देश-विदेश

चीन के एक और रक्षामंत्री पर बड़ा ऐक्‍शन, राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग ने डोंग जुन के खिलाफ बैठाई जांच,

बीजिंग: चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गए हैं। उनके खिलाफ पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में जांच हो रही है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी गई है। चीन में रक्षा क्षेत्र में करप्शन ने बीते कुछ समय में दुनिया का ध्यान खींचा है। डोंग चीन के लगातार तीसरे सेवारत या पूर्व रक्षा मंत्री हैं, जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच की जा रही है। डोंग जुन को 11 महीने पहले, दिसंबर 2023 में रक्षा मंत्री बनाया गया था।

डोंग जुन से पहले ली शांगफू चीन के रक्षा मंत्री थे। ली को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते पद से हटना पड़ा था। ली शांगफू को आरोप लगने पर महज सात महीने में ही पद से हटा दिया गया था। ली शांगफू से पहले वेई फेंगहे चीन के रक्षा मंत्री थे। उन पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। पद से हटने के बाद उनकी जांच शुरू हुई थी। एक के बाद एक रक्षा मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों से चीनी सेना की छवि को भी धक्का लगा है।

चीनी आर्मी में भ्रष्टाचार की जांच

यह पूरा मामला पीपुल्स लिबरेशन आर्मी में भ्रष्टाचार की व्यापक जांच का हिस्सा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति जिनपिंग ने पीएलए में भ्रष्टाचार की जांच के लिए बड़े स्तर पर अभियान छेड़ रखा है। इसी अभियान की जद में अब रक्षा मंत्री डोंग आए हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि डोंग जुन पर किस तरह के भ्रष्टाचार के आरोप हैं। चीन के वॉशिंगटन स्थित दूतावास ने इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। 

Leave Your Comment

Click to reload image