टोल वसूलने में कौन सा राज्य रहा अव्वल, प्राइवेट कंपनियों की कितनी कमाई, नितिन गडकरी ने दी डिटेल
नई दिल्ली :सरकार की तरफ से साल 2000 में राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूलना शुरू करने के बाद से हाईवे यात्रियों ने यूजर फी के रूप में लगभग 2.1 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह केंद्र की तरफ से राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के निर्माण पर किए गए खर्च का एक छोटा सा हिस्सा है। इसके लिए चालू वित्त वर्ष के लिए ही 2.7 लाख करोड़ रुपये का आवंटन अनुमानित है।
मंत्रालय ने गुरुवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि पिछले 24 वर्षों के दौरान, सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड के तहत निर्मित खंडों के लिए प्राइवेट हाईवे निर्माण कंपनियों की तरफ से लगभग 1.4 लाख करोड़ रुपये का टोल एकत्र किया गया है। इन खंडों में, एनएच-48 के गुड़गांव-जयपुर कॉरिडोर ने यूजर्स शुल्क के रूप में लगभग 8,528 करोड़ रुपये लिए गए हैं।
टोल वसूलने में यूपी नंबर 1
जबकि निजी कंपनियों ने हाईवे प्रोजेक्ट में अपने निवेश की भरपाई पीपीपी के तहत खंडों से एकत्र किए गए टोल से करते हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को केवल उन खंडों से टोल मिलता है जो 100% सरकारी फंडिंग से बनाए गए हैं। राज्यों में, सबसे अधिक टोल उत्तर प्रदेश में हाईवे यूजर्स से आया। यूपी में देश में सबसे बड़ा हाईवे नेटवर्क भी है। मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों से कोई टोल राजस्व नहीं मिला।
45 हजार किलोमीटर NH पर टोल
वर्तमान में, लगभग 1.5 लाख किलोमीटर में से लगभग 45,000 किलोमीटर एनएच पर टोल लगाया जा रहा है। सरकार केवल उन हाईवे पर टोल वसूलती है जो कम से कम ढाई लेन के हैं। एनएचएआई रेवेन्यू बढ़ाने के लिए अधिक राजमार्गों को टोल के दायरे में लाने का लक्ष्य रखता है। एक अन्य उत्तर में, मंत्रालय ने निचले सदन को सूचित किया कि पिछले पांच वर्षों में, सरकार ने एनएच के निर्माण और रखरखाव के लिए 10.2 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
1.44 लाख करोड़ रुपये टोल वसूली
सरकार ने दिसंबर 2000 से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित शुल्क प्लाजा पर टोल टैक्स के रूप में 1.44 लाख करोड़ रुपये एकत्र किए हैं। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी यूजर्स टोल प्लाजा नेशनल हाईवे टोल (दरों और संग्रह का निर्धारण) नियम, 2008 और संबंधित कन्सेशन एग्रीमेंट के प्रावधान के अनुसार स्थापित किए गए हैं।
गडकरी ने कहा कि दिसंबर, 2000 से अब तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित टोल प्लाजाओं पर यूजर्स शुल्क के रूप में 1.44 लाख करोड़ रुपये की राशि एकत्र की गई है।