चीन CPEC का बनाने जा रहा नया विकल्प! पाकिस्तान को लगेगा बड़ा झटका, चीनी इंजीनियरों पर हमले से भड़का ड्रैगन
बीजिंग: पाकिस्तान में चीन के प्रोजेक्ट सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन पाकिस्तान में चीनी इंजीनियरों और नागरिकों पर हमला होता रहता है। इसके अलावा चीन के प्रोजेक्ट को भी आतंकी निशाना बनाते हैं। इससे परेशान होकर ड्रैगन ने अब चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) का नया विकल्प खोजा है। यह खबर पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका है। दरअसल चीन ईरान से तेल मंगाने के लिए अफगानिस्तान में एक सड़क बनाने का प्लान किया है। यह तेल आयात के लिए अधिक विश्वसनीय और सुरक्षित मार्ग होगा।
न्यूज-18 की रिपोर्ट के मुताबिक चीन पाकिस्तान में चीनी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तानी जनरलों से नाराज है। बार-बार आतंकी हमलों को रोकने में वह नाकाम रहे हैं। इसके अलावा चीनी अधिकारियों ने ग्वादर में 65 अरब डॉलर से जुड़े फंड और बजट में भ्रष्टाचार पर भी रोष जताया है। चीन कथित तौर पर अब ईरान के साथ जुड़ने वाली सड़क बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। ऐसा इसलिए ताकि वह ईरान का तेल एक सुरक्षित रास्ते से ला सके।
गेम चेंजर होगा रास्ता?
अक्टूबर में कराची एयरपोर्ट पर आत्मघाती हमला हो या दासू बांध में चीनी इंजीनियरों की गाड़ी पर आतंकी हमला, हर बार पाकिस्तान सिक्योरिटी देने में विफल रहा है, जिससे चीन तंग आ चुका है। अक्टूबर में हुए हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। BLA ने पाकिस्तान और चीन बलूचिस्तान के शोषण का आरोप लगाया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीन का यह गलियारा 'गेम-चेंजर' होगा। इससे न केवल तेल का आयात बढ़ेगा, बल्कि एक नए व्यापारिक मार्ग को नया आकार मिल सकता है।
अमेरिका से लड़ाई की तैयारी?
यूट्यूब पर शॉन रयान शो में CIA की एजेंट सारा एडम्स ने चीन की ईरान तक रोड को लेकर थ्योरी दी थी। उन्होंने कहा था कि चीन अफगानिस्तान के साथ दोस्ती बढ़ाने में लगा है। हर किसी को लगता है कि वह अफगानिस्तान में लिथियम के लिए है। लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने बताया था कि चीन अफगानिस्तान के जरिए ईरान तक रास्ता चाहता है। ताकि अगर कभी अमेरिका से युद्ध हो तो उसकी तेल सप्लाई न रुके। ईरान और अफगानिस्तान का रास्ता उसके लिए सबसे सुरक्षित होगा।