आज का मौसम और AQI 16 नवंबर 2024: दिल्ली-NCR में सर्दी की दस्तक, यूपी घने कोहरे के साथ राजधानी में बढ़ा प्रदूषण, जानिए अपने इलाके का AQI
आज का मौसम और AQI 16 नवंबर 2024: कश्मीर की वादियों में हो रही बर्फबारी का असर दिल्ली-NCR जैसे मैदानी इलाकों में देखने को मिल रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी और बिहार में ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने पहले ही 15 नवंबर से ठंड की दस्तक का पूर्वानुमान जारी किया था। जो अब सच साबित होता दिख रही है। मौसम विभाग की मानें तो 20 नवंबर के बाद से दिल्ली और यूपी में तापमान तेजी से नीचे आएगा। वहीं राजधानी दिल्ली में ठंड की दस्तक के साथ ही प्रदूषण का कहर भी देखने को मिल रहा है। प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली में ग्रैप-3 लागू कर दिया गया लेकिन अभी भी कई इलाकों में AQi 400 के पार दर्ज किया गया। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम?
दिल्ली में पड़ने लगा कोहरा
दिल्ली की सर्दी के लिए थोड़ा इंतजार बाकी है। कोहरे की हल्की चादर के बीच लोगों को शुक्रवार सुबह-शाम कुछ ठंड जरूर महसूस हुई मगर दिन की धूप ने तापमान गिरने नहीं दिया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ऊपर था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ऊपर 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 21 नवंबर तक आसमान साफ रहेगा। हालांकि सुबह, शाम और रात को हल्के कोहरे या स्मॉग का सामना करना पड़ेगा। 18 नवंबर से तापमान ज्यादा गिरेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 16 नवंबर से 21 नवंबर तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में जरूर सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है।
इस बीच कोहरे को लेकर अलर्ट भी नहीं है। शाम को हल्का कोहरा रहने की उम्मीद है। शनिवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 17 को यह 29 डिग्री और 15 डिग्री रहेगा। 18 नवंबर से तापमान में गिरावट आनी शुरू होगी। 18-19 को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 14 रहने का अनुमान है। इसके बाद 19 और 20 नवंबर को यह 26 डिग्री और 13 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह से शीतलहर का रूप ले लिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार, 16 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में देर रात या सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विशेष रूप से, मुरादाबाद मंडल और आसपास के इलाकों में आज सुबह कोहरा छाया रहने की उम्मीद है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे की स्थिति को बढ़ाएगी। वहीं, पश्चिमी पहाड़ों से आ रही सर्द हवा तापमान में लगातार गिरावट ला रही है।
18 नवंबर तक राजस्थान में छाया रहेगा घना कोहरा
उत्तर भारत में सर्दी का आगमन हो चुका है और राजस्थान भी इससे अछूता नहीं रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आ गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण राजस्थान का मौसम भी प्रभावित हो रहा है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से, पश्चिमी राजस्थान में 18 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।