देश-विदेश

माझी सरकार ने अग्निशमन कर्मियों काे दी बड़ी राहत, मकान किराया समेत अन्य भत्तों में की बढ़ोतरी

भुवनेश्वर. मोहन माझी सरकार ने ओडिशा अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को बड़ी राहत दी है. उन्होंने मंगलवार को अग्निशमन सेवा कर्मियों के लिए मकान किराया भत्ता (एचआरए) और अन्य भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक ट्वीट में बताया कि अग्निशमन सेवा कर्मियों के मकान किराया भत्ते को उन अग्निशमन कर्मियों के कल्याण के लिए दिया गया है, जो कठिन परिस्थितियों में लोगों को तुरंत सेवाएं प्रदान करते हैं. घोषणा के अनुसार, आहार भत्ता 900 रुपए से बढ़ाकर 1,400 रुपए कर दिया गया है. इसी तरह अग्निशमन कर्मियों के लिए मोटरसाइकिल भत्ता 300 रुपए से बढ़ाकर 1,050 रुपए, गतिशीलता भत्ता 150 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए और जोखिम भत्ता 400 रुपए से बढ़ाकर 1,000 रुपए कर दिया गया है.

अग्निशमन सेवा कर्मी पीके पाढ़ी ने कहा, “हम ओडिशा सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं, क्योंकि हम लंबे समय से भत्ते में संशोधन की मांग कर रहे थे. भत्ते में वृद्धि के कारण कर्मियों को आहार, मोटरसाइकिल और अन्य भत्ते सहित कुछ लाभ मिलेंगे.” संशोधित भत्ता संरचना से राज्यभर में 6,058 अग्निशमन सेवा कर्मियों को यह लाभ मिलेगा.

Leave Your Comment

Click to reload image