देश-विदेश

भारतीय सेना के 307 होवित्जर तोपों को लेकर टेंडर में बड़ा अपडेट, इस कंपनी ने लगाई सबसे कम बोली

नई दिल्ली: पुणे की कंपनी भारत फोर्ज लिमिटेड को भारतीय सेना के लिए 307 DRDO-विकसित ATAGS होवित्जर तोप खरीदने के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी घोषित किया गया है। यह सौदा 6,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का है। इस सौदे के तहत, भारत फोर्ज 307 तोपों में से 60 फीसदी खुद बनाएगा। वहीं दूसरी सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड बाकी 40 फीसदी तोपों का निर्माण करेगी।

भारत फोर्ज ने लगाई सबसे कम बोली

रक्षा सूत्रों ने बताया कि दोनों कंपनियों की कमर्शियल बोली हाल ही में खोली गईं, जिसमें भारत फोर्ज सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनकर उभरी है और उसे ऑर्डर का बड़ा हिस्सा मिलेगा। यह ऑर्डर रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) विकसित स्वदेशी हथियार सिस्टम के लिए एक बड़ी सफलता होगी। ये बिडिंग खोलने से पहले भारतीय सेना ने टाटा के उन गाड़ियों की टेस्टिंग किया था जिनका इस्तेमाल सीमावर्ती क्षेत्रों में होवित्जर को ले जाने के लिए किया जा सकता है।

जानिए क्या है प्लान

यह देश में तोपों की पहली बिक्री भी होगी क्योंकि होवित्जर को पहले ही आर्मेनिया जैसे साथी विदेशी देशों को निर्यात किया जा चुका है। उपकरण निर्माता अब अफ्रीकी बाजार पर ध्यान केंद्रित करते हुए अन्य मित्र देशों को निर्यात करने पर भी विचार कर रहे हैं। चीन और पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमाओं पर तैनाती के लिए 307 उन्नत टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS) का ऑर्डर चालू वित्तीय वर्ष में दिए जाने की उम्मीद है। स्वदेशी 155 मिमी, 52 कैलिबर होवित्जर को DRDO द्वारा दो निजी भागीदारों टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और भारत फोर्ज लिमिटेड के साथ मिलकर मिशन मोड में विकसित किया गया था।

2023 में हुई थी होवित्जर की टेस्टिंग

रक्षा मंत्रालय को भारतीय सेना से चीन और पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमाओं पर तैनाती के लिए 307 ATAGS होवित्जर तोप खरीदने का प्रस्ताव मिला था। ATAGS का परीक्षण 26 अप्रैल से 2 मई, 2023 के बीच पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज (PFFR) में पूरा किया गया था। ATAGS एक स्वदेशी टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम प्रोजेक्ट है जिसे DRDO की ओर से भारतीय सेना के आर्टिलरी माडर्नाइजेशन कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में मिशन मोड में शुरू किया गया था।

Leave Your Comment

Click to reload image