देश-विदेश

रूस को बड़ी सफलता, चीन में Su-57 लड़ाकू व‍िमान ने अपने करतब से उड़ाए होश, मिला पहला ग्राहक, भारत तो नहीं?

मास्‍को: चीन के झुहाई एयर शो में अपने शानदार कलाबाजी से दुनिया का दिल जीतने वाले रूस के सुखोई-57 स्‍टील्‍थ फाइटर जेट को पहला ऑर्डर मिल गया है। रूस की सरकारी हथियार निर्माता कंपनी रोसोबोरोनेएक्‍सपोर्ट ने ऐलान किया है कि उसे पहला ऑर्डर मिला है लेकिन उसने खरीदार देश के नाम का ऐलान नहीं किया। रूस की सरकारी न्‍यूज एजेंसी इंटरफैक्‍स ने भी 13 नवंबर को ऐलान किया कि सुखोई-57 का पहला समझौता हो गया है। रूस के इस खरीदार देश का नाम नहीं बताने से अटकलों का बाजार गरम हो गया है। भारत से लेकर अफ्रीकी देशों के नाम बाजार में तैर रहे हैं। आइए समझते हैं कि आखिर कौन सा देश हो सकता है जिसने रूस के इस सबसे आधुनिक फाइटर जेट को खरीदने के लिए ऑर्डर दिया है। वह भी तब जब अमेरिकी प्रतिबंधों का खतरा मंडरा रहा है।

रोसोबोरोनेएक्‍सपोर्ट के प्रमुख अलेक्जेंडर मिखीव ने कहा, 'सैन्‍य तकनीक सिस्‍टम को नए तरीके के हथियार और सैन्‍य उपकरण को बाजार में लाना चाहिए। सुखोई-57 की जहां तक बात है तो हमने इस एयरक्राफ्ट के लिए पहले ही हस्‍ताक्षर कर लिया है।' उन्‍होंने खरीददार देश के नाम का ऐलान नहीं किया जिससे अटकलों का बाजार सोशल मीडिया में गरम हो गया है। कई सैन्‍य विश्‍लेषकों का कहना है कि रोसोबोरोनेएक्‍सपोर्ट के चीफ का बयान इस बात की पुष्टि है कि यह डील हो चुकी है। वहीं कुछ अन्‍य व‍िश्‍लेषकों का कहना है कि यह रूस का प्रोपेगेंडा भी हो सकता है। 

Leave Your Comment

Click to reload image