्तर अधिकारियोें को जिम्मेदारियां दिया गया है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, सुनिल कुमार सोनपिपरे, सौरभ दीवान, सहायक आयुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
साकरीबेड़ा एनीकट निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत
छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा नारायणपुर जिले के विकासखण्ड-नारायणपुर के साकरीबेड़ा एनीकट निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ 5 लाख 41 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत जल संवर्धन, निस्तारी, पेयजल एवं किसानों के द्वारा स्वयं के साधन से 60 हेक्टेयर खरीफ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो जाएगा। योजना के निर्माण कार्य कराने जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग जगदलपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
दिव्यांग छात्र छात्राओं को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण
जिला स्तरीय परामर्शदात्री बैंकर्स कमेटी की समीक्षा बैठक 15 दिसम्बर को
दिव्यांग छात्र छात्राओं को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण
जिले में 05 दिसम्बर तक हुई 14 हजार 162 क्विंटल धान की खरीदी
नारायणपुर, 08 दिसम्बर 2025
राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर प्रदेश सहित जिले में गत 05 दिसम्बर तक जिले के पंजीकृत किसानों से विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों के जरिये अनवरत रूप से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में इन केन्द्रों में किसानों के धान का उपार्जन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के धान खरीदी केन्द्रों में 05 दिसम्बर तक 14 हजार 162 क्विंटल धान की खरीदी की गयी है, जिसमें धान खरीदी केन्द्र एड़का में 2443.6 क्विंटल, गढ़बेंगाल में 3099.2 क्विंटल, ओरछा में 1804.9 क्विंटल, कोहकामेटा में 0.00 क्विंटल, बासिंग में 0.00, छोटेडोंगर में 1137.6 क्विंटल, झारा में 26.8 क्विंटल, कन्हारगांव में 00.8 क्विंटल, सोनपुर में 28.4 क्विंटल, चांदागांव में 32.0, दण्डवन में 0.00 क्विंटल, नारायणपुर में 2894.0 क्विंटल, धौड़ाई में 627.6 क्विंटल, बेनूर में 514.4 क्विंटल और बाकुलवाही में 2051.6 क्विंटल, बिंजली में 4.00 क्विंटल, कुकड़ाझोर में 350.4 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। इसके साथ ही इन धान खरीदी केन्द्रों में बारदानों की पर्याप्त मात्रा पहुंचाया जा रहा है।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्या निराकरण करने दिलाया भरोसा
नारायणपुर, 08 दिसम्बर 2025
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवो से पहुंचे लोगों से मुलाकात किया। उन्होंने मुलाकात कर उनकी मांगो एवं समस्याओं और शिकायत संबंधी आवेदनों का निराकरण कराने भरोसा दिलाया एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आज जनदर्शन में फुलेश्वरी बघेल ग्राम गौरवण्ड द्वारा रोजगार हेतु, समस्त ग्रामवासी ग्राम पंचायत हिकुल द्वारा प्राथमिक शाला केन्द्र एवं आंगनबाड़ी केन्द्र खुलवाने तथा सोलर डयूल पम्प स्वीकृति करने, पुष्पादानी एड़का रोड बखरूपारा द्वारा पेंशन जी.पी.एफ ग्रेजुएटी एवं एरियस का समाधान करने, दुष्यंत कुमार बंजारे शासकीय स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय द्वारा शासकीय आवास में मरम्मत कार्य करवाने, हेमन्त साहू निवासी ग्राम तेलसी द्वारा मेरे शासकीय भूमि पर लगभग 40 वर्षो से मकान बनाकर काबिज भूमि है उस भूमि का फर्जी पट्टा बना लिया गया है
जिसकी जांच कर फर्जी तरीके से बने पट्टे को निरस्त करने, समस्त ग्रामवासी ग्राम कोटेनार द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराने, सरपंच ग्राम पंचायत नेडनार द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराने, सोमनाथ धनेलिया ग्राम बोरण्ड द्वारा ग्राम बोरण्ड में हेण्डपंप खनन करने, सरपंच ग्राम पंचायत हान्दावाडा द्वारा सड़क निर्माण करवाने, आंगनबाड़ी केन्द्र खोलवाने, समस्त ग्रामवासी ग्राम गोहड़ा द्वारा स्वास्थ केन्द्र और स्कुल खेल मैदान मिडिल स्कुल भवन एवं पशु चिकित्सा भूमि आरक्षित के संबंध, सरपंच ग्राम पंचायत बाकुलवाही द्वारा सी.सी सड़क निर्माण कार्य स्वीकृति प्रदाय करने, समस्त ग्रामवासी ग्राम कुंदाडी द्वारा आंगनबाड़ी के संबंध में, मंगलराम गावड़े ग्राम ओरछा द्वारा माह जून 2025 जुलाई अगस्त सितम्बर 2025 का अप्राप्त मासिक वेतन आहरण करने, सरपंच ग्राम पंचायत रायनार द्वारा धान पंजीयन नही होने, सरपंच ग्राम पंचायत ताडोपाल द्वारा ग्राम खड़कागांव गोमटेपारा हेतु द्वितीय श्रेणी सड़क स्वीकृति करने, जुगुल कोर्राम ग्राम आतरगांव द्वारा लंबित राशि का भुगतान कराने, राजेश कुमार पटेल ग्राम महिमा गवाड़ी द्वारा लंबित राशि का भुगतान कराने एवं प्रवीण जैन पार्षद माड़ीन देवी वार्ड द्वारा जिले में रेत खदाने आबंटित न होने के कारण शासकीय विद्यालय कार्यो में अवरोध 181-25 प्रति घन मीटर की दर विसंगति और अनुचित पेनाल्टी पर रोक लगाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। जनदर्शन में 20 प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने गंभीरतापूर्वक सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने के लिए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया।
पारदर्शी व्यवस्था से खुशहाल किसान—3100 रुपये समर्थन मूल्य से नंद कुमार ने जताया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार
नारायणपुर,02 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही पारदर्शी और किसान हितैषी धान खरीदी व्यवस्था ने किसानों के चेहरे पर संतोष और भरोसे की नई चमक ला दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के दौरान नारायणपुर जिले के 17 उपार्जन केंद्रों में बारदाना, छाया, पेयजल, मेडिकल किट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। खरीदी प्रक्रिया को ज्यादा सहज और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है, जिससे किसानों को अब लंबी कतारों और अनावश्यक प्रतीक्षा से मुक्ति मिल रही है। वहीं नोडल अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग के कारण किसानों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। धान विक्रय के बाद भुगतान भी दो दिनों के भीतर किसानों के खातों में अंतरित किया जा रहा है, जिससे उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा।
नारायणपुर जिले के माहका धान खरीदी केंद्र में अपना धान बेचने पहुंचे किसान नंद कुमार शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की इस व्यवस्था की सराहना की। पाँच एकड़ खेत में इस वर्ष 60 क्विंटल धान का उत्पादन करने वाले श्री शर्मा ने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मानक से किसानों को वास्तविक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने प्रक्रिया को आसान बना दिया है और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाएँ संतोषजनक हैं।
श्री नंद कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग खेती-बाड़ी सुधार और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में करने की बात कही।
केंद्र में मौजूद अन्य किसानों ने भी धान खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसी सुविधाएँ आने वाले वर्षों में भी जारी रहेंगी और सरकार के प्रयासों से किसानों का विश्वास निरंतर बढ़ता रहेगा।
अंतागढ़-नारायणपुर क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग हुई पूरी
अंतागढ़-नारायणपुर 46 किलोमीटर लंबी सड़क उन्नयन के लिए भूमिपूजन
137 करोड़ रूपए की लागत से होगा उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण
मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री भोजराज नाग और विधायक श्री विक्रम उसेण्डी ने किया भूमिपूजन
नारायणपुर , 27 नवम्बर 2025

अंतागढ़-नारायणपुर क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को सरकार ने पूरी कर दी है। वन, पर्यावरण, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में 46 किलोमीटर लंबी इस सड़क के उन्नयन कार्य का आज ग्राम ताड़ोकी में आयोजित कार्यक्रम में भूमिपूजन किया गया। इस सड़क निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 136 करोड़ 77 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। भूमिपूजन समारोह की अध्यक्षता विधायक अंतागढ़ श्री विक्रमदेव उसेण्डी द्वारा की गई तथा सांसद कांकेर श्री भोजराज नाग विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित थे।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के नागरिकों के लिए जीवनरेखा साबित होगी। इस सड़क निर्माण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश में तीव्र गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराया जा रहा है, जिसमें सभी मतदाताओं को जिन्हें बीएलओ द्वारा फार्म उपलब्ध कराए गए हैं, वे उसे भरकर समय-सीमा में बीएलओ के पास जमा करावें। मंत्री श्री कश्यप ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विकास कार्यों को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। माओवाद की चुनौतियों के कारण विकास कार्यों में जो बाधाएं थीं, उन्हें सरकार दूर कर रही है। केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च 2026 तक नक्सल उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान का 3100 रूपए प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है। तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जा रहा है। सरकार द्वारा चरण पादुका योजना को फिर से शुरू की गई है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 05 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में चहूंमुखी विकास हो रहा है। क्षेत्र के विकास के लिए यह सड़क वरदान सिद्ध होगी। इससे आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस सड़क निर्माण के अलावा रेल लाईन का निर्माण भी इस अंचल के विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेल लाईन बिछाई जा रही है, वर्तमान में ताड़ोकी तक रेल लाईन बिछाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए शुरू कीए गई महतारी वंदन योजना के तहत पात्र सभी महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
अंतागढ़ विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से अंतागढ़-नारायणपुर के बीच आवागमन सुगम होगा, जिससे कृषि, व्यापार, शिक्षा एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार होगा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव से शहरों की दूरी घट गई है, गांव-गांव सड़कें बन रही हैं, जिसका फायदा हर क्षेत्र को मिल रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत नारायणपुर के अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ मनोरमा मण्डावी, नगर पंचायत अंतागढ़ अध्यक्ष राधेलाल नाग, मुख्य वन संरक्षक राजेश चंदेले, श्री महेश जैन, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैकरा, लोक निर्माण विभाग संभाग भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता महेन्द्र कश्यप, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं आशुतोष डड़सेना, जिला परिवहन अधिकारी ऋषभ नायडू सहित जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
वन मंत्री श्री कश्यप ने ‘अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन’ के 5 वें संस्करण का पोस्टर किया विमोचन
मैराथन का आयोजन 25 जनवरी 2026 को
रायपुर, 07 नवम्बर 2025
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत खोड़गांव में आयोजित कार्यक्रम में अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के 5 वें संस्करण के पोस्टर का विमोचन किया। यह मैराथन अबूझमाड़ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, झरनों, झीलों, स्थानीय जनजातीय जीवन शैली और समृद्ध लोक संस्कृति को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा। अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का आयोजन 25 जनवरी 2026 को किया जाएगा, इसमें 21 किलोमीटर की मुख्य दौड़ आयोजित होगी, जिसके विजेताओं को लाखों रुपए के नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर अनमोल है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने और इसे उत्सव सम्पन्न कराने की अपील की, ताकि मैराथन को ऐतिहासिक और सफल स्वरूप दिया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इन्द्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधिगण, नगर पालिका के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत जिले के श्रद्धालु से 10 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित
नारायणपुर, 30 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 27 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक कामाख्या देवी मंदिर, नवगृह मंदिर, विशिष्ट मुनि आश्रम, उमानंद मंदिर एवं शंकर देव कला क्षेत्र, गुवाहाटी के लिए तीर्थयात्रा कार्यक्रम किया जाएगा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जिला स्तरीय समिति की बैठक 24 अक्टूबर को आयोजित की गई थी। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार जिले को निर्धारित कुल 110 तीर्थयात्रियों के लक्ष्य के अंतर्गत जनपद पंचायत नारायणपुर, जनपद पंचायत ओरछा तथा नगर पालिका नारायणपुर को हितग्राहियों की संख्या आवंटित की गई है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि तीर्थयात्रा हेतु अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होते हैं, तो नियम 04 के अंतर्गत आवेदकों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिक 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु, विधवा तथा परित्यक्त महिलाएँ आवेदन करने की पात्र होंगी। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर चयनित तीर्थयात्रियों की सूची निर्धारित 10 नवंबर 2025 तक तैयार किया जाएगा।
विशेष गहन पुनरीक्षण पर 31 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय में बैठक का किया जाएगा आयोजन
नारायणपुर, 30 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का कार्य 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ किया गया है। इस पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा हेतु 31 अक्टूबर 2025 को प्रातः 10 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में बैठक का आयोजित किया जाएगा।
अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया है कि वे स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से निर्धारित तिथि एवं समय पर बैठक में उपस्थित हों, ताकि निर्वाचन कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की जा सके।
बस्तर ओलंपिक 2025 :विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में तिथियों तथा स्थान संशोधन, अब 10 नवंबर से होगा आयोजन
नारायणपुर, 30 अक्टूबर 2025
पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जाना है। विकासखण्ड एवं जिला स्तर बस्तर ओलंपिक आयोजन हेतु तिथि व स्थान निर्धारित किया गया है जिसमें विकासखण्ड स्तरीय आयोजन विकासखण्ड नारायणपुर को पूर्व में दो स्थान छोटेडोंगर में 12 एवं 13 नवंबर, 2025 को तथा नारायणपुर में 17 एवं 18 नवंबर, 2025 को निर्धारित किया गया था। पूर्व निर्धारित स्थान एवं तिथि में संशोधित करते हुए विकासखण्ड नारायणपुर में विकासखण्ड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 10 एवं 11 नवंबर को परेड ग्राउंड कीड़ा परिसर मैदान नारायणपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विकासखण्ड नारायणपुर के समस्त ग्रामीण एवं शहीर क्षेत्र के खिलाड़ी सम्मिलित होंगे। विकासखण्ड ओरछा अंतर्गत आयोजन विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिता पूर्व निर्देशानुसार यथावत् आयोजित किया जाएगा। साथ ही जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक पूर्व निर्धारित तिथि 20 एवं 21 नवंबर को संशोधित करते हुए दिनांक 13 एवं 14 नवंबर, 2025 को परेड ग्राउंड कीड़ा परिसर मैदान, नारायणपुर में आयोजित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कच्चापाल में किया बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की विशेष पहल
नारायणपुर । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने, बस्तर संभाग के जनजातीय बहुल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से “बस्तर ओलंपिक 2025” का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल में किया। इस अवसर पर ईरकभट्टी और कच्चापाल के ग्रामीण महिलाओं के मध्य रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित किया गया, जिसमें ईरकभट्टी के महिलाओं ने बाजी मारी। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर ओलंपिक 2025 के टीशर्ट का वितरण किया। यह प्रतियोगिता विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर तीन चरणों में आयोजित होगी। बस्तर ओलंपिक 2025 में बस्तर संभाग में 03 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया है, जिसमें नारायणपुर में 47 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग, जनपद उपाध्यक्ष ओरछा मंगडूराम नूरेटी सरपंच कच्चापाल रजमा नूरेटी, जनपद सदस्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 25 अक्टूबर से 5 नवंबर तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 5 से 15 नवंबर तक और संभाग स्तरीय आयोजन 24 से 30 नवंबर तक होगा। बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसी खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस ओलंपिक में जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) और सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक) के युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही दिव्यांग खिलाड़ी और आत्मसमर्पित नक्सली भी सीधे संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी, शील्ड और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सुदूर संवेदनशील ग्राम कच्चापाल में ग्रामीणों के साथ किया संवाद
सीआरपीएफ कैम्प में जवानों से मुलाकात कर किया उत्साहवर्धन
नारायणपुर, 25 अक्टूबर 2025






उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने बस्तर संभाग के प्रवास पर आज नारायणपुर जिले के सुदूर संवेदनशील वनांचल ग्राम कच्चापाल पहुंचे। जहां उन्होंने सीआरपीएफ के कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने कैम्प में जवानों से मुलाकात कर जवानों द्वारा कठिन परिस्थितियों में भी नक्सल मोर्चे पर उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कच्चापाल में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। कच्चापाल के सरपंच श्रीमती रजमा नुरेटी ग्राम के जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत में कुल नौ गांव आते है, जिसकी जनसंख्या 1235 है। कच्चापाल तक नियद नेल्ला नार योजना से पक्की सड़क पहुंच चुकी है, जिससे जिला मुख्यालय तक आवागमन सुगम हो गया है। जिससे गांव में अब आर्थिक विकास तीव्र गति से हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गांव में कैंप खुलने के बाद यहां वृहद स्तर पर परिवर्तन आया है। कई सालों तक जो क्षेत्र नक्सल आतंक से बिजली, पेयजल, सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं से वंचित थे एवं युवाओं को हिंसा और भय का सामना करना पड़ता था अब यहां सुख, शांति और समृद्धि वापस आ रही है। लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। ग्रामीण अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और विकास अब गांवों तक पहुंच रहा है। शासन इसके लिए सही नियत से लगातार आदिवासी भाई बहनों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वाहन किया की यदि कोई युवा हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होना चाहता है तो उन्हें प्रोत्साहित करें शासन ने ऐसे लोगों के लिए संवेदनशील पुनर्वास नीति बनाई है उसका लाभ लें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नियद नेल्ला नार, इलवद ग्राम जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रहीं हैं, जिससे वनांचल वासियों के घर घर तक विकास पहुंच रहा है।
पीएम आवास निर्माण का उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम कच्चापाल में प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों के निर्माणाधी मकानों का भी निरीक्षण किया। जहां हितग्राही विदग्रही चंद्रिका वडडे एवं सोनाय बाई से उन्होंने योजनान्तर्गत राशि प्राप्ति और भवन निर्माण की जानकारी ली। जिसमें हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें पीएम आवास के साथ स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय निर्माण के लिए सहायता भी प्राप्त हुई है। निरीक्षण करते हुए होटल संचालिका श्रीमती यशोदा के दुकान पहुंचकर दुकान में सामग्रियों का जायजा लिया और होटल में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ यशोदा के होटल के व्यंजनों का भी स्वाद लिया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड का भी वितरण किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी रॉबिंसन गुड़िया, जनपद उपाध्यक्ष ओरछा श्री मंगडूराम नूरेटी, कुंदला के सरपंच श्री रामजी ध्रुव, सरपंच कच्चापाल श्रीमती रजमा नूरेटी, जनपद सदस्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।