किस तरह से स्टूडेंट वीजा पर कनाडा में घुस रहे भारतीय अपराधी, समझ लीजिए पूरा खेल
नई दिल्ली : मई में, कनाडा के इमिग्रेशन मिनिस्टर मार्क मिलर ने दावा किया था कि ओटावा स्टूडेंट वीजा पर देश में एंट्री करने वाले लोगों के रिकॉर्ड की गहन जांच करता है। मिलर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के एक बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि कनाडा ने नई दिल्ली के अनुरोध पर कुछ नहीं किया है। जयशंकर ने कहा था कि ऐसे लोगों को वीजा, वैधता या राजनीतिक स्थान न दिया जाए, जो हमारे संबंधों के लिए समस्याएं पैदा कर रहे हैं। जयशंकर की टिप्पणी कनाडा के अधिकारियों की तरफ से पिछले साल जून में खालिस्तान अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के आरोप में तीन भारतीय नागरिकों पर आरोप लगाए जाने के बाद आई थी। संदिग्धों की पहचान करण बरार (22), कमलप्रीत सिंह (22) और करणप्रीत सिंह (28) के रूप में हुई थी। बताया गया कि तीनों स्टूडेंट वीजा पर कनाडा में दाखिल हुए थे। बेशक, इस समय भारत यह दावा करने के लिए उत्सुक था कि निज्जर की हत्या एक आपराधिक गिरोह की प्रतिद्वंद्विता का नतीजा थी और कनाडा भारतीय नॉन स्टेट एक्टर्स पर दोष मढ़ना चाहता था। हालांकि, पीछे मुड़कर देखने पर, मार्क का खंडन सटीक नहीं लगता है क्योंकि प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी के एक कनाडाई सीनेटर के अनुसार, विदेशी नागरिक अपने देश से 'पुलिस सर्टिफिकेशन' के बिना आसानी से स्टूडेंट वीजा प्राप्त कर सकते हैं। खुफिया सूचनाओं का हवाला देते हुए मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बरार सहित पंजाब के आठ अपराधी और गैंगस्टर हाल के वर्षों में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा में दाखिल हुए हैं।
कनाडा के नियम क्या कहते हैं
कनाडा के इमिग्रेशन मानदंडों के अनुसार, स्थायी निवास, नागरिकता या वर्किंग हॉलिडे वीज़ा के लिए आवेदन करने वाले लोगों के लिए उनके होम कंट्री से पुलिस सर्टिफिकेट अनिवार्य है। इस नियम का उद्देश्य कनाडाई अधिकारियों को आवेदक के मूल देश में संभावित आपराधिक इतिहास के बारे में पहले से चेतावनी देना है।