Fact Check: महाराष्ट्र की हार के बाद संजय राउत ने बंद कमरे में बजाया हारमोनियम? जानिए क्या है वीडियो की सच्चाई
नई दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी को इस बार तगड़ा झटका लगा। चुनाव नतीजों में उन्हें केवल 57 सीटें आईं। सबसे ज्यादा सीटें उद्धव ठाकरे की शिवसेना के खाते में गईं। नतीजों के बाद उद्धव गुट के सांसद संजय राउत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया गया कि संजय राउत इस चुनाव में मिली हार से इतने परेशान हो गए कि बंद कमरे में हारमोनियम बजाने लगे। हालांकि यह दावा बाद में फर्जी निकला।
दावा क्या है?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी की दुर्गति करने वाले संजय राउत ही हैं। महाविकास अघाड़ी की हार पर कई लोगों का यही तर्क है। इस बीच जो वीडियो सामने आया है, उससे अलग ही तस्वीर सामने आई। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले शख्स का दावा है कि महाराष्ट्र में मिली हार के बाद सांसद संजय राउत एक कमरे में हारमोनियम बजा रहे थे। लोग कह रहे हैं कि महाविकास अघाड़ी को हाशिये पर डालने के बाद यह बंदा आराम से हारमोनियम
बजाकर आनंद ले रहा है।
पड़ताल में फर्जी निकला दावा
संजय राउत को लेकर जब पड़ताल की गई तो यह फर्जी निकला। राउत का हारमोनियम बजाता वीडियो चुनाव नतीजों के बाद का नहीं बल्कि 4 साल पुराना है। यह वीडियो 2020 का है। उस समय राउत का हारमोनियम बजाने का वीडियो आया था। यह फोटो तब की है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में भी यह दावा फर्जी पाया गया। जी न्यूज की मानें तो, यह वीडियो संजय राउत की बेटी ने शेयर किया था। उस वक्त कोरोना लॉकडाउन के दौरान, खाली समय में मनोरंजन के लिए यह किया था।