छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

वर्षा का प्रभाव, अब एक नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलेगा अचानकमार टाइगर रिजर्व

 बिलासपुर। बरसात के कारण 15 अक्टूबर से अचानकमार टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए नहीं खुल सका। अब इसे एक नवंबर से खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी ने अनुमति दे दी है। वर्षा की समाप्ति के बाद पर्यटक मार्ग की मरम्मत, सभी पर्यटक वाहनों में मरम्मत कार्य एवं बैगा रिसार्ट शिवतराई की सुंदरीकरण के लिए स्थानीय कलाकारों से गोंड़ चित्रकला के माध्यम से तैयारियां कराई जा रही हैं।

1 जुलाई से था पर्यटकों के लिए बंद

 

बरसाती सीजन में एक जुलाई से अचानकमार टाइगर रिजर्व को पर्यटकों के भ्रमण के लिए बंद कर दिया जाता है। इसके बाद एक नवंबर को खोला जाता है। इस बार प्रबंधन 15 दिन पहले खोलने की सोच रहा था। हालांकि उनका यह निर्णय बरसात की स्थिति पर निर्भर था। सड़क मरम्मत करने के लिए बरसात के थमने का इंतजार है। हालांकि मौसम विभाग ने मानसून की विदाई होने की सूचना जारी कर दी है। इसलिए माना जा रहा है कि दो से तीन दिन के भीतर मार्ग की मरम्मत शुरू हो जाएगी। मालूम हो कि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए छह-छह सीटर की सात, नौ सीटर दो योद्धा वाहन और 22 सीटर एक मिनी बस है।
 

अब नई वेबसाइट से आनलाइन बुकिंग

 

जंगल सफारी व शिवतराई रिसार्ट स्थित बैगा रिसार्ट के कमरों की आनलाइन बुकिंग कार्य को सरल बनाने अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने नई आधिकारिक वेबसाइट बनाई है। जंगल सफारी और बैगा रिसार्ट की बुकिंग पूरी तरह नए वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी।
 

एटीआर का नया लोगो जारी

 

इसके साथ ही एक नई पहचान और ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई सोच और विचार से बना अचानकमार टाइगर रिजर्व का नया लोगो तैयार किया गया है। छत्तीसगढ़ की हरियाली और अचानकमार टाइगर रिजर्व के नैसर्गिक साल पेंच में स्वाभिमान से विचरण कर रहे बाघ की शान को नए लोगो में दर्शाया गया है। इस नए लोगो का विमोचन वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिर्वतन मंत्री केदार कश्यप ने किया था।
 

एटीआर में हैं 10 बाघ

 

 

अचानकमार टाइगर रिजर्व में 10 बाघ हैं। फेस-फोर मानिटरिंग के अनुसार इस संख्या की पुष्टि हुई है। इसके साथ मेलानिस्टिक तेंदुआ का साधारण तेंदुआ के साथ एक अनोखी फोटो भी अचानकमार टाइगर रिजर्व से उपलब्ध हुई हैं। इसके अलावा बाइसन, भालू, चीतल समेत कई प्रजाति के वन्य प्राणी टाइगर रिजर्व के जंगल में विचरण करते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image