स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र में मनाया गया किसान दिवस
नारायणपुर |
2025-12-24 11:57:02
स्वच्छता पखवाड़ा 16 से 31 दिसंबर 2025 के अंतर्गत आज कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर में किसान दिवस मनाया गया साथ ही भारत शासन के ‘विकसित भारतदृ जी राम जी विधेयक’ के बारे मे जागरूक किया गया। उक्त आयोजन का उद्देश्य किसानों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना तथा स्वच्छ और समृद्ध कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना रहा।
इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ दिब्येन्दु दास द्वारा उपस्थित कृषकों का स्वागत एवं बधाई देते हुये किसानों को खेत, पशुपालन इकाइयों, जलस्रोतों तथा आसपास के वातावरण की स्वच्छता बनाए रखने के विषय में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि स्वच्छ वातावरण से न केवल मानव स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है, बल्कि फसलों की उत्पादकता एवं गुणवत्ता में भी वृद्धि होती है। प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, कचरा प्रबंधन, वर्मी-कम्पोस्ट, स्वच्छ जल उपयोग तथा स्वच्छ आवास पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण विधेयक का उद्देश्य के बारे मे बताते हुये कहा गया कि ग्रामीण रोजगार नीति को अधिकार-आधारित सामाजिक सुरक्षा ढांचे से हटाकर एक मिशन-आधारित, अवसंरचना-केंद्रित मॉडल की ओर ले जाता है। इस विधेयक में रोजगार दिवसों की वृद्धि और विकासोन्मुख दृष्टिकोण जैसे सकारात्मक पहलू हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप मे उपस्थित लिंगो कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ रत्ना नशीने ने कृषको को उद्बोधन करते हुये कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, देश का हर व्यक्ति किसी न किसी तरह अन्नदाता पर ही निर्भर है। बारिश, घूप, ताप, धूल सब कुछ सहकर किसान अनाज उगाता है। जिसके लिए उनका जितना सम्मान किया जाए, उतना कम ही है। इसीलिए आज, हमारे पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की जयंती के मौके पर किसान को सम्मान देने के लिए आज किसान दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम के बाद कृषकों को केवीके परिसर मे स्थित प्रदर्शन इकाइयां जैसे कड़कनाथ पालन, बटेर पालन बकरी पालन, गाय पालन, मछली सह बतख पालन, केंचुआ खाद उत्पादन इकाई, कस्टम हायरिंग, मशरूम उत्पादन इकाई, उद्यानिकी नर्सरी एवं कड़कनाथ व बटेर अंडा हैचिंग इकाई आदि इकाइयों का भ्रमण कराया गया। यह कार्यक्रम केवीके के श्री इंद्र कुमार केमरो (कार्यक्रम सहायक), कृषि महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकगण, केंद्र के श्री राकेश साहू, श्री राजेश साहू, श्री जयराम वड्डे, श्री रवित कुमार व अन्य कर्मचारीगण, आसपास के कृषक एवं स्व- सहायता समूह कि महिलाओं कि उपस्थिती मे सम्पन्न हुआ।
कच्छप/सुरेश्वर/1249