देश-विदेश

राजस्थान में भीषण हादसे में 5 की मौत, 8 की हालत नाजुक; ब्रेक फेल होने के बाद ट्रेलर ने टेंपो को मारी टक्कर

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं नौ लोग घायल हैं। हादसा गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे हुआ। ब्रेक फेल होने के बाद एक ट्रेलर ने टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार 4 महिलाओं और एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई।

सालेरिया गांव से सवारियां लेकर आया था टेंपो

जानकारी के मुताबिक टेंपो चालक सालेरिया गांव से सवारियां लेकर आ रहा था। वह देवला की तरफ जा रहा था। मगर टेंपो जब मालवा का चौरा पुलिया पर पहुंचा तो अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो में बैठीं सवारियां उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेलर चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे में चार महिलाओं और एक 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। इनमें से चार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं नाबालिग ने अस्पताल में आखिरी सांस ली।

आठ लोग उदयपुर रेफर

हाईवे पेट्रोलिंग ऑफिसर भगवत सिंह झाला के अनुसार टेंपो में कुल 14 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल हुए 9 लोगों में से 8 को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। सभी का इलाज जारी है। हादसे के बाद शव घंटों तक सड़क पर पड़े रहे, जिससे यातायात बाधित हो गया।

पुलिस को मिल चुकी थी ब्रेक फेल होने की सूचना

अधिकारी ने बताया कि ट्रेलर के ब्रेक फेल होने की सूचना पहले ही मिल गई थी। पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की। हालांकि उसने रुकने से पहले ही यह भयानक हादसा कर दिया। हादसे पर स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हादसे की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image