छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

अधूरा प्रोजेक्ट: 11 साल से चल रहा प्रोजेक्ट, पूरा हुआ तो 102 गांवों तक पहुंचेगा पानी

 बिलासपुर। कोटा ब्लॉक के भैंसाझार में अरपा नदी पर 1,141 करोड़ रुपये की लागत से अरपा भैंसाझार प्रोजेक्ट का निर्माण 2013 से चल रहा है। अब तक 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। ठेकेदार की ओर से मुख्य नहर के साथ ही शाखा नहरों का निर्माण किया जा रहा है।

इसके बनते ही जिले के तीन ब्लॉक के 102 गांवों के करीब 25 हजार हेक्टेयर खेतों तक खरीफ फसल के लिए पानी पहुंचेगा। जल संसाधन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का दावा है कि इस साल के अंत तक प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। परियोजना का शिलान्यास पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवानी ने 2013 में किया था।

शुरुआत में इसकी लागत 606 करोड़ रुपये थी। निर्माण कार्य जल संसाधन संभाग कोटा के द्वारा अनुबंध क्रमांक डीएल 07/ 13.09.2013 किया गया था। इसकी निर्माण एजेंसी राधेश्याम अग्रवाल/ सुनील अग्रवाल है। योजना का उद्देश्य बिलासपुर जिले के तीन ब्लॉकों के 102 गांवों के 25 हजार हेक्टेयर में पानी पहुंचाना है।

शीर्ष कार्य का निर्माण पूरा हो गया है। अब तक 370.55 किलोमीटर नहर में से सिर्फ 329.46 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो सका है। ठेकेदार ने सकरी तक नहर बनाई है। इसके बाद बिल्हा ब्लॉक के कुछ गांव और तखतपुर में करीब 41.9 किलोमीटर नहर का निर्माण होना है।

इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम होना है। राज्य शासन ने बैराज का विस्तार करते हुए 25 नवंबर 2024 को पुनरीक्षित स्वीकृति 1,141.90 करोड़ रुपये कर दी है। इसके एवज में ठेकेदार को अब तक 317.59 करोड़ रुपये का भुगतान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image