देश-विदेश

बीजेपी में दागी नेताओं का 'कीटनाशक' से होगा इलाज! नितिन गडकरी के बयान के मायने क्या हैं

नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बीजेपी में 'दागी' नेताओं की घुसपैठ पर चिंता व्यक्त की है। बीजेपी का कहना है कि बीजेपी केंद्र से लेकर कई राज्यों की सत्ता में काबिज है। साथ ही पार्टी तेजी से आगे बढ़ रही है। एक टीवी चैनल से बातचीत में वरिष्ठ बीजेपी नेता ने दागी और भ्रष्ट नेताओं की तुलना रोगग्रस्त फसलों से की। साथ ही उन्होंने संगठन में ऐसी सफाई के लिए कृषि की तर्ज पर 'कीटनाशक के छिड़काव' करने का आह्वान किया। अब सवाल है कि आखिर गडकरी का वो कीटनाशक क्या है जिससे दागी नेताओं का इलाज होगा।

अच्छी फसल के साथ बीमारियां भीं

केंद्रीय मंत्री और नागपुर से सांसद गडकरी ने कहा की बीजेपी के तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे फसल बढ़ती है, उसके साथ बीमारियां भी बढ़ती हैं। बीजेपी के पास बहुत सारी फसलें हैं, जो अच्छी पैदावार देती हैं और कुछ बीमारियां भी लाती हैं, इसलिए हमें ऐसी बीमार फसलों पर कीटनाशकों का छिड़काव करना पड़ता है।

अपनी बातचीत में आगे, गडकरी ने भाजपा की अखंडता को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया, खासकर तब जब पार्टी राजनीतिक रूप से अलग-अलग दलों से आए लोगों की सदस्यता में वृद्धि देख रही है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं की तरफ से नए लोगों को वैचारिक ट्रेनिंग देने की आवश्यकता की भी बात कही।

तब हजारों के प्रयास व्यर्थ हो जाते हैं

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। अलग-अलग कारणों से नए लोग आ रहे हैं। उन्हें ट्रेनिंग देना, विचारधारा देना और कार्यकर्ता बनाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास जारी हैं। एक हजार कार्यकर्ता खड़े होते हैं, लेकिन कभी-कभी एक कार्यकर्ता कुछ कह देता है और उन हजार कार्यकर्ताओं के प्रयास व्यर्थ हो जाते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने भारतीय संविधान में निहित धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों पर भी जोर देते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन को धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कभी धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकता, लेकिन राज्य, सरकार और प्रशासन को धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए। 

Leave Your Comment

Click to reload image