टाटा ग्रुप को टक्कर देने की राह पर अडानी, दोनों के पास बड़ी-बड़ी कंपनियां, इनमें से दुधारू गाय कौन
नई दिल्ली: देश के जब भी बड़े कारोबारी ग्रुप की बात आती है तो इसमें टाटा ग्रुप और अडानी ग्रुप का भी नाम आता है। दोनों ग्रुप की कई कंपनियां बाजार में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। टाटा ग्रुप 150 साल से ज्यादा पुराना है। वहीं अडानी ग्रुप 50 साल पुराना भी नहीं है। लेकिन दोनों ग्रुप की ग्रोथ देखें तो शानदार है। हालांकि अडानी ग्रुप की रफ्तार जिस तेजी से बढ़ी है, वह टाटा ग्रुप को टक्कर देता नजर आ रहा है।
टाटा ग्रुप कई तरह के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसमें आईटी, फैशन, मोटर, स्टील आदि शामिल हैं। वहीं बात अगर अडानी ग्रुप की करें तो इसने खुद को अभी तक गिने-चुने कारोबार तक ही सीमित रखा है। इसमें एयरपोर्ट, पोर्ट्स, ग्रीन एनर्जी, सीमेंट आदि हैं। इसके अलावा टाटा ग्रुप का करोबार दुनिया के कई देशों में फैला हुआ है। वहीं अडानी ग्रुप अपनी दुनियाभर में अपने पैर जमा रहा है और तेजी से फैल रहा है।
टाटा ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी कौन?
टाटा ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) है। इसका मार्केट कैप 14.88 लाख करोड़ रुपये है। यह ग्रुप की किसी भी कंपनी के मुकाबले सबसे ज्यादा मार्केट कैप वाली कंपनी है। टीसीएस एक मल्टीनेशनल टेक्नॉलजी कंपनी है, जो आईटी सेक्टर से जुड़ी है। यह कंपनी 46 देशों में काम करती है। इसके इन देशों में करीब 150 ऑफिस हैं। साल 2024 में इस कंपनी को फॉर्च्यून इंडिया 500 लिस्ट में 7वां स्थान मिला था।
कैसी है शेयर की स्थिति?
टीसीएस शेयर मार्केट में लिस्ट कंपनी है। यह अगस्त 2004 में लिस्ट हुई थी। इसने अभी तक निवेशकों को करीब 3250 फीसदी रिटर्न दिया है। अभी इसके शेयर की कीमत करीब 4031 रुपये है। पिछले एक साल में इसने करीब 19 फीसदी का रिटर्न दिया है।