फतेहपुर में गांव के बाहर दिखा तेंदुआ! वायरल फोटो से दहशत, बाहर निकलने से कतराने लगे लोग
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार की देर रात तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत पैदा हो गई। दरअसल, एक युवक ट्रैक्टर से जा रहा था। इस दौरान खेत से निकलकर सड़क किनारे तेंदुआ घूम कर रहा था। चालक ने फोटो खींचकर सोशल मीडिया में वायरल करते हुए ग्रामीणों को सावधान रहने को कहा है। उधर, वन विभाग के अधिकारी तेंदुआ देखे जाने की बात से इनकार कर रहे हैं। फिर भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वायरल पोस्ट में सावधान रहने की लिखी बात
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर गांव निवासी रंजीत पटेल शनिवार की देर रात करीब साढ़े 10 बजे ट्रैक्टर लेकर वापस घर लौट रहा था। इस बीच जैसे ही रंजीत मलवा थाना क्षेत्र के गंगा कटरी स्थित गुनीर गांव किनारे पहुंचा, तभी खेत से निकलकर तेंदुआ सड़क किनारे आ गया।