राहुल गांधी ने बाइडेन को लेकर की मेमोरी लॉस वाली टिप्पणी, NMO ने सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली: नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन भारत (एनएमओ) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चुनाव के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पर की टिप्पणियों पर निराशा व्यक्त की है। इन टिप्पणियों में राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को लेकर मेमोरी लॉस वाली टिप्पणी की थी। ऐसे में इसको लेकर संगठन नाराज है और राहुल गांधी पर जो बाइडेन की कांगिटिव क्षमताओं का अपमान करने का आरोप लगाया है।
'विपक्ष के नेता के लिए ऐसी टिप्पणी अशोभनीय'
एनएमओ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. सीबी त्रिपाठी द्वारा जारी पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा गया है, "राहुल गांधी द्वारा एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के बारे में ऐसी टिप्पणी करना निराशाजनक है। वह उनसे उम्र में काफी वरिष्ठ और बड़े हैं। राहुल गांधी का यह व्यवहार हमारे बुजुर्गों का सम्मान करने की भारतीय संस्कृति के बिल्कुल विपरीत है। विपक्ष के नेता के लिए ऐसी टिप्पणी अशोभनीय है। यह उनमें समझ और संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है।"
एनएमओ ने राहुल गांधी को दी चेतावनी
एनएमओ भारत ने आगे चेतावनी दी कि इस तरह के बयानों से गलत सूचना फैलने का जोखिम हो सकता है। उन्होंने कहा, "सार्वजनिक मंच पर इस तरह के बयानों से गलत सूचना फैलने का जोखिम बना रहता है। साथ ही आम धारणा को भी इस तरह से बनाया जा रहा है कि यह वास्तविक रोगियों की समझ और उपचार को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है। याददाश्त खोना, या संज्ञानात्मक (कांगिटिव) गिरावट, कई चिकित्सा परिस्थितियों से उत्पन्न हो सकती है। इसमें अल्जाइमर रोग, उम्र से संबंधित मनोभ्रंश जैसे न्यूरोडीजेनेरेटिव विकार या यहां तक कि तनाव या आघात से जुड़ी भूलने की बीमारी जैसी बीमारियां भी शामिल हैं।