देश-विदेश

विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, राहुल गांधी बोले- उत्तर प्रदेश में फिर से लोकतंत्र और संविधान की हत्या

लखनऊ। बुधवार को यूपी कांग्रेस, उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करने निकली थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई। अब इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। राहुल ने भाजपा सरकार पर संविधान की फिर से हत्या करने का आरोप लगाया।

राहुल बोले- उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है कि भाजपा शासित असम और उत्तरप्रदेश में लोकतंत्र और संविधान की फिर से हत्या हुई है। देश भर में कांग्रेस पार्टी बाबासाहेब और संविधान के समर्थन में सत्याग्रह कर रही है। इस दौरान अत्यधिक पुलिस बल के कारण गुवाहाटी में मृदुल इस्लाम और लखनऊ में प्रभात पांडे, हमारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मृत्यु बहुत दुखद और निंदनीय है। राहुल ने आगे कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय के शोकाकुल प्रियजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन परिवारों को पूरे न्याय का अधिकार है। कांग्रेस के बब्बर शेर सत्य और संविधान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ता के परिजन को आर्थिक सहायता देने का ऐलान
 
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा घेराव में पुलिस की बर्बरता से मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडे को 10 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मृतक प्रभात पांडे के परिवार को 10 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा करने के साथ साथ न्याय दिलाने के लिए हमेशा साथ खड़े रहने की बात कही।

बता दें कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस विधानसभा घेराव के लिए निकली थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस बलों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। प्रदेश के तमाम जिलों से इस प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे नेताओं को पुलिस ने पहले ही रोक लिया था। इसी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय गोरखपुर से लखनऊ आए थे। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जो नुकीली कीलें लगवाई गई थी। इसी में चोट लगने की वजह से कांग्रेस नेता प्रभात पांडेय की मौत हुई।

बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय प्रभात पांडेय पहले, निजी बैंक में काम करता था। कांग्रेस के यूथ कांग्रेस का पदाधिकारी भी रहा था। पांडेय की दो छोटी बहने है। पांडेय अपने परिवार का इकलौत बेटा था। पिता का नाम दीपक पांडेय व मां का नाम माधुरी पांडेय है। प्रभात के चाचा मनीष पांडेय वरिष्ठ टीवी जर्नलिस्ट है।

Leave Your Comment

Click to reload image