छत्तीसगढ़ / कोरबा
11वीं में रिक्त सीटों में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश हेतु 23 तक आवेदन
कोरबा । प्रयास आवासीय विद्यालय डिंगापुर कोरबा में बालक/बालिका कक्षा 11 वीं गणित व जीवविज्ञान संकाय में 01 सीट (सामान्य बालक) रिक्त है। इस रिक्त सीट पर प्रवेश लेने हेतु कक्षा 10 वीं बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्रयास आवासीय विद्यालय बालक/कन्या डिंगापुर में चयन हेतु प्रदेश के संपूर्ण अनुसूचित क्षेत्र में स्थित शासकीय/अशासकीय शालाओं से कक्षा 10 वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी होना चाहिये। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 सितंबर है। प्राप्त आवेदन के पात्र-अपात्र सूची का प्रकाशन 24 सितंबर को किया जायेगा। मेरिट/चयन सूची 25 सितंबर को जारी की जायेगी। प्रवेश परीक्षा आयोजन की सूचना पृथक से दी जायेगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक को निर्धारित प्रारूप में आवेदन 23 सितंबर 2026 शाम 05 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कलेक्टर कार्यालय कोरबा के कक्ष क्रमांक 12 में पंजीकृत डाक से माध्यम से अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा करना होगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त किया जा सकता है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी हेतु कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टोरेट सहित शासकीय कार्यालयों में हुआ दीप प्रज्वलन
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कलेक्टोरेट परिसर सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में दीप प्रज्वलित कर परिसर को रोशन किया गया।
कलेक्टोरेट भवन में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलेक्टोरेट भवन एवं परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष भी दीप प्रज्वलित किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक कलेक्टर विशाल जायसवाल एवं ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार जिला पंचायत भवन, नगर पालिक निगम कार्यालय सहित अन्य शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिले के जनपद मुख्यालयों में जनपद पंचायत कार्यालयों तथा अन्य विकासखंड स्तरीय शासकीय कार्यालयों छात्रावासों में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति सहभागिता प्रदर्शित की गई। जिले में स्व-सहायता समूहों, स्काउट गाइड सहित अन्य संस्थाओं तथा बांगो डैम में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्वलित किया गया।
आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया कोरबा, जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का लिया संकल्प
कोरबा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कोरबा नगर के हृदय स्थल घंटाघर चौक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में 51 हजार से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घंटाघर चौक परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डां. पवन सिंह कंवर, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का संकल्प
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्वलित
जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिले के 11 प्रमुख स्थलों पर 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिकों द्वारा अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए।
नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधासागर तालाब एवं पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।
दीपों की रोशनी में दिखी जनभागीदारी
घंटाघर चौक परिसर में एक साथ हजारों दीये प्रज्वलित होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजे दीपों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक:-मंत्री देवांगन
इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दीपक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है।
श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
कोरबा के विकास में भी दिख रहा सेवा और विकास का संकल्प
श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। जिले में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।
साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ जिला
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार से अधिक दीये जलाए गए, जबकि जिलेभर में साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सहभागिता की। यह सामूहिक सहभागिता सेवा और संकल्प की भावना को और मजबूत करती है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचने से पात्र हितग्राही उनका लाभ लेने के लिए आगे आ सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कोरबा के लिए गौरव का अवसरः- महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज कोरबा के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष के अवसर पर कोरबा के हृदयस्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्वलित किए गए दीप जनभागीदारी और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को दीपों की रोशनी, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।
गोपाल मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को संकल्प मानने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को नमन करते हैं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास को नई गति दी। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, भारतमाला, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे जैसी उल्लेखनीय कार्याे से जनसुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ। देश ने आर्थिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है।
राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश के इतिहास में नई दिशा दी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें, यही प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति सच्ची शुभकामना और राष्ट्रसेवा है।”
सम्मान एवं दीपमाला का आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया एवं राम नरेश शामिल रहे।
इसी अवसर पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का चित्र उकेरने के लिए मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 51 हजार दीपो से सजी भव्य दीपमाला एवं कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सुंदर चित्र उकेरा गया था, जिसे देखकर अतिथियों ने कलाकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।
नगर पालिका परिषद दीपका में आयोजित हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
कोरबा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज नगर पालिका परिषद दीपका में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका कार्यालय परिसर एवं अटल परिसर में 11 हजार दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, अजय कुमार दुबे, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, मनोज शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोषी दीवान, राजू प्रजापति, शिवचरण राठौर, पूर्व मंडल अध्यक्ष द्वारका शर्मा, सूर्य प्रकाश शर्मा सहित समस्त पार्षदगण एवं एल्डरमैन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण, जनभागीदारी एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, एकजुटता और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनभागीदारी के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
जामबहार में 5100 दीपों से जगमगाया ‘सेवा संकल्प अभियान’
कोरबा । ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत जामबहार में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से ग्राम पंचायत परिसर जगमगा उठा और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती बिजोमती राठिया, जनपद सदस्य रफीक मेमन, सरपंच, सचिव, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा, पीओ वी.बी.जी. राम, बीपीएम एनआरएलएम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सेवा, जनभागीदारी और विकास के संकल्प के साथ दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम ने जामबहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।
जनपद पंचायत करतला में 5,100 दीपों से जगमगाया ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर आज दिनांक 17 सितम्बर 2026 की संध्या जनपद पंचायत करतला के अंतर्गत पीएम स्कूल करतला के परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 5,100 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन कर सेवा, समर्पण, जनभागीदारी एवं सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत के अवसर पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला वैभव कुमार कौशिक, टिकेश्वर सिंह राठिया, प्रभारी प्राचार्य पीएम स्कूल करतला दुबराज राठिया, आकाश सक्सेना, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती मनबाई राठिया, प्रेमेन्द्र राजपूत, कृष्णा राय, अजय कंवर, मंडल महामंत्री विनय राठिया, एसएमडीसी सदस्य रोशन साहू, रामकुमार साहू एवं सुभाष राय सहित पीएम स्कूल करतला के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में 5,100 दीपों का एक साथ प्रज्वलन किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा विद्यालय परिसर जगमगा उठा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम में सहभागिता की और सेवा एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक सहभागिता एवं जनकल्याण के प्रति सामूहिक भावना का प्रतीक है। दीप प्रज्वलन के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, एकजुटता एवं सेवा भावना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव एवं जनभागीदारी का वातावरण निर्मित हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएम श्री स्कूल करतला के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों तथा जनपद पंचायत करतला के संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जनपद पंचायत में 15,000 दीपों से जगमगाया ‘आशीर्वाद का दीया’
कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर आज जनपद पंचायत पोड़ीउपरोड़ा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी तंवर, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण मरकाम, श्रीमती कमला किंडो, ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सरपंच चतुर्भुवन सहित राष्ट्रीय आजीविका मिशन की बड़ी संख्या में दीदियां एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम के मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात जनपद पंचायत परिसर में दीप प्रज्वलित किए गए और अंत में एकलव्य स्कूल परिसर में कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
वर्षा होने के बावजूद कार्यक्रम को लेकर जनपदवासियों में भारी उत्साह देखा गया। जनपद पंचायत द्वारा आज कुल 15,000 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरे परिसर में उत्सव एवं जनभागीदारी का वातावरण निर्मित हुआ।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा, समर्पण, जनभागीदारी एवं सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा, जनकल्याण एवं सकारात्मकता का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय आजीविका मिशन की दीदियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनपद पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों, राष्ट्रीय आजीविका मिशन की दीदियों एवं ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ग्राम ईरफ में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
कोरबा । ग्राम ईरफ में अरहर फसल प्रदर्शन क्षेत्र में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना अंतर्गत जिला के अंदर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के उन्नत और प्रगतिशील किसानों ने अरहर प्रदर्शन क्षेत्र का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद् विषय वस्तु विशेषज्ञ ने किसानों को अरहर की उन्नत खेती और प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल लागत में कमी आती है, बल्कि भूमि की उर्वरा शक्ति भी सुरक्षित रहती है।
पशुचिकित्सा विभाग ने खेती में पशुधन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बिना पशुधन के प्राकृतिक खेती की कल्पना अधूरी है। गाय के गोबर और गोमूत्र से जीवामृत व घनजीवामृत तैयार कर किसान अपनी फसलों को रसायन मुक्त और सेहतमंद बना सकते हैं। किसानों को शासन की महत्वाकांक्षी श्कृषक उन्नति योजनाश् की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के बदले अन्य लाभकारी फसल लेने पर 15,000 रुपये प्रति एकड़ और धान के साथ अन्य सह-फसल लेने पर 10,000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि शासन द्वारा दी जा रही है। किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
इस प्रशिक्षण में भ्रमण के दौरान किसानों को कीट व्याधि की पहचान और उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई, इस प्रशिक्षण में आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कृषक उपस्थित रहे, जिन्होंने कृषि विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं का समाधान भी किया।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने खरीदे मिट्टी के दीये, 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील
कोरबा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान, आभार और स्नेह व्यक्त करने के लिए 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इस भावनात्मक जनअभियान की शुरुआत से पहले कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने आज दर्री मुख्य मार्ग पहुंचकर मिट्टी के दीये खरीदे और आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
मिट्टी के दीये खरीदते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि माटी का यह छोटा सा दीपक केवल रोशनी का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें करोड़ों देशवासियों की भावनाएं, विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मविश्वास की नई दिशा हासिल की है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे जब कोरबा सहित देशभर के घर-आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलेगा, तब हजारों-लाखों दीपक मिलकर जनभावनाओं के एक बड़े प्रकाश में बदल जाएंगे। यह प्रकाश सेवा, सुशासन, विश्वास और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
मंत्री श्री देवांगन ने नागरिकों से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि “17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में एक दीया जरूर जलाएं। यह दीया प्रधानमंत्री जी के प्रति आपके स्नेह, उनके 25 वर्षों के सेवा समर्पण के लिए आपके आभार और विकसित भारत के संकल्प के प्रति आपके विश्वास का प्रतीक बने।”
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प है। जब समाज का हर वर्ग इसमें अपनी सहभागिता निभाएगा, तभी सेवा और संकल्प की यह भावना और मजबूत होगी। उन्होंने कोरबा के नागरिकों से बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर इस अभियान को यादगार बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, तुलसी ठाकुर, पार्षद मुकुंद कंवर, भूपेंद्र साहू, भुवनेश्वर दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश
कोरबा । कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, टीएल मामलों, जनशिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो।
बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण किया जाए।
एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को ग्रामवार प्रगति की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने बालको- रिस्दी रोड, व ध्यान चंद चौक, बालको ब्रिज, उरगा-सीतामढ़ी मार्ग एवं बरमपुर ब्रिज से संबंधित निर्माण व मरम्मत कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्याे में शीघ्रता से तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुनालिया पुल के पास अंडरपास निर्माण कार्य की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में आवश्यक गति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन एवं विभिन्न जनशिकायतों से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा जिले में व्यापक स्तर पर होंगे विविध आयोजन, 5 लाख से अधिक घरों में प्रज्वलित होंगे दीप
कोरबा । कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित जिले के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि कोरबा ऊर्जा नगरी के रूप में देश और प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। ऐसे में जिले में सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम व्यापक स्तर पर, गरिमापूर्ण एवं प्रभावी रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान में आम जनता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं को भी इससे जोड़ा जाए, ताकि सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उपमुख्यमंत्री को जिले में अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। नगरीय क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मुनादी सहित अन्य माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
17 सितंबर को 51 हजार दीपों से जगमगाएगा घंटाघर परिसर-
कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर परिसर में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसी प्रकार जनपद पंचायत स्तर पर 5 हजार 100 तथा नगर पालिका क्षेत्र में 11 हजार दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिले में लगभग 5 लाख से अधिक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक घर में कम से कम तीन दीप प्रज्वलित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यालयीन विद्यार्थियों तथा विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से भी जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सार्वजनिक उपक्रमों को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी की गई है।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने 17 सितंबर को अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सामाजिक माध्यमों पर छोटे-छोटे रचनात्मक वीडियो बनाने तथा उनका व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड, जनपद पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थियों के भाषण की रिकॉर्डिंग कर सामाजिक माध्यमों के जरिए उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर साझा किया जाएगा।
इसी प्रकार ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों सहित लगभग 15 स्थानों पर किया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आंगन का उत्सव और सुपोषण चौपाल से जुड़ेंगे ग्रामीण-
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के माध्यम से माताओं से संवाद, पुराने खिलौनों का संग्रहण, रथ के माध्यम से जनजागरूकता तथा ‘सुपोषण चौपाल’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सामने लाया जाएगा। हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को वीडियो एवं लघु वीडियो के माध्यम से सामाजिक माध्यमों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव-गांव पहुंचेगी सेवा ज्योति और सेवा संकल्प यात्रा-
कलेक्टर ने बताया कि ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम के अंतर्गत गांवों में कलश यात्रा एवं मोटरसाइकिल रैली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘जल जन सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र भारत’, ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’, ‘जनसेवक महाकुंभ’ तथा ‘पंचायत से संसद तक’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान के दौरान आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत आम नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने इन कार्यक्रमों में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को भी सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए।
हर विकासखंड में लगेंगे सेवा सेतु शिविर-
उपमुख्यमंत्री ने ‘सेवा सेतु’ के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को भी शिविरों में आवश्यक सहायता एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने बताया कि नगरीय निकायों में भी अलग से शिविर आयोजित कर नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
‘रंगोली राष्ट्र भारत’ कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर ने बताया कि नौ प्रकार की रंगोलियों के प्रारूप प्राप्त हो चुके हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस कार्यक्रम को व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।
तैयारियों की सराहना, समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कोरबा जिले में सेवा संकल्प अभियान के लिए की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अच्छी रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों के समन्वित प्रयास से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कोरबा के विधायक एवं वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी जिले में अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के साथ बैठक कर अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई है तथा निर्धारित तिथियों में सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा, समर्थन मूल्य ने दी आर्थिक मजबूती
कोरबा । कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम केराकछार निवासी किसान रामायण सिंह के लिए खेती केवल आय का साधन नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली और आत्मनिर्भरता का आधार है। लगभग 10 एकड़ कृषि भूमि पर पत्नी श्रीमती वृंदा, बेटे ओमप्रकाश और बहू के साथ मिलकर खेती करने वाले रामायण सिंह आज अपनी मेहनत के साथ-साथ शासन की किसान हितैषी योजनाओं को अपनी प्रगति का महत्वपूर्ण आधार मानते हैं।
चैतमा धान खरीदी केंद्र में धान बेचने वाले रामायण सिंह बताते हैं कि धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिल रहा है। इस वर्ष 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान विक्रय ने उनके परिवार को आर्थिक मजबूती दी है। उनका कहना है कि जब किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिलता है, तो खेती के प्रति उसका विश्वास और उत्साह दोनों बढ़ते हैं।
रामायण सिंह बताते हैं कि वर्ष 2023-24 में उन्होंने समिति में 168 क्विंटल धान का विक्रय किया था। कृषक उन्नति योजना के तहत उन्हें 1.50 लाख रुपये से अधिक की आदान सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि ने उनके लिए खेती को और बेहतर बनाने का रास्ता खोला। उन्होंने इस सहायता का उपयोग उन्नत किस्म के बीज, खाद, उर्वरक और आवश्यक कृषि संसाधनों की व्यवस्था में किया। बेहतर कृषि निवेश और परिवार की मेहनत से उन्हें उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली।
इस वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे परिवार की आवश्यकताओं के साथ-साथ खेती को और मजबूत बनाने में करने की योजना बना रहे हैं। उनका मानना है कि कृषि में समय पर निवेश करने से उत्पादन और आय दोनों को बढ़ाया जा सकता है।
रामायण सिंह के बेटे ओमप्रकाश भी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से संतुष्ट हैं। वे बताते हैं कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भरोसेमंद व्यवस्था मिलती है। परिवार के सभी सदस्य खेतों में मिल-जुलकर मेहनत करते हैं और इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि हर वर्ष खेती को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
ओमप्रकाश का कहना है कि सरकार द्वारा किसानों की आय और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संचालित योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को खेती में निवेश करने का आत्मविश्वास मिला है। किसान की मेहनत को जब उचित मूल्य और शासन का सहयोग मिलता है, तो उसका उत्साह कई गुना बढ़ जाता है।
रामायण सिंह यह भी बताते हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को समय-समय पर आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे खेती से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है। उनके अनुसार, किसान हित में संचालित विभिन्न योजनाएं मिलकर खेती को अधिक मजबूत और लाभकारी बनाने में सहायक साबित हो रही हैं।
रामायण सिंह और उनका परिवार शासन की किसान कल्याणकारी पहलों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और समय पर आर्थिक सहयोग मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। कृषक उन्नति योजना, समर्थन मूल्य और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने किसानों के मन में नया विश्वास पैदा किया है। इन योजनाओं से मिली आर्थिक मजबूती के साथ किसान अब बेहतर कृषि संसाधनों में निवेश कर भविष्य में उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
आज उनका परिवार न केवल अपनी कृषि आय को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, बल्कि आसपास के किसानों के लिए भी मेहनत, आत्मविश्वास और प्रगतिशील खेती की प्रेरणा बन रहा है।
कृषक उन्नति योजना से बदली ग्राम कछार के किसान आनंद सिंह कंवर की तकदीर
कोरबा । कोरबा ब्लॉक के ग्राम कछार निवासी किसान आनंद सिंह कंवर के लिए खेती अब केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन गई है। लगभग 6 एकड़ कृषि भूमि पर धान की खेती करने वाले आनंद सिंह बताते हैं कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं और समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता ने खेती के प्रति उनका भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ाया है।
आनंद सिंह बताते हैं कि वे मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं। सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ कृषक उन्नति योजना के माध्यम से मिलने वाली अतिरिक्त सहायता ने खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि प्रति क्विंटल धान पर 3100 रुपये मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिल रहा है। इससे कृषि कार्यों में निवेश करने और उत्पादन बढ़ाने का हौसला भी बढ़ा है।
मेहनत और सरकारी सहयोग का असर आनंद सिंह की खेती में साफ दिखाई देता है। पिछले वर्ष उन्होंने 50 क्विंटल धान की बिक्री की थी, जबकि इस वर्ष उन्होंने 80 क्विंटल धान बेचकर अपनी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों में ही नहीं किया, बल्कि खेती को और बेहतर बनाने में भी लगाया। खेतों में सिंचाई सुविधा को मजबूत करने के लिए उन्होंने मोटर पंप खरीदा है। इससे फसलों को समय पर पानी उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है और भविष्य में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद भी है।
आनंद सिंह धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं को भी किसानों के लिए उपयोगी बताते हैं। उनका कहना है कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जाता है, जिससे धान बेचने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हुई है। उचित मूल्य पर धान की खरीदी और योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली सहायता से किसानों को अपनी मेहनत का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि कृषक सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने भी किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समय-समय पर मिलने वाली सहायता से खेती से जुड़े छोटे-बड़े खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है और किसान बिना अतिरिक्त आर्थिक दबाव के अपने कृषि कार्य को आगे बढ़ा सकते हैं।
आज आनंद सिंह एक प्रगतिशील किसान के रूप में आगे बढ़ रहे हैं और उनकी सफलता ग्राम कछार सहित जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
पीएम-किसान सम्मान निधि से बदली छत्रपाल सिंह की जिंदगी
कोरबा । विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम मादन निवासी किसान छत्रपाल सिंह, पिता नेवरात सिंह कंवर के लिए खेती सिर्फ आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद है। पत्नी और दो बच्चों की जिम्मेदारी के साथ वे सीमित संसाधनों में खेती करते रहे हैं। कृषि कार्य में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी जैसी जरूरतों पर समय से राशि जुटाना उनके लिए लंबे समय तक बड़ी चुनौती रहा।
किसान के लिए खेती ऐसा कार्य है, जिसमें खर्च पहले करना पड़ता है और आमदनी फसल तैयार होने के बाद मिलती है। कई बार पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण छत्रपाल सिंह उन्नत बीज या आवश्यक कृषि दवाइयां समय पर नहीं खरीद पाते थे। धान कटाई के समय मजदूरों के भुगतान की चिंता भी बनी रहती थी। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें कई बार उधार लेकर खेती का काम पूरा करना पड़ता था।
वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में धीरे-धीरे सकारात्मक बदलाव आने लगा। योजना के तहत मिलने वाली प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में मिलने लगी। छत्रपाल सिंह बताते हैं कि राशि भले ही बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन खेती के समय जरूरत के मुताबिक सीधे खाते में मिलने वाली यह सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हुई।
वे बताते हैं कि पीएम-किसान सम्मान निधि से मिलने वाली राशि का उपयोग वे खेती की जरूरतों को पूरा करने में करते हैं। खरीफ मौसम में उन्नत बीज खरीदने, फसल में कीट एवं रोग लगने पर समय पर दवाइयां लेने तथा धान कटाई के दौरान मजदूरों का भुगतान करने में इस राशि से उन्हें काफी मदद मिलती है। इससे खेती के जरूरी काम समय पर पूरे हो पाते हैं और उत्पादन एवं फसल की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।
कृषि कार्य में मिली इस आर्थिक राहत का असर परिवार की अन्य जरूरतों पर भी दिखाई देता है। अब वे बच्चों की पढ़ाई के लिए समय पर कॉपी-किताबें, कपड़े और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा पा रहे हैं। आर्थिक दबाव कम होने से परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी पहले की तुलना में आसान हुआ है।
छत्रपाल सिंह कहते हैं कि “पहले खेती के समय पैसों की बहुत समस्या होती थी। बीज, दवाई और मजदूरी के लिए कई बार उधार लेना पड़ता था। पीएम-किसान की राशि समय पर खाते में आने से अब खेती के जरूरी खर्चों में काफी मदद मिलती है। इससे आत्मविश्वास बढ़ा है और खेती करना पहले से आसान हुआ है।”
वे आगे कहते हैं कि सरकार द्वारा सहायता राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से उन्हें यह भरोसा मिला है कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। पीएम-किसान सम्मान निधि उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि खेती को मजबूती देने और परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम बनी है।
समय पर मिलने वाली छोटी-सी आर्थिक सहायता भी किसान के लिए बड़ी राहत बन सकती है। पीएम-किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को कृषि कार्य में आवश्यक पूंजी उपलब्ध हो रही है, जिससे वे अपनी खेती को बेहतर तरीके से संचालित करने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों को भी अधिक सहजता से पूरा कर पा रहे हैं।
परिचयात्मक बैठक 19 सितंबर को
कोरबा । कोरबा जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित ‘‘माय भारत युवा कार्यक्रम‘‘ तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के जन-जागरुकता अभियान को गति देने के लिए शहरी- ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के विविध क्षेत्र- सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स के रूप में कार्य कर रहे युवाओं, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को ‘‘माय भारत युवा कार्यक्रम‘‘ तथा ‘‘इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब‘‘ के लिए जन-चेतना जगाने के अभियान से जोड़ने के लिए जिला नोडल अधिकारी के द्वारा विशेष पहल की जा रही हैं।
इस कड़ी में कोरबा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में सक्रिय युवाओं, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स को माय भारत युवा कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब से जोड़ने के लिए 19 सितंबर को दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई है।
जिला नोडल अधिकारी ने जिले के शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय कार्य कर रहे सभी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर,क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स युवाओं को 19 सितम्बर की बैठक में अपने अमूल्य विचारों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। विस्तृत जानकारी तथा समन्वय के लिए जिला नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 9826184765 , 7489042929 में संपर्क कर सकते हैं।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिषा) की बैठक आज
कोरबा सितंबर 2026
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति(दिषा) की बैठक सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता में 16 सितंबर को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी।
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने जनपदवार शिविरों का आयोजन
17 से 25 सितंबर तक जिले के पांचों जनपद पंचायत क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर
कोरबा, सितंबर 2026
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले के दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायतवार विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया तथा पात्रतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पंचायत करतला में 17 सितंबर, जनपद पंचायत पाली में 21 सितंबर, जनपद पंचायत कटघोरा में 23 सितंबर, जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में 24 सितंबर तथा जनपद पंचायत कोरबा में 25 सितंबर 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा चयनित स्थान पर आयोजित होंगे।
शिविर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण हेतु उपस्थित कराने, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन कराने, शिविर स्थल तक दिव्यांगजनों को लाने-ले जाने की व्यवस्था करने तथा आवश्यक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संबंधित जनपद पंचायतों को सौंपी गई है। नगर पालिका, नगर पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के अधिकारियों को भी अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर चिकित्सकीय दल एवं विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाकर चलित चिकित्सा इकाई के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक प्रपत्रों की व्यवस्था तथा सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा द्वारा शिविर में पंजीयन एवं आवश्यक समन्वय की व्यवस्था की जाएगी। जनसंपर्क विभाग द्वारा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड एवं पेन कार्ड की छायाप्रति तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाना होगा। दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को संबंधित शिविर में उपस्थित होकर शासन की सुविधाओं का लाभ उठाएं।
दिव्यांगजनों के लिए यह शिविर प्रमाण पत्र से लेकर आवश्यक सहायक उपकरण तक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।