संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति... शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, जानिए सीएम नीतीश-हेमंत ने क्या कहा
नई दिल्ली: जानी-मानी लोक गायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि उनका जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार कोकिला शारदा सिन्हा के निधन पर गहरा शोक जताया है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी शारदा सिन्हा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि शारदा सिन्हा का चले जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई शायद ही कभी पूरी हो पाएगी।
शारदा सिन्हा के निधन पर शोक की लहर
पद्म भूषण से सम्मानित 72 वर्षीय शारदा सिन्हा मैथिली और भोजपुरी गानों के लिए जानी जाती हैं। उनके चर्चित गानों में 'विवाह गीत' और 'छठ गीत' शामिल हैं। गीत-संगीत में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। शारदा सिन्हा को कुछ दिन पहले बीमारी के चलते दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटीलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था। शारदा सिन्हा के पुत्र अंशुमन सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदा सिन्हा के निधन पर गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!