छत्तीसगढ़ / कबीरधाम
20 फरवरी को हुए निर्वाचन का विविवत परिणाम 22 और 23 फरवरी को
बोड़ला और पंडरिया विकासखंड के पंच, सरपंच एवं जनपद सदस्यों को प्राप्त मतों का सारणीकरण कार्य 22 फरवरी को प्रातः 10ः30 बजे से होगा
रिटर्निंग अधिकारी प्रदान करेंगे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को
कवर्धा, फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में पंचायत निर्वाचन के दूसरे चरण में हुए मतदान के तहत बोड़ला और पंडरिया विकासखंड के पंच, सरपंच एवं जनपद सदस्यों को प्राप्त मतों का सारणीकरण कार्य 22 फरवरी को प्रातः 10ः30 बजे से किया जाएगा। इसके लिए बोड़ला विकासखंड का सारणीकरण स्वामी आत्मानंद स्कूल बोड़ला परिसर में तथा पंडरिया विकासखंड का सारणीकरण कार्य स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल परिसर पंडरिया में आयोजित किया जाएगा। सारणीकरण पूर्ण होने के बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच को रिटर्निंग आफिसर द्वारा निर्वाचन का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 01 से 08 के जनप्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिए भी विकासखंड स्तर पर सारणीकरण कार्य संपन्न किया जाएगा। 23 फरवरी को प्रातः 10ः30 बजे कलेक्टोरेट कार्यालय के सभा कक्ष में भी सारणीकरण कार्य किया जाएगा।
टेबुलेशन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रत्येक जनपद सदस्य क्षेत्र के आधार पर पंडरिया एवं बोड़ला विकासखंडों में 25-25 टेबल लगाए जाएंगे। जनपद सदस्यों का सारणीकरण पूर्ण होने के बाद उन्ही टेबलों पर जनपद क्षेत्र में शामिल ग्राम पँचायत के सरपंच का सारणीकरण किया जाएगा। इसी प्रकार पंच के लिए, 10-10 ग्राम पंचायतों के लिए 1-1 टेबल निर्धारित किए गए हैं। पंच पद के लिए पृथक से सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। टेबुलेशन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ), एक गणना प्रेक्षक और दो गणना सहायक नियुक्त किए गए है।
विकासखंड बोड़ला और पंडरिया में मतदान सफलता पूर्वक सम्पन्न, मतदान दल देर रात तक सकुशल वापस लौटे
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में दोनो विकासखंड में 84.81 प्रतिशत हुआ मतदान
जिले के दूसरे चरण के निर्वाचन में 2 लाख 80 हजार 814 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का किया प्रयोग
कवर्धा, फरवरी 2025। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत दूसरे चरण के मतदान में कबीरधाम जिले के विकासखंड, बोड़ला और पंडरिया में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान कार्य सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया सुसंगठित तरीके से पूरी हुई। मतदान की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूर्ण करने के बाद सभी मतदान दल देर रात तक सकुशल वापस लौटे। दोनों विकासखंडों में मतदान प्रक्रिया को लेकर उत्साह देखने को मिला और नागरिकों ने बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत की बात करें तो बोड़ला और पंडरिया दोनों विकासखंडों में कुल 84.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरूष मतदाताओं की भागीदारी 85.62 प्रतिशत और महिलाओं की भागीदारी 84.02 प्रतिशत रहीं। मतदान दलों के सकुशल वापस लौटने के बाद बोडला और पंडरिया अनुविभागीय अधिकारी सहित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा मतदान समाग्रियों को स्थानीय स्ट्रांग रूप में विविधव सील का कार्य कराया गया।
जिले के दोनो विकासखंड में 84.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरूष मतदाता 85.62 प्रतिशत और महिला मतदाता 84.02 प्रतिशत रहा। पंडरिया विकासखण्ड का मतदान प्रतिशत 84.51 प्रतिशत, पुरुष 85.68 प्रतिशत, महिला 83.34 प्रतिशत, बोड़ला विकासखण्ड का मतदान प्रतिशत 85.20 प्रतिशत पुरुष 85.53 प्रतिशत, महिला 84.88 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के दूसरे चरण के निर्वाचन में कुल 2 लाख 80 हजार 814 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरूष 1 लाख 40 हजार 570 और महिला मतदाता 1 लाख 40 हजार 243 शामिल है। पंडरिया विकासखंड में कुल 1 लाख 56 हजार 981 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरूष 79 हजार 562 और महिला मतदाता 77 हजार 419 शामिल है। बोड़ला में कुल 1 लाख 23 हजार 833 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरूष 61 हजार 08, महिला मतदाता 62 हजार 824 मतदाता शामिल है। तृतीय लिंग मतदाता की संख्या 01 है।
पंडरिया जनपद पंचायत अंतर्गत पंच पद के 945 वार्डों के लिए निर्वाचन हुआ। इसके साथ ही सरपंच के 134 पद, जनपद सदस्य के 25 पद पर निर्वाचन हुआ। बोडला विकासखंड अन्तर्गत पंच पद के 551, सरपंच के 119 पद और जनपद सदस्य के लिए 25 पद पर मतदान हुआ। इसके साथ ही दोनो विकासखंड अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 08 पदों के लिए भी मतदान संपन्न हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दौरान देनो विकासखंड में मतदान केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ी निगरानी रखी गई। प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और शांति से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने चुनाव प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल, और निर्वाचन अधिकारियों की सराहना की। मतदान के बाद सभी मतदान दल अपनी निर्धारित समयसीमा के भीतर सुरक्षित रूप से मतदान केंद्रों से लौट आए।
कवर्धा जिला पंचायत चुनाव: पहले चरण में भाजपा का दबदबा...
कवर्धा । जिला पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के नतीजे सामने आने लगे हैं। कवर्धा जिला पंचायत की 14 में से 6 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की।
प्रमुख वार्डों के नतीजे:
वार्ड 10: भाजपा नेता कैलाश चंद्रवंशी ने बड़ी जीत दर्ज की।
वार्ड 11: भाजपा के वीरेंद्र साहू ने अपनी ही पार्टी के दिनेश चंद्रवंशी को हराया। यह मुकाबला रोचक रहा, क्योंकि पार्टी ने पहले चंद्रवंशी को अधिकृत किया था, लेकिन बाद में समर्थन वापस लेकर दोनों प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता दी।
वार्ड 14: भाजपा समर्थित ईश्वरी साहू ने कांग्रेस समर्थित कलीम खान को हराया।
वार्ड 9: भाजपा समर्थित सुमित्रा विजय पटेल विजयी घोषित हुईं।
वार्ड 12: भाजपा समर्थित रोशन दुबे ने जीत हासिल की।
वार्ड 13: भाजपा की राजकुमारी राजेंद्र साहू को विजय मिली।
भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने दी बधाई
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सोमवार रात कवर्धा पहुंचे और पार्टी के विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।
अगले चरण का मतदान 20 फरवरी को
कवर्धा जिला पंचायत की बची हुई 8 सीटों के लिए अगले चरण का मतदान 20 फरवरी को होगा। पहले चरण में जिन सीटों पर मतदान हुआ, वे कवर्धा, लोहारा और मैदानी इलाकों में थीं, जबकि अगले चरण में जंगल क्षेत्र और पंडरिया का बड़ा हिस्सा शामिल होगा।
जल जीवन मिशन को पीएचई के अफसर व ठेकेदार ने बनाया भ्रष्टाचार का मिशन
कवर्धा । टंकी से बूंद-बूंद रिसता पानी, कॉलम चोरी कर बनी बाउंड्रीवाल, टूटा गेट , अधूरी छबाई , हवा में सीढ़ी गुणवत्ताहीन व घटिया निर्माण ये सब बानगी है जल जीवन मिशन के 97.84 लाख रुपए के काम की । पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सहसपुर लोहारा ब्लॉक के सरहदी गांव पैलपार की यह कहानी है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने इस काम को गुणवत्तापूर्ण स्वीकृत ड्राइंग डिजाइन के होना बताते पूरा बता दिया है लेकिन असलियत यह है कि जब गांव में अफसर पहुंचे तो नलों में टोंटी लगा दी गई, टोंटी से पानी निकलने लगा , ग्रामीणों को खड़े कर धड़ाधड़ फ़ोटो वीडियो क्लिक किये गए और जैसे ही अफसर वापस गए, नल की टोंटी से पानी आना बंद हो गया। मामले में गजब तब हुआ जब शिकायत की जांच पीएचई के उन्ही अफसरों ने की जिनकी निगरानी में सारा गोलमाल हुआ है । अब ग्रामीण खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।कबीरधाम जिले के सरहदी गांव पैलपार में जल जीवन मिशन को पीएचई के ठेकेदार , इंजीनियर और अफसर ने भ्रष्टाचार का मिशन बनाकर रख दिया।
ठेकेदार के साथ सांठगांठ कर लाखों की गड़बड़ी करते घटिया निर्माण कर दिया है । अधिकारी घृतराष्ट्र बने बैठे है । ऑनलाइन जन शिकायत में तथ्यात्मक शिकायतों का फर्जी निराकरण कर दिया गया । लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता भी शिकायत को सुनी सुनाई व मनगढ़ंत बताते अपने भ्रष्ट इंजीनियर और एसडीओ का बचाव कर रहे है। एसओआर से 30 से 35 प्रतिशत अधिक दर पर टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद ग्रमीणों को पीने का पानी नसीब नही हो रहा। शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंचे अफसर एक बार नल को चालू कर फ़ोटो खींच मुख्यमंत्री कार्यालय को भी गुमराह कर रहे है । अफसरों ने जिस महिला की फ़ोटो अपलोड कर सब ठीकठाक होने का दावा किया है वह महिला वीडियो में अफसरों की करतूत की पोल खोलती नजर आ रही है । महिला बताती है कि एक दिन साहब लोग आये नल में टोंटी लगा बाल्टी रखे और फ़ोटो वीडियो बना कर चल दिये ।
साहब लोगो के जाने के बाद से नल में पानी नही आ रहा है । जबकि ऑफिस में बैठ के कागजी घोड़े दौड़ा नल में पानी आने के अफसरी दावों के बाद आज भी ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। टंंकी और नल कनेक्शन शो पीस बनकर रह गए हैं।ठेकेदार ने इंजीनियर एसडीओ और कार्यपालन अभियंता के साथ मिलकर जलजीवन मिशन योजना अंतर्गत पैलपार में 97लाख 84 हजार की लागत से बनाने वाले पानी टंकी निर्माण में घटिया निर्माण का खुला खेल खेला है । पानी की टंकी की गुणवत्ता इतनी अच्छी है कि टंकी में लगातार रिसाव हो रहा । गलती छुपाने जगह जगह प्लास्टर का पैच दिख रहा । टंकी पर चढ़ने के लिए बनाई गई सीधी जमीन की जगह हवा में बना दी गई है । बाउंड्रीवाल निर्माण में बिना कालम का गेट और गेट की दीवाल का बड़ा सा क्रेक दिख ग्रामीणों और पत्रकार को तो दिख रहा किंतु पीएचई विभाग के इंजीनियर एसडीओ और कार्यपालन अभियंता को दिखाई नही दे रहा ।
ऑनलाइन जन शिकायत में शिकायत होने के बाद विभाग के सहायक अभियंता ने कार्यपालन अभियंता को 20 जनवरी को पत्र क्रमांक 139 द्वारा लेख किया गया कि विकासखंड स.लोहारा के ग्राम पैलपार में पानी टंकी , रूम एवं बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन अनुसार ना करने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड व गलत मूल्याकन करने वाले उप-अभिपता को निलबित करने के संबंध में आन लाईन पत्र प्राप्त हुआ है जिसके संबंध में जानकारी निम्नानुसार है-
1) निर्माण कार्य स्थल पर सूचना पटल लगा है।
2) कार्य स्थल पर स्थायी विद्युत कनेक्शन स्थापित है।
3 )कक्ष निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार किया गया है।
4)बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार किया गया है।
5) कॉलम व बीम निर्माण कार्य स्वीकृत ड्राईंग डिजाईन के अनुसार कार्य किया गया है।
6) कार्य के मजदूर उपस्थिति पंजी व भुगतान पंजी का संधारण विभाग द्वारा नहीं किया जाता है।
वर्तमान में ग्राम में कार्य पूर्ण कर पेयजान प्रदाय प्रारंभ कर दिया गया है।
ठेकेदार से मिलीभगत के चलते सहायक अभियंता ने अधूरे काम को पूर्ण बता कर अधिकारियों को गुमराह करने के साथ साथ प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री कार्यालय तक झूठी जानकारी भेजी जिससे शासन प्रशासन की छवि धूमिल हो रही ।यहां बताना लाजमी होगा कि जलजीवन मिशन अंतर्गत यूपीवीसी जलवितरण पाइप लाइन , उच्चस्तरीय जलागार क्षमता 4 किलो लीटर घरेलू नाल कनेक्शन की संख्या जोकि बोर्ड में दर्शित नही है का निर्माण 97 लाख 84 हजार रुपये की लागत से श्री बालाजी मिनरल्स एंड कन्स्ट्रक्शन के ठेकेदार द्वारा कार्य प्रभारी उप अभियंता बी आर सिन्हा व तत्कालीन अभियंता डीएस राजपूत जो वर्तमान में कार्यपालन अभियंता के प्रभार पर भी है कि देख रेख में हुआ है । बावजूद गुणवत्ता हैं काम सहायक अभियंता के झूठ , एसडीओ नेताम की लापरवाही की जानकारी सामने लाने पर भी कार्यपालन अभियंता डीएस राजपूत अपने कर्मचारियों का पक्ष लेते कहते है कि आप सुनी सुनाई बातों पर आरोप लगा रहे नेताम साहब खुद जांच करने गए थे झूठ थोड़ी बोलेंगे ।
बहरहाल जल जीवन मिशन में घपलों घोटालों को लेकर साय सरकार ने राज काज सम्हालने के बाद आधा दर्जन से अधिक कार्यपालन अभियंताओं व इंजीनियर पर कार्यवाही की है किंतु क्षेत्र की दबंग नेत्री व डिप्टी सीएम के गृह जिले के भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों पर कब कार्यवाही की गाज गिरेगी या मामला ले देकर रफा दफा कर दिया जाएगा समय के गर्भ में है।
सुबह 10 बजे तक मतदान प्रतिशत जारी, मतदाताओं में उत्साह
कवर्धा और सहसपुर लोहारा विकासखंड में 17 फरवरी को हो रहे मतदान के तहत सुबह 10 बजे तक मतदाताओं में उत्साह देखा गया।
जिला निर्वाचन कार्यकाल से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कवर्धा विकासखंड में कुल 16.15 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 16.40 प्रतिशत पुरुष और 15.9 प्रतिशत महिलाएं शामिल रहीं।
वहीं, सहसपुर लोहारा विकासखंड में अब तक 15.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें 15.41 प्रतिशत पुरुष और 14.82 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जिससे मतदान प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना है। मतदान 3 बजे तक निर्धारित है।
रिटर्निंग अफसर विवेक गोहिया ने किया मतदान, लोकतंत्र के महापर्व में निभाई भागीदारी
कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के रिटर्निंग अफसर विवेक गोहिया ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मतदान किया। अपने मताधिकार का प्रयोग कर उन्होंने मतदाताओं को जागरूक और प्रेरित किया। साथ ही, सभी नागरिकों से अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं से सहयोग की अपेक्षा की और इसे लोकतंत्र को मजबूत करने का सुनहरा अवसर बताया। उनके इस कदम से मतदान प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी और भूमिका को और अधिक बल मिला है।
लोकतंत्र का महापर्व: कबीरधाम जिले के पहले चरण में चुनाव कवर्धा और सहसपुर लोहारा के मतदाताओं में भारी उत्साह, शांति पूर्ण मतदान शुरु
प्रथम चरण में 17 फरवरी को 508 मतदान केन्द्रों पर 2 लाख 57 हजार 821 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
मतदान का समय सुबह 07 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित
कवर्धा फरवरी 2025। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में । कबीरधाम जिले के।पहले चरण के निर्वाचन विकासखंड कवर्धा और सहसपुर लोहारा के तहत जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 से 14 में और दोनों विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले पंच, सरपंच और जनपद सदस्यों के लिए शांति पूर्ण मतदान शुरू हो गई है। मतदान सुबह 7 से 3 बजे निर्धारित है।
स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच और पंच का निर्वाचन होगा। दूसरे चरण का निर्वाचन 20 फरवरी हो होगा। इसके अन्तर्गत पंडरिया और बोड़ला विकासखण्ड के अंतर्गत होने वाले जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 01 से 08 तक निर्वाचन होगा। साथ जनपद सदस्य, सरपंच और पंच का निर्वाचन होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला पंचायत निर्वाचन के रिटर्निंग अधिकारी श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम चरण में कवर्धा और सहसपुर लोहारा विकासखंड के 6 जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों (09, 10, 11, 12, 13 और 14) में मतदान होगा। इसमें कुल 33 अभ्ययर्थी निर्वाचन मैदान पर है। इन क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 203 ग्राम पंचायतों में 508 मतदान केंद्रों पर 2,57,821 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है।
रिटर्निंग अधिकारी श्री त्रिपाठी ने बताया कि दोनों विकासखंड अंतर्गत कुल 203 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसमें कुल 2 लाख 57 हजार 821 मतदाता और 508 मतदान केन्द्र है। इन दोनो विकासखंड अंतर्गत जिला सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों में 33 अभ्यर्थी शामिल है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 09 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 35 है। इन ग्राम पंचायतों में 44 हजार 29 मतदाता और मतदान केन्द्र 83 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 4 अभ्यर्थी है। क्षेत्र क्रमांक 10 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 36 है। इन ग्राम पंचायतों में 42 हजार 31 मतदाता और मतदान केन्द्र 83 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 4 अभ्यर्थी है। क्षेत्र क्रमांक 11 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 26 है। इन ग्राम पंचायतों में 40 हजार 325 मतदाता और मतदान केन्द्र 77 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 7 अभ्यर्थी है। क्षेत्र क्रमांक 12 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 34 है। इन ग्राम पंचायतों में 42 हजार 337 मतदाता और मतदान केन्द्र 84 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 8 अभ्यर्थी है। क्षेत्र क्रमांक 13 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 30 है। इन ग्राम पंचायतों में 41 हजार 587 मतदाता और मतदान केन्द्र 83 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 4 अभ्यर्थी है। क्षेत्र क्रमांक 14 के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की संख्या 42 है। इन ग्राम पंचायतों में 47 हजार 512 मतदाता और मतदान केन्द्र 98 है। इस निर्वाचन क्षेत्रों में 6 अभ्यर्थी है।
कवर्धा जनपद पंचायत सदस्य के 94 प्रत्याशी मैदान पर
कवर्धा जनपद पंचायत के रिटर्निंग अधिकारी श्री परमेश्वर मंडावी ने बताया कि कवर्धा जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत पंच पद के 637 वार्डों के लिए 1379 प्रत्याशी मैदान पर है। सरपंच पद के102 ग्राम पंचायतों के लिए 377 प्रत्याशी मैदान पर है। जनपद सदस्य के 24 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 94 प्रत्याशी मैदान पर है।
सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत सदस्य के 104 प्रत्याशी मैदान पर
सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत के रिटर्निंग अधिकारी श्री विवेक गोहिया ने बताया कि जनपद क्षेत्र सहसपुर लोहारा क्षेत्र के अंतर्गत पंच पद के 458 वार्डों के लिए 986 प्रत्याशी मैदान पर है। सरपंच पद के 93 ग्राम पंचायतों के लिए 332 प्रत्याशी मैदान पर है।
जनपद सदस्य के 24 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 104 प्रत्याशी मैदान पर है।
97 वर्षीय अगसिया बाई ने किया मतदान, लोकतंत्र के प्रति दिखाया समर्पण
ग्राम पंचायत धरमगढ़, विकासखंड लोहारा की 97 वर्षीय वृद्ध महिला अगसिया बाई, पति कन्हैया सिन्हा ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके जोश और उत्साह ने सभी मतदाताओं को प्रेरित किया। मतदान केंद्र पर पहुंचकर उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे यह संदेश गया कि हर नागरिक का वोट बहुमूल्य है।
मड़मड़ा में शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती का अभूतपूर्व स्वागत
कवर्धा। हिंदूराष्ट्र अभियान के अंतर्गत शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती मड़मड़ा पहुंचे। जहां उनका आदित्यवाहिनी के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने अभूतपूर्व स्वागत किया।
ऋग्वेदीय पूर्वामनाय गोवर्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के दर्शन हेतु समस्त ग्रामवासी उमड़ पड़े थे। जिनके द्वारा प्रातःकालीन सत्र में पादुकापूजन किया गया तदोपरांत दीक्षा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। द्वितीय सत्र में सायंकाल पूज्यपाद के मुखारविंद से धर्म, अध्यात्म एवं राष्ट्र पर आधारित विविध जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। लोग बहुत ही भावुकता से गुरुदेव को सुन रहे थे।
श्रीमज्जगदगुरु शंकराचार्य धर्मसंघ पीठपरिषद आदित्यवाहिनी एवं आनंदवाहिनी संस्था के संयोजकत्व में ग्राम मड़मड़ा में अशोक वर्मा, प्रदीप वर्मा, अनिल वर्मा, डॉ जितेंद्र वर्मा एवं बृजभूषण वर्मा के निवास में पधारे थे।
लोकतंत्र का संगम: एक बूथ, चार धर्म, एक संकल्प...
कवर्धा। कबीरधाम जिले के कवर्धा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत केसली के मतदान केंद्र क्रमांक 11 पर लोकतंत्र की एक अनूठी और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली, जहां चार अलग-अलग धर्मों के अधिकारी संजय कुमार यादव (हिंदू), अब्दुल सईद खान (मुस्लिम), चरणजीत सिंह पाहुजा (सिख) और एल्विना विल्सन (ईसाई) एक साथ मतदान प्रक्रिया का संचालन कर रहे हैं।
यह दृश्य भारत की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और भाईचारे का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। लोकतंत्र की इस महायात्रा में जब अलग-अलग पृष्ठभूमियों से आए लोग एकजुट होकर निष्पक्ष और सुचारू मतदान कराने के लिए तत्पर हैं, तो यह संदेश जाता है कि भारत की असली ताकत इसकी विविधता में एकता है।
विशेष रूप से, इस दल में शामिल अब्दुल सईद खान, जो पूर्व सैनिक भी हैं। भूतपूर्व सैनिक से शासकीय शिक्षक बने अब्दुल सईद खान अपने राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को आगे बढ़ाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में योगदान दे रहे हैं। यह उदाहरण न केवल चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को दर्शाता है, बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि जब बात लोकतंत्र और देश की सेवा की हो, तो सभी मतभेद पीछे छूट जाते हैं और केवल एक पहचान रह जाती है.....हम भारतवासी हैं।
झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रवंशी...
चुनाव जीतने के दूसरे दिन स्वच्छ शहर-सुंदर शहर' बनाने का संकल्प लेकर काम शुरू
कवर्धा । नगर पालिका परिषद कवर्धा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने चुनाव जीतने के अगले ही दिन अपने हाथ में झाड़ू उठाकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका टीम के साथ शहर की सड़कों पर उतरकर 'स्वच्छ शहर-सुंदर शहर' बनाने का संकल्प लिया।
पहले दिन स्वच्छता अभियान पर जोर
अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के पहले ही दिन चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने नगर पालिका परिषद से लेकर महामाया मंदिर परिसर, भारत माता सौंदर्यीकरण स्थल, अंबेडकर चौक, शिवाजी चौक, रानी झांसी बालोद्यान, शारदा संगीत महाविद्यालय और बस स्टैंड परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छ भारत अभियान के प्रति प्रतिबद्धता
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत' अभियान को साकार करने के लिए वह नगर पालिका टीम और जनता के साथ मिलकर काम करेंगे। उप मुख्यमंत्री एवं विधायक विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कवर्धा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद पहला दिन स्वच्छता को समर्पित किया।
नगरवासियों से स्वच्छता की अपील
चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को नगर पालिका की सफाई गाड़ियों में डालें ताकि शहर को स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने दुकानदारों से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें और कचरे के लिए डस्टबिन का उपयोग करें।
नगर पालिका टीम की भागीदारी
इस सफाई अभियान में मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोहित साहू, कार्यपालन अभियंता एम.एल. कुर्रे, उप अभियंता वीरेंद्र नवघरे समेत समस्त नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
टमाटर की आड़ में शराब तस्करी, 1 आरोपी गिरफ्तार...
कवर्धा । छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चिल्फी चेकपोस्ट पर आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे कवर्धा और रायपुर जिले में खपाने की तैयारी थी। मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने इस वाहन को रोका और जांच के दौरान शराब बरामद की। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
तस्करों ने इस बार शराब की खेप को छुपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने शराब की बोतलों को टमाटर के कैरेट में भरकर ट्रक में लोड किया था, ताकि चेकपोस्ट पर किसी को शक न हो। हालांकि, आबकारी विभाग की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के चलते यह तस्करी नाकाम हो गई।
जांच में यह सामने आया है कि जब्त की गई अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा था। तस्कर इस शराब को कवर्धा और रायपुर के बाजारों में खपाने की फिराक में थे।
नगर निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान तिथियों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित
कवर्धा, फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नगर निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के मद्देनजर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दिन सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा आदेश जारी किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिले में नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का मतदान निर्धारित तिथियों पर संपन्न होगा। इसके तहत नगरपालिका परिषद कवर्धा एवं पंडरिया तथा नगर पंचायत पांडातराई, पिपरिया, इंदौरी, बोड़ला और सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए मतदान 11 फरवरी 2025 (मंगलवार) को होगा। इस दौरान नगर निकायों में मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान जनपद पंचायत क्षेत्र कवर्धा एवं सहसपुर लोहारा में 17 फरवरी 2025 (सोमवार) को तथा जनपद पंचायत क्षेत्र बोड़ला एवं पंडरिया में 20 फरवरी 2025 (गुरुवार) को संपन्न होगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
राज्य शासन ने भारत सरकार, गृह मंत्रालय की अधिसूचना के साथ पढ़े गए परक्राम्य लिखित अधिनियम (निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट), 1881 की धारा 25 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन निर्वाचन तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में स्थित सभी शासकीय संस्थानों एवं कार्यालयों के लिए सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि मतदान दिवस पर सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में अवकाश रहेगा, ताकि मतदाता निर्बाध रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने आमजन से अपील की कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 : कबीरधाम जिले में 2623 जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित
जिले में जनपद सदस्य के 02, सरपंच के 09 और पंच पद के लिए 2612 निर्विरोध निर्वाचित
जिले में दो या दो से अधिक अभ्यर्थी सविरोध निर्वाचन 2046 स्थानां पर
कवर्धा, फरवरी 2025। कबीरधाम जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत 2623 जनपद सदस्य , सरपंच और पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। जिसमें जनपद सदस्य के 02, सरपंच के 09 और पंच पद के लिए 2612 शामिल है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने निर्विरोध निर्वाचन को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और समन्वय की मिसाल बताते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन से पंचायतों में आपसी सहयोग और सौहार्द्र का परिचय मिलता है। साथ ही, उन्होंने आमजन से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और समृद्ध एवं सशक्त पंचायत प्रणाली के निर्माण में योगदान दें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि कि जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत 773 जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। जिसमें जनपद सदस्य के 03, सरपंच के 03 और पंच पद के लिए 769 है। जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत 819 जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। जिसमें जनपद सदस्य के 01, सरपंच के 03 और पंच पद के लिए 815 है। जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत 1031जनपद सदस्य, सरपंच और पंच पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। जिसमें सरपंच के 03 और पंच पद के लिए 1028 है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में दो या दो से अधिक अभ्यर्थी सविरोध निर्वाचन की स्थिति 2046 स्थानां पर है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 14 पद पर सविरोध निर्वाचन होगा। जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत कुल 764 पद, जनपद सदस्य के 25, सरपंच के 102 और पंच पद के लिए 637 है। जनपद पंचायत सहसपुर अंतर्गत कुल 575 पद इनमें जनपद सदस्य के 24, सरपंच के 93 और पंच पद के लिए 458 है। जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत कुल 693 पद इनमें जनपद सदस्य के 25, सरपंच के 119 और पंच पद के लिए 549 है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत झलमला और ग्राम पंचायत चचेड़ी में सरपंच सहित सभी पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जबकि ग्राम पंचायत नवघटा में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। निर्विरोध निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में जनपद पंचायत क्षेत्र कोठार से श्री गणेश तिवारी जनपद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा, ग्राम पंचायत चचेड़ी से श्रीमती पल्लवी राघवेन्द्र तिवारी, ग्राम पंचायत नवघटा से श्रीमती रामेश्वरी बघेल और ग्राम पंचायत झलमला से श्री ओ.पी. चन्द्रवंशी सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जनपद पंचायत कवर्धा के अंतर्गत कुल 1408 वार्डों में से 769 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं।
कबीरधाम जिले में 11 फरवरी को नगरीय निकायों का मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन दो चरणों में 17 और 20 फरवरी को होगा
कवर्धा, फरवरी 2025। कबीरधाम जिले में आगामी 11 फरवरी को नगरीय निकाय चुनाव का मतदान होगा। इस चुनाव में जिले के 7 नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसमें दो नगर पालिका कवर्धा और पंडरिया तथा 5 नगर पंचायत पाण्डातराई, बोड़ला, पिपरिया, सहसपुर लोहारा और इंदौरी शामिल हैं। इसके अलावा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन दो चरणों 17 और 20 फरवरी को होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए मतदान 11 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस दिन जिले में सभी नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के पहले चरण का मतदान विकासखंड कवर्धा और सहसपुर लोहारा के ग्राम पंचायतों में 17 फरवरी 2025 को होगा। दूसरे चरण का मतदान विकासखंड पंडरिया और बोड़ला के समस्त ग्राम पंचायतों में 20 फरवरी 2025 को होगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान का समय सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुनिश्चित किया है कि मतदान केंद्रों पर सभी सुविधाएं पूरी तरह से तैयार रहें, ताकि मतदाता आसानी से मतदान कर सकें। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। कलेक्टर श्री वर्मा ने यह भी बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में मतदान कर्मी तैनात किए जाएंगे और सभी मतदाताओं को मतदान का सही तरीका बताया जाएगा। मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए कबीरधाम जिले में एक व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने अधिकार का सही इस्तेमाल करें और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपना मत देकर चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गीता रायस्त ने बताया कि जिले के सभी 7 नगरीय निकाय में वार्डों की संख्या 120 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 78 हजार 817 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 38 हजार 578, महिला मतदाताओं की संख्या 40 हजार 239 है। इन सभी निकायों में 145 मतदान केन्द्र है। नगर पालिका कवर्धा अंतर्गत वार्डों की संख्या 27 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 39 हजार 276 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 19 हजार 271, महिला मतदाताओं की संख्या 20 हजार 05 है। कवर्धा नगर पालिका अंतर्गत कुल 52 मतदान केन्द्र है। नगर पालिका पंडरिया अंतर्गत वार्डों की संख्या 18 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 14 हजार 715 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 7 हजार 150, महिला मतदाताओं की संख्या 07 हजार 565 है। पंडरिया नगर पालिका अंतर्गत कुल 18 मतदान केन्द्र है।
नगर पंचायत पाण्डातराई अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 5 हजार 650 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 हजार 807, महिला मतदाताओं की संख्या 2 हजार 843 है। पाण्डातराई नगर पंचायत अंतर्गत कुल 15 मतदान केन्द्र है। नगर पंचायत पिपरिया अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 3 हजार 875 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 हजार 920, महिला मतदाताओं की संख्या 1 हजार 955 है। पिपरिया नगर पंचायत अंतर्गत कुल 15 मतदान केन्द्र है। नगर पंचायत इंदौरी अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 4 हजार 731 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 हजार 306, महिला मतदाताओं की संख्या 2 हजार 425 है। नगर पंचायत इंदौरी अंतर्गत कुल 15 मतदान केन्द्र है। नगर पंचायत बोड़ला अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 4 हजार 691 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 हजार 297, महिला मतदाताओं की संख्या 2 हजार 394 है। नगर पंचायत बोड़ला अंतर्गत कुल 15 मतदान केन्द्र है। नगर पंचायत लोहारा अंतर्गत वार्डों की संख्या 15 है, जिसमें मतदाताओं की संख्या 5 हजार 879 है। इसके अंतर्गत पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 हजार 827, महिला मतदाताओं की संख्या 3 हजार 52 है। नगर पंचायत बोड़ला अंतर्गत कुल 15 मतदान केन्द्र है।
जिले के सभी 4 जनपद पंचायत क्षेत्रों में सरपंच पद के निर्वाचन के लिए ग्राम पंचायतों की संख्या 469 है। पंच पद के निर्वाचन के लिए वार्डो की संख्या 6 हजार 166 है। कवर्धा में 1408, सहसपुर लोहारा में 1273, बोड़ला में 1577 और पंडरिया में 1908 वार्ड है। जिले में जनपद सदस्य निर्वाचन के लिए क्षेत्र की संख्या 100 है। कवर्धा, सहसपुर लोहारा, बोड़ला और पंडरिया में 25-25 जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र है। जिले में जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन के लिए क्षेत्र की संख्या 14 है। जिले में जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत मतदाओं की संख्या 5 लाख 88 हजार 824 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 2 लाख 93 हजार 438, महिला निर्वाचकों की संख्या 2 लाख 95 हजार 384 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 2 है। जनपद पंचायत क्षेत्र कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 105 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 37 हजार 255 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 69 हजार 185, महिला निर्वाचकों की संख्या 68 हजार 70 है। जनपद पंचायत क्षेत्र सहसपुर लोहारा क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 96 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 20 हजार 493 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 59 हजार 813 एवं महिला निर्वाचकों की संख्या 60 हजार 679 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 1 है। जनपद पंचायत क्षेत्र बोड़ला क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 125 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 45 हजार 313 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 71 हजार 187 एवं महिला निर्वाचकों की संख्या 74 हजार 125 एवं तृतीय लिंग निर्वाचकों की संख्या 1 है। जनपद पंचायत क्षेत्र पंडरिया क्षेत्र अंतर्गत पंचायतों की संख्या 143 है, जिसमें निर्वाचकों की संख्या 1 लाख 85 हजार 763 है। इसके अंतर्गत पुरूष निर्वाचकों की संख्या 93 हजार 253, महिला निर्वाचकों की संख्या 92 हजार 510 है। जिले के सभी 4 जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 1163 है। जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 265, जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 243, जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 308, जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 347 है।
जनता की आकाँक्षाओं को पूरा करेगा 'हमर संकल्प पत्र': भावना बोहरा
पंडरिया, पांडातराई और इंदौरी नगरिय निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी
कवर्धा। 11 फ़रवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को पंडरिया में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई व इंदौरी के लिए अलग-अलग संकल्प पत्र जारी कियाl “हमर संकल्प पत्र” में पंडरिया नगर पालिका तथा नगर पंचायत पांडातराई व इंदौरी में जनता की बहुप्रतीक्षित मांग और क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, महिलाओं को रोजगार, व्यापारियों, शिक्षा, स्ट्रीट वेंडर्स, सड़क,बिजली, पानी जैसे मूलभूत सुविधाओं और प्रमुख घोषणाओं को उल्लेखित किया गया हैl
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल घोषणाएं नहीं करती बल्कि संकल्प करती हैं और उस संकल्प को पूरी दृढ़ता से पूरा करती हैl हमने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के विकास और जनता की सुविधाओं एवं सुरक्षा के लिए अटल संकल्प पत्र जारी किया है और आज पंडरिया नगर पालिका और नगर पंचायत पांडातराई एवं इंदौरी के लिए जारी किया गया हमर संकल्प पत्र जन आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ ही क्षेत्र के विकास को गति देने वाला हैl मैं पंडरिया विधायक भावना बोहरा और सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ कि आपने अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की आकाँक्षाओं को जाना, उसके अनुरूप इस संकल्प पत्र में उसे समाहित कियाl 11 फ़रवरी को मतदान होने हैं और 15 फ़रवरी को ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार बनते ही अटल संकल्प पत्र एवं हमर संकल्प पत्र में की गई घोषणाएं जनहित के लिए जारी की जाएँगीl
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर में अधोसंरचना निर्माण, विकास कार्यों एवं नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं के लिए जारी हमर संकल्प पत्र में प्रमुख घोषणाएं की गई हैं। मोदी की गारंटी में किये अपने संकल्पों को जिस दृढ़ता से हम पूरा कर रहें हैं निश्चित ही "अटल संकल्प पत्र" एवं पंडरिया नगर हेतु "हमर संकल्प पत्र" में किये अपने वादों को हम जन आशीर्वाद से अक्षरशः पूरा करेंगे और ट्रिपल इंजन की सरकार बनते ही इन संकल्पों को पूरा करेंगे। हमारा प्रमुख उद्देश्य केवल योजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि उन योजनाओं को साकार रूप में लागू कर, नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारना और क्षेत्र में अधोसंरचना व विकास कार्यों को गति देना है। अपने संकल्पों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हम दृढ़ संकल्पित हैं। हमर संकल्प पत्र 5 वर्ष में कांग्रेस के अस्थिर और भ्रष्ट नगर सरकार की कुनीतियों व कुप्रबंधन को समाप्त कर हमारे नगर के विकास का प्रतिबिंब बनेगा। यह केवल घोषणा नही बल्कि जनसविधाओं तथा हमारे पंडरिया, पांडातराई और इंदौरी नगर के सर्वांगीण विकास के प्रति हमारा संकल्प है।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि जिस प्रकार मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए डबल इंजन भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को विकास के राह पर अग्रसर किया है, हमारे यह संकल्प भी ट्रिपल इंजन की सरकार के साथ जनसहयोग व समर्थन से तिगुनी रफ्तार से नगर के विकास एवं जनसविधाओं के विस्तार को पूरा करने का हमारा विजन है। हमर संकल्प पत्र में हमने पंडरिया में जनता की बहुप्रतीक्षित मांग जैसे हाईटेक बस निर्माण, नगर के मुख्य मार्ग हरिनाला से लोरमी रोड को आदर्श रोड बनाएंगे। महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से महिला चौपटी एवं महिला व्यावसायिक कॉमप्लेक्स और अंबिकापुर की तर्ज पर वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम की स्थापना करेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से सभी प्रमुख स्थानों एवं चौक-चौराहों में सीसी टीवी कैमरा, पीएम स्वनिधि योजना के तहत ठेला व गुमटी लगाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को 30,000 रुपए की आर्थिक सहयता व कियोस्क आवंटित किये जाएंगे। महिलाओं के लिए नगर के प्रमुख स्थानों में स्वच्छ पिंक टॉयलेट का निर्माण, खिलाड़ियों के लिए मिनी स्टेडियम, महाविद्यालय में वाईफाई और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, मितानिन बहनों के लिए ट्रेनिंग सेंटर एवं भवन का निर्माण, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया, उद्यानों का निर्माण, निशुल्क गौ-सेवा एवं मुक्तिधाम हेतु निशुल्क वाहन की सुविधा, सभी वार्डों में सड़कों व पुल-पुलिया का निर्माण, तालाबों और प्रमुख चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण करेंगे तथा कांग्रेस के समय नगर में हुए डीजल व जल आवर्धन घोटाले की निष्पक्ष जांच भी की जाएगी। ऐसे बहुत से संकल्प हमने किये हैं जिन्हें जनता के आशीर्वाद और सहयोग से हम जरुर पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि पांडातराई नगर वासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए हमने पांडातराई को उप तहसील बनाने का संकल्प किया है। इसके साथ ही पंडरिया में की गई प्रमुख घोषणाओं के साथ ही पांडातराई में महाविद्यालय जाने वाली सड़क को पक्की सड़क, नया बस स्टैंड निर्माण, वार्डवासियों के लिए पृथक सोसायटी, सर्व समाज हेतु मांगलिक भवन, स्वच्छ पेयजल के लिए पाइप लाइन का विस्तार, सुव्यवस्थित चौपाटी एवं किड्स प्ले एरिया, चारभाठा-पुद्की होते हुए दशरंगपुर (धर्सा रोड) तक सड़क का निर्माण, नयापारा में अवैध कब्ज़ा को हटाकर गार्डन निर्माण करना और भी विभिन्न घोषणाएं पांडातराई के विकास, अधोसंरचना निर्माण और जनहित के लिए हमने की है।
भावना बोहरा ने कहा कि इसके अलावा नगर पंचायत इंदौरी में भी हमने विकास कार्यों और जनसुविधाओं के लिए अपना विजन जनता के समक्ष रखा है जिसमें सबसे प्रमुख जनता की सुविधाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट नगर पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के विकास हेतु होने वाले कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। इंदौरी में यातायात व सुगम आवागमन के लिए नया बस स्टैंड बनाया जाएगा जहाँ यात्रियों के लिए सभी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इंदौरी में युवाओं के बेहतर व उच्च शिक्षा हेतु महाविद्यालय की स्थापना और वाई-फाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं तथा शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला सहकारी बैंक की नई शाखा, बाजारों को सुव्यवस्थित, बाबा तालाब का जीर्णोद्धार, छोटे रगरा से बहरापारा तक पक्की सड़क का निर्माण, अटल परिसर का निर्माण एवं सभी वार्डों में पक्की सड़क, बिजली, पानी की पर्याप्त व्यवस्था, व्यावसायिक कॉम्पलेक्स, नालंदा परिसर की तर्ज पर लाइब्रेरी का निर्माण भी किया जाएगा।
पिछले एक वर्ष में डबल इंजन भाजपा सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिवर्ष 12000 रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है, प्रदेश के 18 लाख परिवारों के आवास के सपनों को पूरा किया, किसानों को 2 वर्ष का बकाया धान बोनस की राशि और 3100 रुपये/ क्विंटल की दर से रिकॉर्ड धान खरीदी की गईl हमारे प्रदेश के भूमिहीन किसानों को प्रतिवर्ष 10000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा, बजट 2025-26 में मध्यमवर्गीय परिवारों को 12 लाख रुपए तक की आय में टैक्स छूट, किसान क्रेडिट योजना के तहत केसीसी ऋण सीमा को 5 लाख तक बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय भाजपा के “सबका साथ-सबका विकास” के लक्ष्य को परिलक्षित करता हैl पंडरिया नगर के लिए 10 करोड़ से अधिक, पांडातराई नगर के लिए 12 करोड़ एवं इंदौरी नगर के लिए 4 करोड़ रुपए से अधिक के अधोसंरचना निर्माण और विकास कार्यों की स्वीकृति से नगरवासियों में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है और इसी विश्वास एवं जनसहयोग से 15 फ़रवरी को नगरीय निकाय चुनावों के परिणामों के साथ ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार बनेगी और क्षेत्र का विकास भी तिगुनी रफ़्तार से होगा।
इस अवसर पर भाजपा के समस्त कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नगर के वरिष्ठजन, साहू समाज के प्रतिनिधि मंडल व सदस्यजन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत चचेडी से पल्लवी राघवेन्द्र तिवारी निर्विरोध सरपंच निर्वाचित..
कवर्धा छत्तीसगढ़ मे ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है वैसे मे आदर्श गौरव ग्राम चचेडी भी अछूता नही रहा है गांव के लोग आपस मे बैठक कर आपसी तालमेल से श्रीमती पल्लवी राघवेन्द्र शर्मा को अपना सरपंच निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया इसी प्रकार सभी पंच का चुनाव भी निर्विरोध चुन लिया गया है इस चुनावी निर्विरोध प्रकिया को सफल बनाने में बिशाल तिवारी व्यास नारायण तिवारी रामावतार तिवारी चंद्रभूषण मिश्रा मधुबन तिवारी धर्मेंद्र तिवारी हरीश तिवारी अजय शर्मा प्रदीप तिवारी देवानंद सोनी मेघश्याम चन्द्रवशी अयोध्या चन्द्रवशी सुखदेव चंद्राकर हरी चन्दारकर अजय चन्द्रवशी एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा है।
पंचायती राज अधिनियम लागूं होने के पश्चात चचेडी में पहली बार निर्विरोध सरपंच चुनी गई पल्लवी राघवेन्द्र शर्मा
आपकों बता दे यह पहला मौका रहा जहां चचेडी मे पहली बार निर्विरोध सरपंच एव पंचों का चुनाव आपसी समाजिक समरसता के साथ किया गया जिसमें गांव मे खुशी का माहौल वही आज गांव में भव्य गाजा बाजा के साथ रैली निकालकर इस अपार जनसमर्थन के लिए धन्यवाद आभार ज्ञापित कर आशिर्वाद प्राप्त करेगे सरपंच एवं पंच प्रत्याशी
सरपंच एव पंचों की सूची इस प्रकार है
श्रीमती पल्लवी राघवेन्द्र तिवारी सरपंच
वार्ड क्रमांक 1 से मोहन चन्दारकर
वार्ड क्रमांक 2 से अंजोरा चन्द्राकर
वार्ड 3 से दिलीप डिडोरे
वार्ड नम्बर 4 से जुगम बाई
वार्ड क्रमांक 5 से निर्मला चन्द्रवशी
वार्ड क्रमांक 6 से निर्मला धुर्वे
वार्ड क्रमांक 7से धर्मेंद्र निर्मलकर
वार्ड क्रमांक 8 से हेमप्रकाश चंद्राकर
वार्ड क्रमांक 9 से राजीम बाई
वार्ड क्रमांक 10से सुखु बाई
वार्ड क्रमांक 11 से संजय चन्द्रवशी