ऊर्जा मंत्री ने प्रदूषण मुक्त करने का लिया संकल्प: सड़कों पर उतरकर खुद ही की सफाई, खराब आबोहवा के चलते हुआ था प्रद्युम्न तोमर के बड़े भाई का निधन
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने बड़े भाई देवेंद्र सिंह तोमर की याद में एक नई पहल की है। मंत्री ने सोमवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने पाताली हनुमान से कांच मील तक ग्रीन कारीडोर बनाने के अभियान की शुरुआत की है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने खुद सड़क की धूल, मिट्टी और कचरा साफ करने के साथ-साथ पेड़ों पर जमी धूल की भी सफाई की है। मंत्री तोमर ने कहा कि खराब आबोहवा (लंग्स इंफेक्शन, फेफड़ों के संक्रमण) के चलते उनके बड़े भाई साहब देवेंद्र सिंह तोमर का निधन हुआ था। इस तरह की बीमारियां जन्म न लें, इसके लिए वो हर संभव प्रयास करेंगे।
इसी के तहत उन्होंने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त कर हरा-भरा शहर बनाने का संकल्प लिया। इस संकल्प के लिए ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को पाताली हनुमान मंदिर से अभियान की शुरुआत की है। शहर की सड़क की धूल-मिट्टी के साथ-साथ पेड़ों पर जमी धूल खुद ही साफ की। इस दौरान उन्होंने रहवासियों और दुकानदारों से भी सहयोग की अपील की है।