देश-विदेश

'कर्नाटक लुटेरों का अड्डा बन गया, डर में जी रहे लो', भाजपा बोली- सिद्दरमैया सरकार में कानून व्यवस्था खराब

बेंगलुरु। कर्नाटक में बैंक डकैती, गोलीबारी और अन्य गंभीर अपराधों की हालिया घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने शनिवार को कहा कि राज्य लुटेरों का जन्नत बन गया है।

विपक्ष के नेता आर अशोक ने बेंगलुरू के विधान सौध में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था से राज्य की स्थिति खराब हो गई है। यहां के नागरिक लगातार भय में जी रहे हैं। लोगों की रक्षा करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र किया, जिनमें बीदर में एक एटीएम वाहन कर्मचारी की लूट और हत्या तथा मंगलुरु में बैंक बैक डकैती शामिल है।

कर्नाटक में पुलिस का कोई डर नहीं

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पुलिस का कोई डर नहीं है। ये घटनाएं दिखाती हैं कि मुख्यमंत्री सिद्दरमैया का पुलिस बल पर कितना कम नियंत्रण है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी खराब हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों से लुटेरे कर्नाटक में आते है, अपराध कर बसों और ट्रेनों के जरिए भाग जाते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों को खुद की सुरक्षा के लिए छोड़ दिया गया है। पुलिस के पास पिस्तौल नहीं है, जबकि लुटेरे आधुनिक हथियारों से लैस हैं। अशोक ने लव जिहाद, सांप्रदायिक हिंसा और अवैध मवेशी वध जैसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने के लिए सरकार की आलोचना की।

भाजपा ने की मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के खिलाफ मैसुरु जमीन घोटाले में ईडी की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने इस कार्रवाई को ''बड़ी जीत'' करार दिया। उन्होंने कहा कि ईडी की जांच ने मुख्यमंत्री से जुड़े ''बड़े भ्रष्टाचार'' को उजागर किया है।

भाजपा ने शनिवार को मुख्यमंत्री सिद्दरमैया से इस्तीफे की मांग की है। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि ईडी की जांच ने सिद्दरमैया से जुड़े महत्वपूर्ण भ्रष्टाचार को उजागर किया है, जिन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर अवैध रूप से भूखंड आवंटित करने के लिए अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया था।

सिद्दरमैया अपना इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं

भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय है। सिद्दरमैया अपना इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं हैं। पिछले 11 वर्षों से कांग्रेस केंद्र सरकार में सत्ता में नहीं है, फिर भी वे विभिन्न राज्यों में भ्रष्टाचार करते रहते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image