देश-विदेश

पीएम मोदी को नाइजीरिया में मिला बड़ा सम्मान, द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर से नवाजा

नई दिल्ली: पीएम मोदी इस समय अफ्रीकी देश नाइजीरिया के दौरे पर हैं। इस दौरान नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पुरस्कार- द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर (GCON) से सम्मानित किया। इससे पहले यह सम्मान सिर्फ महारानी एलिजाबेथ को ही मिला है। ऐसे में पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी नेता हैं। इससे पहले 1969 में ब्रिटेन की महारानी को इससे सम्मानित किया गया था। यह किसी देश की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला 17वां ऐसा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार होगा।

पीएम का गर्मजोशी से स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में नाइजीरिया पहुंचे। उनके आगमन पर, संघीय गणराज्य नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में संघीय राजधानी क्षेत्र के मंत्री न्येसोम एज़ेनवो वाइक ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। वाइक ने प्रधानमंत्री मोदी को अबुजा शहर की 'चाबी' भेंट की। यह चाबी नाइजीरिया के लोगों द्वारा प्रधानमंत्री को दिए गए विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।

दोनों देशों के बीच चर्चा

प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए नाइजीरिया में द्विपक्षीय चर्चा करने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 नवंबर से 21 नवंबर तक तीन देशों नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बयान जारी कर संकेत दिया कि राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर उनका पहला पड़ाव नाइजीरिया में होगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना है। 

Leave Your Comment

Click to reload image