देश-विदेश

प्रेमी की शादी हो गई थी तय, फिर प्रेमिका के साथ मिलकर…

वैशाली में प्रेमी-प्रेमिका ने घर के पास स्थित आम के बगीचे में एक साथ गले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली. मृतक प्रेमी की पहचान बिशनपुर बेझा गांव निवासी लालदेव पासवान के पुत्र रतन कुमार और प्रेमिका की पहचान बिशनपुर कन्हौली गांव निवासी नरेश पासवान की पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. घटना महुआ थाना क्षेत्र के विशनपुर बेझा गांव की है. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.

दोनों की मौत

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि रतन एवं चांदनी के बीच पिछले 2 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी, लेकिन गांव का मामला होने के कारण लड़के के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी. इससे दोनों की शादी नहीं होने की उम्मीद देख दोनों मिलने के लिए बगीचे में पहुंचे, जहां दोनों ने साथ जीने मरने की कसम खाते हुए आम के डाली में रस्सी का फंदा डालकर एक साथ लटक गए. दोनों के शव को लटकते देख आस-पास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन जबतक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

गांव में हड़कंप

घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि बुधवार की शाम 5 बजे के करीब लाइन होटल के पास आम के बगीचे में प्रेमी प्रेमिका ने गले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने दोनों के शव को फंदे से उतार कर आनन-फानन में इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

Leave Your Comment

Click to reload image