MP: छतरपुर में पुजारी की हत्या मामले में जेल से छूटा ही था, अब पिता का किया मर्डर, खाट की पाटी से कुचला सिर
छतरपुर: जिले के गढ़ीमलहरा में एक बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने अपने पिता के सिर पर लकड़ी के बल्ले से तब तक वार किए जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। हत्या का आरोपी पहले भी एक पुजारी की हत्या के मामले में जेल जा चुका था।यह खौफनाक वारदात गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र की है। यहां नरेंद्र रैकवार नाम के एक व्यक्ति ने अपने ही पिता पूरन रैकवार की लकड़ी के बल्ले से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि नरेंद्र पहले भी हत्या के मामले में जेल की सजा काट चुका है। हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने पिता के शव को घसीटकर घर के पीछे बाड़े में फेंक दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी
पुलिस को जब इस घटना की जानकारी मिली तो नौगांव एसडीओपी चंचलेश मरकाम पूरी टीम को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
आरोपी पुजारी की हत्या मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी नरेंद्र रैकवार पहले भी गढ़ीलहरा के काली माता मंदिर के पुजारी की हत्या के मामले में जेल जा चुका था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि नरेंद्र का अपने पिता से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था।
ऐसे पकड़ाया फरार हत्यारा
पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने पिता की टैक्सी लेकर फरार हो गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।