छत्तीसगढ़ / बालोद
पानी जीवन के लिए अनमोल, बेहतर भविष्य के लिए करें इसका संरक्षण एवं संवर्धन: कलेक्टर
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि पानी मनुष्य सहित संपूर्ण जीव जगत के जीवन की रक्षा हेतु अत्यंत आवश्यक एवं अनमोल है। उन्होंने आम जनता से वर्तमान समय मंे जीवन की रक्षा तथा आने वाले पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए पानी का संरक्षण एवं संवर्धन करने की अपील भी की। कलेक्टर चन्द्रवाल जिला प्रशासन द्वारा बालोद जिले में आज 12 मार्च से 21 मार्च तक चलाए जा रहे जल जतन अभियान के अंतर्गत गुरूर विकासखण्ड के ग्राम डांडेसरा में आयोजित जल जतन पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। चन्द्रवाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत गुरूर के अध्यक्ष सुनीता संजय साहू, जनपद उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू एवं जनपद सदस्य डाॅ. हरिकृष्ण गंजीर, संध्या अजेन्द्र, पंचायत विभाग के उप संचालक आकाश सोनी, ग्राम पंचायत के सरपंच तोमन लाल साहू सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने अधिकारियों के साथ ग्रामीणों के घरों में पहुँचकर एवं गली मोहल्ले में चलकर ग्राम डांडेसरा में पानी के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्राम डांडेसरा में जल जतन अभियान के अंतर्गत बनाए गए सोख्ता गड्ढा, मैजिक पीट आदि का अवलोकन किया।
चन्द्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में पहुँचकर हर घर नल अभियान के अंतर्गत पानी की समुचित आपूर्ति की भी जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को अपने आवश्यकतानुसार पानी का उपयोग करने के पश्चात् नल को बंद करने की समझाईश भी दी। उल्लेखनीय है कि जिले के गुरूर विकासखण्ड में भूजल स्तर काफी नीचे चले जाने के कारण पूरे राज्य में भूजल की उपलब्धता की दृष्टि से गुरूर विकासखण्ड को क्रिटिकल जोन में रखा गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गुरूर विकासखण्ड एवं जिले के भूजल स्तर में वृद्धि करने की दृष्टि से आज 12 मार्च से 21 मार्च तक जल जतन पखवाड़ा चलाया जा रहा है।
इस दौरान जन सहयोग एवं विभिन्न विभागों के सामूहिक भागीदारी से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर ग्रामीणों को पानी के संरक्षण एवं संवर्धन के उपायों की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर चन्द्रवाल ने पिछले वर्ष गुरूर विकासखण्ड के लोगों के द्वारा जल संरक्षण के उपाय सुनिश्चित करने हेतु किए गए बेहतरीन कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के जल जतन अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए गुरूर विकासखण्ड के लोगों ने बहुतायत में ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य फसलों का उत्पादन किया है, जो कि बहुत ही सराहनीय है। इस अवसर पर उन्होंने दलहन एवं तिलहन फसलों के लिए मार्केटिंग की भी व्यवस्था करने की बात कही। चन्द्रवाल ने ग्रामीणों को पानी की महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक घरों में सोख्ता गड्ढा का अनिवार्य रूप से निर्माण करने तथा पानी का उपयोग बहुत ही सोंच समझकर करने को कहा।
इस अवसर पर चन्द्रवाल ने गुरूर विकासखण्ड के सभी गांवों में जल वाहिनी समिति का गठन होने पर प्रसन्न्ता भी व्यक्त की। उन्होंने ग्रामीणों को पानी का बचत कर तथा इसका सदुपयोग कर अपने आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के निर्माण के पूनीत कार्य में अपनी अमूल्य सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर चन्द्रवाल ने उपस्थित लोगों को जल जतन अभियान तथा पानी के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चत करने हेतु शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत डांडेसरा एवं जनपद पंचायत गुरूर के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे ने कहा कि पानी के बिना हम मनुष्यों के अलावा सभी जीव-जंतुओं की जीवन की परिकल्पना करना सर्वथा असंभव है। इसलिए हमारे जीवन को सुरक्षित रखने तथा आने वाले बेहतर भविष्य के लिए पानी का संरक्षण एवं संवर्धन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गुरूर ब्लाॅक के सभी नागरिकों को जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जल जतन पखवाड़ा में अपनी अमूल्य सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने जीवन में पानी के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए सभी को पानी के बचाव के कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को कहा।
कार्यक्रम को जनपद उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू एवं अन्य अतिथियों ने भी संबोधित करते हुए ग्रामीणों को पानी के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान देने तथा जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जल जतन पखवाड़ा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकार उमेश रात्रे एवं आभार प्रदर्शन सरपंच तोमन लाल साहू ने किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के द्वारा फसल चक्र परिवर्तन के कार्य में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कृषकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम मंे स्कूली बच्चों तथा ग्रामीण महिलाओं द्वारा जल संरक्षण के संबंध में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत की प्रस्तुति भी दी गई।
न्यायाधीशों ने किया महिला न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों का सम्मान
बालोद । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के श्यामलाल नवरत्न के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में आयोजित जिला न्यायालय परिसर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्यायाधीशों द्वारा जिला न्यायालय में पदस्थ महिला न्यायाधीशों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के स्टेट प्लॉन ऑफ एक्शन के अनुसार आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से परिवार न्यायालय बालोद के न्यायाधीश योगेश पारीक, किरण कुमार जांगड़े, प्रथम जिला न्यायाधीश बालोद, कृष्ण कुमार सूर्यवंशी, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (विशेष न्यायाधीश) पॉक्सो कोर्ट बालोद, श्रीमती श्वेता उपाध्याय गौर, द्वितीय जिला न्यायाधीश बालोद, संजय कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोद, न्यायाधीश कु. माधुरी मरकाम, जिला अधिवक्ता संघ बालोद के अध्यक्ष अजय साहू एवं सदस्यगण, समस्त न्यायालयीन कर्मचारीगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के कर्मचारीगण तथा समस्त पैरालिगल वालिटियर्स उपस्थित थे।
जिला पंचायत बालोद में श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर अध्यक्ष एवं तोमन साहू उपाध्यक्ष निर्वाचित
बालोद। जिला पंचायत बालोद में दिनांक 08 मार्च 2025 को संपन्न हुए निर्वाचन में श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर को जिला पंचायत अध्यक्ष और तोमन साहू को उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित किया गया। यह चुनाव जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जहां पीठासीन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे की उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई।
दोपहर 10:30 बजे से शुरू हुए इस चुनाव की प्रक्रिया में पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर और श्रीमती पूजा वैभव साहू ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद, मतपत्र तैयार किए गए और मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। मतदान के बाद, श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि श्रीमती पूजा वैभव साहू को 4 मत मिले। इस प्रकार, श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर को जिला पंचायत बालोद का नया अध्यक्ष चुना गया।
इसके बाद, दोपहर 02:00 बजे जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी शुरू हुआ। इस चुनाव के लिए नामांकन पत्र तोमन साहू और मिथलेश निरोटी ने प्रस्तुत किए। नामांकन पत्रों की जांच के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू की गई। मतदान परिणाम में तोमन साहू को 8 मत मिले, जबकि मिथलेश निरोटी को 5 मत प्राप्त हुए और 1 मतपत्र को विधिमान्य नहीं पाया गया। इस प्रकार, श्री तोमन साहू को जिला पंचायत बालोद का उपाध्यक्ष चुना गया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पीठासीन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस चुनाव के सफल आयोजन से यह स्पष्ट होता है कि जिला पंचायत बालोद में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कार्य होते हैं और यहां के नागरिकों की इच्छाओं और आशाओं का सम्मान किया जाता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर और उपाध्यक्ष तोमन साहू के नेतृत्व में जिला पंचायत बालोद के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
यह चुनाव न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता का प्रतीक है, बल्कि यह नए नेतृत्व को सम्मान देने और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करता है। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जनता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है और उनके प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
03 करोड़ 43 लाख 41 हजार 463 रुपये की राशि का अवार्ड पारित किया गया
बालोद । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार बालोद जिले के सभी न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिनमें राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता से निराकृत किये गए हंै। प्रकरणों के पक्षकारों की भौतिक तथा वर्चुअल दोनों ही माध्यमों से उनकी उपस्थिति में निराकृत किए जाने के अतिरिक्त स्पेशल सिटिंग के माध्यम से भी पेटी आफेंस के प्रकरणों को निराकृत किया गया। आज के इस नेशनल लोक अदालत में 03 करोड़ 43 लाख 41 हजार 463 रुपये की राशि का अवार्ड पारित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस सिलसिले में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने इस संपूर्ण लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु निरंतर प्रयास करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से भी लगातार अधिक से अधिक मामलों को निराकृत किये जाने हेतु प्रेरित किया। इसी तारतम्य में प्रधान जिला व सत्र न्यायालय बालोद एवं व्यवहार न्यायालय स्तर पर डौण्डीलोहारा, दल्लीराजहरा, गुण्डरदेही में तथा बालोद जिले के राजस्व न्यायालयों में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्याम लाल नवरत्न बालोद के निर्देशानुसार इस लोक अदालत के लिए न्यायालयों में कुल 09 खण्डपीठ का गठन किया गया।
जिसमें कुल लंबित प्रकरण 2500 रखे गये थे, जिसमें कुल 2420 लंबित प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया गया। इस लोक अदालत में, लंबित सिविल एवं दांडिक प्रकरण, प्री-लिटिगेशन के बैंक, विद्युत, जलकर, बीएसएनएल के तथा राजस्व न्यायालयों की खंडपीठ के समक्ष कुल 35042 प्रकरण रखा गया, जिसमें 29470 प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया गया। इस नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति व सुलह समझौता करने वालों पक्षकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पौधा वितरण भी किया गया। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय परिसर में आये पक्षकारों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस नेशनल लोक अदालत में बालोद बाजार के द्वारा स्टॉल लगाया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला न्यायालय बालोद में महिला न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का सम्मान
फिरोज अहमद खान
बालोद। आज जिला न्यायालय बालोद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें न्यायाधीशों द्वारा जिला न्यायालय में पदस्थ महिला न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद श्यामलाल नवरत्न ने की और उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के स्टेट प्लान ऑफ एक्शन के तहत हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न महिला न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों के योगदान को सराहा गया, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से न्यायिक व्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया है।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से परिवार न्यायालय बालोद के न्यायाधीश योगेश पारीक, किरण कुमार जांगड़े, प्रथम जिला न्यायाधीश कृष्ण कुमार सूर्यवंशी, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (विशेष न्यायाधीश) पॉक्सो कोर्ट बालोद श्रीमती श्वेता उपाध्याय गौर, द्वितीय जिला न्यायाधीश संजय कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोद श्रीमती कु. माधुरी मरकाम, और जिला अधिवक्ता संघ बालोद के अध्यक्ष अजय साहू एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। साथ ही समस्त न्यायालयीन कर्मचारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के कर्मचारीगण और पैरालिगल वालिटियर्स भी इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायाधीशो ने महिलाओं के योगदान की सराहना की और यह कहा कि महिलाओं का समाज में और न्यायिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने महिला अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को सम्मानित करते हुए यह बताया कि महिलाओं की भूमिका अब सिर्फ परिवार या समाज तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि वे समाज के हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं।
जिला न्यायालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया और समाज में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का काम किया। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं की भूमिका को प्रोत्साहित करने के लिए था, बल्कि उनके कार्यों की भी सराहना करने का एक तरीका था।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का उद्देश्य न केवल महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाना है, बल्कि उनके संघर्ष और उपलब्धियों को पहचानना भी है। बालोद जिले में इस अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह संदेश देता है कि हम सभी को मिलकर महिलाओं के अधिकारों और उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
इस कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं और उनके लिए आवाज उठाई जाती है, तो समाज में एक सकारात्मक बदलाव आ सकता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह भी प्रदर्शित किया गया कि महिलाएं न केवल परिवार की धुरी होती हैं, बल्कि न्यायिक क्षेत्र में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में उपस्थित सभी ने इस संकल्प को दोहराया कि वे महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे, ताकि भविष्य में हर महिला को समान अवसर और सम्मान मिल सके। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित इस समारोह ने यह प्रमाणित किया कि जब हम महिलाएं के अधिकारों को मान्यता देते हैं और उनके योगदान को सम्मानित करते हैं, तो हम समाज को एक कदम और बेहतर बना सकते हैं।
राजहरा पुलिस की बड़ी सफलता : अवैध सट्टा पट्टी लिखने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा में राजहरा पुलिस ने अवैध सट्टा पट्टी लिखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी और 4100 रुपये की नगदी बरामद की। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ अभियान का हिस्सा है।
बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक एसआर भगत के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. चित्रा वर्मा के मार्गदर्शन में राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
दिनांक 7 मार्च 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि दल्ली राजहरा के रेलवे स्टेशन के पास स्थित शीतला मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध सट्टा पट्टी लिखने का कार्य कर रहा है। इस सूचना पर राजहरा पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान संतोष पठारिया (39) के रूप में हुई, जो वार्ड क्र. 25, जगजीवन राम वार्ड, दल्ली राजहरा का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सट्टा पट्टी पर्ची, एक डाट पेन, और 4100 रुपये की नगदी बरामद की। आरोपी के खिलाफ धारा 4(क) जुआ एक्ट और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत कार्यवाही की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने इस सफलता पर अपनी खुशी जताते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य अवैध गतिविधियों को पूरी तरह से खत्म करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की और आम जनता से अपील की कि वे ऐसे मामलों में पुलिस का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में अपराधों को रोका जा सके।
राजहरा पुलिस की इस कार्यवाही ने क्षेत्र में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस के लगातार प्रयासों से अब उम्मीद की जा रही है कि अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और क्षेत्र में शांति बनी रहेगी। इस प्रकार की सख्त कार्यवाही से राजहरा पुलिस ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
आम जनता के आशा व आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेगी शहर की नई सरकार : उपमुख्यमंत्री अरूण साव
बालोद । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने कहा कि नगर पालिका परिषद बालोद एवं दल्लीराजहरा शहर की नई सरकार आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके आशा एवं आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेगी। साव आज जिले के नगर पालिका परिषद बालोद एवं दल्लीराजहरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे।
साव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सासंद भोजराज नाग, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, संजय श्रीवास्तव, पूर्व विधायक प्रीतम साहू एवं विरेन्द्र साहू, दयाराम साहू, दीपक ताराचंद साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, यज्ञदत्त शर्मा, लीला शर्मा, पवन साहू, सौरभ लुनिया, अमित चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। इस अवसर पर बीएसपी स्कूल क्रमांक 06 में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तोरण लाल साहू एवं नवनिर्वाचित पार्षदों को अपर कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी अजय किशोर लकरा द्वारा शपथ दिलाई गई। इसी तरह जिला मुख्यालय बालोद के पुराना टाउन हाॅल परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर पालिका परिषद बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिभा चैधरी एवं नवनिर्वाचित पार्षदों को एसडीएम बालोद एवं पीठासीन अधिकारी सुरेश साहू द्वारा शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री साव ने नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शहर के चहुँमुखी विकास के लिए पूरे निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करने को कहा। उन्होेंने कहा कि बालोद एवं दल्लीराजहरा शहर केवल शहर ही नही है वरन् यहाँ के सभी निवासी हमारा परिवार है। साव ने आशा व्यक्त किया कि इसी मंशा के अनुरूप हमारे नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित सभी पार्षदगण शहरों के सर्वांगीण विकास तथा बुनियादी सुविधाओं से युक्त स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित शहर के निर्माण हेतु पूरे लगन, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ जनता जनार्दन की सेवा करेंगे।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के सभी नगरीय निकायों में वर्तमान जरूरतों के अनुरूप जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए कृतसंकल्पित है। साव ने कहा कि गंगा मईया के आशीर्वाद से हमारे नगरीय निकाय के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदगण आम जनता के आशा के अनुरूप एक आदर्श शहर के निर्माण हेतु पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही उम्मीद एवं भरोसे के साथ शहर के नागरिकों ने नई सरकार का निर्वाचन किया है, उस पर हमारे जनप्रतिनिधि खरा उतरेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरूण साव जिले के प्रवास पर
नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा एवं बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल
बालोद । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव शनिवार 08 मार्च को बालोद जिले के प्रवास पर रहेंगे। उपमुख्यमंत्री श्री साव सुबह 08 बजे सिविल लाईन रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से प्रस्थान कर सुबह 10.30 बजे बीएसपी स्कूल क्रमांक 06 दल्लीराजहरा में पहुँचकर वहाँ आयोजित नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात श्री साव सुबह 11 बजे बीएसपी स्कूूल क्रमांक 06 दल्लीराजरा से प्रस्थान कर सुबह 11.30 बजे नगर पालिका कार्यालय के सामने पुराना टाउन हाल परिसर बालोद पहुँचकर वहाँ आयोजित नगर पालिका परिषद बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात् श्री साव दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय बालोद से राजधानी रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अपर कलेक्टर ने किया उद्यानिकी कृषक परिक्षेत्र ग्राम भोथली एवं ओरमा का भ्रमण
कृषकों से बातचीत कर उद्यानिकी फसलों के उत्पादन एवं इस व्यवसाय से होने वाले लाभ के संबंध में ली जानकारी
बालोद । अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक ने आज जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम भोथली तथा ओरमा में कृषक उद्यानिकी परिक्षेत्र का भ्रमण कर जिले में उद्यानिकी फसलों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान श्री कौशिक ने कृषकों से बातचीत कर उद्यानिकी फसलों के उत्पादन में लगने वाली कुल लागत, आमदनी एवं इसकी बिक्री की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। बालोद विकासखण्ड के ग्राम ओरमा के कृषक उद्यानिकी परिक्षेत्र में कृषक गिरधारी लाल निषाद ने बताया कि वे 01 एकड़ में टमाटर तथा 01 एकड़ भूमि में करेले की खेती कर रहे हैं। उनके द्वारा ड्रीप एवं माल्चिंग पद्धति से इन फसलों की खेती की जा रही है। कृषक गिरधारी लाल ने बताया कि वर्तमान में करेले की खेती में 35 से 40 क्विंटल का उत्पादन हो रहा है।
इसके साथ-साथ उन्होंने प्रति एकड़ 40 टन टमाटर उत्पादन होने की संभावना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि करेले की खेती की लागत प्रति एकड़ 80 हजार से 01 लाख तक फसल चक्र में आ जाता है। उन्होंने करेले की खेती से 02 से सवा 02 लाख तक आमदनी होने की जानकारी दी। कृषक ने बताया कि टमाटर एवं करेले की फसल में स्टीकी ट्रेप तथा फेरोमोन टेªप का उपयोग किया जाता है। जिससे कीटों का प्रबंधन होता है और फसल उत्पादन में लागत भी कम आती है। इस दौरान सहायक संचालक उद्यानिकी श्री कंवर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्किम, पंजीकरण 12 तक
बालोद । भारत सरकार के प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्किम 2.0 में 01 वर्षीय इन्टर्नशिप हेतु पंजीकरण एवं आवेदन की अंतिम तिथि 12 मार्च 2025 तक निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री इन्टर्नशिप स्किम के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य शासकीय पाॅलीटेक्निक बालोद ने बताया कि इन्टर्नशिप स्किम हेतु आवेदक की आयु 21 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक 10वीं, 12वी, आई.टी.आई., पॉलीटेक्निक अथवा किसी महाविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। आवेदक वर्तमान में किसी काॅलेज या संस्था में नियमित अध्ययनरत् नही होना चाहिए। इसके साथ ही आवेदक कोई पूर्णकालिक रोजगार में संलग्न न हो। उन्होंने बताया कि पात्र आवेदक12 मार्च 2025 तक वेब साइट http://pminternship.mca.gov.in/ पर अपना ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन कर सकते हैं।
एक दिवसीय कार्यशाला 10 को
बालोद। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गुण्डरदेही एवं गुरूर में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप 2.0 अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 10 मार्च 2025 को किया गया है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गुण्डरदेही के प्राचार्य ने बताया कि भारत सरकार के द्वारा 1.25 करोड़ युवाओं को देश के 500 शीर्ष कम्पनियों में इंटर्नशीप के अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप 2.0 शुरू की गई है।
जिसमें आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों के पंजीयन हेतु संस्था में 10 मार्च 2025 को कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 21 से 24 वर्ष के आईटीआई उत्तीर्ण सभी व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थी उक्त दिवस को संपूर्ण दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर पंजीयन कर सकते है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को दसवीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, आधार कार्ड, एवं राशन कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट फोटो के साथ उपस्थित होने कोेे कहा है।
होली पर 14 को शुष्क दिवस घोषित
बालोद । कार्यालय आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आदेश जारी कर जिले में 14 मार्च 2025 को होली (जिस दिन रंग खेला जाए) के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार 14 मार्च को जिला बालोद में संचालित समस्त देशी, विदेशी, कम्पोजिट मदिरा दुकानों एवं मद्य भण्डागार को पूर्णत बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उक्त अवधि में मदिरा का संव्यवहार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जिला सहकारी विकास समिति की चतुर्थ बैठक 10 को
बालोद । छत्तीसगढ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की चतुर्थ बैठक 10 मार्च 2025 को आयोजित की गई है। उप पंजीयक एवं संयोजक सदस्य जिला सहकारी विकास समिति ने बताया कि सहकारी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने एवं उसकी जमीनी स्तर पर पहुँच बनाने हेतु ’जिला सहकारी विकास समिति’ का गठन किया गया है। जिसकी चतुर्थ बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में 10 मार्च को शाम 04 बजे आयोजित की गई है। बैठक में सर्व संबंधितों को उपस्थित होने को कहा है।
कलेक्टर ने महिला समूह द्वारा निर्मित किए जा रहे रूई बत्ती निर्माण कार्य का किया अवलोकन
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम जगतरा में गांव के महिला स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित किए जा रहे रूई बत्ती निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों से प्रतिदिन रूई बत्ती के कुल उत्पादन एवं इससे होने वाले आमदनी के संबंध में जानकारी ली।
इस कार्य में लगे स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया ने की एक महिला के द्वारा प्रतिदिन लगभग आधा किलो गोल रूई बत्ती का निर्माण कर लेने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन स्व सहायता समूह के 10 महिलाओं के द्वारा इस कार्य का संपादन किया जाता है। इस कार्य के लिए उनके पास वर्तमान में 10 मशीन उपलब्ध है। इस मौके पर अतिरिक्त तहसीलदार संध्या नामदेव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने भेड़िया नवागांव पुराने माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य का किया अवलोकन
बालोद। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम अंगारी में भेड़िया नवागांव पुराने माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य का अवलोकन कर अधिकारियों से निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को माइनर नहर-नाली के जीर्णोंद्धार कार्य के अंतर्गत इस प्रगतिरत कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने तथा इसका जाँच प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यपालन अभियंता केएल तारम ने बताया कि इस नहर-नाली के माध्यम से तांदुला मुख्य नहर से भेड़िया नवागांव सहित चिचबोड़, सांेहतरा, अंगारी, बिरेतरा आदि गांव में सिंचाई हेतु पानी की आपूर्ति की जाती है।
कलेक्टर ने पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा का किया आकस्मिक निरीक्षण
बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था का जाना हाल
बालोद । कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने पीएमश्री स्कूल जगतरा के नन्हें-मुन्हें बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने 5वीं कक्षा के बच्चों से उन्हें कराए जाने वाले माॅक टेस्ट के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान संबंधी प्रश्न भी पूछा। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने कक्षा तीसरी के विद्यार्थी गुलाब कुमार को उनके जन्म दिन के अवसर पर उपहार भेंटकर उन्हें जन्म दिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
श्री चन्द्रवाल के मधुर एवं स्नेहिल व्यवहार से पीएमश्री शाला जगतरा के बच्चे बहुत प्रसन्नचित नजर आ रहे थे। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को पूरे लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने को कहा। इस मौके पर कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों को पौधों की समुचित देखभाल करने की समझाईश भी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त तहसीलदार संध्या नामदेव सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिका एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।