देश-विदेश

अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर, स्वाति मालीवाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस का एक्शन

 नई दिल्ली: 

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के निवास पर पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) से कथित रूप से मारपीट को लेकर गुरुवार को एक एफआईआर दर्ज की. केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार (Bibhav Kumar) पर उनसे मारपीट करने का आरोप है. रात में दिल्ली पुलिस बिभव कुमार के घर पहुंची लेकिन वे वहां मौजूद नहीं थे. घर पर उनकी पत्नी मिलीं. स्वाति मालिवाल ने बिभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. मालीवाल देर रात में एम्स पहुंचीं. वहां उनका मेडिकल परीक्षण हो सकता है ,

अधिकारियों के मुताबिक अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार को मामले में आरोपी बनाया गया है. राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले को लेकर बिभव कुमार को शुक्रवार को तलब किया है.

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीएस कुशवाह के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ने स्वाति मालीवाल का बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने मध्य दिल्ली में स्थित मालीवाल के आवास पर उनका बयान दर्ज किया. पुलिस की टीम चार घंटे से अधिक समय तक उनके आवास पर रही.

अधिकारियों के अनुसार बिभव कुमार पर सिविल लाइंस पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल), धारा 506 (आपराधिक धमकी), धारा 509 (किसी महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से कोई शब्द बोलना या कोई इशारा करना) और धारा 323 (हमला करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

बीजेपी इस घटना पर राजनीति नहीं करे : स्वाति मालीवाल

स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर गुरुवार को चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा कि, बीजेपी को इस घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे साथ जो हुआ, वह बहुत बुरा था. मेरे साथ हुई घटना पर मैंने पुलिस को अपना बयान दिया है. मुझे आशा है कि उचित कार्रवाई होगी. पिछले दिन मेरे लिए बहुत कठिन रहे हैं. जिन लोगों ने प्रार्थना की, उनका धन्यवाद करती हूं. जिन लोगों ने मेरा चरित्र हनन करने की कोशिश की और कहा कि मैं दूसरे पक्ष के कहने पर ऐसा कर रही हूं, भगवान उन्हें भी खुश रखे.''

उन्होंने कहा कि देश में अहम चुनाव चल रहा है और स्वाति मालीवाल जरूरी नहीं है, देश के मुद्दे जरूरी हैं. मालीवाल ने कहा, ‘‘भाजपा के लोगों से विशेष आग्रह है कि इस घटना पर राजनीति न करें.''

सूत्रों ने बताया कि, स्वाति मालीवाल ने अपनी पुलिस को दी गई शिकायत में बिभव कुमार को मुख्य आरोपी बताया है, जिन्होंने कथित तौर पर मालीवाल पर तब हमला किया था जब वह सोमवार को केजरीवाल से मिलने गई थीं.

अरविंद केजरीवाल ने चुप्पी साधी

अरविंद केजरीवाल गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के साथ संवाददाता सम्मेलन के लिए लखनऊ पहुंचे थे. इस दौरान उनसे जब इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. ‘आप' सांसद संजय सिंह ने जवाब दिया कि उनकी पार्टी ने पहले ही इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है.

जब केजरीवाल सवाल टाल रहे थे तो अखिलेश यादव ने माइक ले लिया और कहा, ‘‘इससे भी महत्वपूर्ण बातें हैं.'' इसके बाद उन्होंने कागज का एक टुकड़ा दिखाया और कहा, ‘‘बीजेपी के लोग किसी के साथ नहीं हैं, यह एक ‘गिरोह' है जो झूठे मामले दर्ज कराता है.''

अरविंद केजरीवाल द्वारा मालीवाल मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करने के बाद लखनऊ में सोमवार को बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘आप' के संयोजक केजरीवाल पर निशाना साधा.

Leave Your Comment

Click to reload image