व्यापार

चेन्नई की कंपनी ने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में बांटी 28 कारें और 29 बाइक, शादी के लिए दे रही एक लाख रुपये

नई दिल्ली: दिवाली पर जब भी कर्मचारियों को बड़े गिफ्ट देने की बात आती है, गुजरात के सावजी ढोलकिया का नाम सामने आता है। ये अपने कर्मचारियों को महंगे गिफ्ट देने के लिए जाने जाते हैं। अब ऐसा ही कुछ चेन्नई की एक कंपनी के मालिक ने भी किया है। इसने अपने कर्मचारियों को 28 कारें और 29 बाइक गिफ्ट की हैं। इन कारों के मॉडल में हुंडई, टाटा, मारुति सुजुकी और मर्सिडीज बेंज शामिल हैं।चेन्नई की जिस कंपनी ने ये गिफ्ट दिए हैं, उसका नाम टीम डिटेलिंग सॉल्यूशंस (Team Detailing Solutions) है। यह कंपनी स्ट्रक्चरल स्टील डिजाइन और डिटेलिंग सर्विस से जुड़ा कारोबार करती है। एक अधिकारी के मुताबिक कंपनी ने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को देखते हुए इतनी महंगी चीजें गिफ्ट की हैं। इस कंपनी में करीब 180 कर्मचारी हैं।

कर्मचारी सबसे बड़ी संपत्ति

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीधर कन्नन ने कहा, 'हम कंपनी की सफलता में उनके (कर्मचारियों) अथक प्रयासों के लिए अपनी प्रशंसा दिखाना चाहते थे। हमारा मानना है कि हमारे कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं।'उन्होंने बताया कि कंपनी ने कर्मचारियों के योगदान को उनके प्रदर्शन और कंपनी में कितने साल काम किया है, उसके आधार पर मापा गया है। उन्होंने कहा, 'हमारे कर्मचारियों ने असाधारण प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रदर्शन किया है। हमें उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।'

ऐसे कर्मचारियों का होता है चुनाव

कन्नन ने बताया कि वे ऐसे कर्मचारियों का चयन करते हैं जो गिफ्ट जैसी चीजों से काफी प्रेरित होते हैं। इन कर्मचारियों के लिए कार या बाइक खरीदना एक सपने जैसा होता है। उन्होंने कहा कि वे कर्मचारियों को बाइक उपहार में देते रहे हैं। साल 2022 में उन्होंने दो सीनियर कर्मचारियों को कार गिफ्ट में दी थी।

शादी के लिए भी पैसे दे रही कंपनी

यह कंपनी कर्मचारियों को सिर्फ कार और बाइक ही नहीं, बल्कि शादी के लिए भी पैसे दे रही है। कन्नन ने बताया कि अगर कंपनी का कोई कर्मचारी शादी कर रहा है तो उसे सहायता स्वरूप एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं। पहले यह रकम 50 हजार रुपये थी। इसे इस साल बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। 

Leave Your Comment

Click to reload image